इतिहास के पन्नों में 16 दिसम्बर: जब पूर्वी पाकिस्तान आजाद होकर बांग्लादेश के रूप में बना नया राष्ट्र

इतिहास के पन्नों में 16 दिसम्बर: जब पूर्वी पाकिस्तान आजाद होकर बांग्लादेश के रूप में बना नया राष्ट्र

…जब टूट गया पाकिस्तानः 16 दिसम्बर 1971 वही तारीख है जब पाकिस्तान को भारत के हाथों न केवल शर्मनाक शिकस्त का सामना करना पड़ा बल्कि पूर्वी पाकिस्तान आजाद होकर बांग्लादेश के रूप में नया राष्ट्र बना।

भारतीय सैनिकों के पराक्रम और रणनीतिक कौशल ने दुनिया के एक बड़े हिस्से का नक्शा बदलकर रख दिया। पाकिस्तान के लेफ्टिनेंट जनरल एके नियाजी ने ढाका स्टेडियम में 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों के साथ भारत के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के सामने अपनी पिस्तौल सौंप कर समर्पण किया।

बांग्ला भाषी बहुल पूर्वी पाकिस्तान का पश्चिमी पाकिस्तान के साथ पहले से टकराव चल रहा था। 1971 में पाकिस्तान में हुए आम चुनाव के नतीजों के बाद इस टकराव ने गंभीर रूप ले लिया। चुनाव में मुजीबुर्रहमान की पार्टी अवामी लीग ने पूर्वी पाकिस्तान की 169 सीटों में 167 सीटें जीत ली, लेकिन प्रचंड बहुमत के बाद भी नेशनल एसेंबली ने मुजीबुर्रहमान को सत्ता नहीं सौंपी।

नतीजतन, पूर्वी पाकिस्तान में लोगों का गुस्सा भड़क गया। पाकिस्तानी हुक्मरानों ने बंदूक के जोर पर इस गुस्से को दबाने का प्रयास किया। जनरल टिक्का खान की अगुवाई में पाकिस्तानी फौज ने बर्बरता की हदें पार कर दीं। पाकिस्तानी फौज ने लाखों लोगों का खून बहाया और व्यापक पैमाने पर गिरफ्तारियां हुईं।

लाखों शरणार्थी जब भारतीय सीमा में घुसने लगे तो भारतीय नेतृत्व की चिंताएं बढ़ने लगीं। 3 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी वायुसेना ने जब भारत पर हमला किया तो तत्कालीन इंदिरा गांधी की सरकार ने दृढ़ इच्छा शक्ति दिखाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर दिया।

13 दिनों तक चले इस युद्ध में पाकिस्तान आत्मसमर्पण के लिए मजबूर हो गया। भारतीय सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ ने मेजर जनरल जैकब को पाकिस्तान के सरेंडर की व्यवस्था के लिए ढाका भेजा। जहां जनरल एके नियाजी ने भारतीय लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के समक्ष समर्पण किया।

अन्य अहम घटनाएंः

1854ः रामकृष्ण मिशन के दूसरे संघ अध्यक्ष स्वामी शिवानंद का जन्म।
1879ः प्रसिद्ध भारतीय पुरातत्ववेत्ता दयाराम साहनी का जन्म।
1937ः भारतीय मुक्केबाज हवा सिंह का जन्म।
1959ः कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का जन्म।
1971ः परमवीर चक्र से सम्मानित सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल का निधन।
1977ः प्रसिद्ध भारतीय हॉकी खिलाड़ी रूप सिंह का निधन।
2002ः प्रसिद्ध भारतीय महिला कव्वाल शकीला बनो का निधन।
2009ः जेम्स कैमरन ने विज्ञान पर आधारित मशहूर फिल्म ‘अवतार’ का निर्माण शुरू किया। जिसने दुनिया भर में 2.7 अरब डॉलर की कमाई की।
2012ः दिल्ली में चलती बस में छात्रा से सामूहिक बलात्कार की घटना। इसके खिलाफ देशभर में व्यापक प्रतिक्रिया हुई थी।
2014ः तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकवादियों ने पेशावर के मिलिट्री स्कूल पर हमला कर 150 लोगों की हत्या कर दी, जिसमें 134 स्कूली बच्चे शामिल थे।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें