नई दिल्ली: राज्यसभा से निलंबित 12 सदस्यों की वापसी की मांग को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने गुरुवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया।
दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे निलंबित सांसदों के समर्थन में विरोध जताया।
सदन के अंदर और बाहर कांग्रेस सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर राज्यसभा में सदन के उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि गांधी जी की प्रतिमा के नीचे अगर वे धरना दे रहे हैं तो कुछ सद्बुद्धि आ सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों को संसद में प्रदर्शन की बजाय सदन में चर्चा, बहस और फैसलों में भागीदारी निभानी चाहिए।