विपक्ष के गठबंधन का नाम होगा इंडिया

विपक्ष के गठबंधन का नाम होगा इंडिया

नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरुद्ध एकत्र हुए 26 दलों ने विपक्षी गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया) रखा है। इसकी जानकारी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मंगलवार को ट्वीट कर दी। आरजेडी ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत का प्रतिबिंब है। अब भाजपा को इंडिया कहने में भी पीड़ा होगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हराने के लिए 26 विपक्षी दल साथ आए हैं। विपक्षी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से इन दलों ने पहले पटना में बैठक की और आज बेंगलुरु में बैठक कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्षी एकता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भयभीत है। इसीलिए भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य की दौड़ लगा रहे हैं। हमारी एकता से वह डर गए हैं। खड़गे ने कहा कि हमारी एकता को देखकर भाजपा ने 30 पार्टियों की बैठक बुलाई है। पहले वे अपने गठबंधन की बात तक नहीं करते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि बेंगलुरु में 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए मौजूद हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। खड़गे ने कहा कि भाजपा को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें त्याग दिया। इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है बल्कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है। खड़गे ने कहा है कि आगामी दिनों में 11 लोगों की एक कार्यसमिति बनाई जाएगी। यह समिति आगे की रूपरेखा तैयार करेगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश इस समय सुरक्षित नहीं है। हम (विपक्षी दल) मिलकर देश के लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। हम जीतेंगे तो देश जीतेगा, हमारी इंडिया जीतेगी और भाजपा हारेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार बीते 09 वर्षों में कुछ नहीं किया। आज देश की अर्थव्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है। देश का हर व्यक्ति मोदी सरकार से दुखी है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम सभी विपक्षी दल तानाशाही के खिलाफ एकत्र हुए हैं। हम अगली बैठक महाराष्ट्र में करेंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज की बैठक में बहुत से मुद्दों पर बात हुई है। राहुल ने कहा कि यह लड़ाई पक्ष-विपक्ष की नहीं है। ये लड़ाई देश की आवाज के लिए है, जिसे कुचला जा रहा है। हमारी एलाइंस का नाम इंडिया है। जो इंडिया के सामने खड़ा होगा उसकी हार तय होगी। हमारी अगली बैठक महाराष्ट्र में होगी। हम सभी दल मिलकर एक एक्शन प्लान तैयार करेंगे।

0Shares
Prev 1 of 238 Next
Prev 1 of 238 Next

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें