आर्थोपेडिक सर्जन आरएन सिंह बने विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष

आर्थोपेडिक सर्जन आरएन सिंह बने विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष

विहिप संगठन में कई बड़े बदलाव, आलोक कुमार कार्याध्यक्ष पद पर बरकरार

फरीदाबाद: विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति और प्रन्यासी मंडल की दो दिवसीय बैठक फरीदाबाद के मानव रचना शैक्षणिक संस्थान में शुरू हुई। बैठक के पहले दिन संगठन में कई बदलाव किए गए। केंद्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री डॉ रवींद्र नारायण सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि मिंलिद परांडे फिर से केंद्रीय महामंत्री चुने गए। प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. रवीन्द्र नारायण सिंह बिहार के पटना जिले के निवासी हैं। आलोक कुमार कार्यकारी अध्यक्ष और चंपत राय केंद्रीय उपाध्यक्ष बने रहेंगे।

इसके साथ ही कई अन्य पदाधिकारियों के दायित्व में भी परिवर्तन किया गया। केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही अब केंद्रीय सत्संग और धर्माचार्य टोली में रहेंगे। विहिप के निवर्तमान अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे भी केंद्रीय टोली के सदस्य रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि विहिप में प्रत्येक तीन वर्ष पर संगठनात्मक चुनाव होते हैं। यह बैठक शनिवार से हरियाणा के फरीदाबाद में प्रारंभ हुई है। देशभर के लगभग 275 विहिप पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इस बैठक में मतांतरण के विरुद्ध केंद्रीय कानून, मठ-मंदिरों की सरकारी नियंत्रण से मुक्ति, बंगाल में हुई हिंसा तथा कोरोना की तीसरी लहर की पूर्व तैयारी के अतिरिक्त संगठन के षष्टि-पूर्ति वर्ष और संगठन विस्तार के विषय में व्यापक चर्चा हो रही है। बैठक में देश-विदेश के शेष पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ें हैं। यह बैठक हर छ: मास में बुलाई जाती है।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश जोशी उपाख्य भैयाजी जोशी, विहिप के कार्याध्यक्ष (विदेश) अशोक राव चौगुले, उपाध्यक्ष गंगराजू, ओम प्रकाश सिंहल तथा कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता सहित सभी केंद्रीय और क्षेत्रीय पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें