बेगूसराय: बेगूसराय में गोलीबारी का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार की देर रात दूसरे जाति की लड़की को घर लाने का विरोध करने पर एक कलयुगी पुत्र ने अपने पिता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना बखरी थाना क्षेत्र स्थित चकहमीद पंचायत के विजयलख गांव की है। घायल की पहचान स्थानीय निवासी पंजाबी यादव के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पंजाबी यादव का पुत्र ओमप्रकाश यादव उर्फ ओमी यादव तीन दिन पहले महादलित समुदाय के मुसहर जाति की लड़की से शादी कर गांव ले आया और घर में रहने लगा। इसके बाद से ही पंजाबी यादव लगातार विरोध कर रहा था।
पुत्र के इस काम को लेकर गांव के लोग पिता को ताना देकर काफी जलील कर रहे थे। रविवार को भी गांव के लोगों ने जब पंजाबी यादव को जलील किया तथा गांव-समाज की प्रतिष्ठा नीलम करनेे का आरोप लगाया। इसके बाद रात में उसने अपने पुत्र को समझातेेे हुए दूसरी जाति की लड़की से किए गए शादी तोड़ने को कहा। इसी बात पर आक्रोशित होकर ओमी यादव ने पिता को गोली मार दिया। गोलीबारी की आवाज सुन कर दौड़े स्थानीय लोगों के प्रयास से पंजाबी यादव को इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी के गिरफ्तारी में जुुट गई है। इधर, दहशत के कारण विजयलख गांव के अधिकतर पुरुष घर छोड़कर भाग गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ओमी यादव अपराधी प्रवृति का है, उसका खौफ गांव में सिर चढ़कर बोलता है।