मुख्यमंत्री ने नालंदा-शेखपुरा का किया दौरा, अधिकारियों को दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने नालंदा-शेखपुरा का किया दौरा, अधिकारियों को दिया निर्देश

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सड़क मार्ग से नालंदा, शेखपुरा, जमुई एवं लखीसराय जिले में कम बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।

मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से दनियावां होते हुए नालंदा जिले के नगरनौसा, चण्डी, माधोपुर, बिन्द प्रखण्ड में धान की रोपनी के आच्छादन का जायजा लिया। शेखपुरा में भी मुख्यमंत्री ने धान रोपनी के आच्छादन का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने जमुई जिला के सिकंदरा, अलीनगर के क्षेत्र में धान रोपनी के आच्छादन का जायजा लिया।

अलीनगर के किसान मो शमीम से मुख्यमंत्री ने धान रोपनी की स्थिति की जानकारी ली। किसान मो शमीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां बारिश कम हुयी है, यहां का भू-जलस्तर नीचे है जिससे सिंचाई कार्य में दिक्कत हो रही है। सकरी और रांटी नदी को अगर आपस में जोड़ दिया जाय तो शेखपुरा, नवादा एवं लखीसराय जिले में किसानों के सिंचाई का स्थाई समाधान हो जायेगा।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन सह जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल को निर्देश दिया कि इसका अध्ययन करा लें। मुख्यमंत्री ने जमुई जिले के हलसी और लखीसराय जिले के घोंघसा में भी कम बारिश के कारण धान की रोपनी की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने घोंघसा में किसानों से बात कर स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के लिए सिंचाई कार्य का प्रबंध करायें ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो और उनकी फसल अच्छी हो। उन्होंने कहा कि कम बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति पर पूरी नजर रखें और किसानों को सहायता देने के लिए पूरी तैयारी रखें। संभावित सूखे की स्थिति में किसानों को हरसंभव मदद देने की योजना बनाएं।

उन्होंने कहा कि डीजल अनुदान योजना के तहत किसानों को डीजल अनुदान का लाभ तेजी से दिलाएं ताकि उन्हें राहत मिल सके। किसानों को 16 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करें। बिजली की उपलब्धता रहने से किसानों के लिए सिंचाई कार्य में सहूलियत होगी और जितने क्षेत्रों में धान की रोपनी हुई है उसका बचाव हो सकेगा। वैकल्पिक फसल योजना के तहत इच्छुक किसानों को जल्द-से-जल्द बीज उपलब्ध कराएं ताकि किसानों को कृषि कार्य में राहत मिल सके।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें