पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग

Gopalganj : गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान दिग्विजय सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है, जो मीरगंज वार्ड नंबर 15 निवासी सुरेंद्र सिंह का बेटा है।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात मीरगंज के वार्ड नंबर 2, पुरानी टोला में शंभू तुरहा के बेटे बिट्टू का तिलक समारोह था। इस समारोह में दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए थे। रविवार तड़के करीब 4 बजे, समारोह स्थल के पास एक खाली जगह में वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद हो गया।देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक कार सवार व्यक्ति के मुंह में गोली लग गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी मामूली रूप से जख्मी हो गया।

गोलीबारी की खबर फैलते ही इलाके में संसनी मच गई। सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया।इस मामले में हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी की सूचना मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

बिहार में तबादले का दौर जारी, बिहार प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों का तबादला

Bihar: बिहार में तबादलों का दौर जारी है. सरकार ने एक बार फिर से बिहार प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई है। बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा का चुनाव होना है। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने तबादले शुरू कर दिया है। पिछले दिनों शुरू हुआ तबादलों का दौर लगातार जारी है। अब राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव स्तर, अपर समाहर्ता स्तर और उपसचिव स्तर के 16 अधिकारियों का तबादला किया है।

माणा हिमस्खलन: 4 श्रमिकों की खोज के लिए बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी, एसडीआरएफ टीम इमेज कैमरा के साथ रवाना

देहरादून: चमोली के माणा के पास हिमस्खलन की घटना में अभी भी चार श्रमिक फंसे हुए हैं। इन श्रमिकों को तलाशने के लिए रविवार को तीसरे दिन भी बचाव अभियान जारी है। रेस्क्यू के तीसरे दिन 10 घायलों को ज्योर्तिमठ पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की संचार टीम मैन पैक रिपीटर और एक टीम विक्टिम लोकेटिंग और थर्मल इमेज कैमरा के साथ रवाना हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के आईटी पार्क स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 04 और बचे श्रमिकों की खोजबीन के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है। जीपीआर थर्मल इमेजिंग कैमरा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माणा के आसपास सभी प्रकार के संपर्क कट गए हैं। संचार सहित अन्य व्यवस्थाओं को बहाल करने की कोशिश जारी है।गांव जो संपर्क से कट गए हैं, वहां के लिए भी खाद्य सामग्री भिजवाई जा रही है। कुछ ब्लॉक में लाइट कट गई थी। जिसको बहाल कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि आज मौसम ठीक है और बचाव कार्य तेज किया जाएगा। कल से मौसम फिर बिगड़ने वाला है। इसे देखते हुए उच्च इलाकों में जहां काम चल रहा है वहां मौसम को देखते हुए काम बंद रखने को कहा गया है।

एसडीआरएफ पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल के निर्देश पर माणा में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की एक विशेषज्ञ टीम हेलीकॉप्टर के माध्यम से विक्टिम लोकेटिंग कैमरा (वीएलसी) एवं थर्मल इमेज कैमरा के साथ सहस्त्रधारा से घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जोशीमठ से एसडीआरएफ की संचार टीम भी मैन पैक रिपीटर के साथ बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुई।

शुक्रवार को भारत-चीन सीमा पर स्थित सीमांत जिले चमोली के माणा के पास हिमस्खलन में कुल 55 श्रमिक फंसे हुए थे। 50 श्रमिक रेस्क्यू कर लिए गए हैं। एक श्रमिक सकुशल अपने घर हिमाचल प्रदेश पहुंच गया है। चार श्रमिकों की मृत्यु हो गई है। अभी भी चार श्रमिक फंसे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हरियाणा में 9 निगम समेत 40 निकायों में मतदान जारी, तीन जिलों में ईवीएम खराब

रोहतक:  हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए रविवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। अभी तक प्रदेश में कहीं से भी हिंसा की ख़बर नही है। अलबत्ता तीन स्थानों पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान बाधित जरूर हुआ है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करनाल में, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर फरीदाबाद में मतदान कर चुके हैं। चुनाव मैदान में उतरे ज्यादातर प्रत्याशी भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

गुरुग्राम के वार्ड पांच में ईवीएम खराब होने से करीब एक घंटा वोटिंग बाधित हुई। नूंह में तावडू नगर पालिका चुनाव बूथ पर ईवीएम खराब होने से एक घंटा मतदान रुका रहा।

रोहतक के वार्ड 16 में भारतीय कन्या स्कूल में बनाए गए बूथ के अंदर मेयर वोटिंग की ईवीएम खराब होने से मतदान कुछ समय बाधित हुआ।

हिमाचल में बर्फबारी के बाद ठिठुरन बढ़ी, केलंग में पारा -11.8 डिग्री

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनजातीय और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलंग में तापमान -11.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है जबकि किन्नौर के कल्पा में यह -3.8 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में तापमान 0.1 डिग्री, सियोबाग में 2 डिग्री, सराहन में 0.4 डिग्री, धर्मशाला में 4.2 डिग्री और शिमला में 4.6 डिग्री रहा। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में सामान्य से 1.7 डिग्री की गिरावट आई है।

बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ हो गया है और रविवार को शिमला तथा मनाली समेत कई स्थानों पर धूप खिली है। हालांकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और कोहरे का असर बना हुआ है। बिलासपुर में घने कोहरे के कारण आज सुबह के समय विजिबिलिटी मात्र 20 मीटर रही, जबकि मंडी में 300 मीटर और सुंदरनगर में 800 मीटर तक रही।

400 से ज्यादा सड़कें अब भी अवरुद्ध, बिजली आपूर्ति ठप

बर्फबारी और भूस्खलन के कारण राज्य में अब भी चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 400 सड़कें बंद पड़ी हैं। अकेले लाहौल-स्पीति जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग और 165 सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू में 92 सड़कें और दो नेशनल हाईवे, चंबा में 66, मंडी में 63, किन्नौर में 45, सिरमौर में 24 और शिमला में 17 सड़कें अब भी बाधित हैं।

बर्फबारी के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रदेश में करीब दो हज़ार ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है। सबसे अधिक 940 ट्रांसफार्मर कुल्लू में ठप हैं। इसके अलावा किन्नौर में 373, लाहौल-स्पीति में 341, चंबा में 154 और मंडी में 135 ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। प्रशासन बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा हुआ है लेकिन अत्यधिक ठंड और दुर्गम रास्तों के चलते दिक्कतें आ रही हैं।

फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश में फिर से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। तीन मार्च को कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अंधड़ और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। चार मार्च को भी प्रदेश में तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

हालांकि पांच मार्च से मौसम के साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पांच से आठ मार्च तक राज्यभर में मौसम साफ रहेगा और तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी वनतारा पहुंचे, दोपहर बाद सोमनाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

जामनगर:  गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम जामनगर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार सुबह रिलायंस रिफाइनरी परिसर स्थित वनतारा पहुंचे हैं। दोपहर बाद यहां से वे सोमनाथ महादेव का दर्शन करने हेलिकॉप्टर से सोमनाथ जाएंगे। शाम को वे सासण गिर जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह राजकोट जाएंगे और यहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार दोपहर सोमनाथ महादेव का दर्शन करने के बाद मंदिर के ट्रस्टियों के साथ विकास कार्यों की चर्चा करेंगे। वे 27 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हाट बाजार और शॉपिंग सेंटर का लोकार्पण करेंगे। वे सोमनाथ मॉडल बस स्टैंड का भूमिपूजन करेंगे।

इससे पहले शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जामनगर एयरपोर्ट से पायलट बंगला तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रोड शो आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए आतुरता के साथ सड़क के दोनों किनारे खड़े रहे।

प्रधानमंत्री शनिवार रात जामनगर सर्किट हाउस में विश्राम के बाद रविवार सुबह रिलायंस रिफाइनरी परिसर में स्थित वनतारा पहुंचे हैं। रिलायन्स इंडस्ट्रीज और रिलायंस फाउंडेशन की ओर से अनंत अंबानी के ड्रीम प्रोजेक्ट वनतारा (स्टार ऑफ फॉरेस्ट प्रोग्राम) लॉन्च किया गया था। इस प्रोग्राम के तहत देश और विदेशों के घायल प्राणियों के बचाव, इलाज समेत देखभाल और पुनर्वसन का काम किया जा रहा है। रिलायन्स की जामनगर रिफाइनरी परिसर में करीब 3 हजार एकड़ ग्रीन बेल्ट में रेस्क्यू सेंटर फैला हुआ है।

पटना, 28 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में पहले दिन शुक्रवार को विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) विधायकों ने हाथों में हथकड़ी लगाकर अपना विरोध दर्शाया।

माले विधायकों का यह अजीबो-गरीब विरोध हाल ही में अमेरिका से भारत भेजे गए भारतीयों के हाथ-पांव में हथकड़ी लगाकर भेजने की घटना के विरोध में किया गया।

भारत के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ करना बंद करो, अमेरिका के प्रवासी भारतीयों के साथ घोर अपमानजनक व्यवहार पर केंद्र सरकार चुप क्यों, शर्म करो….. के नारे लगाए गए। इस दौरान हथकड़ी लगाकर विरोध कर रहे विधायकों ने कहा कि भारत का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता है। लेकिन केंद्र सरकार इस मसले पर चुप्पी साधे है। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि भारतीयों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है।

बीते 4 फरवरी की सुबह 3 बजे अमेरिका से 104 भारतीय अवैध अप्रवासियों को भारत रवाना किया। यह पहली बार है जब अमेरिका अप्रवासियों को भेजने के लिए सैन्य विमान का इस्तेमाल किया गया। 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे अमेरिकी मिलिट्री का सी-17 एयरक्राफ्ट भारतीय अवैध अप्रवासियों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा। इसे भारत पहुंचने में करीब 35 घंटे का समय लगा। इस दौरान यह भी देखने को मिला कि अवैध अप्रवासियों के हाथ में हथकड़ी लगाया गया था। अपनी पीड़ादायक और अपमानजनक यात्रा को लेकर अवैध अप्रवासियों ने भारत आकर दर्द बयां किया था।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार 28 फरवरी से शुरू हो गया है। यह सत्र लगभग एक महीने तक चलेगा। जिसमें कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी। पहले दिन यानी आज राज्य सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी, जिसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी 3 मार्च को नीतीश सरकार का बजट पेश करेंगे। जिस पर चुनावी वर्ष के कारण सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

पटना, 28 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। राज्यपाल ने राज्य सरकार के विकास कार्यों और आने वाले समय में सरकार की योजनाओं को सदन में क्रम से रखा। उन्होंने कहा कि बिहार में 2005 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने के बाद से शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर हर क्षेत्र में काम हुआ है।

राज्यपाल ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद से ही राज्य में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। राज्य में बड़ी संख्या में सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया। सरकार ने बिहार में महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोड़ दिया है। पंचायती राज, नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूहों की संख्या काफी कम थी। अब समूहों की संख्या 10 लाख 63 हजार हो गई है। इसमें जीविका दीदियों की संख्या एक लाख 41 हजार से अधिक है। इस मौके पर दोनों सदनों के सदस्यों के साथ विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और विधानपरिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने शुरू से ही वंचित वर्गों के लिए काम किया। इन्हें मुख्यधारा में जोड़ने के लिए कई योजना चला रही है। मुस्लिम समुदाय के मदरसों को सरकारी सहायता दी जा रही है। इसमें पढ़ाने वाले शिक्षकों को सरकारी शिक्षक के अनुरूप वेतन दिया जा रहा है। राज्य में धान, गेहूं और मक्का का उत्पादन दोगुना हो गया है। मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर हो गया है। राज्य में 24 नवम्बर 2005 को नई सरकार बनने के बाद राज्य में कानून का राज है तथा लगातार विकास का काम हो रहा है। राज्य सरकार ने हमेशा सुशासन एवं न्याय के साथ विकास पर जोर दिया है, जिसका अर्थ है सभी क्षेत्रों का विकास एवं सभी वर्गों का उत्थान। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पेयजल आदि क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया गया है। राज्य में अब किसी तरह के डर और भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, आपसी भाईचारा और शांति का माहौल है।

राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पवित्र मंदिर है, जहां जनहित से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श होता है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि सदन की मर्यादा और गरिमा को बनाये रखें। स्वस्थ बहस और तर्क-वितर्क लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन यह आवश्यक है कि चर्चा मर्यादित और परिणामकारक हो। मैं सभी सदस्यों से अपील करता हूं कि वे अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार सदन में रखें ताकि जनहित में ठोस निर्णय लिए जा सकें।

Chhapra: भारत स्काउट और गाइड सारण की ओर से शहर के प्रसिद्ध धनी धर्मनाथ मंदिर में शिविर आयोजित कर महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा तथा सहायता की गई। जिला मुख्य आयुक्त हरेन्द्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर भारत स्काउट और गाइड सारण के स्वयंसेवको को प्रतिनियुक्त किया गया।जिला संगठन आयुक्त स्काउट अमन राज के नेतृत्व में जिले के विभिन्न दलों के 40 स्काउट तथा 20 गाइड ने भाग लिया।जिला संगठन आयुक्त स्काउट अमन राज ने बताया की भारत स्काउट और गाइड की पहचान सेवा और सहायता है।उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि लोक आस्था का महापर्व है,महाशिवरात्रि के मौके पर भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की कई तरह की परेशानियां होती है, इसको ध्यान में रखते हुए भारत स्काउट और गाइड सारण की ओर से शिविर का आयोजन किया गया।

जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह ने बताया की स्काउट गाइड ने भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने, जलाभिषेक कराने और जलाभिषेक कराने के बाद मंदिर से बाहर निकालने में अपना योगदान किया, साथ ही साथ इस दौरान महिलाओं को छेड़खानी व उचक्को के द्वारा छीनने की घटनाओं से भी बचाया गया तथा परिजनों से बिछड़े बच्चों को मिलाया गया। इस सेवा शिविर में भाग लेने वाले के सिनियर स्काउट सोनू,सक्षम,सत्यजीत, हार्दिक तथा गाइड खुशी,राधा,अर्पणा,चांदनी,नंदनी सहित अन्य स्काउट गाइड ने योगदान किया।

पटना, 25 फरवरी (हि.स.)। बिहार में बुधवार शाम चार बजे राजभवन के राजेंद्र मंडप में नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। इनमें भाजपा कोटे से कृष्ण कुमार मंटू, विजय मंडल, राजू सिंह, संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, सुनील कुमार और मोतीलाल प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। खास बात यह रही कि मिथिलांचल के दो विधायक संजय सरावगी और जीवेश कुमार मिश्र ने मैथली भाषा में शपथ ग्रहण की।

सबसे पहले दरभंगा से भाजपा विधायक संजय सरावगी ने शपथ ली। उन्होंने मैथिली में शपथ ग्रहण की। इसके बाद बिहार शरीफ से भाजपा विधायक सुनील कुमार ने शपथ ग्रहण की इसके बाद दरभंगा के जाले विधानसभा सीट से भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा, मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजू सिंह व रीगा से विधायक मोती लाल ने मंत्री पद की शपथ ली। छठे नम्बर पर कृष्ण कुमार मंटू ने, जबकि सबसे अंत में विजय कुमार मंडल ने शपथ ग्रहण की।

नीतीश कुमार के कैबिनेट विस्तार में सिर्फ जातीय बल्कि ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय समीकरण का भी पूरा ध्यान रखा गया है। भाजपा कोटे से मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी विधायक बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में उन क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व करने से निश्चित तौर पर इसका असर इसी साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।

भाजपा ने बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र के महत्व को समझते हुए इस क्षेत्र से दो विधायकों को मंत्री बनाया है। माना जा रहा है कि आने वाले विधान सभा चुनाव में भाजपा अपने इस दांव से मिथिलांचल के करीब 50 सीटों पर लीड लेने की कोशिश करेगी। उल्लेखनीय है कि कृष्ण कुमार मंटू छपरा के अमनौर क्षेत्र, विजय मंडल अररिया जिले के सिकटी, राजू सिंह साहेबगंज, संजय सारावगी दरभंगा जीवेश मिश्रा जाले, सुनील कुमार बिहारशरीफ और मोती लाल प्रसाद रीगा क्षेत्र से आते हैं।

– नए मंत्रियों पर होगी बड़ी जिम्मेदारी

बिहार विधानसभा का बजट सत्र 28 फरवरी से शुरू होने वाला है। ऐसे में बजट सत्र से पहले मंत्री पद की शपथ लेने वाले भाजपा के सातों विधायकों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। दरअसल इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में चुनाव को देखते हुए इस बार का बजट सत्र काफी अहम होने वाला हैं। बजट सत्र के दौरान नए मंत्रियों की भूमिका काफी अहम हो जाएगी। इन मंत्रियों पर अपने-अपने विभाग की योजनाओं को समय पर पूरा कराने की चुनौती होगी।

सुबह दिया था जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दरअसल बिहार सरकार कैबिनेट के विस्तार का घटनाक्रम एकाएक बुधवार की सुबह चर्चा में आया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के राजस्व व भूमि सुधार मंत्री डा. दिलीप जायसवाल ने इस्तीफा दे दिया था। इसे लेकर बिहार के सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लेकिन डा. दिलीप जायसवाल ने साफ किया कि पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत के चलते उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। साथ ही भाजपा कोटे से सात मंत्री बिहार सरकार में शामिल होने की रणनीति बनने लगी, जो कि शाम चार बजे शपथ भी हो गई।

मढ़ौरा में  02 घंटे के अंदर दुष्कर्म के आरोपी विधि-विरूद्ध बालक को किया गया निरूद्ध

Chhapra: मढ़ौरा थानान्तर्गत ग्राम जोधौली में एक नाबालिग लड़की के साथ एक नाबालिक लड़का के द्वारा दुष्कर्म की घटना कारित की गयी थी।

जिस संदर्भ में पिड़िता के परिजन के लिखित आवेदन के आधार पर मढ़ौरा थाना कांड सं0- 80/25, दिनांक 22.02.25, धारा- 4 पॉक्सो एक्ट दर्ज कर किया गया। प्राथमिकी दर्ज करने के उपरांत 02 घंटे के अंदर प्राथमिकी के नामजद आरोपी विधि-विरूद्ध बालक को किया गया निरूद्ध।

टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी

थानाध्यक्ष, मढ़ौरा थाना एवं थाना के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी।

महाकुम्भ के अवसर पर 22 फरवरी,2025 तक थावे से 03, तथा छपरा जं. रेलवे स्टेशन से कुल 39 मेला विशेष ट्रेनों का संचालन

Chhapra : महाकुम्भ-2025 के पावन अवसर पर श्रद्धालु यात्रियों की सुगम, सुविधाजनक एवं आरामदायक कुम्भ यात्रा हेतु पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा विभिन्न स्टेशनों – भटनी,मऊ, बलिया, गाजीपुर सिटी, बनारस, छपरा एवं थावे से कुम्भ मेला विशेष गाड़ियों का संचलन किया जा रहा है। स्टेशनों पर श्रद्धालु यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए भी रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल निर्णय लेते हुए बिना शिड्यूल की हुई गाड़ियों का संचलन कर श्रद्धालुओं को प्रयागराज मेला क्षेत्र तक सुविधा प्रदान की जा रही है।

स्टेशनों पर श्रद्धलु यात्रियों की भीड़ का प्रबंधन करने के लिए यात्री होल्डिंग एरिया की व्यवस्था भी की गई है। इसी क्रम में छपरा जं स्टेशन पर 3600 वर्गफीट, सीवान स्टेशन पर 5250 वर्गफीट में अस्थाई पैसेंजर होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया है। इन पैसेंजर होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है तथा यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी हेतु कम्प्यूटर आधारित जन उदघोषणा प्रणाली स्थापित की गई है।

इसी क्रम में छपरा से 39, थावे से 03 ट्रेनें चलाई जा चुकी है। यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए इन स्टेशनों से अभी भी कुम्भ मेला विशेष गाड़ियाँ चलाई जा रही है। मेला विशेष गाड़ियों के संचलन हेतु पर्याप्त संख्या में रेक/कोचों की व्यवस्था की गई है, जिससे नियमित अन्तराल पर विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ट्रेनों के दोनों तरफ इंजन लगाये गये, जिससे इंजन रिवर्सल का समय बचाया जा सका है।

पिछले छः वर्षों में किये गये विद्युतिकृत लाइनों के साथ दोहरीकरण,यार्ड रिमॉडलिंग एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार कार्यों के कारण इतनी ज्यादा ट्रेनें चलाना सम्भव हो पाया। बनारस-माधोसिंह-प्रयागराज खंड के दोहरीकरण परियोजना के अन्तर्गत गंगा नदी पर रेल पुल निर्माण सहित झूसी-प्रयागराज खंड का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण के फलस्वरूप इतनी अधिक संख्या में ट्रेनों का संचलन सम्भव हो पाया है।

झूसी-प्रयागराज खंड के दोहरीकरण के अन्तर्गत गंगा नदी पर दोहरी लाइन के रेल पुल सं.-111 का निर्माण रू. 496.62 करोड़ की लागत से किया गया। यह एक महत्वपूर्ण पुल है, जिसकी लम्बाई 1,934 मीटर है। पुल के दोनों एप्रोचों पर वायाडक्ट का भी निर्माण किया गया है, जिसकी कुल 872 मीटर लम्बाई है। इस पुल के कारण मेला के दौरान श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हुआ है तथा क्षमता के विस्तार होने के फलस्वरूप महाकुम्भ के दौरान अधिक ट्रेनों का संचालन सम्भव हो पा रहा है।