नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। सनातन धर्म और रामचरित मानस को लेकर तमिलनाडु और बिहार के मंत्री की टिप्पणी से उठे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। इस पर जहां कई केंद्रीय मंत्रियों ने इन बयानवीरों की आलोचना की है, वहीं बिहार के ही मंत्रियों ने वहां के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर से इस मुद्दे पर किनारा कर लिया है।

केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने सनातन धर्म पर टिप्पणी करने वाले तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की आलोचना करते हुए कहा कि आप किसी के धर्म पर कैसे बयान दे सकते हैं? उन पर न्यायालय में मुकदमा चलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि क्या दूसरे धर्म के बारे में वे इस प्रकार का बयान देंगे, क्या इतनी हिम्मत है?

शनिवार को लखनऊ दौरे पर रहे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सनातन पर उठे विवाद काे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देने वाला धर्म है। यह धर्म जाति, पंथ और मजहब से ऊपर उठकर संपूर्ण विश्व को अपना परिवार कहने वाला धर्म है। इसका न कोई आदि है न कोई अंत है। दुनिया की कोई ताकत सनातन धर्म को समाप्त नहीं कर सकती। इस पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है।

बिहार दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हर दिन सनातन विरोधी बयान आने लगे हैं। जब ऐसे बयान आते हैं तो हमारा प्रश्न होता है कि इस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया क्या है? कांग्रेस या तो इस पर प्रतिक्रिया नहीं देती है या इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बताती है। अगर भारत के 80 प्रतिशत लोगों के विश्वास, परंपरा पर प्रहार होता है और कांग्रेस उस पर प्रतिक्रिया नहीं देती तो यह साफ है कि इसके पीछे कांग्रेस ही है।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सनातन ही सिखाता है सबके साथ भाईचारा। सनातन ही सिखाता है लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहकर काम करना। यह किसी दूसरे धर्म में नहीं सिखाया जाता। किसी भी दूसरे धर्म के खिलाफ बोलें तो सड़के बंद कर दी जाती हैं, घर जला दिए जाते हैं। राजनीतिक मकसद से सनातन को गाली देना बंद कर देना चाहिए। सनातन जिस दिन समाप्त होगा, उस दिन इस देश का अस्तित्व भी नहीं रहेगा। किसी ने कहा कि मुकदमा दर्ज होना चाहिए तो किसी ने कहा जनता जवाब देगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कहा है कि सनातन धर्म का अपमान किया गया और डेंगू और मलेरिया कहा गया। यह बात इंडी गठबंधन को समझना होगा कि उन्होंने हमारी आस्था को ठेस पहुंचाई है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर द्वारा रामचरितमानस पर की गई टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस तरह की बयानबाजी गलत है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपमानजनक टिप्पणी करने वाले सूबे के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर की मंत्रिमंडल से छुट्टी कर देनी चाहिए। इससे पूरे बिहार और खासकर शिक्षा विभाग का माहौल खराब होता है। उन्होंने कहा कि हमारी सलाह है कि मुख्यमंत्री ऐसे व्यक्ति को शिक्षा विभाग से हटा दें और किसी योग्य व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाएं।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा मैं चंद्रशेखर से कहना चाहता हूं कि एक अच्छा गुरु रख लें, उनसे रामायण की प्रत्येक पंक्ति अध्ययन करें। प्रत्येक शब्द के भाव को जानें और फिर रामायण-महाभारत पर टिप्पणी करें। उन्होंने कहा कि इस इस तरह का बयान उनकी बीमार मानसिकता का परिचायक है। यह तुष्टीकरण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि साइनाइड महाभारत और रामायण नहीं हैं। साइनाइड तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और अपराधियों को शरण देने वाली सरकारें हैं।

उधर, अब बिहार के शिक्षा मंत्री के बयान से बिहार के दूसरे मंत्रियों ने ही किनारा कर लिया है। बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हम सब को कोशिश करनी चाहिए कि हमारी बातों से किसी भी धर्म को ठेस नहीं पहुंचे।

बिहार के मंत्री तेज प्रताप ने कहा कि इस तरह के बयान को वे गंभीरता से नहीं लेते।

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपने सहयोगी मंत्री की टिप्पणी से उपजे असंतोष पर डैमेज कंट्रोल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हम लोग संविधान में विश्वास रखते हैं और संविधान में सभी धर्मों का सम्मान है। हम हमेशा लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। मंत्री को अपने विभागों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। नकारात्मक बातों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए बल्कि सकारात्मक बातों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्हें ये सब बातें नहीं करनी चाहिए।

बारामूला, 16 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश के दौरान घुसपैठ करने वाले आतंकियों को कवर फायर दिया और भारतीय सेना के क्वाडकॉप्टर को निशाना बनाया, जिसे तीन आतंकियों मार गिराने के साथ नाकाम कर दिया गया। यह सब ब्रिगेडियर पी एम एस ढिल्लों ने शनिवार को बताया।

उत्तरी कश्मीर के उड़ी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर ढिल्लों ने कहा कि पाकिस्तान स्थित संगठनों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों के बारे में विशिष्ट इनपुट के बाद नियंत्रण रेखा के पास उड़ी सेक्टर के हथलंगा में ऑपरेशन शनिवार तड़के शुरू किया गया था।

उन्होंने कहा कि हमें खुफिया जानकारी मिल रही थी कि पाकिस्तानी संगठन जम्मू.कश्मीर में शांति को अस्थिर करने के लिए उड़ी में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए हमने अपने घुसपैठ रोधी और निगरानी ग्रिड को मजबूत किया।

उन्होंने कहा कि आज सुबह 6ः40 बजे खराब मौसम के बावजूद हथलंगा इलाके में तीन से चार आतंकवादियों को नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश करते हुए देखा गया। तुरंत संपर्क स्थापित किया गया और गोलीबारी दो घंटे तक जारी रही।

अधिकारी ने कहा कि सेना ने आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर ;यूबीजीएल, मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर, एमजीएल और रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया।

इस दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया गया। तब सेना को एहसास हुआ कि दो घायल आतंकवादियों ने अपना रास्ता बदल दिया है। इसके बाद सुबह लगभग 9ः15 बजे जवानों और आतंकियों के बीच दूसरी बार गोलीबारी हुई जो लगभग आधे घंटे तक जारी रही और परिणामस्वरूप दूसरा आतंकवादी मारा गया।

ब्रिगेडियर ढिल्लों ने कहा कि तीसरा घायल आतंकवादी पास की पाकिस्तानी चौकी से गोलीबारी की मदद से घुसपैठ कर गया।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना की चौकी ने आतंकियों की घुसपैठ के लिए गोलीबारी कर सहायता दी और हमारी ओर गोलीबारी की। उन्होंने हमारे क्वाडकॉप्टर पर भी गोलीबारी की। हमारे अनुमान के मुताबिक घायल आतंकवादी ने पाकिस्तानी पोस्ट से करीब 300 मीटर दूर जनरल एरिया में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मौसम बहुत खराब है लेकिन इलाके में तलाश जारी है।

अधिकारी ने कहा कि ऑपरेशन में पाकिस्तान के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है और दो के शव बरामद कर लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि पाकिस्तानी सेना कैसे आतंकवादियों का समर्थन करती है और उन्हें घुसपैठ करने के लिए पूरा समर्थन देती है। यह यह भी स्थापित करता है कि पाकिस्तानी सेना कश्मीर में शांति को अस्थिर करने में कैसे शामिल है।

सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पास से एक एके 47 और एके 74 राइफल, सात मैगजीन, एक पांच किलो की आईईडी, कुछ गोला.बारूद, एक चीनी पिस्तौल और कुछ ग्रेनेड के साथ भारतीय और पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद की।

ढिल्लों ने कहा कि हमें लगता है कि वे अल्पसंख्यक इलाकों या सुरक्षा बलों के प्रतिष्ठान समेत कुछ संवेदनशील ठिकानों पर आईईडी का इस्तेमाल करना चाहते थे।

मधुबनी,16 सितम्बर (हि.स.)। बिहार में मधुबनी जिला के झंझारपुर अनुमंडल स्थित ललित कर्पूरी स्टेडियम में गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसैलाब के बीच नरेन्द्र मोदी जिन्दाबाद की जयघोष पंडाल के बीच चहुंओर होती रही।गृहमंत्री अमित शाह ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। गृहमंत्री ने कहा कि नीतीश जी पीएम का पद खाली नही है। आपकी दाल वहां नही गलेगी, मोदी जी वहां फिक्स हैं। बिहार में भाजपा की सरकार बनेगी।आमजन 40 में से 40 लोकसभा सीट भाजपा को जिताएगी।

गृहमंत्री ने अमित शाह ने कहा कि बिहार सरकार ने जन्माष्टमी की छुट्टी रद्द की तो जनता के आक्रोश के बाद वापस लिया।सभास्थल पर अगल-बगल के इलाके के 31 विधान सभा से आए हुए लोगों का मैं स्वागत करता हूं। मोदी सरकार ने देश के लोगों को चंद्रयान अभियान की सफलता से गौरवान्वित किया।सभी देशवासी का सर ऊंचा हुआ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जी-20 में अफ्रीकी गठबंधन को शामिल कर देश का नाम रोशन हुआ।जी-20 में मधुबनी पेंटिंग और नालंदा का विशेष स्थान रहा। वर्तमान गठबंधन फिर से जंगलराज लायेगा।लालू जी फिर से एक्टिव और नीतीश जी इनएक्टिव हो गए हैं। शाह ने आश्चर्य लहजा में कहा कि यूपीए का नाम बदलने की जरूरत क्यों पड़ी ? नाम बदलने से बिहार को सालों तक पीछे ढकलने वाले नही बदलेंगे। रामचरितमानस की निन्दा करने वाले, जन्माष्टमी की छुट्टी रद्द करने वाले और सनातन धर्म को कई सारी गंभीर बीमारी का नाम बताने वाले सही हैं क्या ?

अमित शाह ने कहा कि लालू जी के काल में गुंडाराज की वापसी हो चुकी है। बालू माफिया घुस चुके हैं, बम बरामद हो रहे हैं। जदयू के मेल तेल और पानी के मेल जैसा है, ये एक नही हो सकते। तेल पानी को मैला कर देता है।आपने प्रधानमंत्री बनने के लिए जो गठबंधन किया वो आपको भी डूबा देगा।अयोध्या में राममंदिर को सालो तक कांग्रेस, लालू जैसे लोगो ने रोक कर रखा। जनवरी से आप रामलाला का दर्शन भव्य मंदिर में करेंगे। इसका उनको पेट में दर्द है।मोदी जी द्वारा धारा 370 समाप्त करने पर लालू नीतीश की जोड़ी और कांग्रेस को दर्द होता है।

अमित शाह ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट नरेन्द्र मोदी जी ने बनाया। यहां 16 लाख लोग पिछले एक साल में यात्रा कर चुके हैं।नीतीश जी एम्स का दिया हुआ 81 एकड़ भूमि अगर वापस नहीं ली होती तो दरभंगा में एम्स बन गया होता। नीतीश जी नए जगह के जमीन को छूकर बताए की यहां एम्स बनाना है। नीतीश जी के कारण 1,250 करोड़ की लागत से बनने वाला एम्स नही बना। नीतीश जी द्वारा ठंडे बस्ते में डाला हुआ कोशी महा सेतु बनाया। नीतीश जी आपने बिहार को 10 साल में 2 लाख दिया। मोदी जी ने 5,92,000 करोड़ 9 साल में दिया।गंगा नदी पर महात्मा गांधी सेतु और मोकामा के राजेंद्र पुल के समानांतर पुल हम बनवा रहे हैं। 1500 करोड़ से कोशी पर एक और पुल बनवा रहे हैं। हमने 9 करोड़ लोगो को मुफ्त में अनाज दिया। 40 लाख लोगो को आवास व गैस दिया। पूरे देश में सभी को फ्री में कोरोना का टीका लगवाया।

गृहमंत्री ने कहा कि च पर क्षेत्रीय विधायक पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा ने गृहमंत्री को भव्य स्वागत किया व पेंटिंग भेंट की।दरभंगा मधुबनी सहरसा जिला के भाजपा जनप्रतिनिधि मुस्तैद दिखे।

पटना, 16 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटें भाजपा-राजग गठबंधन को देने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता अराजकता और माफिया राज से त्रस्त है। लालू-नीतीश की सरकार ने फतवा जारी किया था कि रक्षाबंधन, जन्माष्टमी को छुट्टी नहीं होगी। जनता ने उनको ठिकाने लगा दिया।

अमित शाह शनिवार दोपहर बिहार में मधुबनी जिले के झंझारपुर शहर में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में लालू और नीतीश की सरकार चल रही है। बिहार में गोलीबारी, लूट, अपहरण, पत्रकार-दलितों की हत्या के किस्से बढ़ रहे हैं। ये जो स्वार्थी गठबंधन बना है, वो बिहार को फिर से जंगलराज की दिशा में ले जाने वाला है। लालू सक्रिय और नीतीश निष्क्रिय हो गए हैं। अब आप समझ सकते हैं कि बिहार कैसा चल रहा है।

अमित शाह ने कहा कि आप लोगों ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कई काम किए। जब हमारा चंद्रयान चंद्रमा पर उतरा तो सभी का मन आनंद से भर गया। जी-20 में हमारे देश का पीएम दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्ष के बीच में हथौड़ा लेकर अफ्रीकन यूनियन को शामिल करता है। जी-20 ने गरीब, युवा, किसान सबके लिए अनेक मौके खोलने का काम किया। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेसियों ने, गठबंधन वालों ने इतने साल राम मंदिर नहीं बनवाया। अब जब बन रहा है तो इनके पेट में दर्द हो रहा है। दस साल तक यूपीए सरकार में लालू यादव रहे। बिहार को सिर्फ दो लाख करोड़ रुपये दिए। मोदी सरकार में बिहार को नौ साल में पांच लाख करोड़ रुपये दिए।

अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार यूपीए से डर गए हैं। लालू यादव ने अरबों-खरबों का भ्रष्टाचार किया और नीतीश उनके साथ जाकर बैठे हैं। नीतीश कुमार यूपीए के नाम से साथ नहीं आ सकते। इसलिए आईएनडीआईए के नाम से आ रहे हैं। इस अलायंस के कुछ लोग रामचरितमानस का अपमान कर रहे हैं। जदयू और राजद का मेल तेल और पानी जैसा है। ये कभी एक नहीं हो सकते।

अमित शाह ने कहा कि मधुबनी पेंटिंग का दुनिया में जलवा है। मैं सीता मैया की भूमि पर आया हूं। यहीं से उन्होंने देश-दुनिया को बताया कि पतिव्रता धर्म क्या होता है। यह जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे कई वीरों की भूमि है। इसी धरती ने पेंटिंग से न केवल मिथिलांचल, बल्कि भारत सहित पूरी दुनिया में पहचान दिलाई।

पटना, 16 सितंबर (हि.स.)। श्रीलंका के उच्चायुक्त अशोक मिलिन्डा मोरागोडा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शनिवार को मुलाकात की । मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। श्रीलंका के उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को श्रीलंका आने का निमंत्रण भी दिया।

प्राचीन काल से ही बिहार एवं श्रीलंका का आपस में सौहार्द्रपूर्ण संबंध रहा है। श्रीलंका के कोलंबो हवाईअड्डा से बिहार के गया हवाईअड्डा तक सीधे उड़ान की सुविधा है। महात्मा बुद्ध की ज्ञान स्थली होने के कारण श्रीलंका से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु बिहार आते हैं, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के उच्चायुक्त को मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित बोधि वृक्ष का दर्शन कराया एवं उससे संबंधित विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। बोधि वृक्ष की परिष्करण प्रार्थना परमपावन दलाई लामा जी द्वारा 04 जनवरी 2013 को की गई। इस बोधि वृक्ष को 02 नवम्बर 2011 को रोपा गया था।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि श्रीलंका के उच्चायुक्त को पटना स्थित बुद्ध स्मृति पार्क का भी भ्रमण करायें। मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के उच्चायुक्त मिलिन्डा मोरागोडा को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया ।

अररिया,16 सितंबर(हि.स.)। गृह मंत्री अमित शाह ने जोगबनी के इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट स्थित 27 करोड़ रुपये की लागत से बने बॉर्डर गार्ड फोर्सेज अर्थात आवासीय कॉलोनी का उद्घाटन किया।इसके अलावा गृह मंत्री ने बथनाहा एसएसबी 56 वीं वाहिनी मुख्यालय में 35 करोड़ रुपैये की लागत से बने नवनिर्मित भवन का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया।जिसके भाजपा के जिला के चयनित एक हजार कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया।

अमित शाह के साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, सांसद प्रदीप सिंह, केंद्र सरकार के सीमा प्रबंधन के सचिव अटल टुल्लू,एसएसबी की महानिदेशक रश्मि शुक्ला,भारतीय भूमि पत्तन विमानन प्राधिकरण के अध्यक्ष आदित्य मिश्रा आदि मंचासीन थे।

अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे पहले परमवीर चक्र विजेता श्री तारापुर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा अंडमान निकोबार द्वीप समूह के एक द्वीप का नाम श्री तारापुर आईलैंड किए जाने को एक बड़ी श्रद्धांजलि कर दिया। इसके बाद उन्होंने सीमांचल की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की सीमा क्षेत्र की सारी दिक्कतों से वे परिचित है। चाहे वह घुसपैठ की समस्या हो या अवैध रूप से भूमि कब्जाने का सवाल या फिर अवैध व्यापार का मामला।सबों से वाकिफ होने की बात करते हुए निकट भविष्य में सारी समस्याओं के समाधान की बात कही।

अपने संबोधन में अमित शाह ने 11 लैंड पोर्ट के विकास होने की बात करते हुए कहा कि कई लैंड पोर्ट का विकास का मामला भी पाइपलाइन में है। उन्होंने भारत नेपाल के बीच 19 लैंड कस्टम स्टेशन की पहचान करने की बात करते हुए कहा कि इन 19 लैंड कस्टम स्टेशन में 10 बिहार के सीमा पर हैं और उनके बनने के बाद व्यापार में काफी बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने सीतामढ़ी के बैरगनिया, किशनगंज के गलगलिया,पश्चिम चंपारण के सिकटा,वाल्मीकिनगर, सुपौल के भीमनगर, कुनौली, मधुबनी के जयनगर, लौकहा,पिपरा और सहरसा के सोनबरसा में लैंड कस्टम स्टेशन बनने की बात कही।

भारत-नेपाल के बीच संबंध पर बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भारत नेपाल के साथ को-ऑर्डिनेशन,कॉपरेशन और कोलाब्रेशन तीनों क्षेत्रों मैं वृद्धि हुई है। भारत नेपाल के बीच कुल व्यापार का 14 फ़ीसदी कारोबार जोगबनी से होने की बात करते हुए गृह मंत्री ने प्रतिदिन 7 हजार ट्रक की आवाजाही जोगबनी के रास्ते भारत और नेपाल के बीच होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा क्षेत्र के विकास में लगे हुए हैं और भारत के अंतिम गांव को प्रथम गांव बनाने का काम किया है।जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया गया है। फलस्वरूप सीमाएं क्षेत्र में वर्तमान समय में वैधानिक ट्रेड को बढ़ावा मिला है, जबकि वैधानिक ट्रेड को नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि एसएसबी की प्रतिनियुक्ति नेपाल और भूटान सीमा क्षेत्र में है।जो सुरक्षा के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का काम कर रहे हैं।एसएसबी की ओर से भारत सरकार की योजनाओं के कार्यान्वयन में बढ़ चढ़कर भागीदारी के साथ आपदा के समय मानवता का मिसाल देने की बात उन्होंने कही।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 5-6 साल में लैंड पोर्ट अथॉरिटी पड़ोसी देशों के साथ सांस्कृतिक और वाणिज्यिक दूध का काम करेगी। यही कारण है कि लैंड पोर्ट अथॉरिटी को की सुविधाओं को आधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस किया जा रहा है, जिससे व्यापार सुचारू रूप से चल सके। 7485 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले लैंड पोर्ट अथॉरिटी की ओर से वर्तमान समय में 10 हजार 500 करोड़ रुपैया के व्यापारिक आंकड़ा के भविष्य में बढ़ने की संभावना व्यक्त की।उन्होंने कहा कि आने वाला समय में भारत का पड़ोसी देशों से व्यापार बढ़ेगा।

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह झंझारपुर में सभा को संबोधित करने के बाद सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से जोगबनी पहुंचे।जोगबनी के इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट परिसर में बने हेलीपेड पर डीएम इनायत खान,एसपी अशोक कुमार सिंह सहित एसएसबी के अधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।

गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किया गया।300 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।पूर्णिया प्रमंडल के सभी जिलों से पुलिस के जवान और अधिकारी समेत सुरक्षा में एसएसबी के जवानों को लगाया गया।गृह मंत्री बॉर्डर गार्ड फोर्स के रहने के लिए बनाए घरों का उद्घाटन किया।बनाए गए घरों में कुल 232 लोगों के रहने की व्यवस्था है और इन घरों को दो अलग अलग सेक्टर में बांटा गया है।ऑफिसर्स,महिलाओं और जवानों के लिए अलग अलग भवन बनाए गए हैं।

Chhapra: रोटरी क्लब छपरा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता सप्ताह मनाया जा रहा है जिसके तहत शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब छपरा द्वारा 8 गरीब छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा के लिए गोद लिया गया। रोटरी क्लब छपरा इन छात्राओं के कंप्यूटर शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाएगा।

इस मौके पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमरेश कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया और कहा कि आज के परिवेश में कंप्यूटर शिक्षा सबसे जरूरी है क्योंकि बिना इसके किसी भी क्षेत्र में कामकाज मुश्किल है। रोटरी क्लब छपरा के सचिव अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा लगातार समाज में ऐसे कार्य किया जा रहे जिससे गरीबों को मदद हो और साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम रोटरी क्लब का प्रमुख कार्यक्रम है जिसके तहत इस साल कई जगहों पर शैक्षणिक व्यवस्था सुधार के कार्यक्रम किए गए।

रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष मृदुल शरण ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा आज के समय में बहुत जरूरी है बच्चों में रोजगार के लिए कंप्यूटर शिक्षा अच्छा साधन है इसी क्रम में आठ छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा देने का निर्णय लिया गया जिनको एक निजी  कंप्यूटर संस्थान द्वारा कंप्यूटर की शिक्षा प्रदान की जाएगी।

इस मौके पर कंप्यूटर संस्थान के निदेशक राजा खान और इरशाद आलम ने आगत अतिथियों का स्वागत किया।  वही रोटेरियन हिमांशु किशोर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Chhapra: राजेंद्र कॉलेज के भूगोल विभाग के तत्वावधान में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।

वक्ता डॉ. अनुपम कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष 16 सितंबर को ओजोन परत के संरक्षण के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में यह मनाया जाता है। यह दिन हमारे ग्रह पृथ्वी की सुरक्षा में ओजोन परत द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है।

ओजोन परत, मुख्य रूप से ट्राइऑक्सीजन अणुओं (O3) से बनी है, जो सूर्य से हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) किरणों के खिलाफ एक ढाल के रूप में कार्य करती है। इस वर्ष विश्व ओजोन दिवस का विषय न केवल ओजोन परत की रक्षा करने बल्कि जलवायु परिवर्तन को कम करने में मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देता है।

प्राचार्य ने इस तरह के कार्यक्रमों हेतु अपनी शुभकामना प्रेषित की है।

इस अवसर पर शिक्षक सुनीता कुमारी, नेहा कुमारी, एम रहमान, भावेश कुमार सहित सपना, ऋतिक, नेहाल, काजल, बिट्टू, शिप्रा, निधि, कविता, हर्षित, सुहानी आदि कई छात्र उपस्थित थे।

सारण में 25 और 26 सितम्बर 2023 को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन

Chhapra: जिला पदाधिकारी अमन समीर के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्त्ता सारण, मो० मुमताजआलम के द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया गया कि इस वर्ष 25 एवं 26 सितम्बर 2023 को प्रेक्षा गृह छपरा में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन होगा।

इसके लिए युवा कलाकारों से 18 से 20 सितम्बर 2023 तक पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक युवा महोत्सव में भाग लेंने हेतु आवेदन विहित प्रपत्र में अनुमंडल कार्यालय सदर छपरा में प्राप्त किये जाएगें। आवेदन पत्र के साथ आवेदकों को उम्र प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

बैठक में महोत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए अपर समाहर्त्ता के द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय युवा उत्सव 2023 में राज्य के सहभागिता हेतु विभिन्न विधाओं से संबंधित कलाकारों का जिला स्तर पर इस उत्सव के माध्यम से चयन किया जाएगा। चयनित कलाकार राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लें सकेंगे।

युवा उत्सव में 15-35 वर्ष के युवा कलाकार विभिन्न विधाओं के लिए अपना आवेदन जमा कर सकते है। युवा उत्सव में समूह गायन, समूह लोकनृत्य, लघु नाटक (हिन्दी और अंग्रेजी), शास्त्रीय नृत्य, (कथक, ओडीसी, भारतीय नाट्यम, कुचिपुड़ी, मणिपुरी) शास्त्रीय गायन (एकल) हिन्दुस्तानी एवं कर्नाटकी, चित्रकला, मूर्तिकला, हस्तशिल्प, छायाचित्र, भारतीय वाद्य वादन में सितार, गिटार, बॉसुरी, तबला, वीणा, मृदंग, वायलिन, सारंगी, सरोद, शहनाई पखावज, वक्तृता एवं हारमानियम सुगम कला में परांगत कलाकारों का चयन किया जाएगा।

वायलिन, सारंगी, सरोद, शहनाई एवं पखावज विद्याए राष्ट्रीय युवा उत्सव की प्रतियोगिता श्रेणी में सम्मिलित नहीं है। लोक गाथा एवं एकल लोकगीत राष्ट्रीय युवा उत्सव की प्रतियोगिता श्रेणीके अंतर्गत सम्मिलित नहीं है। चाक्षुष कला राष्ट्रीय युवा उत्सव के अंतर्गत प्रतियोगिता श्रेणी में सम्मिलित नहीं है।

चीनी मील की जमीन को नेताओं ने क़ब्ज़ा कर बेचा: प्रशांत किशोर

Patna: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार में उद्योग व्यवस्था की पोल खोली। कहा कि बिहार में दस साल भाजपा, दस साल नीतीश जी की सरकार रही, लेकिन नए उद्योग शुरू नहीं हुए, बल्कि जो थे वो भी बंद हो गए।

मोतिहारी में बंद पड़ी चीनी मील का उदाहरण देते हुए कहा कि आप नीतीश कुमार और स्थानीय नेताओं की बात कर रहे हैं, जबकि मोतिहारी चीनी मील के बारे में प्रधानमंत्री मोदी जी 2014 में घोषणा की थी कि मोतीहारी चीनी मील की चीनी से बना चाय पिऊंगा तभी बिहार वापस आऊंगा। मोदी जी ने 2014 में यह बात कही, 2014 के बाद बिहार में लोकसभा का एक और विधानसभा के दो चुनाव हुए। जिस चीनी मील की बात उन्होंने कि वह चीनी मील आज भी बंद पड़ा हुआ है। लेकिन लोग फिर भी मोदी जी के नाम पर भाजपा को वोट कर रहे हैं।

चीनी मील की जमीन को नेताओं ने क़ब्ज़ा कर बेचा: प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जब मैं पूर्वी चंपारण में पदयात्रा कर रहा था, तो मुझे मालूम हुआ कि चीनी मील की आधा से ज्यादा जमीन लोगों ने गलत तरीके से कब्जा करके बेच दी है। कब्जा करने वाले लोगों में ज्यादातर भाजपा के स्थानीय नेता हैं। नेताओं की गलती है कि उन्होंने वादा किया और उसे पूरा नहीं किया, लेकिन उससे बड़ी गलती वहां की जनता की है, क्योंकि जिसने आपसे झूठा वादा किया आप उसी को जाकर वोट दे देते हैं।

मशरक के बड़वाघाट श्रीराम जानकी मंदिर में चोरी, पुलिस जांच पड़ताल किया शुरू

मशरक : मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़वाघाट श्रीराम जानकी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरो द्वारा चोरी किये जाने का समाचार है। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मंदिर के पुजेरी ने बताया कि शुक्रवार को आरती के बाद रात में मै घर चला गया। सुबह आया तो देखा कि मंदिर के मुख्य गेट का ताला टुटा है। पुजेरी ने कहा कि चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला रात में चोर ने काट कर मंदिर के अंदर रखे लाउडस्पीकर का माइक, मंदिर का घंटा, तथा मंदिर के अंदर रखे दान पेटी को तोर उसमें दान में सभी रूपये चोर चोरी कर ले गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में भी एक बार इस मंदिर में चोरी हुआ था। उस समय मंदिर से भगवान की मूर्ति चोरी हुआ था। थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल रही है।

अनुकंपा के आधार पर 14 आश्रितों को मिला जन वितरण प्रणाली का लाइसेंस

Chhapra: जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में शनिवार को अयोजित जिला आपूर्ति शाखा से संबंधित मृत जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नई अनुज्ञप्ति प्रदान करने हेतु जिलास्तरीय अनुकम्पा समिति की बैठक कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में कुल 41 प्रस्तावित मामलों पर विचार किया गया। इनमें सदर अनुमंडल के कुल 07, मढ़ौरा अनुमंडल के कुल 04 तथा सोनपुर अनुमंडल के कुल 03 अर्थात पूरे जिले में कुल 14 आश्रितों को नई अनुज्ञप्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया। शेष मामलों में वांछित प्रतिवेदन प्राप्त कर अगली बैठक में उपस्थापित करने का निदेेश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। ताकि अंतिम रूप से निर्णय लेकर संबंधितों को भी नई अनुज्ञप्ति प्रदान करने की कारवाई की जा सके।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सारण, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सोनपुर एवं मढ़ौरा के साथ प्रभारी स्थापना उपसमाहर्ता उपस्थित थे।