Chhapra: सदर अस्पताल के आसपास तथा सदर अस्पताल का जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में सदर अस्पताल छपरा के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास अवैध रूप से खड़े 12 एंबुलेंस को पकड़ कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 3,36,000 रुपए की राशि जुर्माना के रूप में अधिरोपित की गई तथा उक्त एंबुलेंस के चालकों को भी गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सदर अस्पताल के परिसर में आवासित मातृ शिशु अस्पताल के औचक निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि रोस्टर के अनुसार डॉक्टर शिवचंद्रा तथा डॉ सीमा कुमारी को उक्त अस्पताल में अपने कर्तव्य पर उपस्थित होने के स्थान पर डॉक्टर निशा कुमारी उपस्थित पाई गई। अस्पताल के बोर्ड पर चिपकाए गए रोस्टर दिनांक 22.02.25 से लगा हुआ पाया गया जिससे स्पष्ट है कि विगत लगभग 1 वर्ष में से युक्त रोस्टर के अनुसार ही चिकित्सकों द्वारा मनमाने ढंग से अपने कार्यों का संपादन किया जा रहा है। उक्त दोनों चिकित्सकों से स्पष्टीकरण पूछा गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी डॉक्टर रोस्टर के अनुसार ही अपने कर्तव्य स्थान पर उपस्थित रहकर अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वहन करें। साथ ही यह निर्देश दिया गया की मातृ शिशु अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास आवासित कमरे में सीसीटीवी कैमरा का नियंत्रण कक्ष स्थापित करना तथा सदर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के बगल में अवस्थित भवन में पुलिस चेक पोस्ट प्रारंभ करने हेतु अविलंब सभी आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
साथ ही पूरे अस्पताल परिसर में PA सिस्टम स्थापित करना सुनिश्चित करें ताकि इसके माध्यम से किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति के उत्पन्न होने पर उत्पन्न समस्या को नियंत्रित किया जा सके।








