New Delhi: नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के साथ सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री संजय झा की बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जलशक्ति मंत्रालय की सचिव अर्चना वर्मा, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह तथा केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष अनुपम प्रसाद उपस्थित रहे।
बैठक में सारण में बाढ़ के कारणों, भविष्य में बाढ़ के प्रभाव को कम करने तथा दीर्घकालिक बाढ़ नियंत्रण प्रबंधन की व्यवस्था पर चर्चा एवं विमर्श हुआ। इस दौरान सांसद रूडी ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से आग्रह किया कि ईस्टर्न एवं वेस्टर्न गंडक नहर परियोजनाओं और संबंधित सिंचाई परियोजनाओं को पुनः शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही पर्यावरण संबंधी बाधाओं का समाधान करने पर भी जोर दिया।
सांसद रूडी ने कहा कि बिहार सरकार और भारत सरकार के संयुक्त प्रयास एवं प्रभावी समन्वय से इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को कार्यान्वित किया जाना चाहिए। इससे बिहार में बाढ़ के प्रभाव को कम करने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्था के विकास और आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा के व्यापक हित में इन आवश्यक परियोजनाओं को तेजी से पूरा करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित बाधाओं का समाधान करना और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।


















