Chhapra: रविवार की देर रात डोरीगंज चौक के समीप एनएच-19 पर अचानक हुए सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर देखते हुए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव निवासी मुसाफिर राय के 35 वर्षीय पुत्र सुशील राय के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान कांग्रेसी राय के 30 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों आपस में चाचा-भतीजे थे और रविवार की रात छपरा से बाइक से अपने घर सिंगही लौट रहे थे। इसी दौरान डोरीगंज चौक के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी
हादसे में सुशील राय की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार दीपक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
इधर, सुशील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पीछे दो बेटियां और एक छोटा पुत्र है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सुशील के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और घटना की जांच में जुटी है।


















