रूस पर लगाए जाएंगे कई प्रतिबंध, पश्चिमी देशों से मिल रही वित्तीय सहायता भी रुकेगी : बाइडन

रूस पर लगाए जाएंगे कई प्रतिबंध, पश्चिमी देशों से मिल रही वित्तीय सहायता भी रुकेगी : बाइडन

वाशिंगटन (Agency): रूस और यूक्रेन के मध्य चल रहे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को रूस के खिलाफ पहले चरण के प्रतिबंधों की घोषणा की है। व्हाइट हाउस में अपने संबोधन में अमेरिका ने रूस के दो बड़े बैंकों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान करते हुए कहा कि यूक्रेन पर अगर रूस ने अपनी आक्रामकता जारी रखी तो आगे कठोर दंड का सामना करना पड़ेगा। रूस को दी जा रही मदद के साथ पश्चिमी देशों से मिल रही मदद को भी रोका जाएगा। व्हाइट हाउस ने यूक्रेन में रूस द्वारा लिए गए फैसले को आक्रमण करार दिया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका व्यापक वित्तीय प्रतिबंध लगाने का इरादा रखता है। बाइडन ने कहा कि अमेरिका के सबसे कठोर प्रतिबंध का पैकेज यूरोपीय देशों के सहयोग से तैयार कर लिया गया है, जो रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन और रूस के अंतराष्ट्रीय व्यापार को प्रभावित करने के लिए पर्याप्त होगा। इससे रूस में मंदी आने की संभावना बनेगी। अमेरिका ने अब तक यह खुलासा नहीं किया है कि वह संभावित कठोरतम पाबंदियों में किस विकल्प का उपयोग करेगा। बाइडेन ने कहा है कि हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं। स्थिति का आकलन करते हुए हम कदम उठाने जा रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा सबसे महत्वपूर्ण है। हम युद्ध को टालने के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।

इससे स्पष्ट हो गया है कि व्हाइट हाउस रूस पर कड़ी पाबंदियां लगाने के मूड में है। कई पश्चिमी देशों के नेताओं ने मंगलवार को कहा कि पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों के नियंत्रण वाले इलाकों की स्वतंत्रता को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा मान्यता दिए जाने के बाद रूसी सैनिक इन इलाकों में प्रवेश कर गए हैं, लेकिन कुछ नेताओं ने संकेत दिया कि यह यूक्रेन पर पूर्ण आक्रमण के समान नहीं है। इससे पहले यूक्रेन-रूस संकट के बीच नाटो ने तय किया है कि वह मंगलवार को यूक्रेन के दूत के साथ तत्काल बैठक करेगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने रूस की पांच बैंकों पर प्रतिबंध का ऐलान किया था। इनमें रोसिया बैंक, आईएस बैंक, जनरल बैंक, प्रोमस्याज बैंक और द ब्लैक सी बैंक शामिल हैं। इसके अलावा तीन नागरिकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा जर्मनी के चांसलर ओलाफ शुल्ज ने रूस के साथ नॉर्ड स्ट्रीम 2 परियोजना को निलंबित कर दिया है। नॉर्ड स्ट्रीम-2 बाल्टिक सागर से होते हुए पश्चिमी रूस से उत्तरपूर्वी जर्मनी तक जाने वाली दूसरी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन है।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें