Chhapra: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। मतदान समाप्त होने के बाद पांच जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों से मतदान दलों ने मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छपरा शहर स्थित गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में बनाए गए ब्रजगृह में जमा कराया।
मतपेटियों को जमा कराने के लिए गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में कुल नौ काउंटर बनाए गए थे। निर्धारित व्यवस्था के तहत मतदान दलों के पीठासीन पदाधिकारी कतारबद्ध होकर अपने-अपने निर्धारित काउंटर पर पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मतपेटियां जमा कराईं।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मतपेटियों की सुरक्षा को लेकर ब्रजगृह परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतदान सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से जमा कराया जा रहा है। मतदान दलों के वापस लौटने और मतपेटियां जमा कराने के दौरान प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
समाचार लिखे जाने तक विभिन्न मतदान केंद्रों से लौटे कुछ मतदान दल अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। निर्धारित काउंटरों पर क्रमवार तरीके से मतपेटियां जमा कराने की प्रक्रिया जारी थी।


















