मेरा निर्वाचन सबूत है, इस देश में गरीब का सपना भी पूरा हो सकता है: नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
New Delhi: नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ ले ली है. उन्हें प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई. इस दौरान उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल हुए.मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बनी हैं.
बता दें कि मुर्मू ने विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास रच दिया है. वह आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति हैं. वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं.

 
									 
									 
									 
									 
									

 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
									
																																 
                         
                         
                         
                        

 
                         
                         
                        

 
                         
                         
                        




 
                         
                         
                        