Breaking News

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल, कामकाज रहेगा ठप

2 Min Read

Chhapra: बैंक कर्मचारियों के प्रमुख संगठनों ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन (AIBEA), बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) एवं ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) के संयुक्त आह्वान पर 12 फरवरी को सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा और लेन-देन सहित अन्य सेवाएं ठप रहने की संभावना है।

संयुक्त बयान में बताया गया कि यह हड़ताल राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में भी आयोजित की जा रही है। आम हड़ताल देश के 10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड) में बताई जा रही गंभीर विसंगतियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सरकार से इन प्रावधानों में संशोधन की मांग करना है।

बैंक संगठनों का कहना है कि श्रम कानूनों में प्रस्तावित बदलाव कर्मचारियों के अधिकारों और सेवा शर्तों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने आम हड़ताल को नैतिक समर्थन देने का निर्णय लिया है।

हड़ताल को लेकर जिला सचिव, बिहार प्रोविंशियल बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन मनोज कुमार सिंह, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव एस.एन. पाठक, बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के मनोज कुमार ठाकुर तथा बिहार स्टेट सेंट्रल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के सहायक महासचिव जयशंकर प्रसाद ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।

संगठनों ने आमजन से अपील की है कि वे 12 फरवरी को बैंकिंग कार्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article