एसआईटी की कार्रवाई में पिस्टल, देशी कट्टा, कारतूस और चार मोबाइल बरामद, तकनीकी जांच व मानवीय सूचना से मिली सफलता
Chhapra: सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में जून माह में हुए गोलीकांड एवं हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए मुख्य शूटर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि 29 जून 2026 को मुफ्फसिल थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया था कि 28 जून की रात शादी समारोह से लौटते समय ग्राम मेथवलिया के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने पंकज राय एवं मनीष राय पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की थी। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 464/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य शूटर नंदन उर्फ करीमन, पिता अजीत राय, निवासी चंचौरा, थाना मुफ्फसिल शामिल है। इसके अलावा रेकी करने के आरोप में निखिल कुमार एवं अंकित कुमार, जबकि घटना के दौरान वाहन चालक की भूमिका निभाने वाले कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















