Chhapra: सारण जिले के प्रभारी मंत्री सह बिहार के उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्तर पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में लोगों की स्थिति, उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों की जानकारी ली।
इस दौरान जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री को जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति तथा प्रभावित लोगों के लिए जिला प्रशासन की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्रय स्थलों, सामुदायिक रसोई, मेडिकल टीमों, पशु शिविरों, नावों तथा अन्य राहत सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक सेवाएं लगातार पहुंचाई जा रही हैं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा एवं मरम्मती कार्य भी लगातार जारी हैं। जहां-जहां तटबंध अथवा बांध क्षतिग्रस्त हुए हैं या टूटे हैं, वहां संबंधित विभागों की ओर से युद्धस्तर पर मरम्मती और सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रही हैं और स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा राहत से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय रखी जाएं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों को सतर्कता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन ने आमलोगों से अपील की है कि वे बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सजग एवं सतर्क रहें और अनावश्यक आवागमन से बचें। लोगों से अपने परिवार एवं परिजनों के साथ सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन द्वारा बनाए गए आश्रय स्थलों में जाने की अपील की गई है।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि बाढ़ की स्थिति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जिला एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है।



















