नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को हॉकी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों के गौरव को पुनः हासिल करते हुए इसे शीर्ष पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य सरकारों और कॉरपोरेट संस्थाओं से इस दिशा में आवश्यक प्रोत्साहन के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।

उप-राष्ट्रपति निवास में आज सामाजिक कार्यकर्ता और राष्ट्रवादी चमन लाल की स्मृति में डाक टिकट जारी करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के हालिया प्रदर्शन ने खेलों में रुचि को फिर से जगाया है और अब हॉकी और कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना का समय आ गया है। उन्होंने कृत्रिम टर्फ सहित बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षकों की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। नायडू ने भारतीय खेलों के प्रति केन्द्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सक्रिय प्रोत्साहन की भी सराहना की।

दूसरों की आंख मूंदकर नकल करने की औपनिवेशिक मानसिकता को त्यागने का आह्वान करते हुए,उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमें अपनी महान परंपरा और संस्कृति पर गर्व महसूस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय हर क्षेत्र में प्रतिभा से संपन्न है और इस प्रतिभा के लिए बस सही प्रोत्साहन और समर्थन की आवश्यकता है।

उपराष्ट्रपति ने चमन लाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन निःस्वार्थ भाव से देश और लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया। चमन लाल को एक महान राष्ट्रवादी और दूरदर्शी विचारक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन का दर्शन सेवा, मूल्यों और रचनात्मकता की विशेषता है।

अपने व्यक्तिगत अधिकारों और सामाजिक कर्तव्यों के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए नायडू ने कहा कि किसी के सामाजिक दायित्वों की परवाह किए बिना केवल अधिकारों पर अत्यधिक बल देने से समाज में असंतुलन पैदा हो सकता है।

आपातकाल की अवधि के दौरान चमन लाल द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने जेल में बंद व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों की अत्यंत जोखिम होने के बावजूद भी बहुत परिश्रम से मदद की। चमन लाल के साथ अपनी व्यक्तिगत भेंटवार्ता का स्मरण करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि अपनी वयोवृद्ध आयु के बावजूद, वे नवीन विचारों से परिपूर्ण थे और सदैव नई जिम्मेदारियां लेने के लिए तैयार रहते थे।

इस अवसर पर केंद्रीय रेल, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना-प्रौदयोगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर, संसद सदस्य डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी, डॉ. विनय सहस्रबुद्धे और सचिव (डाक) विनीत पांडे भी शामिल हुए।

0Shares

नई दिल्ली: देश में सिंगल डोज वैक्सीन जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन को आपात इस्तेमाल की मंजूरी दे दी गई है। शनिवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट करके जानकारी दी कि देश में मौजूदा वैक्सीन के साथ अब जॉनसन एंड जॉनसन के वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। अब देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में और तेजी आएगी।

गत शुक्रवार को अमेरिकी फार्मा कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने भारत में कोरोना के खिलाफ सिंगल डोज वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी मांगी थी। केन्द्र सरकार ने इस पर विचार करते हुए मंजूरी दे दी है जिससे भारत में महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ने में तेजी आएगी। उल्लेखनीय है कि भारत में फिलहाल कोवैक्सिन, कोविशील्ड और रूसी वैक्सीन स्पूतनिक-वी का आपात इस्तेमाल किया जा रहा है। मॉर्डना को भी आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली है लेकिन वैक्सीन के साथ क्षतिपूर्ति की शर्त पर मामला अभी अटका हुआ है।

0Shares

मुंबई: मुंबई में 4 जगह बम रखे जाने की झूठी खबर देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने ठाणे जिले के कल्याण इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को मुंबई लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुलिस की सतर्कता परखने के लिए झूठा फोन किया था।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की देर रात मुंबई पुलिस को मुंबई सीएसएमटी, भायखला, दादर और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले पर बम रखे जाने की सूचना अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर दी थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सीएसएमटी स्टेशन पर बम निरोधक टीम, स्वान टीम के साथ कोने-कोने की तलाशी ली। साथ ही अन्य स्थानों पर भी पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान पुलिस ने जिस फोन से बम रखे जाने संबंधित फोन आया था, उस पर काल किया। पुलिस का फोन आते ही उधर से अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि उसे परेशान न करें, उसके पास जो जानकारी थी, दे दिया। इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर दिया।

मुंबई पुलिस ने इसके बाद फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति का फोन ट्रेस किया और दोनों को कल्याण से गिरफ्तार किया। इन दोनों की पहचान राजू अंगारे और रमेश शिरसाट के रूप में हुई है। दोनों ने शराब पीते समय मुंबई पुलिस को बम रखे जाने की झूठी खबर दी थी। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

0Shares

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारत को इस शानदार टीम पर गर्व है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, “हम टोक्यो 2020 में अपनी महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। टीम के प्रत्येक सदस्य को उल्लेखनीय साहस, कौशल और जज्बे का आशीर्वाद प्राप्त है। भारत को इस शानदार टीम पर गर्व है।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “हम महिला हॉकी में एक पदक से चूक गए लेकिन यह टीम न्यू इंडिया की भावना को दर्शाती है- जहां हम अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं और नए मोर्चे बनाते हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में उनकी सफलता भारत की युवा बेटियों को हॉकी को अपनाने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। इस टीम पर गर्व है।”

उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक के एक रोमांचक मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ग्रेट ब्रिटेन से 4-3 से हार गई। इसके साथ ही भारतीय टीम का ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने का सपने भले ही टूट गया लेकिन टीम के प्रदर्शन ने सभी भारतीयों का दिल जीत लिया। यह पहला मौका था जब भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी।

0Shares

New Delhi: खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया गया है.

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर इसकी घोषणा की है.

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है।

0Shares

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के दो सदस्यों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये नकद और खेल विभाग में सीनियर कोच की नौकरी देने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया। बैठक में टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को मिले कांस्य पदक का जश्न मनाया गया। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सीएम सहित सभी मंत्रियों और अधिकारियों को मिठाई खिलाकर इस खुशी को साझा किया।

कांस्य पदक हासिल करने वाली हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी हैं। सीएम ने इन दोनों खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया करते हुए सुरेंद्र कुमार और सुमित को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी भी दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि ओलंपिक खेलों में पदक हासिल करने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया जाएगा।

0Shares

नई दिल्ली: देश से चुराई गई 75 फीसदी ऐतिहासिक धरोहर अब स्वदेश लाई जा चुकी हैं। पिछले सात सालों में विदेशी धरती पर चोरी से भेजी गई सभी ऐतिहासिक धरोहरों में से 75 फीसदी वापस लाई जा चुकी हैं।

संस्कृति व पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने राज्य सभा में पूछे गए लिखित सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। जी किशन रेड्डी के मुताबिक देश में अबतक कुल 54 पुरातात्विक महत्व की धरोहरें वापस लाई गई हैं, इसमें चोल साम्राज्य की नटराज की मूर्ति, महात्मा बुद्ध की मूर्ति शामिल हैं।

0Shares

तोक्यो में जारी ओलिंपिक 2020 खेलों में वीरवार को भारत ने ओलिंपिक में 41 साल का सूखा खत्म करते हुए जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया है. एक समय भारतीय टीम मुकाबले में 1-3 से पिछड़ रही थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारत ने मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला दिया. और तीसरे क्वार्टर में भारत ने इस बढ़त को 5-3 करके बहुत हद तक कांस्य सुनिश्चित कर दिया. यहां से जर्मनी ने एक गोल के अंतर को कम जरूर किया, लेकिन वह 5-4 की बढ़त से आगे नहीं जा सकी. जर्मनी को मैच के आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इसे गोलची श्रीजैश ने निस्तेज कर दिया और इसी के साथ पूरा भारत झूम उठा. कांस्य पक्का हो गया.

भारत ने आखिरी बार 1980 में मॉस्को ओलिंपिक में पदक जीता था, जो स्वर्ण के रूप में आया था. चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही जर्मनी ने पेनल्टी कॉर्नर को भुनाते हुए गोल दागकर भारत की बढ़त का अंतर कम करते हुए 5-4 कर दिया था. इससे पहले भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में दो गोल दागकर खुद को 5-3 से आगे कर लिया था और यह बढ़त क्वार्टर के खत्म होने तक बरकरार रही. एक समय भारत 3-2 से पिछड़ रहा था, लेकिन भारत ने जबर्दस्त वापसी करते हुए खुद को आगे कर कर लिया. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर जबर्दस्त वापसी करते हुए भारत ने 4-3 से बढ़त बनाई, तो थोड़ी ही देर बाद सिमरनजीत ने मैदानी गोल दागकर स्कोर को 5-3 कर दिया. इससे पहले भारत ने दूसरे क्वार्टर की समाप्ति पर मुकाबले को 3-3 से बराबरी पर ला दिया था.

 

0Shares

भारत की महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने इतिहास रच दिया है. लवलीना ने टोक्यो ओलंपिक में भारत को तीसरा पदक दिलाया है. महिलाओं की 69 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में लवलीना को तुर्की की बुसेनाज सुरमेनेली से हार का सामना करना पड़ा. सेमीफाइनल में हार के साथ ही भारतीय मुक्केबाज को कांस्य पकद से संतोष करना पड़ा. बता दें कि विजेंदर सिंह (2008) और एम सी मैरीकॉम (2012) के बाद लवलीना ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारत की तीसरी मुक्केबाज बन गयी हैं.

बता दें कि लवलीना बोरगोहेन ने पिछले 9 वर्षों में भारत का मुक्केबाजी में पहला पदक दिलाया है. लवलीना के लिए कमाल की बात ये रही कि उन्होंने अपना पहला ओलिंपिक खेलते हुए ही मेडल पर पंच जड़ दिया. इससे पहले एम सी मैरीकॉम (2012) लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया था. वहीं भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया था.

0Shares

अगरतला: त्रिपुरा में उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के दो जवान शहीद हो गए हैं। आज सुबह धलाई जिले के छामनु थाना अंतर्गत बीएसएफ के 64 नम्बर बटालियन के आरसी नाथ बीओपी के जवानों पर सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान उग्रवादियों ने हमला कर दिया। तभी बीएसएफ जवानों ने जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में बीएसएफ के दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने ट्विट करके इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा की है।

बीएसएफ त्रिपुरा फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार धलाई जिले के छामनु थाना अंतर्गत बीएसएफ 64 नम्बर बटालियन के आरसी नाथ बीओपी के जवान आज सुबह करीब 6.30 बजे भारत-बांग्लादेश सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी सशस्त्र उग्रवादियों ने बीएसएफ जवानों पर हमला कर दिया। बीएसएफ जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें बीएसएफ के दो जवान एसआई भूरू सिंह और कांस्टेबल राज कुमार गोली लगने से मौके पर ही शहीद हो गए। उन्होंने दावा किया कि मौके पर खून के धब्बे देखने से यह पता चलता है कि उग्रवादी भी घायल हुए हैं लेकिन वे भाग निकले। उग्रवादियों को खोजने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

इस घटना की निंदा करते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार ने ट्विट किया और कहा, मैं धलाई जिले में हमारे बीएसएफ जवानों के खिलाफ कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। भारत हमारे वीर शहीदों के परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

बीएसएफ ने त्रिपुरा की सीमा से सटे इलाकों में पहले से ही कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। हालांकि इस घटना से राज्य में खलबली मच गई है। बहुत साल पहले त्रिपुरा ने उग्रवाद का एक काला अध्याय देखा है। एनएलएफटी और एटीटीएफ के उग्रवादियों ने कई निर्दोष लोगों को निशाना बनाया था। त्रिपुरा के गांव और पहाड़ियां खून से लथपथ होते थे। आज के उग्रवादी हमले ने पुराने दिनों की याद ताजा कर दिया है।

0Shares

New Delhi: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा मंगलवार को घोषित 10वीं कक्षा के नतीजे अबतक के सर्वश्रेष्ठ परिणामों में से हैं। यह संभवत: पहला मौका है जब लगभग सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा पास कर ली है। बोर्ड परीक्षा में 99.04 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। यह पिछले साल की तुलना में 8 प्रतिशत से अधिक की छलांग है। गत वर्ष 91.46 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

सीबीएसई की आधिकारिक बेवसाइट पर घोषित परिणाम के अनुसार, कक्षा 10 की परीक्षा के लिए कुल 21,13,767 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 20,97,128 छात्रों के परिणाम जारी किए गए हैं। कुल 16,639 छात्रों का परिणाम अभी तैयार नहीं हुआ है और उसे बाद में घोषित किया जाएगा। 57,824 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक स्कोर किया है जबकि दो लाख से अधिक ने 90 से 95 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त किए हैं। इस साल कोई मेरिट लिस्ट घोषित नहीं होगी।

जोन के क्षेत्रवार लिहाज से सीबीएसई के दसवीं के नतीजों में सबसे ऊपर त्रिवेंद्रम रहा। त्रिवेंद्रम में 99.99 प्रतिशत परिणाम रहा है। दूसरे स्थान पर 99.96 प्रतिशत के साथ बेंगलुरु है। इसके बाद चेन्नई – 99.94 प्रतिशत, पुणे – 99.92 प्रतिशत, अजमेर – 99.88 प्रतिशत, पंचकुला – 99.77 प्रतिशत, पटना – 99.66 प्रतिशत, भुवनेश्वर – 99.62 प्रतिशत, भोपाल – 99.47 प्रतिशत, चंडीगढ़ – 99.46 प्रतिशत, देहरादून – 99.23 प्रतिशत, प्रयाग – 99.19 प्रतिशत, नोएडा – 98.78 प्रतिशत, दिल्ली पश्चिम – 98.74 प्रतिशत, दिल्ली पूर्व – 97.80 प्रतिशत और गुवाहाटी – 90.54 प्रतिशत का स्थान है।

10वीं में दिल्ली क्षेत्र के 98.19 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। विदेशी छात्रों में 99.92 प्रतिशत परिणाम रहा है। केंद्रीय विद्यालयों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा।

सीबीएसई कक्षा 10 के परिणाम में लड़कियों ने 0.35 प्रतिशत लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। परीक्षा के लिए पंजीकरण कराने वाली 99.24 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 98.89 प्रतिशत है। परीक्षा के लिए पंजीकृत सभी ट्रांसजेंडर छात्रों ने इसे पास कर लिया है।

सिक्योरिटी के लिहाज से इस बार सीबीएसई रजिस्ट्रेशन में मोबाइल नंबर और ओटीपी रखा गया है। डिजिटल लॉकर में मार्कशीट को सेव किया जा सकता है। ईमेल के जरिये छात्रों तक मार्कशीट पहुंचेगी।

सीबीएसई ने 21.5 लाख से अधिक छात्रों के लिए एक संयुक्त मार्कशीट सह प्रमाणपत्र जारी करने का निर्णय लिया है। आमतौर पर, मार्कशीट और सर्टिफिकेट दो अलग-अलग दस्तावेज होते हैं। इस साल मेरिट लिस्ट या 0.1 प्रतिशत मेरिट लिस्ट भी जारी नहीं की जाएगी।

सीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षा 2021 के लिए देशभर के लगभग 21.5 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। कोरोना के कारण यह दूसरा मौका है जब बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। ऐसे में आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर परिणाम तैयार किया गया है। बोर्ड ने 30 जुलाई को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया था।

0Shares

नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बेल्जियम के हाथों 5-2 से हार का सामना करना पड़ा।

हार के बाद पूरा पूरा देश टीम के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर टीम का हौसला बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “हार-जीत तो जीवन का हिस्सा है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में हमारी पुरुष हॉकी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और यही मायने रखता है। टीम को अगले मैच और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।भारत को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।”

वहीं,खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “बॉयज, आपने अच्छा खेला। आपने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। हम आपके साथ हैं।आपके पास अभी भी एक मैच है। हम हैं टीम इंडिया! और हम कभी हार नहीं मानते!”

बता दें कि एलेक्सजेंडर हेंड्रिक्स के हैट्रिक की बदौलत बेल्जियम ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 5-2 से हराकर टोक्यो ओलंपिक के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम एक समय 2-1 से आगे चल रही थी,लेकिन इसके बाद हेंड्रिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक गोल कर बेल्जियम को फाइनल में पहुंचा दिया। भारतीय टीम अब कांस्य पदक के लिए खेलेगी।

0Shares