नई दिल्ली: राज्यसभा से निलंबित 12 सदस्यों की वापसी की मांग को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने गुरुवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया।

दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे निलंबित सांसदों के समर्थन में विरोध जताया।

सदन के अंदर और बाहर कांग्रेस सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर राज्यसभा में सदन के उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि गांधी जी की प्रतिमा के नीचे अगर वे धरना दे रहे हैं तो कुछ सद्बुद्धि आ सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों को संसद में प्रदर्शन की बजाय सदन में चर्चा, बहस और फैसलों में भागीदारी निभानी चाहिए।

0Shares

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने लोकसभा में गुरुवार को कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सर्वाधिक हज यात्री भारत से जाते हैं।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्य वाही के दौरान पूछे गए एक पूरक सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में सर्वाधिक हज यात्रियों का कोटा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया के बाद सबसे ज्यादा हज यात्री भारत के हैं। उन्होंने आगे कहा कि हज यात्रा पर सऊदी अरब जाने वाले लोगों को वहां के जो भी नियम-कायदे हैं उसका पालन करना पड़ेगा। कोरोना महामारी के कारण इम्बॉर्केशन प्वाइंटस को 21 से घटाकर 10 कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि हज-2022 के लिए अब यात्री 10 शहरों से रवाना हो सकेंगे। इसमें दिल्ली,, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलूरु, कोच्चि, हैदराबाद, श्रीनगर और गुवाहाटी शामिल है।

0Shares

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के शुरू होने से पहले गुरुवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बैठक की।

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की यह बैठक संसद सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर हुई है। शीतकालीन सत्र में कांग्रेस महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, खाद्य तेलों के बढ़े दाम, बेरोजगारी, किसान आंदोलन, एमएसपी सहित कोरोना संक्रमण के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर कही है।

इस बात का संकेत खुद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज मीडिया से बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संसद में 15-16 मुद्दों को उठाने वाली है। इसकी सूची तैयार कर ली गई है और विपक्षी दलों से भी इस पर चर्चा किया जा रहा है।

वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को ‘कोविड न्याय अभियान’ की शुरुआत की है। राहुल ने साफ कहा है कि कोरोना संक्रमण से मारे गये लोगों को केन्द्र सरकार चार लाख रुपये का मुआवजा दे और कोरोना संक्रमण से मारे गये लोगों का सही आंकड़ा केन्द्र सरकार पेश करे।

उल्लेखनीय है कि आज इस बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, एके एंटनी, मानिक टैगोर, रवनीत सिंह बिट्टू, के सुरेश, आनंद शर्मा उपस्थित रहे। जबकि मनीष तिवारी अपने क्षेत्र से वीडियो कॉल के जरिए जुड़े थे।

0Shares

New Delhi: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की अवधि को चार महीने और बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।

मार्च 2022 तक बढ़ाई अवधि
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुये कहा कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) को दिसंबर 2021 से मार्च 2022 तक चार महीने का विस्तार देने का फैसला किया है। इससे 80 करोड़ लोगों को अगले साल 31 मार्च तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा। विस्तारित पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, खाद्य सुरक्षा योजना और अंत्योदय योजना से अलग होगी।

कुल 2.6 लाख करोड़ रुपये योजना पर हुए खर्च
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरण के लिए 600 लाख मीट्रिक टन अनाज स्वीकृत किया गया है। अब तक कुल 2.6 लाख करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं।

दुनिया भर में इस योजना की हुई प्रशंसा
कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार ने गरीब परिवारों को बड़ी राहत दी थी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश की 80 करोड़ आबादी को फ्री राशन नवंबर 2021 तक मिलने का ते हुआ था। इस पर पीएम मोदी ने कहा था कि भारत ने महामारी की आहट के पहले दिन से ही इस संकट को पहचाना और इसपर काम किया। इसलिए आज दुनिया भर में इस योजना की प्रशंसा हो रही है और बड़े बड़े एक्सपर्ट कह रहे हैं कि भारत अपने 80 करोड़ से अधिक लोगों को इस महामारी के दौरान मुफ्त अनाज उपलब्ध करवा रहा है। यह काबिले तारीफ है। योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को ‘राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम’ (National Food Security Act- NFSA) के तहत प्रदान किये 5 किलो अनुदानित अनाज (गेहूं या चावल) के अलावा 5 किलोग्राम मुक्त खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा। क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के अनुसार, लाभार्थियों को मुफ्त में 1 किलो दाल भी प्रदान की गई है।

0Shares

जनमत शोध संस्थान की ओर से वर्ष 2021 का सोशल लीडरशिप अवार्ड बीइंग वूमेन दिल्ली की अध्यक्ष रंजीत सिंह को प्रदान किया गया। दुमका जिले के जामा प्रखंड अंतर्गत नाचनगढ़िया पंचायत के विजयबांध गांव में जनमत शोध संस्थान की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें आदिवासी महिलाओं के हाथों प्रदान किया गया।


जनमत महिला सभा की ग्रामीण महिलाओं की ओर से आयोजित उक्त कार्यक्रम में सर्वप्रथम उनका पारंपरिक रुप से लोटा पानी और आदिवासी पारंपरिक पोशाक पहनाकर उनका स्वागत किया गया। तत्पश्चात जनमत की प्रोग्राम कार्डिनेटर प्रभा सोरेन ने अपने कार्यक्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। इसी कड़ी में जनमत के सचिव अशोक सिंह ने रंजीता का परिचय कराया और महिलाओं के हक अधिकारों को लेकर किये गये कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर रंजीता सिंह ने कहा कि झारखंड की आदिवासी महिलाओं का संघर्ष और साहस उन्हें हमेशा से प्रभावित करता रहा है और हमने अपने संस्थान के माध्यम से लगातार महिलाओं के लिए काम किया है और आजीवन उनके हक अधिकारों के लिए लड़ती रहूंगी। जनमत का आभार उनकी टीम ने मुझे इस सम्मान के लायक समझा। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं यहां आकर अच्छा लगा। हमारी संस्था झारखंड की संस्थाओं के साथ मिलकर काम करेगी। कार्यक्रम में प्रयास फाउंडेशन के सचिव मधुर सिंह जनमत की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रभा सोरेन एवं दिलीप कुमार मांझी ने भी फिल्ड वर्क से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं और किशोरी बालिकाएं उपस्थित थी।

0Shares

नई दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर के ‘शहीदी दिवस’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति कोविन्द ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, “अन्याय के विरुद्ध संघर्ष व बलिदान के प्रतीक श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने मानवता की रक्षा के लिए अपने जीवन की आहुति दी थी। आइए, हम उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए मानवता के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लें।”

मुगल बादशाह औरंगजेब द्वारा पांच दिनों तक शारीरिक यातनाएं देने के बावजूद गुरु तेग बहादुर ने इस्लाम धर्म को नहीं अपनाया था। गुरु तेग बहादुर के धैर्य और संयम से आग बबूला होकर औरंगजेब ने चांदनी चौक पर उनका शीश काटने का आदेश दे दिया। जिसके बाद 24 नवम्बर 1675 को गुरु तेग बहादुर ने अपनी धर्म की रक्षा में अपना बलिदान दे दिया था। चांदनी चौक में स्थित गुरुद्वारा शीश गंज साहिब और नई दिल्ली में गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब उनके निष्पादन और दाह संस्कार के स्थल हैं।

0Shares

– सूबेदार संजीव कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र

नई दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने लद्दाख की गलवान घाटी में ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’ के दौरान चीनी सैनिकों के साथ लोहा लेते हुए शहीद बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन के कर्नल संतोष बाबू को मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया। समारोह में कर्नल संतोष बाबू की मां और पत्नी ने राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त किया।

राष्ट्रपति कोविन्द ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण -I में वर्ष 2021 के लिए एक महावीर चक्र, एक कीर्ति चक्र, पांच वीर चक्र, सात शौर्य चक्र, 16 परम विशिष्ट सेवा मेडल, दो उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 25 अति विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किये। जवानों को वीरता पुरस्कार और विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान करने का दूसरा सत्र आज शाम को आयोजित होगा। इससे पहले सोमवार को दो सत्रों में रक्षा अलंकरण समारोह आयोजित कर वर्ष 2020 के लिए 111 जवानों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया था।

राष्ट्रपति ने आज समारोह में जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में एक आतंकवादी को मारने और दो अन्य को घायल करने के लिए चार पैरा स्पेशल फोर्स के सूबेदार संजीव कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने उनकी पत्नी को यह पुरस्कार सौंपा।

राष्ट्रपति ने कर्नल संतोष बाबू के साथ ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’ का हिस्सा रहे नायब सूबेदार नूदुराम सोरेन, हवलदार के पिलानी, नायक दीपक सिंह और सिपाही गुरतेज सिंह को वीर चक्र से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने 3 मीडियम रेजिमेंट के हवलदार तेजिंदर सिंह को भी वीर चक्र प्रदान किया।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में अपने जीवन का बलिदान करने वाले 21 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर अनुज सूद और राइफलमैन शिव कुमार को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट कर्नल कृष्ण सिंह रावत, मेजर अनिल उर्स, राइफलमैन प्रणब ज्योति दास, पैराट्रूपर सोनम शेरिंग तमांग और विंग कमांडर विशाख नायर को शौर्य चक्र प्रदान किया।

लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला और एयर मार्शल नवकरणजीत सिंह ढिल्लों को परम विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान गया। भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी, नौसेना प्रमुख के वाइस एडमिरल आर हरि कुमार को परम विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किया। राष्ट्रपति ने सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल राजीव सिरोही को उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया।

0Shares

– मेजर विभूति और सूबेदार सोमबीर को शौर्य चक्र

नई दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन वर्धमान को वीर चक्र से सम्मानित किया। 27 फरवरी, 2019 को हवाई युद्ध के दौरान पाकिस्तान के एफ -16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-1 में देश की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले जवानों को शौर्य पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने दो कीर्ति चक्र, एक वीर चक्र, 10 शौर्य चक्र, 14 परम विशिष्ट सेवा पदक, दो उत्तम युद्ध सेवा पदक और 26 अति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किये।

राष्ट्रपति ने कोर ऑफ इंजीनियर्स के सैपर प्रकाश जाधव को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। उनकी पत्नी और मां ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया।

बहादुर सैनिक मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को उनके असाधारण साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और सर्वोच्च बलिदान के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) दिया गया। जम्मू-कश्मीर में हुए इस ऑपरेशन में पांच आतंकवादी मारे गए और 200 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया था। मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और मां सरोज ढौंडियाल ने उनका पुरस्कार ग्रहण किया।

जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान ए श्रेणी के आतंकवादी को मारने के लिए नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया। जाट रेजिमेंट के नायब सूबेदार सोमबीर को राष्ट्रीय राइफल्स की एक हमला टीम का हिस्सा थे, जिसने एक ऑपरेशन की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया जिसमें जम्मू-कश्मीर में 3 कट्टर आतंकवादियों का सफाया किया। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से उनकी पत्नी और मां ने पुरस्कार ग्रहण किया।

राष्ट्रपति ने रक्षा अलंकरण समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह को असाधारण क्रम की विशिष्ट सेवा के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

0Shares

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों को सिख समुदाय के प्रथम गुरु नानक देव की जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि न्यायपूर्ण, दयालु और समावेशी समाज की उनकी दृष्टि हमें प्रेरित करती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के विशेष अवसर पर, मैं उनके पवित्र विचारों और महान आदर्शों को याद करता हूं। न्यायपूर्ण, दयालु और समावेशी समाज की उनकी दृष्टि हमें प्रेरित करती है। दूसरों की सेवा करने पर श्री गुरु नानक देव जी का जोर भी बहुत प्रेरक है।”

mo

0Shares

नई दिल्ली: मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज पर अपने कार्यों के लिए जाने जाने वाले प्रसिद्ध इतिहासकार और लेखक बलवंत मोरेश्वर उर्फ बाबासाहेब पुरंदरे का सोमवार को पुणे में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने शोक व्यक्त किया है। वह पद्मविभूषण से सम्मानित थे और हाल ही में उन्होंने अपने जीवन के 100 वर्ष पूरे किए थे।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे का निधन इतिहास और संस्कृति की दुनिया में एक बड़ा खालीपन पैदा होगा। उन्हीं की बदौलत आने वाली पीढ़ियां छत्रपति शिवाजी महाराज से और जुड़ेंगी। उनके अन्य कार्यों को भी याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “शिवशहर बाबासाहेब पुरंदरे तर्कबुद्धि, बुद्धिमान और भारतीय इतिहास का समृद्ध ज्ञान रखते थे। वर्षों के कालखंड में मुझे उनके साथ बहुत निकटता से बातचीत का अवसर मिला। कुछ महीने पहले उनके शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम को संबोधित किया था।” इसके साथ प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम का यूट्यूब लिंक भी साझा किया है और कहा कि शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे अपने व्यापक कार्यों के कारण सदैव हमारे बीच रहेंगे।

वहीं, केन्द्रीय गृह मंत्री ने उन्हें याद करते हुए कहा, “बाबासाहेब पुरंदरे जी के स्वर्गवास की सूचना से अत्यंत व्यथित हूँ। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज जी के गौरवशाली जीवन को जन-जन तक पहुँचाने का भागीरथ कार्य किया। जाणता राजा नाटक के माध्यम से उन्होंने धर्म रक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज की शौर्य गाथाओं को युवा पीढ़ी के हृदय में बसाया।” उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व बाबासाहेब पुरंदरे जी से भेंट कर एक लंबी चर्चा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उनकी ऊर्जा और विचार सचमुच प्रेरणीय थे। उनका निधन एक युग का अंत है।

शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे का आज पुणे में निधन हो गया। बाबासाहेब पुरंदरे का पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले घर में बाबासाहेब पुरंदरे का पैर फिसल जाने से वे घायल हो गए थे। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाबासाहेब पुरंदरे ने मुख्यतः ऐतिहासिक विषयों पर लिखा। इसके अलावा, उन्होंने बेहतरीन उपन्यास और नाटक भी लिखे। ऐतिहासिक रूप से प्रशंसित नाटक ‘जनता राजा’ का निर्देशन किया। ‘सावित्री’, ‘जलत्या थिंग्या’, ‘मुजर्याचे मनकारी’, ‘राजा शिवछत्रपति’, ‘महाराज’, ‘शेलारखिंद’, ‘पुरंदर्यंच सरकारवाड़ा’, ‘शंवरवादयतिला शामदान’, ‘शिलंगनाचा सोनम’, ‘पुरंदर की बुरुजवंतिनिचा’, ‘कलांगनाचा’ ‘महाराजची राजचिंहे’, ‘पुरंदरयांची नौबत’ आदि साहित्य प्रकाशित हो चुके हैं। राजा शिवछत्रपति के 16 संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं और 5 लाख से अधिक प्रतियां प्रकाशित हो चुकी हैं।

0Shares

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 नवंबर को उत्तर प्रदेश की यात्रा पर जायेंगे और दोपहर करीब 1:30 बजे सुलतानपुर जिले के करवल खीरी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मोदी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के बाद सुलतानपुर जिले में एक्सप्रेस-वे पर निर्मित 3.2 किमी लंबी हवाई पट्टी पर भारतीय वायु सेना के एयरशो को भी देखेंगे। यह हवाई पट्टी आपात स्थिति में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों को उतारने और उड़ान भरने के लिए निर्मित की गयी है।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लम्बाई 341 किलोमीटर है। यह लखनऊ-सुलतानपुर रोड (एनएच-731) पर स्थित गांव चौदसराय, जिला लखनऊ से शुरू होता है और यूपी-बिहार सीमा से 18 किमी पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर स्थित गांव हैदरिया में समाप्त होता है। एक्सप्रेस-वे 6 लेन चौड़ा है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है। लगभग 22,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, विशेष रूप से लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जिलों के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

0Shares

रायगढ़: मणिपुर के उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स की 46वीं बटालियन के कमांडिंग आफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और पुत्र सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार छत्तीसगढ़ के राजगढ़ में किया गया। शहीद त्रिपाठी के छोटे भाई अनय त्रिपाठी ने चिता को मुखाग्नि दी।

रायगढ़ के रामलीला मैदान से शहीद की अंतिम यात्रा सर्किट हाउस स्थित मुक्तिधाम की ओर रवाना हुई। इसके साथ ही विप्लव त्रिपाठी अमर रहे के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। हिंदू परम्परा के अनुसार महिलाएं अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट नहीं जाती हैं, लेकिन आज इस परंपरा को तोड़ते हुए हजारों महिलाएं मुक्तिधाम पहुंचीं और शहीद विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी एवं पुत्र के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं।

शहीद त्रिपाठी के छोटे भाई अनय त्रिपाठी भी सेना में कार्यरत हैं। देशप्रेम का जज़्बा त्रिपाठी परिवार में आजादी के पूर्व से ही रहा है। शहीद विप्लव त्रिपाठी के दादा सांसद थे और संविधान सभा के सदस्य थे। शहीद त्रिपाठी के पिता सुभाष त्रिपाठी रायगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार हैं।

अंतिम संस्कार के समय छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री, रायगढ़ जिले के सभी विधायक, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भारत माता की जय के नारों के साथ जनता का हुजूम अपने शहर के बेटे को श्रद्धांजलि दे रहा था।

सेना के विशेष विमान से शहीद विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और बेटे का पार्थिव शरीर रायपुर से रायगढ़ लाया गया। इस दौरान जिंदल एयरपोर्ट से शहीद त्रिपाठी के घर तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके बाद अंतिम दर्शन के लिए शहीद त्रिपाठी का पार्थिव शरीर रामलीला मैदान में कुछ समय तक रखा गया, जहां से मुक्तिधाम ले जाया गया।

0Shares