मुंबई, 17 फरवरी (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ”दंगल” में बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सुहानी भटनागर का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली। सुहानी महज 19 साल की थीं।

सुहानी का कुछ दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। इस वजह से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्हें दी जाने वाली दवाओं का उनके शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। इस रिएक्शन के कारण सुहानी के शरीर में पानी जमा होने लगा था। सुहानी के निधन पर मनोरंजन जगत भी दुख व्यक्त कर रहा है। सुहानी की मौत से उनके परिवार को गहरा सदमा लगा है। एक्ट्रेस के माता-पिता की हालत भी काफी खराब हो गई है। सुहानी अपने परिवार के साथ फरीदाबाद में रह रही थीं।

अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट ने सुहानी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, दंगल फ़िल्म में मेरे बचपन का रोल निभाने वाली सुहानी भटनागर का इतनी कम उम्र में संसार से चला जाना अत्यंत दुःखद है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है, इस खबर से स्तब्ध हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।

एक बाल कलाकार के रूप में सुहानी ने मनोरंजन जगत में तूफान ला दिया था। फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सुहानी को गाने और डांस करने का बहुत शौक था। बॉलीवुड डेब्यू से पहले उन्होंने कई विज्ञापनों में भी काम किया। फिल्म ”दंगल” में उनका छोटा सा रोल और उनका काम भी दर्शकों को खूब पसंद आया। फिल्म ”दंगल” में उनके डायलॉग्स ने दर्शकों को खूब हंसाया। हालांकि, इतनी कम उम्र में उनके दुनिया छोड़ जाने से मनोरंजन जगत में अब शोक का माहौल है।

नितेश तिवारी की फिल्म ”दंगल” 2016 में रिलीज हुई थी। फिल्म में आमिर खान ने पहलवान महावीर सिंह फोगट की भूमिका निभाई थी। एक्ट्रेस साक्षी तंवर ने उनकी पत्नी का किरदार निभाया था। उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

0Shares

विपुल अमृतलाल शाह, सुदीप्तो सेन और अदा शर्मा जल्द ही एक और साहसी फिल्म में फिर से एक साथ आ रहे हैं। ‘द केरल स्टोरी’ के बाद सुदीप्तो सेन ने अपनी आने वाली फिल्म ‘बस्तर: द नक्सल स्टोरी’ की घोषणा की थी। कुछ दिनों पहले इस फिल्म के पोस्टर अदा शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए थे। इसके बाद अदा ने इसका पहला टीजर भी शेयर किया।

अब इसी फिल्म का दूसरा टीजर भी सामने आ गया है। इस फिल्म में अदा शर्मा आईपीएस अधिकारी नीरजा माधवन की भूमिका निभाएंगी। पहले टीज़र में हमने अदा शर्मा को कई चीजों पर टिप्पणी करते हुए देखा, जैसे पाकिस्तान के साथ युद्ध में शहीद हुए हमारे सैनिक और हमारे ही देश में नक्सलियों द्वारा हमारे सैनिकों की हत्या और उस कृत्य का जश्न जेएनयू जैसे विश्वविद्यालयों में मनाया जाना।

अब, दूसरे टीज़र में एक पीड़ित महिला अपना दुख व्यक्त करती हुई दिखाई देती है। रत्ना कश्यप नक्सलियों के अन्याय के बारे में बताती नजर आ रही हैं। इतना ही नहीं, महिला ने कहा कि बस्तर में तिरंगा फहराना अपराध है और ऐसा करने की सजा मौत है। इस टीजर में यह भी साफ है कि ‘बस्तर’ की कई महिलाओं ने इस संकट का सामना किया है।

इस टीजर में एक मां की दिल दहला देने वाली कहानी हमारे सामने आती है। ‘द केरला स्टोरी’ की तरह इस फिल्म में भी मेकर्स और डायरेक्टर कई दावे करते नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं ने टीजर से यह भी दावा किया है कि यह फिल्म वामपंथी लोगों और उनके छिपे एजेंडे को बेनकाब करेगी। ‘बस्तर: द नक्सल स्टोरी’ को सुदीप्तो सेन ने निर्देशित और विपुल शाह ने निर्मित किया है।

0Shares

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए इस वक्त कास्टिंग जोर-शोर से चल रही है। फिल्म में विभिन्न भूमिकाओं के लिए लोकप्रिय अभिनेताओं को लिया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अभिनेत्री साई पल्लवी सीता की भूमिका निभाएंगी। अब फिल्म ‘रामायण’ में महानायक अमिताभ बच्चन की भी एंट्री हो गई है और वह दशरथ का किरदार निभाएंगे।

इससे पहले भी अमिताभ को फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ रामा’ के लिए दशरथ का रोल ऑफर किया गया था। फिल्म ‘रामायण’ की कास्टिंग की बात करें तो फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान के रोल में नजर आने वाले हैं। केजीएफ स्टार यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। कुंभकर्ण का किरदार बॉबी देओल निभाएंगे। लारा दत्ता कैकेयी और विजय सेतुपति विभीषण की भूमिका निभाएंगे। फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी करेंगे और यह फिल्म 2025 में रिलीज होने की संभावना है।

0Shares

कोलकाता, 12 फरवरी (हि.स.)। भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सोमवार दोपहर कोलकाता के अपोलो अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। डॉक्टरों ने उन्हें नियमित दवाई लेने और कम से कम 15 दिनों तक लम्बे आराम करने की सलाह दी है।

अस्पताल से बाहर निकलकर मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि वह बिल्कुल ठीक हैं और जल्द ही फिल्मों की शूटिंग शुरू करेंगे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे राजनीतिक सवाल भी पूछे। लोकसभा चुनाव लड़ने के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अब मैं इलेक्शन नहीं लडूंगा, मगर भाजपा के लिए चुनाव प्रचार जरूर करुंगा। उन्होंने कहा कि अगली एक तारीख से ही मैं चुनाव प्रचार शुरू करूंगा। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के अलावा अगर मुझे किसी दूसरे राज्य में जाना होगा, तो मैं वहां भी जाऊंगा।

संदेशखाली में भाजपा विधायकों को रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी बहुत शक्तिशाली नेता हैं। उन्हें रोककर कोई फायदा नहीं है।

73 वर्षीय अभिनेता को शनिवार को एक बांग्ला फिल्म की शूटिंग के दौरान ब्रेन स्ट्रोक आने की वजह से अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी रविवार को उनसे फोन पर बात की थी।

0Shares

कुछ महीने पहले अभिनेता सतीश कौशिक का निधन हो गया। इस बीच फिल्म ‘कागज 2’ सतीश कौशिक की आखिरी फिल्म बन गई है। फिल्म के ट्रेलर में लड़की की दिल दहला देने वाली मौत का कारण दिखाया गया है। एक्टर अनुपम खेर ने इस फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है। अनुपम खेर ने फिल्म का ट्रेलर शेयर कर कौशिक को श्रद्धांजलि दी है।

ट्रेलर देखने के बाद समझ आता है कि राजनीतिक विवाद में अगर किसी की मौत भी हो जाए तो इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता। निजी रैलियों और चुनाव प्रचार में हर किसी की दिलचस्पी होती है। कैसे एक पिता अपनी बेटी के लिए लड़ता है। इसमें दिखाया गया है कि वह कोर्ट में जाकर लड़की के लिए गुहार लगाता है। ये फिल्म बेहद गंभीर मुद्दे पर बनी है। फिल्म में अनुपम खेर सतीश कौशल के वकील बने हैं। उन्हीं की वजह से फिल्म में क्लाइमेक्स क्रिएट होता है। दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि अनुपम खेर जज के सामने बहस करके अपने मुवक्किल को कैसे न्याय दिलाते हैं। इस फिल्म में दर्शन कुमार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

यह सतीश कौशल की आखिरी फिल्म होगी। कौशिक का 09 मार्च, 2023 को निधन हो गया था। उस वक्त उनकी उम्र 67 साल थी। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन की खबर दी थी। सतीश कौशिक का जन्म 1956 में हरियाणा में हुआ था। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में सतीश कौशिक और अनुपम खेर का इंटरव्यू हुआ। सतीश ने अपने करियर की शुरुआत 1982 में फिल्म मासूम से की थी। सतीश कौशिक ने मिस्टर इंडिया, दीवाना मस्ताना, साजन चले ससुराल जैसी कई फिल्मों में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा उन्होंने रूप की रानी चोरों का राजा, प्रेम, हम आपके दिल में रहते हैं और तेरे नाम जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

0Shares

कोलकाता, 10 फरवरी (हि.स.)। शूटिंग के दौरान शनिवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता व भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत थी। सूत्रों के मुताबिक अस्पताल में सबसे पहले उनकी एमआरआई की गई।

अभिनेता सोहम चक्रवर्ती द्वारा निर्मित फिल्म ‘शास्त्री’ की शूटिंग के दौरान मिथुन चक्रवर्ती को सीने में दर्द महसूस हुआ। तृणमूल विधायक सह अभिनेता सोहम बिना देर किए उन्हें अस्पताल ले गए।

पिछले साल रिलीज हुई मिथुन की फिल्म ‘काबुलीवाला’ को दर्शकों ने खूब सराहा था। उन्होंने हाल ही में एक नई फिल्म पर काम शुरू किया है।

0Shares

ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की एरियल एक्शन फिल्म ‘फाइटर’ ने 25 जनवरी को रिलीज होने के बाद पहले हफ्ते में ही 100 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली, लेकिन दूसरे शनिवार को फिर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की।

सिद्धार्थ आनंद निर्देशित फिल्म ‘फाइटर’ ने पहले शनिवार के मुकाबले दूसरे शनिवार को जबरदस्त कमाई की। दूसरे शनिवार को 10.5 करोड़ का कलेक्शन किया। शुक्रवार को फिल्म ने 5.75 करोड़ की कमाई की। ‘फाइटर’ ने अब तक भारत में कुल 162.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। वैश्विक स्तर की बात करें तो ‘फाइटर’ जल्द ही 300 करोड़ का आंकड़ा छूने के लिए तैयार है। ऋतिक, दीपिका की इस फिल्म ने पूरी दुनिया में धूम मचा दी है। यह फिल्म ऋतिक रोशन के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन गई है।

फिल्म ‘फाइटर’ की कहानी भारतीय वायुसेना के वीर जवानों की जिंदगी पर आधारित है। यह फिल्म पुलवामा हमले और बालाकोट हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस फिल्म में ऋतिक स्क्वाड्रन लीडर शमशेर पठानिया और दीपिका मीनल राठौड़ की भूमिका में नजर आएंगी। साथ ही अनिल कपूर कैप्टन राकेश जयसिंह की भूमिका में नजर आए हैं।

0Shares

बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल पूनम पांडे का सर्वाइकल कैंसर के कारण निधन की जानकारी उनकी 2 फरवरी को उनकी टीम ने जानकारी दी। उनके प्रबंधक ने इस संबंध में एक विस्तृत इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया। उसके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। तो कुल मिलाकर पूनम की मौत का रहस्य बढ़ता जा रहा था। 24 घंटे की नाटकीय परिस्थिति में यह बात सामने आई है कि पूनम पांडे जीवित हैं।

इस बात की जानकारी खुद पूनम पांडे ने इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर करके दी है। उन्होंने वीडियो के जरिए बताया, ‘मैं जिंदा हूं, मेरी मौत कैंसर से नहीं हुई है।’ उन्होंने सभी से माफी भी मांगी है।

‘मैं जीवित हूं…सौभाग्य से मैं सर्वाइकल कैंसर से नहीं मरी। लेकिन, आज देश में हजारों महिलाएं इस समस्या से जूझ रही हैं। इस बीमारी के कारण कई महिलाएं अपनी जान गंवा चुकी हैं। इस गंभीर बीमारी से कैसे निपटा जाए, इसे लेकर महिलाओं में पर्याप्त जागरूकता नहीं है। लेकिन आपको पता है? सर्वाइकल कैंसर पूरी तरह से इलाज योग्य है। इसके लिए आपको समय पर स्वास्थ्य जांच और एचपीवी टीकाकरण पूरा करना होगा। आइए हम सब मिलकर इस बीमारी के बारे में जागरूकता पैदा करें। आपको मेरी वेबसाइट पर अवश्य जाना चाहिए। पूनम पांडे ने अपने वीडियो में कहा है कि ये खबर पैसों के लिए नहीं बल्कि जन जागरूकता के लिए फैलाई गई है।

इस बीच अपनी मौत की झूठी जानकारी शेयर करने को लेकर सोशल मीडिया पर पूनम पांडे के खिलाफ काफी नाराजगी है। नेटिजन्स उनके पोस्ट पर कमेंट कर ट्रोल कर रहे हैं। मनोरंजन जगत के कई कलाकारों ने भी पूनम की पोस्ट पर कमेंट कर घटना को लेकर नाराजगी जताई है।

0Shares

अयोध्या में रामलला के मंदिर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। इससे पहले भाजपा सांसद और सिंगर-एक्टर मनोज तिवारी का बुधवार को भगवान राम को समर्पित एक गाना ”राम के थे राम के हैं राम के रहेंगे…” रिलीज हो गया है। यह गाना भगवान राम के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है और वे इस गाने के लिए अपने को गौरवान्वित महसूस भी करते हैं। इस गाने को मनोज तिवारी ने शीतल पांडे और अमित ढुल के साथ मिलकर गाया है। इस गाने के म्यूजिक वीडियो में भी तीनों दिख रहे हैं। इस गाने के बैक ग्राउंड में भगवान राम की छवि इनके भक्तिमय बना रहा है।

मनोज तिवारी, शीतल पांडे और अमित ढुल का यह राम भजन ”राम के थे राम के हैं राम के रहेंगे…” ढुल एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति है, जो ढुल एंटरटेनमेंट के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल से रिलीज हुआ है। इस गाने को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि यह सच है कि हम सभी राम के थे, राम के हैं और राम के रहेंगे। हमें इस पर गर्व है। हम इस बात से भी गौरवान्वित हैं कि सनातन धर्म और रामचरितमानस की परम्परा से आते हैं। यह हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक समृद्ध विरासत है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवाकर इस विरासत को बढ़ाने का काम देश के सबसे प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने किया है। भगवान राम की महिमा अलौकिक है और उनके आगमन से पूरा देश हर्षित है। ऐसे में हमारा यह गाना सभी राम भक्तों के लिए है। उम्मीद है सभी को यह गाना पसंद आएगा।

उल्लेखनीय है कि लंबे समय के बाद मनोज तिवारी कोई गाना लेकर आ रहे हैं, जिसका उनके फैंस को भी बेसब्री से इंतजार था। वहीं, भगवान श्री राम को लेकर बनने वाला यह अबतक का सबसे अनोखा गाना है, जो तेजी से लोगों के बीच में वायरल हो रहा है।

0Shares

जादूगर हेमराज के मायाजाल को देख चकित हुए लोग, विधायक ने किया शो का उद्घाटन

Chhapra: शहर के एकता भवन में डिमांड स्टार जादूगर हेमराज के शो का विधायक डॉ सीएन गुप्ता ने उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बहुत समय बाद जादू देखने को मिला। जादूगर हेमराज के जादू ने चकित किया। उनका शो अपने आप में बहुत ही उत्कृष्ट है, सभी को इसे देखना चाहिए।

जादूगर हेमराज का शो रोजाना 1 बजे, 3:30 और 6 बजे से चलेगा।

0Shares

काफी समय से चर्चा में चल रही साउथ की फिल्म ‘सालार’ दर्शकों के सामने आ चुकी है। फिल्म में सुपरस्टार प्रभास अहम भूमिका निभा रहे हैं। रिलीज के बाद से ही चर्चा में बनी हुई यह फिल्म पहले दिन कितनी कमाई करती है, ये सवाल सबके मन में था। अब यह बात सामने आई है कि इस फिल्म ने ‘जवान’, ‘पठान’ को भी पीछे छोड़ धमाल मचा दिया है।

प्रभास ने फिल्म ‘सालार’ से दमदार वापसी की है। फिल्म के जरिए फैंस के बीच प्रभास का अलग क्रेज देखने को मिल रहा है। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में प्रभास ने अपने किरदार से दर्शकों का दिल जीत लिया है। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित इस फिल्म का एक अलग ही क्रेज इस समय हर जगह देखने को मिल रहा है।

प्रभास की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘सालार’ ने अपने ओपनिंग डे पर 95 करोड़ की कमाई की है। ओपनिंग डे पर ही इस फिल्म ने ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रभास की फिल्म ‘सालार’ साल की बड़ी ओपनर बन गई है। फिल्म ने पहले दिन दुनिया भर में 175 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस फिल्म के आगे ‘डंकी’ फीकी साबित हुई है।

केजीएफ और केजीएफ 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने के बाद निर्देशक प्रशांत नील की ‘सालार: पार्ट 1 सीजफायर’ दर्शकों के सामने आ गई है। फिल्म में प्रभास, पृथ्वीराज सुकुमारन, श्रुति हासन, जगपति बाबू, बॉबी सिम्हा, टीनू आनंद और रामचंद्र राजू महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

0Shares

Review by : Abhinandan Dwivedi (Former RJ)

One Word Review : Incredible

“बुरा जो वेखन मैं गया बुरा ना मिल्या कोए, जे मैं अपना वेख्या मुझसे बुरा ना कोए…”, “ज्योति, क्रिमिनल पैदा किया हमनें…”, “पापा ये तो शुरुआत है, बहुत काम बाकी है पापा, उसको मिलना है, मारना है, आप निराश मत होना पापा…” ऐसे ही कुछ आक्रोशित और पिता के प्यार को किसी मर्ज पर तोलता, एक बेटे की जुबान से निकलते Dialogue दर्शक की अंतरात्मा पर चोट करते हैं।

फिल्मी भाषा में बात करें तो कहानी, पटकथा और संवाद, तीनों की विधा में फ़िल्म ख़तरनाक साबित हुई है। कहानी में एक के बाद एक ट्विस्ट दर्शक को फ़िल्म से बांधे रखती है, तो वहीं फ़िल्म की पटकथा (Screenplay) बहुत ही शानदार लिखी गयी है। हर फ्रेम अपने आप में भव्य दिखाई पड़ता है। ये कहना गलत नहीं होगा की फ़िल्म का असली हीरो, फ़िल्म की पटकथा है। फ़िल्म का संवाद (Dialogue) हर वर्ग के दर्शक को सोचने पर मजबूर करता है। ख़ास कर बाप – बेटे पर फिल्माया गया हर एक फ्रेम दर्द, एहसास, जिम्मेदारी को बखूबी दर्शाता है। ख़तरनाक एक्शन, बवाल Background Score, रमणीक Music, धूम – धड़ाम के साथ गोलियों की आवाज़, रणबीर कपूर, राष्मीका मंदाना और बॉबी देओल की शानदार एक्टिंग और Harshvardhan Rameshwar के रोंगटे खड़े कर देने वाले BGM से सजी है फ़िल्म Animal.

Special Mention :

फ़िल्म इतिहास गढ़ने के लिए बनी है। दशकों में ऐसी फिल्में एक बार ही बनती है। फ़िल्म आपको पागल कर देगी, फ़िल्म आपको आक्रोशित करेगी, फ़िल्म आपको भावविभोर भी करेगी। इन सब का श्रेय जाता है फ़िल्म के Writer – Editor – Director ‘Sandeep Reddy Vanga’ को, जिन्होंने इससे पहले Arjun Reddy और Kabir Singh जैसी Blockbuster फ़िल्म Industry को दी है। फ़िल्म का BGM सुन आप पागल हो जाएंगे, आपके रोंगटे खड़े होंगे, ख़ास कर Action Scene में BGM के साथ गोलियों की आवाज़ आपको मदहोश कर देगी। Harshvardhan Rameshwar को इसके लिए 10 में 10 अंक देना कहीं से गलत नहीं होगा।

फ़िल्म में गोलियों की आवाज़ के साथ इस कदर का Experiment पहली बार आप सुन पाएंगे। जोरदार एक्शन और बवाल BGM आपको सिनेमा हॉल की कुर्सियों से उछलने पर मजबूर करता है। Cinematography का प्रभाव इस फ़िल्म पर काफी ज्यादा दिखता है। तेज – तर्रार एक्शन को फ़िल्माने में Cinematographer ‘Amit Roy’ ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसके लिए Amit Roy के काम को सलाम बनता है।

Story :

फिल्म की कहानी शुरू होती है रणबीर के बचपन से, जहां उसे पापा (अनिल कपूर) का प्यार मिल नहीं पाता और ये इक्षा उसकी महज एक सपना बन कर रह जाती है। इन सब के बावजूद वो अपने ‘पापा के लिए प्यार’ को एक ऐसे ऊँचाई पर ले जाने की सोचता है, जो किसी ने सोचा नहीं होगा। कहानी आगे बढ़ती है, स्कूल में पढ़ाई करने के दौरान, अपनी बहन को कॉलेज के लड़कों से बचाने के लिए लड़का ऐसा कुछ करता है, जिसके बाद पिता (अनिल कपूर) “ज्योति, क्रिमिनल पैदा किया हमनें…” कहने लगते हैं। दूसरी तरफ फ़िल्म में प्यार का चैप्टर खुलता है। अपने घर में क्रिमिनल हरकत से पहचाने जाने वाला लड़का प्यार में भी अनोखा करने निकल पड़ता है और एक लड़की, जिसकी सगाई हो चुकी रहती है, उससे शादी की बात कर डलाता है।

थोड़े देर के लिए अगर आप सोचे कि इस लड़के का नाम Review लिखते हुए हमने क्यों नहीं लिया ? इस सवाल का जवाब बड़े ही रोचक तरीके से फ़िल्म में इंटरवल के बाद निर्देशक संदीप रेड्डी ने फिल्माया है।

पिता के नफ़रत की छाव में पला – बढ़ा लड़का अचानक अमेरिका क्यों जाता है ? ये आपको फ़िल्म देखने पर पता चलेगा। साल बीतता हैं और ‘स्वास्तिक स्टील’ के कर्ताधर्ता, पिता बलबीर सिंह पर हमले की ख़बर सुन वो बौखला जाता है। जिसके बाद वो संकल्प लेता है कि जिसने भी पिता जी पर हमला किया है उसका ‘गला अपने हाथ से काटेगा’। कुल मिला कर ये कहानी का मुख्य प्लॉट है। जिसके आस – पास पूरी फिल्म घूमती है। क्रिमिनल, प्यार, शादी, सेक्स, गोलियों की बरसात, गाड़ियों की धूम जैसे कई सीने मज़ेदार लगते हैं। आप कहानी के साथ कई मोड़ पर हँसेंगे, और ज़ोरदार एक्शन पर सिट्टी और ताली बजाने पर आपका अंतर्मन मजबूर भी होगा।

फ़िल्म 3 घण्टे 21 मिनट लम्बी है। अबरार के किरदार में बॉबी देओल की एंट्री इंटरवल के बाद होती है। पारिवारिक मतभेद इस कदर हावी है कि अबरार (बॉबी देओल) बलबीर सिंह (अनिल कपूर) को खत्म कर देना चाहता है।हीरो (Ranbir Kapoor) के किरदार को कहानी के अनुरूप जितना ख़तरनाक लिखा गया है, उतनी ही भव्यता विलेन (बॉबी देओल) के किरदार से झलकती है। हालांकि पूरी फिल्म में बॉबी देओल दो बार ही दिखते हैं। पहली जब तीसरी शादी करते है और दूसरी फ़िल्म के क्लीमक्स सीन में रणबीर कपूर के साथ फाइनल फाइट के समय। क्या रिश्ता है रणबीर कपूर और अबरार (बॉबी देओल) के बीच में ? आखिर क्यों अबरार (बॉबी देओल) बलबीर सिंह को मारना चाहता है ? एक पिता (बलबीर सिंह) जो अपने बेटा से हमेशा नफ़रत ही करते रहें, क्या कभी बेटे को प्यार दे पाते हैं ? ऐसे कई सवालों के जवाब आपको सिनेमा हॉल की चौखट पर जाने से मिलता है।

Actors Performance :

कलाकारों की लिस्ट काफी लंबी है लेकिन Camera पर जब प्रभाव की बात होगी तो इस फ़िल्म के साथ बॉबी देओल के नाम की चर्चा हमेशा तेज़ होगी। अबरार के किरदार में बॉबी देओल की एक्टिंग ने सबका ध्यान अपने तरफ आकर्षित किया है। Bobby Deol का Body Language दर्शकों के बीच खलबली पैदा करता है। विजय सिंह बलबीर के किरदार में Ranbir Kapoor का Look और भयानक एक्शन अवतार देख दर्शक मदहोश हो उठते हैं। एक्शन अवतार में रणबीर कपूर का अब तक बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। बलबीर सिंह के किरदार में अनिल कपूर ने अपनी एक्टिंग से सबको चौकाया है। एक पिता के किरदार में बखूबी ढलते नज़र आते हैं। Rashmika Mandanna रमणीक दिखती हैं, साथ ही Interval के बाद उनका किरदार देख आप भाउक हो पड़ेंगे। दूसरे हाफ में ज़ोया के किरदार में तृप्ति डिमरी ने अपनी ज़बरदस्त एक्टिंग से दर्शकों को भौचक्का करती हैं। Shakti Kapoor, Prem Chopra साथ ही Suresh Oberoi जैसे कई और बड़े कलाकार हैं जिन्होंने अपना काम बेहतरीन किया है।

Direction & Technical Aspects :

फ़िल्म की तीन सबसे मजबूत विधा Writing Editing & Direction का जिम्मा संदीप रेड्डी ने ख़ुद सम्भाल है और ये कहना होगा कि ऐसा निर्देशन बिरले ही कभी किसी फिल्म में देखने को मिलता है। फ़िल्म का Screenplay लिखने का ज़िम्मा भी खुद Sandeep Reddy ने अपने सर लिया साथ ही उनके साथ Pramay Reddy Ganga और Suresh Banbaru भी Screenplay Team का हिस्सा रहें। Screenplay देख ऐसा लगता है कि फ़िल्म के हर एक फ्रेम को बहुत ही बारीकी से डिज़ाइन किया गया है।

फ़िल्म का एक और मजबूत हिस्सा उसका BGM है, जिसका सारा श्रेय Harshvardhan Rameshwar को जाता है, जिन्होंने इससे पहले Arjun Reddy में भी BGM दिया था। फ़िल्म का BGM दर्शकों को चौकाता है, पागल बनाता है, खलबली पैदा करता है, कुर्सियों से उछलने को बेचैन करता है। BGM के साथ फ़िल्म में Sound Design का हिस्सा Sync Cinema ने संभाला है। Raja Krishnan MR ने फ़िल्म में Sound Mixing में अपना कमाल दिखाया है।

फ़िल्म का एक और मजबूत पक्ष उसका Visual Effects है। Do it Creative, Ny VFXwaala, Visual Birds Studio, Famous Studios, Red Chillies VFX ने फ़िल्म के VFX पर काम किया है। VFX में कमी निकालना कहीं से भी सही नहीं होगा, कारण है फ़िल्म का Mood और Texture जो आपको शुरू से बांधे रखता है।

फ़िल्म में Music एक नहीं कुल 8 लोगों ने दिया है। Pritam, Vishal Mishra, Manan Bhardwaj, Shreya Puranik, Jaani, Ashim Kemsan, Harshvardhan Rameshwar और Gurinder Seagal. फ़िल्म का हर एक गाना आपके दिल तक पहुँचता है। ख़ास कर Arijit Singh की आवाज़ में Satranga Song आपको मोहब्बत की दरिया में डुबोने का काम करता है। B Praak की आवाज़ में Sari Duniya Jala Denge गाना फ़िल्म के अंदर की मर्म को परिभाषित करता है।

क्यों देखें ये फ़िल्म ?

Action फ़िल्म देखने के लिए बेचैन है, Bobby Deol का पागलपन, Ranbir Kapoor का भयानक एक्शन अवतार देखना चाहते हैं, तो ये फ़िल्म आपके लिए है।

0Shares