लखनऊ: पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 03220 अयोध्या कैंट-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि 12 नवम्बर तक आठ फेरों के लिए बढ़ा दिया है। इससे दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अप-डाउन में चलने वाली 03219/03220 पाटलिपुत्र-अयोध्या कैंट-पाटलिपुत्र साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि 12 नवम्बर तक आठ फेरों के लिए बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पाटलिपुत्र-अयोध्या कैंट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (03219) अब 11 नवम्बर तक प्रत्येक शुक्रवार को 08 फेरों के लिए चलायी जाएगी। अयोध्या कैंट-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (03220) 12 नवम्बर तक प्रत्येक शनिवार को 08 फेरों के लिए चलायी जाएगी। इससे दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों को राहत मिलेगी। अप-डाउन में चलने वाली इस ट्रेन के सेवा विस्तार देने के बाद संचालन समय और ठहराव आदि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Patna: भारत सरकार देश के हर श्रमिक को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए कटिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्रम-योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, जैसे अनेक प्रयासों ने श्रमिकों को एक तरह का सुरक्षा कवच दिया है। ऐसी योजनाओं की वजह से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के मन में ये भाव जगा है कि देश उनके श्रम का भी उतना ही सम्मान करता है।

देश के इन प्रयासों का कितना प्रभाव हमारी अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, इसके साक्षी हम कोरोनाकाल में भी बने हैं। ‘इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम’ इसकी वजह से लाखों छोटे उद्योगों को मदद मिली है। एक अध्ययन के मुताबिक, इस स्कीम की वजह से करीब डेढ़ करोड़ लोगों का रोजगार जाना था, वो नहीं गया, वो रोजगार बच गया। कोरोना के दौर में ईपीएफओ से भी कर्मचारियों को बड़ी मदद मिली, हजारों करोड़ रुपए कर्मचारियों को एडवांस के तौर पर दिए गए। और साथियों, आज हम देख रहे हैं कि जैसे जरूरत के समय देश ने अपने श्रमिकों का साथ दिया, वैसे ही इस महामारी से उबरने में श्रमिकों ने भी पूरी शक्ति लगा दी है। आज भारत फिर से दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ रही अर्थव्यवस्था बना है, तो इसका बहुत बड़ा श्रेय हमारे श्रमिकों को ही जाता है।

देश के हर श्रमिक को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए, किस तरह काम हो रहा है, उसका एक उदाहरण ‘ई-श्रम पोर्टल’ भी है। ये पोर्टल पिछले साल शुरू किया गया था, ताकि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए आधार से जुड़ा नेशनल डेटाबेस बन सके। मुझे खुशी है कि इस एक साल में ही, इस पोर्टल से 400 अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले करीब 28 करोड़ श्रमिक जुड़ चुके हैं। विशेष रूप से इसका लाभ कन्स्ट्रकशन वर्कर्स को, प्रवासी मजदूरों को, और डॉमेस्टिक वर्कर्स को मिल रहा है। अब इन लोगों को भी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। श्रमिकों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए, ‘ई-श्रम पोर्टल’ को नेशनल कैरियर सर्विस, असीम पोर्टल और उद्यम पोर्टल से भी जोड़ा जा रहा है।

बीते आठ वर्षों में हमने देश में गुलामी के दौर के, और गुलामी की मानसिकता वाले क़ानूनों को खत्म करने का बीड़ा उठाया है। देश अब ऐसे लेबर क़ानूनों को बदल रहा है, रीफॉर्म कर रहा है, उन्हें सरल बना रहा है। इसी सोच से 29 लेबर क़ानूनों को 4 सरल लेबर कोड्स में बदला गया है। इससे हमारे श्रमिक भाई-बहन न्यूनतम सैलरी, रोजगार की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे विषयों पर और सशक्त होंगे। नए लेबर कोड्स में अंतर-राज्य प्रवासी श्रमिकों की परिभाषा को भी सुधारा गया है। हमारे प्रवासी श्रमिक भाई-बहनों को ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ जैसी योजना से भी बहुत मदद मिली है।

देश का श्रम मंत्रालय अमृतकाल में वर्ष 2047 के लिए अपना विज़न भी तैयार कर रहा है। भविष्य की जरूरत है- लचीले कार्यस्थल, घर के पारिस्थितिकी तंत्र से काम भविष्य की जरूरत है- लचीले कार्य के घंटे व लचीले कार्य स्थल जैसी व्यवस्थाओं को महिला श्रमशक्ति की भागीदारी के लिए अवसर के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।

इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में बने हुए फिल्म अभिनेता कार्तिक आर्यन की एक और नई फिल्म का ऐलान मेकर्स ने सोमवार को कर दिया है। इस फिल्म का टायटल होगा ‘आशिकी 3 ‘। फिल्म की अनाउंसमेंट के बाद फैंस जहां काफी खुश हैं वहीं कार्तिक भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।अनुराग बासु की फिल्म आशिकी 3 में इस बार कार्तिक लीड रोल में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आयेंगे। फिल्म के ऐलान के साथ ही फिल्म की पहली झलक भी सामने आ गई है, जिसे कार्तिक ने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा करते हुए लिखा-‘अनुराग दा के साथ मेरी पहली फिल्म, अब तेरे बिन जी लेंगे हम.. जहर जिंदगी का पी लेंगे हम…यह होने जा रहा है.. हार्ट रेन्चिंग।’

हालांकि, अभी तक मेकर्स ने फिल्म के लिए लीड एक्ट्रेस के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। यह एक यूनिक लव स्टोरी होगी।

यह फिल्म साल 1990 में आई ‘आशिकी’ की तीसरी क़िस्त है। राहुल रॉय और अनु अग्रवाल स्टारर ‘आशिकी’ 1990 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को महेश भट्ट ने डायरेक्ट किया था। फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। साल 2013 में इस फिल्म का सीक्वल ‘आशिकी 2’ मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया था। श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर स्टारर फिल्म भी लोगों को काफी पसंद आई थी और हिट हुई थी। वहीं अब इस फिल्म की तीसरी कड़ी में कार्तिक आर्यन नजर आयेंगे । ‘आशिकी 3’ के मेकर्स ने फिल्म के आइकॉनिक म्यूजिक के लिए प्रीतम को फाइनल किया है।

सनी देओल , दुलकर सलमान, पूजा भट्ट और श्रेया धन्वन्तरी की अपकमिंग फिल्म ‘चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट’ का ट्रेलर सोमवार को मेकर्स ने जारी कर दिया है, जो सस्पेंस और ट्विस्ट से भरपूर है। सनी देओल ने फिल्म के इस ट्रेलर को सोशल मीडिया पर साझा किया है

फिल्म के ट्रेलर में एक ऐसे आर्टिस्ट की कहानी दिखाई गई है जो खतरनाक सीरियल किलर बन जाता है। यह सीरियल किलर सिर्फ फिल्म क्रिटिक्स को टारगेट करता है। इसके मारने का स्टाइल भी एकदम हटकर है। यह सीरियल किलर पुरानी फिल्मों के जरिए अपने टारगेट को ढूंढता है और फिर उसी स्टाइल से उस मारता है। मारने के बाद यह सीरियल किलर बॉडी पर अपना हुक मार्क ‘स्टार’ छोड़ देता है। यानी यह सीरियल किलर फिल्मों को मिलने वाली रेटिंग के आधार पर अपना शिकार खोजता है और फिर उसे खत्म कर देता है।

फिल्म ‘चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। इस फिल्म को गौरी शिंदे, होप फिल्ममेकर्स और पेन स्टूडियोज संयुक्त रूप से प्रोड्यूस करेंगे। फिल्म की पटकथा आर बाली ने लिखी है और इसका निर्देशन भी आर बाल्की ही कर रहे हैं। यह फिल्म दिवंगत अभिनेता-निर्देशक गुरुदत्त को समर्पित है। यह फिल्म इसी महीने 23 सितंबर को रिलीज होगी।

सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ को लेकर काफी चर्चा में हैं। हालांकि फिल्म के टाइटल को लेकर पहले खूब संशय की स्थिति थी। पहले इस फिल्म का नाम ‘कभी ईद कभी दिवाली’ रखा गया था, फिर खबर आई कि फिल्म का नाम ‘भाईजान’ है। लेकिन अब सलमान खान ने शॉर्ट टीजर जारी कर बता दिया है कि फिल्म का नाम फाइनल हो गया है और इसका टाइटल होगा ‘किसी का भाई किसी की जान।’ इसके साथ ही फिल्म से सलमान खान की पहली झलक भी सामने आ गई है, जिसमें वे खुले लंबे बालों में, आंखों पर चश्मा लगाए और सिग्नेचर ब्रेसलेट पहने हुए मोटरसाइकल पर नजर आ रहे हैं ।

गौरतलब है कि ‘किसी का भाई किसी की जान’ में सलमान खान के साथ पहली बार अभिनेत्री पूजा हेगड़े स्क्रीन शेयर कर रही हैं। वहीं फिल्म में शहनाज भी अहम भूमिका में होगी। इन सब के अलावा फिल्म में सिद्धार्थ निगम, पलक तिवारी, सूरज पंचोली, सूरज इकबाल, शहनाज गिल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे । वहीं फिल्म में साउथ सुपरस्टार रामचरण भी स्पेशल अपीरियंस में नजर आएंगे । भाईजान एक एक्शन कॉमेडी फिल्म होगी, जिसका निर्देशन फरहाद सामजी कर रहे हैं। फिल्म के इसी साल के अंत तक रिलीज होने की संभावना है।

गाजियाबाद: मसूरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक ढाबा संचालक ने अपनी पत्नी को बेसबॉल के बैट से बेरहमी से पीटा फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। मृतका के परिजनों ने उसके पति व ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी आकाश पटेल ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले यतिन ने चार भाई-बहनों में से अपनी सबसे बड़ी बहन टीना (24) की शादी एक दिसम्बर 2021 को थाना मसूरी क्षेत्र के गांव मिसलगढ़ी के रहने वाले गौरव से कराई थी। गौरव का डासना स्थित एनएच-9 आईएमएस कॉलेज के सामने ढाबा है। गौरव शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए परेशान करता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा।

सोमवार को गौरव ने अपनी पत्नी टीना को पहले बेसबॉल के बैट से बेरहमी से पीटा और सिर फाड़ दिया। इसके बाद आरोपित ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ससुराल पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य हत्यारोपित पति को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

मंगलवार का राशिफल – 06 सितम्बर 202

Tuesday’s horoscope 06/09/2022

मंगलवार का राशिफल

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944

सूर्योदय 05.56, सूर्यास्त 06.24, ऋतु – वर्षा

भाद्रपद शुक्ल पक्ष एकादशी, मंगलवार, 06 सितम्बर 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन जीवन में नए बदलाव लाने वाला होगा, जो आपके लिए फायदेमंद रहेगा। व्यापार-धंधे में आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे। विदेश जाने का मौका मिल सकता है। पारिवारिक का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत होगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता रहेगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखेंगे। किसी तीर्थयात्रा पर जा सकते हैं।

वृषभ राशि :- आज का दिन शुभ रहेगा। कारोबारी गतिविधियां प्रगतिशील रहेंगी और व्यापार-धंधे में धनप्राप्ति होगी। नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। कार्यस्थल पर माहौल अच्छा रहेगा। किसी पारिवारिक समारोह में जाना हो सकता है। शैक्षिक एवं शोधादि कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। नौकरी में कार्यक्षेत्र का विस्तार हो सकता है। जीवनसाथी के साथ तालमेल की जरूरत है। मानसिक शांति रहेगी। धार्मिक यात्रा का आयोजन होगा।

मिथुन राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यापारिक गतिविधियां मध्यम रहेंगी। पारिवारिक जीवन में आपसी तालमेल बनाकर चलने की जरूरत है। जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकती है। अधिक परिश्रम में कम सफलता मिलने से निराशा होगी। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी हस्तक्षेप बढ़ेगा। कोर्ट-कचहरी के कार्यों में संभलकर कदम उठाएं। धार्मिक तथा सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे तथा धार्मिक कार्यों के पीछे धन खर्च भी हो सकता है।

कर्क राशि :- आर्थिक लाभ की दृष्टि से आज का दिन अच्छा रहेगा। नौकरी या व्यवसाय में लाभ की स्थिति रहेगी। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है। मित्र और परिजन आपकी प्रगति में सहायक बनेंगे। सभी कार्य मन मुताबिक पूरे होंगे। राजनीति से जुड़े लोगों को फायदा मिलेगा। किसी मित्र के सहयोग से संपत्ति में निवेश कर सकते हैं, जिससे आगे चलकर फायदा होगा। कार्यभार बढ़ सकता है। नए कार्य की शुरुआत कर सकते हैं।

सिंह राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यावसायिक गतिविधियां प्रगति करेंगी। व्यापार में वृद्धि होगी और बकाया राशि प्राप्त होगी। बुजुर्गों की तरफ से लाभ मिलेगा। आय बढ़ेगी और समाज में मान-सम्मान या उच्च पद की प्राप्ति होगी। जीवनसाथ का पूरा सहयोग मिलेगा। नए कार्य करने का मन करेगा। आत्मसंयत रहें। स्वभाव में चिड़चिड़ापन रहेगा। परिजनों से मामूली बात पर विवाद हो सकता है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, यात्रा पर जाने से बचें।

कन्या राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा और व्यापारी वर्ग का धनलाभ की प्राप्ति होगी। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। नौकरी में तरक्की के योग बन रहे हैं। जीवनसाथी के साथ धार्मिक यात्रा की संभावनाएं बन सकती है। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में सम्मान बढ़ेगा। वाणी में सौम्यता रहेगी। गुस्से पर काबू रखना होगा। परिवार में मनमुटाव हो सकता है। शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ रहेंगे।

तुला राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा और आर्थिक लाभ की स्थिति रहेगी। नौकरी में अफसरों का सहयोग मिलेगा। तरक्की के मार्ग प्रशस्त होंगे और आय में वृद्धि होगी। वाहन सुख में वृद्धि के योग हैं। कार्यों में सफलता से मन प्रसन्न रहेगा। परिवार में माहौल खुशनुमा होगा। मित्रों का साथ मिलने से फायदा होगा। घर में मेहमान आ सकते हैं। खानपान पर ध्यान रखें। धन अधिक मात्रा में खर्च हो सकता है।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यापार-धंधा मध्यम रहेगा, लेकिन सोचे हुए सभी कार्य पूरे होंगे। सम्पत्ति से आय वृद्धि हो सकती है। जरूरतमंदों की मदद करेंगे। व्यापार संबंधित यात्रा करनी पड़ सकती है। शारीरिक व मानसिक ताजगी का अनुभव होगा। वाणी में नियंत्रण रखें, अन्यथा परिवार में विवाद की स्थिति बन सकती है। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है। मनोरंजन के लिए अच्छा समय है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

धनु राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। परिजनों और सहकर्मियों के सहयोग से कारोबार का विस्तार होगा और आय में वृद्धि होगी। हालांकि, काम की गति धीमी रहेगी, लेकिन अंत तक कार्य पूरा होगा। नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। विशेष कार्यों में लोगों का सहयोग मिलेगा। क्रोध की अधिकता रहेगी, इसलिए आत्म संयत रहें और वाणी संयम बरतें। अनावश्यक धन खर्च पर नियंत्रण रखना होगा। यात्रा से बचें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

मकर राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कारोबार मध्यम रहेगा, लेकिन आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। नौकरी में भी तरक्की के योग रहेंगे, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी। कार्यस्थल पर कार्यभार रहेगा और सफलता पाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ी। सेहत को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। संपत्ति के रखरखाव पर खर्च बढ़ सकते हैं। विद्यार्थी अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे। धार्मिक परोपकार का कार्य कर सकते हैं।

कुम्भ राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कठिन परिश्रम से सभी कार्यों में सफलता मिलेगी। नौकरी वालों को अधिकारी वर्ग से फायदा मिलेगा। क्रोध की अधिकता रहेगी। स्वास्थ्य खराब हो सकता है, इसलिए खान-पान का विशेष ध्यान रखें। पारिवारिक सदस्यों के साथ अनबन होने से अशांति हो सकती है, इसलिए वाणी पर संयम रखें। परिजनों के साथ समय बिता सकते हैं। किसी धार्मिक यात्रा पर जाने के योग रहेंगे। निवेश से बचें।

मीन राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यापार-धंधे में अच्छा मुनाफा होगा। नौकरी में परिवर्तन की संभावना बन रही है। कुछ महत्वपूर्ण लोगों से मुलाकात हो सकती है, जो लाभदायक रहेगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। विद्यार्थियों और पत्रकारिता से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। काम के सिलसिले में किसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है। अनावश्यक धन खर्च न हो, इसका ध्यान रखें।

देश को 2025 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य है। इसी लक्ष्य के साथ जिले में भी कम चल रहा है। टीबी उन्मूलन अभियान को आगे आकर सफल बनाने की जरूरत है। इसमें सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। सीडीओ डॉ रत्नेश्वर प्रसाद ने कहा कि टीबी लाइलाज नहीं है। मरीज खुद सामने आएं। अपने रोग को छुपाए नहीं, अन्यथा संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं होगा। अभी भी महिलाएं टीबी रोग को छुपा रही हैं, जिससे रोगियों को खोजने और उपचार करने में परेशानी हो रही है। इस रोग को छुपाएं नहीं है। इसका उपचार आसानी से हो रहा है। लोगों को जागरूक करने और जागरूक होने की जरूरत है।

किसी को भी हो सकता टीबी-

सीडीओ ने बताया कि लोगों को यह नहीं सोचना चाहिए कि टीबी हमें नहीं हो सकता। अमीर हो या गरीब, टीबी किसी को भी हो सकता है। टीबी जात-पात, ऊंच-नीच नहीं देखता। इसलिए लोगों को यह भ्रम निकाल देना चाहिए। मरीजों में हर वर्ग और समुदाय के लोग हैं। इसलिए इस बीमारी को भेदभाव से नहीं देखना चाहिए। खासकर गांव में यह भ्रांति है कि यह बीमारी गरीबों को ज्यादा होती है। 

टीबी उन्मूलन के लिए हो रहे प्रयास-

टीबी मुक्त जिला बनाने के लक्ष्य के साथ यक्ष्मा केंद्र के कर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न स्तरों पर काम कर रहे हैं। टीबी उन्मूलन के लक्ष्य के साथ कर्मी दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक  गांवों का दौरा कर रहे हैं। टीबी मरीजों से मिल रहे हैं। उन्हें समझा रहे हैं, ताकि उनका हौसला बढ़ा रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यवेक्षकों द्वारा मरीजों का समुचित ध्यान रखा जा रहा है। क्षेत्र भ्रमण कर वे टीबी मरीजों के दवा सेवन, उनके खानपान, रहने व सोने के तरीकों, मास्क के उपयोग समेत अन्य दिनचर्या की जानकारी दे रहे हैं। डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है। इसे जड़ से मिटाने के लिए हम सभी को इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने की जरूरत है। 

लक्षण दिखे तो जांच केंद्र में टीबी की जांच कराएं- 

दो सप्ताह से ज्यादा खांसी, रात के समय बुखार आना, बलगम में खून आना, वजन का कम होना व रात को सोते समय पसीना आना आदि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी जांच केंद्र में टीबी की जांच करवानी चाहिए। अधिक से अधिक लोग टीबी के लक्षणों के बारे में जानें और अपने आसपास रहने वाले लोगों में यदि इनमें से कोई लक्षण दिखे तो जांच के लिए प्रेरित करें। अधिसूचित रोगी का जब तक उपचार चलता है, तब तक प्रतिमाह 500 रुपये वित्तीय सहायता प्रोत्साहन राशि निक्षय पोषण योजना के तहत सीधे मरीज के खाते में भेजी जाती है।

चरोटी चेकपोस्ट पार करके बाद लग्जरी कार ने महज 9 मिनट में 20 किमी की दूरी तय की

मुंबई: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रविवार को एक कार दुर्घटना में मौत की प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह हादसा सीट बेल्ट न लगाने और तेज रफ्तार गाड़ी चलाने से हुआ है। इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और हादसे में दोनों घायलों को वापी स्थित अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।

इस हादसे की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई से 120 किमी दूर पालघर जिले में चरोटी चेकपोस्ट को पार करने के बाद लग्जरी कार ने महज 9 मिनट में 20 किमी की दूरी तय की। इस आधार पर शुरुआती जांच में पता चला कि यह कार की गति काफी तेज थी। सूर्या नदी पर बने पुल पर कार के डिवाइडर से टकराने से मिस्त्री और जहांगीर पंडोले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दोपहर 2.30 बजे हुआ जब मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे।

मुंबई की स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले (55) कार चला रही थीं। इस हादसे में अनाहिता और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज गति और चालक के गलत निर्णय के कारण कार दुर्घटना हुई। दोनों मृतकों ने सीट बेल्ट नहीं पहनी हुई थी। अधिकारी ने कहा कि चारोटी चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज से पता चला है कि कार दोपहर लगभग 2.21 बजे चेक पोस्ट को पार कर गई थी और दुर्घटना 20 किमी आगे (मुंबई की ओर) हुई थी। यानी मर्सिडीज कार ने सिर्फ 9 मिनट में 20 किमी (चेक पोस्ट से) की दूरी तय की थी। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना दोपहर 2.30 बजे सूर्या नदी पर बने पुल पर हुई।

पुलिस ने बताया कि पिछली सीट पर मिस्त्री और जहांगीर पंडोले थे। डेरियस अनाहिता के साथ आगे की सीट पर था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि एक महिला कार चला रही थी और उसने बाईं ओर एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने पर कार सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के 10 मिनट के भीतर मदद पहुंच गई। दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इस मामले की हाई लेवल जांच जारी है।

नई दिल्ली:  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) छोड़ने के बाद राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस एवं वाम दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने के बाद सीएम नीतीश कुमार पहली बार आज दिल्ली पहुंचे हैं।

माना जा रहा कि विपक्ष वर्ष 2024 की लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अभी से काम शुरु कर चुका है। आज नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा भी कि वह चाहते हैं कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करे। नीतीश ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। वह सिर्फ इतना चाहते हैं कि विपक्ष एक साथ आए और भाजपा के खिलाफ लड़े। विपक्ष एक साथ आएगी तो अच्छा रहेगा।

सूत्रों का कहना है कि विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए नीतीश कुमार विपक्ष के दूसरे नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। नीतीश कुमार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी।

लंदन: ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को खासा झटका दिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का स्थान लेने के लिए हुए चुनाव में ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने सुनक को हरा दिया है। अब ट्रिस ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनेंगी।

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी का नया नेता चुनने की दौड़ में बचे पूर्व वित्त मंत्री व भारतीय मूल के ऋषि सुनक और वर्तमान विदेश मंत्री लिज़ ट्रस के बीच मुकाबला था। ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के एक लाख साठ हजार मतदाताओं में से 57 प्रतिशत ने लिज ट्रस को समर्थन दिया। 43 प्रतिशत लोग ऋषि सुनक के साथ थे। इससे यह भी स्पष्ट है कि ऋषि सुनक ने इस चुनाव में कड़ी टक्कर दी। लिज ट्रस को कंजर्वेटिव पार्टी के पिछले कुछ नेताओं की तुलना में सर्वाधिक कठिन प्रतिस्पर्द्धा का सामना करना पड़ा और उन्हें अन्य विजेताओं की तुलना में कम समर्थन मिला। इससे पहले बोरिस जॉनसन को 66 प्रतिशत, डेविड कैमरून को 68 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन मिला था।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दावेदारी में सफल हुई ट्रस की जिंदगी भी काफी रोचक है। ट्रस इस समय ब्रिटेन की विदेश मंत्री हैं। सरकारी स्कूल में पढ़ी 47 साल की ट्रस के पिता गणित के प्रोफेसर और मां एक नर्स थीं। लेबर पार्टी समर्थक परिवार से आने वाली ट्रस ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से दर्शन शास्त्र, राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए अकाउंटेंट के रूप में भी काम किया। इसके बाद वह राजनीति में आ गईं। सबसे पहला चुनाव उन्होंने पार्षद का जीता था। परिवार लेबर पार्टी का समर्थक था लेकिन ट्रस को कंजर्वेटिव पार्टी की विचारधारा पसंद आई। 2010 में ट्रस पहली बार सांसद चुनी गईं। ट्रस शुरुआत में ब्रिटेन को यूरोपीय यूनियन से अलग होने के मुद्दे खिलाफ थीं। हालांकि, बाद में वे ब्रेग्जिट के हीरो बनकर उभरे बोरिस जॉनसन के समर्थन में आ गईं।

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि पहले वे साल भर में पलटते थे, लेकिन अब व रोज पलटते हैं । उन्होंने कहा कि यही कारण है कि अब वे सुशासन बाबू नहीं पलटू राम हो गए है । भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार कहते है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 50 सीटों पर समेट देना है, लेकिन वे 2014 का परिणाम भूल गए । उस चुनाव में जदयू को 36 सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी ।

भाजपा नेता ने दावा करते हुए कहा कि जदयू के सांसद और विधायक नई व्यवस्था ढूंढ रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि आपकी जमीन खिसक रही है। आपको अपने 16 सांसदों से पूछ लेना चाहिए था कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम के बिना जीत पाएंगे भी या नहीं। जनता के जनादेश का अपमान का बदला बिहार की जनता अवश्य लेगी । सिन्हा ने जदयू के नेता के सी त्यागी के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा है जदयू कभी भाजपा के साथ नहीं जाएगी ।

उन्होंने कहा भाजपा न उनको निमंत्रण दे रही है न भाजपा चाह रही । जब भाजपा चाह ही नहीं रही तो उनके बोलने का क्या मतलब? उन्होंने कहा कि बिहार लोगों की श्रद्धा जबतक नीतीश कुमार के प्रति थी तब तक भाजपा ने भी नीतीश कुमार को कंधे पर बिठाया, लेकिन अब जनता भी उन्हें समझ गई है । उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दिल्ली यात्रा पर तंज करते ही कहा के शायद वहां उन्हें हकीकत का पता चल जाए ।