भोपाल, 22 सितंबर (हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए शनिवार, 23 सितम्बर का दिन खास होने जा रहा है। इस दिन एक खास खगोलीय घटना होने जा रही है। दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर सूर्य की किरणें भूमध्यरेखा पर लंबवत होंगी। माना जाता है कि इस दौरान दिन और रात बराबर होते हैं लेकिन वास्तव में ऐसा होता नहीं है। यह जानकारी शुक्रवार को भोपाल की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने दी।

उन्होंने बताया कि बताया कि पृथ्वी के मध्यभाग में सूर्य के पहुंचते दिखने की खगोलीय घटना इक्वीनॉक्स कहलाती है। यह 21 मार्च के बाद इस साल का दूसरा इक्वीनॉक्स होगा। उन्होंने बताया कि यह दिन भर चलने वाली घटना नहीं है। भारत में यह घटना दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी। इसके बाद सूर्य दक्षिण में मकर रेखा की ओर बढ़ता दिखेगा। किसी भी स्थान के लिए यह समय आम तौर पर पिछले साल की तुलना में छह घंटे बढ़ जाता है। 2022 में यह भारत में प्रात: 6 बजकर 28 मिनट पर हुआ था।

सारिका ने बताया कि सितम्बर में इक्वीनॉक्स की घटना 22, 23 या 24 सितम्बर को होती है लेकिन इस सदी के अंत में सन 2092 और 2096 में यह 21 सितम्बर को होगा। इसी प्रकार 24 सितम्बर को पिछली बार यह घटना 1931 को हुई थी और इस तिथि में अगली इक्वीनॉक्स की घटना 2303 में होगी।

उन्होंने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण यह है कि इक्वीनॉक्स में दिन और रात ठीक बराबर नहीं होते हैं। दिन और रात बराबर होने की घटना उत्तरी गोलार्ध में इसके कुछ दिन बाद होती है। इसे इक्वीलक्स कहते हैं। यह उस स्थान के अंक्षाश पर निर्भर करता है कि कब दिन और रात बराबर होंगे। अगर मौसम साथ दे तो कल यानी शनिवार को सूर्ययात्रा के मध्यातंर से साक्षात्कार के लिए तैयार रहें।

मतदाता पंजीकरण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर जागरूकता जरूरी: डीडीसी

Chhapra: शुक्रवार को उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी के द्वारा गरखा प्रखंड के मानपुर स्थित मध्य विद्यालय में मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हे जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गरखा विधान सभा क्षेत्र लिंगानुपात के मामले में पीछे है। इसमें सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही व्यापक जन जागरूकता के कार्यक्रम के माध्यम से महिला मतदाताओं को अधिक से अधिक पंजीकृत करना होगा। उन्होंने महिलाओं तथा युवा मतदाताओं से मतदाता सूची में पंजीकरण कराने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक जिसने अपनी 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है अथवा करने वालें हैं, उनका यह दायित्व है कि वो अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और भारत के लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें. इसके लिए वे अपने बीएलओ से संपर्क कर अथवा भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन एप्प के जरिए पंजीकरण करा सकती हैं।

उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने अपने संबोधन में बताया कि गड़खा विधान सभा क्षेत्र में लिंगानुपात प्रति 1000 पुरुषों की तुलना में 875 से बढ़कर 889 हुआ है तो भी इसमें और सुधार की अवश्यकता है. इसके लिए समय समय पर जागरूकता कार्यक्रम चलने होंगे। उन्होंने इस विधानसभा में 18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की जनसंख्या 28974 के मुकाबले मात्र 1633 मतदाता होने पर चिंता जताई और युवा मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.

इसके पूर्व विद्यालय की छात्राओं ने बैंड बाजे के साथ डीडीसी का स्वागत किया तथा उन्हें और श्री एकबाल को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांप सीढी का खेल रहा जिसके माध्यम से जागरूकता फैलाने में का प्रयास किया गया. इस खेल में प्रतिभागियों के अलाव सभी उपस्थित जन समूह ने काफी दिलचस्पी दिखाई और मतदाता बनाने से लेकर मतदान करने तक की बातों को सीखा। चुनाव के सकारात्मक पक्ष वाले खाने में पहुंचने पर सीढी से ऊपर चले जाना तथा चुनावी विरोधी गतिविधियों के खाने में साँप द्वारा काट लिए जाने के बाद लुढ़क कर नीचे चले आने को सभी ने काफी आनंदित होकर देखा सुना और जाना।

उप विकास आयुक्त ने पासा फेंक खेल का विधिवत उद्घाटन किया।तो वहीं श्री एकबाल ने हर खाने में अंकित चुनावी बातों से अवगत कराया। अंतिम रूप से अंजली कुमारी विजेता बनी. वहीं अन्य दो प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर गड़खा विधान सभा क्षेत्र में नए मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण कराने वालीं 5 युवा महिला मतदाताओं को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के समापन के पश्चात उप विकास आयुक्त ने विद्यालय कक्ष का निरीक्षण भी किया और पहली दूसरी और तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों से रूबरू हुईं. उन्होंने बच्चों से सवाल भी किए और संतोषजनक उत्तर पाकर काफी प्रसन्न भी हुये।

बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम -2015 के तहत अपील की सुनवाई जिला पदाधिकारी ने की

Chhapra:  जिला पदाधिकारी अमन समीर के द्वारा बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम- 2015 के तहत कुल 08अपीलाथिॅयों के द्वारा किए गए द्वितीय अपील वाद की सुनवाई समाहरणालय परिसर अवस्थित कार्यालय कक्ष में की गई।

जिला पदाधिकारी के द्वारा शुक्रवार को कुल 08 विभिन्न तरह के मामलों के लोक शिकायत निवारण से संबंधित मामलों की द्वितीय अपील की सुनवाई कार्यालय कक्ष में परिवादकर्ता के उपस्थिति में एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित पदाधिकारियों के उपस्थिति में की गई।

इनमें से 03 मामलों पर अंतिम रूप से आदेश पारित करते हुए शेष 05 मामलों पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से प्रतिवेदन की मांग करने का आदेश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: जिलाधिकारी ने स्कूली छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया अभियान का शुभारंभ

Chhapra: जिला पदाधिकारी अमन समीर के द्वारा 22 सितंबर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन कन्या विद्यालय छपरा में दीप प्रज्वलित कर एवं छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा अपने संबोधन में छात्राओं को कृमि नाशक दवा के सेवन से होने वाले लाभ के संबंध में बताया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा छात्राओं से संवाद कर पूछा गया कि कृमि मुक्ति दिवस आयोजित करने का क्या उद्देश्य है। कृमि के शरीर में रहने से क्या दुष्प्रभाव एवं बीमारियां होती है। उनके द्वारा बताया गया कि कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल के सेवन से शरीर कृमि मुक्त हो जाता है। इससे हम जो पौष्टिक आहार लेते हैं,उसका अवशोषण शरीर पूरी तरह से होता है इससे हमारे शरीर को पूरी ऊर्जा मिलती है एवं हमारा स्वास्थ्य अच्छा रहता है। कृमि हमारे आंत में रहते हैं एवं मानव रक्त का सेवन करते हैं जिससे शरीर में खून की कमी हो जाती है। कृमि नाशक दवा के सेवन से शरीर में मौजूद कृमि समाप्त हो जाते हैं एवं एनीमिया से बचाव होता है।

कार्यक्रम में प्रभारी सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक उपस्थित थे।

खनुआ नाले पर बनी दुकानों को तोड़ने का काम दूसरे दिन भी जारी, अबतक 160 दुकानें तोड़ी गई

Chhapra: जिला पदाधिकारी अमन समीर के निर्देशालोक में आज नगर आयुक्त सुमित कुमार के नेतृत्व में छपरा नगर निगम क्षेत्र में खनुआ नाले पर बने हुए दुकान को तोड़कर नाले को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।

शुक्रवार को दूसरे दिन भी सुबह से ही अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान अभियान के तहत पहले दिन कुल 90 दुकानों को हटाया गया। शुक्रवार को दूसरे दिन भी अभियान चला कर कल 70 दुकानों को हटाया गया। लगातार अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण किए हुए दुकानों को तोड़कर खनुआ नाले को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहायक अनुमंडल पदाधिकारी सदर, डीसीएलआर सदर के साथ प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी एवं भारी बल में पुलिस बल उपस्थित थे। चार जेसीबी नगर निगम के तरफ से एवं अतिरिक्त मानव बल लगाकर खनुआ नाले पर बने दुकान को तोड़ा जा रहा है।

पर्याप्त मात्रा में ट्रैक्टर,सफाई कर्मी एवं नगर निगम के कर्मी को लगाया गया है। अभियान के दौरान लगातार माइकिंग के माध्यम से प्रचार प्रसार कराया जा रहा है।जिला प्रशासन और नगर प्रशासन के आपसी सहयोग से आज खनुवा नाला को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण के नए युग में प्रवेश करेगा भारत: ई चांदनी प्रकाश

सारण लोकसभा सीट को महिलाओं के लिए आरक्षित करने की हुई मांग

छपरा: लोकसभा और राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पूर्ण बहुमत से पारित होने के बाद छपरा की महिला नेत्री इंजीनियर चांदनी प्रकाश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके केंद्र सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया है.

चांदनी प्रकाश ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पारित होना हम सबके लिए ऐतिहासिक और गौरव भरा पल है. लंबे समय देश की महिलाओं को इसका इंतजार था, आज हमने महिला सशक्तिकरण के एक नए युग में प्रवेश किया है. यह कानून लागू होने के बाद महिलाओं को भी लोकसभा और राज्य की विधानसभाओं में 33 फ़ीसदी आरक्षण मिलेगा.

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सम्पूर्ण राष्ट्र की ताकत है. जिसके बिना भारत के नव निर्माण की कल्पना बेमानी है. उन्होंने कहा कि यदि आरक्षण लागू हो जाता है तो लोकसभा में 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी.

सारण लोकसभा सीट भी हो महिलाओं के लिए आरक्षित

इंजीनियर चांदनी प्रकाश ने मांग करते हुए कहा कि सारण लोकसभा सीट को भी महिलाओं के लिए आरक्षित करना चाहिए ताकि यहां की महिला सदन मजबूती से अपने जिले का प्रतिनिधित्व करे और विकास में अपना योगदान दें. वहीं बिहार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 243 विधानसभा सीटें हैं जिसमें लगभग 80 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी जो अपने आप में बड़ी बात होगी.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नारी शक्ति को पहचान है और हमें आरक्षण देकर अपने अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है.महिलाओं ने पहले ही जीवन के सभी क्षेत्रों में अपनी योग्यता साबित कर दी है.

उन्होंने देश की देश की सभी महिलाओं को मैं बधाई देना चाहूंगी जो राजनीति में आगे आकर अपने क्षेत्र, अपने देश के लिए कुछ करना चाहती हैं. लोकसभा व विधानसभा में आरक्षण के लिए सालों से सदन में मुद्दा उठाया जा रहा था, इस विधेयक के पास होने से महिलाओं को प्रत्यक्ष राजनीति में आगे आने और देश के लिए कुछ करने का बेहतर मौका होगा.

Chhapra: छपरा शहर सहित सम्पूर्ण सारण जिले में विभिन्न पूजा समितियों के द्वारा दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है। पूजा समितियों के द्वारा पंडालों का निर्माण प्रारंभ हो गया है।

पंडालों को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए दूसरे राज्यों से कारीगरों को बुलाया गया है। पूजा समितियों के द्वारा हर बार अलग अलग जगह के मंदिरों चर्चित स्थानों के जैसे पंडालों का निर्माण कराया जाता है। जो देखने में बेहद आकर्षक लगते हैं।

छपरा शहर में नगरपालिका चौक, गांधी चौक, श्याम चौक, पंकज सिनेमा रोड, नेहरू चौक आदि प्रमुख स्थानों पर पंडालों का निर्माण होता है।

पूजा समितियों के द्वारा एक महीना पूर्व से ही पंडालों और मूर्तियों के निर्माण को शुरू कर दिया जाता है। कारीगर दिन रात मेहनत कर पंडालों का निर्माण करते हैं। जिसके बाद लोगों को भव्य और आकर्षक पंडाल देखने को मिलतें हैं। 

       

आज का पंचांग
दिनांक 22 / 09 /2023 शुक्रवार
भाद्रपद शुक्लपक्ष सप्तमी
दोपहर 01:35उपरांत अष्टमी
विक्रम सम्वत :2080
नक्षत्र : ज्येष्ठा
दोपहर 03:34 उपरांत मूल
चन्द्र राशि वृश्चिक
दोपहर 03 :34 उपरांत धनु
सूर्योदय 05:38 सुबह,
सूर्यास्त :05:46 संध्या
चंद्रोदय :12:09 दोपहर
चंद्रास्त :10:37 रात्रि
लगन : कन्या 07 :33 सुबह
उपरांत तुला लगन
ऋतू : वर्षा
चौघडिया,
दिन चौघड़िया:
चर 05:38 सुबह 07:09 सुबह
लाभ 7:09 सुबह 08:40 सुबह
अमृत 08:40 सुबह 10:11 सुबह
काल 10:11 सुबह 11:42 सुबह,
शुभ11:42 सुबह 01:13 दोपहर
रोग 1:13 दोपहर 02:44 दोपहर,
उद्देग 02:44 दोपहर 04:15 संध्या
चर 04:15 संध्या 05:46 संध्या
राहुकाल
सुबह 10:11 से 11:42 दोपहर
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:18 से 12 :07 दोपहर
दिशाशूल :पच्छिम
यात्रा विचार : आज कही यात्रा पर जाने के पहले दही खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
धन खर्च होगा तथा उसे लेकर तनाव भी हो सकता हैं। व्यापारी हैं तो ग्राहकों के साथ कहासुनी हो सकती हैं जो बाजार में आपकी छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में किसी भी तरह के वाद-विवाद से दूर रहे।
लकी नंबर 5 लकी कलर महरून
वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
करियर में अभूतपूर्व सफलता मिलने के संकेत हैं तथा किसी के द्वारा उचित मार्गदर्शन किया जाएगा। जीवनसाथी के द्वारा कोई उपहार दिया जा सकता हैं जिससे रिश्तों में मजबूती आएगी।
लकी नंबर 3 लकी कलर आसमानी

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आपका लव पार्टनर जरुरत के अनुसार आपको इतना समय नही दे पाएगा जिस कारण मन में निराशा का भाव रह सकता हैं। हालाँकि आप उन्हें समझने का प्रयास करेंगे तो स्थिति बेहतर रहेगी।
लकी नंबर 9 लकी कलर संतरी

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
पारिवारिक जीवन में तनाव का अनुभव कर सकते हैं। ऐसा महसूस होगा कि आपके परिवारवाले आपके साथ होते हुए भी आपके साथ नही हैं। अकेलेपन की भावना हावी हो सकती है।
लकी नंबर 7 लकी कलर हरा

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
दिन की शुरुआत थोड़ी कमजोर रहने की संभावना हैं तथा कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता हैं। घर के काम को लेकर उत्साह रहेगा लेकिन वह संतोषप्रद नही होगा।
लकी नंबर 8 लकी कलर श्वेत

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
काम और आराम के बीच में संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता हैं। किसी पुराने रोग से मुक्ति मिल सकती है। मन में किसी चीज़ को लेकर घबराहट रहेगी लेकिन किसी अपने के साथ साँझा करने से वह दूर हो जाएगी।
लकी नंबर 1 लकी कलर स्लेटी

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
विवाहित जीवन सुखमय होगा तथा पुराने मतभेद दूर होंगे। एक-दूसरे को और अच्छे से जानने का अवसर प्राप्त होगा तथा आप उनके साथ कुछ अनकहे पल साँझा करेंगे।

लकी नंबर 6 लकी कलर केसरी

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज के दिन कठिन परिश्रम करने की आवश्यकता हैं तभी सफलता हाथ लगेगी। राजनीति के क्षेत्र में कार्यरत लोगों को सामाजित कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा जो करियर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर नीला

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
किसी दूसरे शहर में ट्रांसफर के लिए अप्लाई किया हुआ हैं तो उसकी बात आगे बढ़ सकती हैं। कहीं से कुछ ऐसा प्राप्त होगा जो मन को आनंदित करेगा। प्रेम जीवन में मधुरता आएगी।
लकी नंबर 8 लकी कलर पीला

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
घुटनों या जोड़ों में दर्द की समस्या परेशान कर सकती हैं। गठिया के रोग से पीड़ित व्यक्ति भी परेशानी का सामना करेंगे। मानसिक रूप से आप एकदम स्वस्थ रहेंगे तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नही होगी।
लकी नंबर 1लकी कलर गुलाबी

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज के दिन अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उत्तम रहेगा तथा मनचाहा परिणाम मिलने की भी संभावना हैं। स्कूल में आपको लेकर सकारात्मक माहौल बनेगा तथा सभी आपकी प्रशंसा करेंगे।
लकी नंबर 4 लकी कलर भूरा

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
ससुराल पक्ष से आर्थिक सहायता प्राप्त हो सकती हैं लेकिन यह तभी ले जब आपको इसकी बहुत आवश्यकता हो। धन प्राप्ति के नए स्त्रोतों की तलाश की जा सकती हैं।
लकी नंबर 2 लकी कलर ग्रे

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

Chhapra: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवम भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि 19 सितंबर 2023 की तिथि भारतीय इतिहास में हमेशा के लिए स्वर्ण अक्षरों से अंकित हो गयी है। 27 वर्षों से लटकी महिलाओं के आरक्षण के लिये नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधयक पेश कर सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। अब संसद की कार्यवाही भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नये संसद भवन में होगी ।

श्री अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नये भवन में सदन कार्यवाही देश के लिए शुभ होगा। नये संसद भवन में कामकाज शुरू करने के लिए मंगलवार, गणेश चतुर्थी का दिन तय किया गया। जो शुभ और मंगलकारी साबित होगा उन्होंने कहा कि नये संसद भवन का पहला दिन ही ऐतिहासिक बन गया। पहले दिन ही कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन बिल पेश किया । इसमे महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है लोकसभा में अब महिलाओं के लिए 181 सीट आरक्षित होंगी ।

श्री श्याम बिहारी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का नवनिर्माण हो रहा है। हर तरफ सकारात्मक परिवर्तन देखा जा रहा है। भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है। भारत आज पूरे विश्व के लिए उम्मीद बन गया है। यह सब पीएम मोदी के सफल नेतृत्व से ही संभव हो पाया। नये संसद भवन की भव्यता भारत की गरिमा का प्रतीक है।

 

Chhapra: छपरा नगर निगम क्षेत्र में खनुआ नाले पर बने हुए दुकान को तोड़कर नाले को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। जिलाधिकारी अमन समीर के निर्देशा पर नगर आयुक्त सुमित कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को सुबह से ही अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू हुआ।

इस दौरान मछली बाजार से मौना चौक तक 110 दुकान तोड़ा जाएगा। लगातार चार दिनों अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण किए हुए दुकान को तोड़कर अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण हटाओ कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहायक अनुमंडल पदाधिकारी सदर, डीसीएलआर सदर के साथ प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी एवं भारी बल में पुलिस बल उपस्थित थे।

चार जेसीबी नगर निगम के तरफ से एवं अतिरिक्त मानव बल लगाकर खनुआ नाले पर बने दुकान को तोड़ा जा रहा है। पर्याप्त मात्रा में ट्रैक्टर, सफाई कर्मी एवं नगर निगम के कर्मी को लगाया गया है।

अभियान के दौरान लगातार माइकिंग के माध्यम से प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर प्रशासन के आपसी सहयोग से खनुवा नाला को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है।

 

Chhapra: लोकसभा में 128वां संविधान संशोधन विधेयक यानी नारी शक्ति वंदन विधेयक पास होने के बाद सारण जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। 

रिविलगंज प्रखण्ड प्रमुख सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ० राहुल राज ने हर्ष जाहिर करते हुए  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए आभार प्रकट किया तथा देश की समस्त महिलाओं को इस विशेष अधिकार प्राप्त होने पर बधाईयाँ एवं शुभकामनायें दी तथा सभी भाजपायी सदस्यों के साथ मिठाइयाँ भी बाँटी।

डॉ० राहुल राज ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संसद के विशेष सत्र में महिला विधेयक को मंजूरी दी। इस फैसले से यहाँ की महिलाओं में अत्यंत खुशी का माहौल कायम हैं तथा महिलाओं ने भी सरकार का आभार जताया है। साथ ही कहा कि निश्चित तौर पर इससे महिलाओं की राजनीति समेत सभी क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि सरकार ने महिला उत्थान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महिलाओं के हित में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पंचायत में 33 प्रतिशत आरक्षण मिल गया था, लेकिन महिला आरक्षण विधेयक लटका था। विधेयक के आने के बाद साधारण महिलाओं को भी राजनीति में आने का मौका मिलेगा। महिला सशक्तीकरण की दिशा में केंद्र सरकार की ओर से उठाया गया कदम प्रशंसनीय है। निश्चित तौर पर इससे महिलाओं को हर क्षेत्र में सहभागिता के अवसर भी मिलेंगे। यह विधेयक नारी सशक्तिकरण की दिशा में विश्व के इतिहास में एक बड़ा कदम है। अब इस विधेयक के पास होने के बाद महिलाएं लोकसभा एवं देश के विधानसभाओं में विधायिका व कार्यपालिका के क्षेत्र में भी अपनी सशक्त और प्रबल भूमिका निभाते हुए देश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने में मुख्य रूप से सहयोग करेंगी।

कार्यक्रम महिला मोर्चा की अध्यक्ष राजकुमारी देवी के नेतृत्व में शेखपुरा देवी स्थान पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर अमित कु० सिंह, आकाश कु० सिंह, संजय वारसी, दीपक कु०, मुन्ना राम, पुलिस महतो और सैकड़ो महिलायें मौजूद रहीं।।

भदेया छठ के तीसरे दिन व्रतियों ने डुबते सूर्य को दिया अर्घ्य, शुक्रवार को चौथे दिन उदयीमान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ व्रत होगा संपन्न 

Chhapra: : चार दिवसीय अनुष्ठान भदेया छठ महापर्व के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को छठ व्रतियो ने डुबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। शुक्रवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य दे छठ व्रती पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन करेंगे।

जिले के इसुआपुर, मशरक, बनियापुर, मढ़ौरा सहित कई पोखड़ एवं तालाब में बने छठ घाटों पर छठ व्रतियों ने अर्घ्य दिया। चार दिवसीय अनुष्ठान लोक आस्था का महापर्व भदेया छठ पर्व मंगलवार को नहाए खाए के साथ शुभारंभ हुआ। बुधवार को छठ व्रतियों ने खरना किया। बृहस्पतिवार को डुबते हुए सूर्य को छठ व्रती पहला अर्घ्य दिया है, तथा शुक्रवार क उदीयमान भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही छठ व्रती पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान छठ व्रत का समापन कर लोगो को प्रसाद खिलायेंगे।

भदेया छठ महापर्व को ले जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्र के बाजार में काफी चहल पहल दिख रही है। बृहस्पतिवार को भी छठ व्रती बाजार से ईख व फल तथा छठ व्रत की सामग्री खरीदारी कर घर ले जा रहे है।

भदेया छठ पर्व को लेकर बाजार सहित गांवों में भक्ति का माहौल बना हुआ है। इसुआपुर, मढ़ौरा, बनियापुर, गौरा, नगरा, मशरक, डुमरसन, धर्मासती बाजार, बहरौली, गोढना आदि हाट-बाजारों पर छठ सामग्री की खरीदारी कर घर ले जा रहे थे। छठगीत के बजाए जाने से पुरा इलाका छठमय हो गया है। छठ पर्व को लेकर बृहस्पतिवार को भी बाजारों में चहलकदमी देखा गया। ईख, अलपान, सेव, नारियल, मूली, आदि समानों की विक्री बढ़ गई थी।