Breaking News

RDS Public School में विज्ञान प्रदर्शनी और पर्यावरण संरक्षण पर भव्य आयोजन

2 Min Read

Chhapra: RDS Public School में गुरुवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रदर्शनी में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक मुक्त अभियान, जैविक खेती, ग्लोबल वार्मिंग, जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक एवं उपयोगी विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जगदम महाविद्यालय के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ अनमोल ठाकुर ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली को समझा और उनकी वैज्ञानिक समझ की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य समाज और पर्यावरण की समस्याओं का समाधान खोजना है। उन्होंने छात्रों को निरंतर जिज्ञासु बने रहने और प्रयोगधर्मिता को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के निदेशक जगदीश सिंह ने भी छात्रों की सृजनात्मक क्षमता और नवाचार की भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों को भी बच्चों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। छात्रों की सक्रिय भागीदारी और उनके आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतीकरण ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को प्रभावित किया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें