वाराणसी, 15 नवंबर 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में संविदात्मक मोबाइल-यूटीएस सहायक (स्टेशन टिकट/यूटिलिटी सेवा सहायक) सेवा को नियमित आधार पर लागू कर दिया है।
नवीनतम रेलवे बोर्ड नीति के तहत यह सुविधा नियमित रूप से शुरू करने वाला वाराणसी मंडल भारतीय रेलवे का पहला मंडल बन गया है।
इससे पहले यह पायलट प्रोजेक्ट चेन्नई, बेंगलुरु, मुंबई, हावड़ा और नई दिल्ली सहित कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही चलाया गया था। अब वाराणसी मंडल ने इसे नियमित यात्री सुविधा के रूप में लागू कर अग्रणी भूमिका निभाई है।
तीन वर्ष की संविदा के तहत मंडल के पांच महत्वपूर्ण स्टेशनों पर कुल आठ मोबाइल काउंटर चालू किए गए हैं छपरा जंक्शन (2), बलिया (2), बनारस (2), सीवान जंक्शन (1) और मऊ जंक्शन (1)।
सेवा के लाभ
-बुकिंग काउंटरों पर कतारें और प्रतीक्षा समय घटेगा
-स्टेशन परिसर में टिकटिंग सेवाओं तक आसान पहुंच
-पीक आवर्स में अनारक्षित टिकट सुविधा सुलभ
-वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म से अपरिचित यात्रियों को राहत
-बेहतर भीड़ प्रबंधन
यह प्रयास यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और रेल यात्रा को अधिक सुलभ-सुविधाजनक बनाने की मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



















