⚡
Breaking News

सारण के युवा कबड्डी खिलाड़ी शुभम का जूनियर इंडिया कैंप में चयन

6 Min Read

Chhapra: पिता का साया सिर से उठ गया, परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं थी। मां फैक्ट्री में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करती रहीं और बेटा गांव के मैदान में अपने सपनों को आकार देता रहा। संघर्षों के बीच पले-बढ़े सारण जिले के दरियापुर प्रखंड स्थित दरिहारा गांव के शुभम ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिससे पूरा गांव गौरवान्वित है। शुभम का चयन जूनियर इंडिया कैंप के लिए हुआ है। अब वह नेपाल में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय फोर नेशंस कबड्डी प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम की तैयारी में शामिल होगा।

SHAILFORD
विज्ञापन

शुभम की यह उपलब्धि महज एक खिलाड़ी के चयन की कहानी नहीं है। इसके पीछे मां का त्याग, बेटे का संघर्ष, कोच का मार्गदर्शन और गांव के लोगों की उम्मीदें जुड़ी हैं।

j alankar
विज्ञापन

मां की मेहनत बनी बेटे की ताकत

शुभम के पिता का साथ बचपन से ही नहीं रहा। परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मां ने हार नहीं मानी। वह फैक्ट्री में नौकरी कर परिवार का खर्च चलाती रहीं। दूसरी ओर शुभम ने खेल को अपना लक्ष्य बनाया। मां के संघर्ष को उसने अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाया और लगातार अभ्यास में जुटा रहा।

DOON
विज्ञापन

गांव के मैदान से भारतीय खेल प्राधिकरण तक का सफर

शुभम ने कबड्डी का सफर अपने गांव के मां दुर्गा कबड्डी क्लब, दरिहारा से शुरू किया। सीमित संसाधनों और खेल सुविधाओं की कमी के बावजूद उसने अभ्यास जारी रखा। इस दौरान कोच एवं मार्गदर्शक हिमांशु सिंह ने उसकी प्रतिभा को पहचाना और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

इसके बाद शुभम ने एफआरआर बिहार एकलव्य में प्रशिक्षण प्राप्त किया। अपने प्रदर्शन के दम पर उसने आगे का सफर तय किया और वर्तमान में जयपुर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है।

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

जूनियर इंडिया कैंप में चयन, नेपाल में होगी अगली परीक्षा

शुभम का चयन जूनियर इंडिया कैंप के लिए हुआ है। यह शिविर आगामी फोर नेशंस कबड्डी प्रतियोगिता के मद्देनजर आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता 21 से 23 नवंबर 2026 तक नेपाल में प्रस्तावित है। भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में जगह बनाना शुभम के खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उसका चयन न केवल परिवार, बल्कि सारण जिले और बिहार के कबड्डी जगत के लिए भी खुशी का अवसर है।

कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई

बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय ने शुभम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। शुभम इसका उदाहरण है। उसका चयन दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभम को शुभकामनाएं दीं।

सारण जिला कबड्डी संघ के सचिव एवं बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव पंकज कश्यप ने कहा कि शुभम का चयन पूरे सारण जिले के लिए गौरव की बात है। उसने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उम्मीद है कि वह आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेगा।

मां दुर्गा कबड्डी क्लब के सचिव नितेश कुमार ने कहा कि शुभम उनके क्लब का गौरव है। उसे गांव के मैदान पर अभ्यास करते हुए देखा है। आज उसे जूनियर इंडिया कैंप तक पहुंचते देखना गर्व और भावुकता का क्षण है। उसकी सफलता क्लब के अन्य खिलाड़ियों को भी मेहनत करने की प्रेरणा देगी।

क्लब के अध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि शुभम की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे गांव की जीत है। क्लब का प्रयास रहेगा कि गांव के दूसरे बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले।

कोच ने कहा- शुरू से ही रहा है अनुशासित

शुभम के कोच एवं मार्गदर्शक हिमांशु सिंह ने कहा कि शुभम ने शुरुआत से ही मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण दिखाया है। कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानना उसकी सबसे बड़ी खूबी है। उसे आगे बढ़ते देखना गर्व की बात है। उन्हें उम्मीद है कि शुभम आने वाले समय में देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करेगा।

गांव के युवाओं के लिए बना प्रेरणा

शुभम के चयन की खबर मिलते ही मां दुर्गा कबड्डी क्लब, दरिहारा के खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्लब के खिलाड़ियों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव के युवाओं के बीच भी उसकी उपलब्धि चर्चा का विषय बनी हुई है।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
विज्ञापन
Share This Article
Follow:
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।भौगोलिक संदर्भ
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें ✕