Chhapra: लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत और अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का वातावरण है।
पर्व के पहले दिन व्रती गंगा सहित विभिन्न नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान कर भगवान सूर्य को नमन करेंगी। इसके बाद घरों में विधि-विधान से अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया जाएगा।
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
पर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। वहीं, चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, पवित्रता, प्रकृति और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। इस अवसर पर घरों से लेकर घाटों तक साफ-सफाई और तैयारियों का विशेष महत्व होता है।
लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पूरा वातावरण छठमय हो उठता है।



















