⚡
Breaking News

नाना पाटेकर के निधन से फिल्म और राजनीति जगत स्तब्ध, प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, शोक संदेशों का तांता

8 Min Read

नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मशहूर भारतीय अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म और राजनीति जगत स्तब्ध है। अभिनेताओं, प्रशंसकों और राजनीतिक नेताओं ने उन्हें भारतीय सिनेमा का अद्वितीय, बेबाक और संवेदनशील चेहरा बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

SHAILFORD
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ” श्री नाना पाटेकर जी जैसी तीव्रता, अनोखापन और दमदार मौजूदगी बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलती है। उन्होंने हर किरदार में अद्भुत विविधता और रचनात्मकता का परिचय दिया और हमें ऐसे पात्र दिए जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उन्हें उनके बेबाक और स्पष्ट विचारों के लिए भी सराहा जाता था; वे अपनी बात कहने में कभी नहीं हिचकिचाते थे। हिंदी और मराठी सिनेमा में श्री नाना पाटेकर का योगदान बहुत बड़ा था। उनके निधन से एक बड़ी कमी महसूस हो रही है। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

अभिनेता रितेश देशमुख ने एक्स पर लिखा, ” मैं स्तब्ध हूं। ऐसा लग रहा है जैसे किसी ट्रक ने मुझे टक्कर मार दी हो। नाना पाटेकर जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। वे एक बेजोड़ और अद्वितीय अभिनेता थे, जिनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती।”

DOON
विज्ञापन

रितेश ने कहा कि नाना ने अपने खास अंदाज और अभिनय की विशिष्ट शैली से लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई। ऐसा कोई किरदार नहीं, जिसे वे निभा न सकते हों। उन्होंने हर भूमिका में खुद को साबित किया। वे सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी एक नायक रहे। अपने सामाजिक और परोपकारी कार्यों के जरिए उन्होंने हमेशा लोगों की मदद के लिए निरंतर काम किया। उन्होंने कहा कि वास्तव में, यह एक युग का अंत है।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

केंद्रीयमंत्री नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ”भारतीय फिल्म जगत के वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत चौंकाने वाला और हृदयविदारक है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। नाना और मेरे बीच बेहद घनिष्ठ और आत्मीय संबंध थे। मराठी और हिंदी सिनेमा के माध्यम से उन्होंने पांच दशकों से भी अधिक समय तक अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। संवाद अदायगी की अपनी विशिष्ट शैली के जरिए उन्होंने कई किरदारों को अमर बना दिया और फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका जाना भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है।”

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और जलग्रहण विकास के क्षेत्र में उन्होंने जो कार्य किया, वह बेहद महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय है। किसान आत्महत्या से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए उन्होंने जो मदद का हाथ बढ़ाया। वह अनेक जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बना। नाना केवल एक उत्कृष्ट कलाकार और अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व भी थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि मराठी और हिंदी फिल्म उद्योग में अपने अभिनय से अमिट छाप छोड़ने वाले कलाकार के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने रंगमंच, सिनेमा और सामाजिक कार्यों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। उनके जाने से भारतीय फिल्म जगत ने एक संवेदनशील, करारी, प्रतिभाशाली और अस्सल कलावंत खो दिया है। आशीष शेलार ने उन्हें गिरणगांव की मिट्टी से निकला एक सच्चा मराठी कलाकार बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रशंसकों ने उनकी फिल्मों के संवाद, तस्वीरें और वीडियो को सोशल मीडिया में साझा कर उन्हें याद किया। कई लोगों ने लिखा कि नाना पाटेकर सिर्फ अभिनेता नहीं बल्कि एक ऐसी आवाज थे, जिसने आम आदमी की भावनाओं को पर्दे पर जीवंत किया। उनके बेबाक अंदाज, दमदार संवाद अदायगी और सशक्त अभिनय को याद करते हुए हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन को कला जगत की अपूरणीय क्षति बताया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नाना पाटेकर के अभिनय और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मशहूर अभिनेता, सशक्त थियेटर कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी पद्म श्री नाना पाटेकर का निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अपनी बेहतरीन अदाकारी से उन्होंने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। भगवान श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन की दुखद खबर सुनकर गहरा सदमा लगा और दिल टूट गया। भारतीय सिनेमा ने अपनी सबसे दमदार, सच्ची और बेमिसाल आवाजों में से एक को खो दिया है। नाना ने सिर्फ किरदार नहीं निभाए, बल्कि उन्होंने हर भूमिका में बेबाक और असली सच्चाई को जीवंत कर दिया। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’ और ‘प्रहार’ की जबरदस्त ऊर्जा से लेकर ‘अब तक छप्पन’ की गहरी तीव्रता तक, उनकी कला ने एक ऐसा मानक स्थापित किया, जिसके करीब पहुंचने की उम्मीद भी बहुत कम लोग कर सकते हैं।

अधिकारी ने कहा कि सिनेमाई दुनिया से परे, उनका सादापन, गहरा विनम्र स्वभाव और सामाजिक कार्यों व ग्रामीण समुदायों के प्रति निस्वार्थ समर्पण उनके महान व्यक्तित्व को दर्शाता है। ईश्वर नाना पाटेकर जी की आत्मा को शांति दे। आपकी आवाज, आपका जोशीला अंदाज और आपकी शानदार विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और दुनिया भर में मौजूद लाखों प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ में कहा कि प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवाद से भारतीय सिनेमा में एक विशिष्ट पहचान बनाई। विभिन्न भूमिकाओं में उनके जीवंत अभिनय ने हिंदी सिनेमा को समृद्ध किया। उनका निधन फिल्म व कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
विज्ञापन
Share This Article
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें ✕