Chhapra: भारत स्काउट और गाइड, जिला संघ सारण के अंतर्गत तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
जिला मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट और गाइड, सारण द्वारा पत्र निर्गत कर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्य/प्राचार्या, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टेन तथा संबंधित स्काउट-गाइड को आवेदन के संबंध में सूचना दी गई है। वैसे स्काउट एवं गाइड जिन्होंने द्वितीय सोपान पूर्ण कर लिया है तथा उनका द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुए छह माह की निर्धारित अवधि पूरी हो चुकी है, वे कार्यदिवस में जिला कार्यालय, शिक्षा भवन परिसर, जिला स्कूल, छपरा में निर्धारित अवधि के दौरान अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने बताया कि स्काउटिंग में प्रवेश के साथ शुरू होने वाली यात्रा प्रथम एवं द्वितीय सोपान के बाद तृतीय सोपान तक पहुंचती है, जिसके लिए निर्धारित छह माह की प्रशिक्षण अवधि पूर्ण करना महत्वपूर्ण है; इसके पश्चात स्काउट-गाइड राज्य पुरस्कार और फिर राष्ट्रपति पुरस्कार की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
तृतीय सोपान जिला स्तर का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जबकि राज्य पुरस्कार राज्य स्तर तथा राष्ट्रपति पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि है। उन्होंने सभी पात्र स्काउट-गाइड से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने तथा विद्यालय स्तर से ही आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने की अपील की।

















