Chhapra/Patna: बिहार के शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं और सेवा-सुविधाओं के समाधान को लेकर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी, शिक्षाविद् एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राहुल राज ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की प्रोन्नति, वित्तीय उन्नयन, B.P.Ed शिक्षकों को समान अवसर और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की और विभाग को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों की लंबित प्रोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
बैठक के दौरान डॉ. राहुल राज ने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों तथा पुस्तकालयाध्यक्षों की वर्षों से लंबित प्रोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने निर्धारित नियमों के तहत शिक्षकों को समयबद्ध प्रोन्नति देने के साथ-साथ वित्तीय उन्नयन का लाभ प्रदान करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि योग्य एवं वरीय माध्यमिक शिक्षकों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रोन्नति का अवसर मिलना चाहिए। इसके अलावा कक्षा 11 से 12 के पदों पर प्रोन्नति की लंबित प्रक्रिया में भी तेजी लाने का आग्रह किया गया।
B.P.Ed शिक्षकों को भी मिले प्रोन्नति का समान अवसर
डॉ. राहुल राज ने प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षकों (B.P.Ed) के लिए भी अन्य विषयगत शिक्षकों की तरह प्रोन्नति के समान अवसर की मांग रखी। उन्होंने B.P.Ed योग्यताधारी शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर नियुक्ति के लिए पात्र बनाने का भी आग्रह किया।
इस दौरान उन्होंने उच्च न्यायालय के CWJC No. 1820/2018 के निर्णय, NCTE की 12 नवंबर 2014 की अधिसूचना तथा बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023 के प्रावधानों का हवाला दिया।
डॉ. राहुल राज ने B.P.Ed को B.Ed के समतुल्य मानते हुए शिक्षकों को समान अवसर देने की मांग की। उन्होंने विभागीय आदेश दिनांक 12.02.2026 में आवश्यक संशोधन कर B.P.Ed योग्यताधारी शिक्षकों को भी प्रभारी प्रधानाध्यापक पद के लिए पात्र बनाने का आग्रह किया।
शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग
शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए पुलिस बल एवं अन्य राज्यकर्मियों की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से रखी गई।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि आकस्मिक बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से शिक्षकों और उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक एवं मानसिक राहत मिलेगी। उन्होंने इसे शिक्षकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।
“प्रोन्नति और स्वास्थ्य सुरक्षा शिक्षकों का अधिकार”
डॉ. राहुल राज ने कहा कि प्रोन्नति, वित्तीय उन्नयन, समान अवसर और स्वास्थ्य सुरक्षा शिक्षकों का अधिकार है। इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान न केवल शिक्षकों के हित में है, बल्कि इससे बिहार की शिक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए।
शिक्षा विभाग ने दिया सकारात्मक आश्वासन
अपर मुख्य सचिव ने डॉ. राहुल राज द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर संवाद और प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों और उनके अधिकारों को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।



















