Chhapra: देश के वीर सपूत, सारण के लाल वीर चक्र से सम्मानित सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सब इंस्पेक्टर स्वर्गीय मोहम्मद इम्तियाज के प्रथम शहादत दिवस पर रविवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर छपरा स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में सीमा सुरक्षा बल और सारण जिला प्रशासन द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री जमा खान, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, गरखा विधायक सुरेन्द्र राम, सीमा सुरक्षा बल के आईजी मधुकर, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, कमांडेंट बीएसएफ सुनील कुमार, कमांडेंट आईटीबीपी पीयूष पुष्कर, डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ अनिल कुमार झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बीएसएफ एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान वीर चक्र से सम्मानित सब इंस्पेक्टर स्वर्गीय मोहम्मद इम्तियाज के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी को शॉल एवं मेमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जमा खान ने कहा कि शहीद मोहम्मद इम्तियाज ने सारण ही नहीं बल्कि पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने शहीद के सम्मान में सभी आवश्यक कार्य किए हैं और आगे भी उनके परिवार के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।
वहीं सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों ने अदम्य वीरता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर स्वर्गीय मोहम्मद इम्तियाज ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
सीमा सुरक्षा बल के पुलिस महानिरीक्षक मधुकर ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 9 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से अचानक भारी गोलाबारी की गई। इसका बहादुरी से जवाब देते हुए शहीद मोहम्मद इम्तियाज और उनके जवानों ने पाकिस्तान के 18 आतंकी लॉन्च पैड को तबाह कर दिया। साथ ही ड्रोन के जरिए किए जा रहे हमलों को भी नाकाम किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पाकिस्तान की ओर से दागा गया 82 एमएम मोर्टार पोस्ट पर आकर गिरा, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो आर्मी के जवान भी शामिल थे। गंभीर रूप से घायल BSF के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज ने इलाज के दौरान 10 मई 2025 को देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि मोहम्मद इम्तियाज की बहादुरी, देश भक्ति की भावना और सर्वोच्च बलिदान सभी के लिए प्रेरणा श्रोत है।
गौरतलब है कि सीमा सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर स्वर्गीय मोहम्मद इम्तियाज ने वर्ष 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सैन्य बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उनके साहस और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।


















