Chhapra: छपरा शहर के प्रतिष्ठित दून सेन्ट्रल स्कूल ने एक बार पुनः अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है।
विद्यालय के दो मेधावी छात्रों ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल की कक्षा VI (सत्र 2026–27) की प्रवेश परीक्षा में सफलता अर्जित कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
प्रकाशित परीक्षा परिणाम के अनुसार सफल छात्रों में अंश कुमार (रोल नंबर 541414) एवं आदित्य आनंद (रोल नंबर 542454) शामिल हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन, अनुभवी शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन तथा विद्यालय की सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था का प्रतिफल है।
सफल छात्रों को स्थानीय रामकृष्ण मिशन आश्रम में पूज्य स्वामी अतिदेवानन्द जी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वामी जी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दून सेन्ट्रल स्कूल गुणवत्ता आधारित शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के बल पर छपरा में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार मिश्रा, प्राचार्य श्रीकांत सिंह, प्रबंधक जय प्रकाश सिंह सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।







