पटना, 12 जून (हि.स.)। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण बिहार के पांच ट्रेनों के परिचालन में बदलाव कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे पर यात्रा समाप्त करने एवं खुलने वाली कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ तथा रद्द किया गया है।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि 11 एवं 12 जून को मुजफ्फरपुर से खुल कर पोरबंदर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस का आंशिक समापन विरमगाम जंक्शन पर किया जाएगा।

13 जून को मुजफ्फरपुर से खुल कर पोरबंदर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस का आंशिक समापन राजकोट में समाप्त किया जाना है। 12 जून को गुवाहाटी से खुल कर ओखा जाने वाली गाड़ी संख्या- 15636 गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस का आंशिक समापन अहमदाबाद में किया जाएगा।

15 जून को पोरबंदर से खुल कर मुजफ्फरपुर जाने वाली गाड़ी संख्या- 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का परिचालन रद्द रहेगा। 16 जून को ओखा से खुलने वाली गाड़ी संख्या- 15635 ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ अहमदाबाद से किया जाएगा।

पटना, 12 जून (हि.स.)। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधानपार्षद नीरज कुमार और विधायक राजीव कुमार सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की डिग्री पर गंभीर सवाल उठाया है।

सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की डी लिट की डिग्री को संदेहास्पद बताया और कहा कि जिस कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी के नाम का इस्तेमाल सम्राट चौधरी ने अपनी चुनावी शपथ पत्र में किया है उस विश्वविद्यालय का नाम संदेह के घेरे में है।

मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि साल 2005 में उनका नाम राकेश कुमार के तौर पर दर्ज है, साल 2010 में उनका नाम राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी के तौर पर दर्ज है। वहीं साल 2020 में उनका नाम सम्राट चौधरी के तौर पर दर्ज है। नीरज कुमार ने कहा कि आखिर किस नाम से सम्राट चौधरी ने ‘डी लिट’ की डिग्री हासिल की है इस बारे में उन्हें सारे तथ्य सामने लाने चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोग आज जानना चाहते हैं कि आखिर उन्होंने किस नाम से ‘डी लिट’ की डिग्री उस यूनिवर्सिटी से हासिल की है। चुनावी एफिडेविट में डिग्री का, रजिस्ट्रेशन नंबर का उल्लेख नहीं करना संदेह उत्पन्न करता है। सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी का नाम अमेरिका के यूनिवर्सिटी के नाम में शामिल नहीं है। जिससे उनकी डिग्री पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

नीरज कुमार ने कहा कि जद(यू) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को इस मामले में सारे तथ्यों के जवाब के लिए 72 घंटों का समय देती है और आशा करती है इस समय अवधि में वो सारे सवालों का विस्तार पूर्वक जवाब देंगे। उन्होंने कहा सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल उनकी राजनीतिक साख से जुड़ा है और राजनीति में साख का होना बेहद जरुरी होता है तभी जनता नेताओं के बातों से सहमत होती है। उन्हें इस मामले में खुलकर सामने आना चाहिए और अपनी डिग्री के बारे में तमाम तरह की जानकारियां उपलब्ध करानी चाहिए।

पटना, 12 जून (हि.स.)। बिहार में मानसून का आगमन 12 जून यानि सोमवार को हो गया है।इससे संबंधित प्रेस विज्ञप्ति पटना के मौसम विज्ञान केन्द्र ने आज जारी की है। केन्द्र के अनुसार इस साल बिहार में मानसून अपने निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व यानि 12 जून को पहुंचा है।

इससे पहले बिहार में मानसून 13 जून को पहुंचता रहा है। ऐसा 17 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2006 में समय से पहले मानसून की एंट्री हुई थी। सोमवार सुबह बिहार के किशनगंज जिले में जमकर मानसून की बारिश हुई। वहीं, रविवार देर शाम को पटना, जमुई समेत कुछ जगहों पर बारिश हुई थी। इससे उमस बढ़ गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार मानसून का प्रभाव राज्य के फारबिसगंज (अररिया) पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार तक देखा जा सकता है। इन जिलों में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। पूर्णिया में 105.2 एमएम, बलरामपुर (कटिहार) में 57.2 एमएम, सिकटी (अररिया) में 56.4 एमएम, सोनहौला (भागलपुर) में 50.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बिहार के लोगों को अब जल्द ही आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार अनुसार पटना में भी अलगे एक-दो दिन में मानसून की बारिश होने की संभावना है। प्रचंड तापमान के बीच नमी के हो रहे प्रसार की वजह से राज्य के पूर्वी भाग में थंडर स्टॉर्म गतिविधियां अगले दो दिनों में तेज होंगी। केरल के तट पर लगभग एक हफ्ते मानसून ने देर से दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 13 से 14 जून के बीच राज्य में मानसून की एंट्री की संभावना जताई गई थी लेकिन समय से पहले ही एंट्री हो गई।

पटना और गया में 15 जून तक मानसून देगी दस्तक

पटना-गया जिले में 15 जून और छपरा में 18 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। अगर मानसून अभी की रफ्तार से आगे बढ़ता है तो 20 जून तक पूरे राज्य में इसका असर देखने को मिल सकता है।

Chhapra: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फोर लेन पर वॉटर पार्क के पास एक व्यक्ति को बाइक सवार अज्ञात युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। इस घटना में सोहन प्रसाद के पुत्र संजीव कुमार घायल हैं। इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में इलाजरत संजीव कुमार ने बताया कि वे वॉटर पार्क में गए थे, जहां से वापस आते क्रम में यादव ढाबा के आसपास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेरकर फायरिंग कर दिया। जिससे गोली उनके दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई और वे बाल बाल बच गए।

घायलावस्था में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

Chhapra:  भू अर्जन योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में जिले के अंदर चल रहे सभी बड़ी परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा जिला पदाधिकारी के द्वारा की गई।

बड़ी परियोजनाओं के अंतर्गत छपरा शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर, हाजीपुर छपरा राष्ट्रीय उच्च पथ, गरखा, परसा, अमनौर बाईपास निर्माण कार्य, शेरपुरा दिघवारा बाईपास के साथ अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल थे।

जिला पदाधिकारी ने सभी बड़ी परियोजना के लिए लंबित भू अर्जन के मामलों को कैंप लगाकर त्वरित गति से निष्पादित करने का निर्देश जिला भू अर्जन पदाधिकारी को दिया। जिन परियोजनाओं में अतिक्रमण बाधक बन रहा है, उसे तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी के द्वारा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी गणों को दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं में भू अर्जन की समस्या बाधक नहीं बननी चाहिए। ताकि परियोजनाएं लक्षित समय पर पूर्ण हो सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त सारण प्रियंका रानी,अपर समाहर्ता डॉ गगन, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी संबंधित परियोजनाओं के अभियंता गण एवं संबंधित कर्मी  एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला के सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

‘बाहुबली’ अभिनेता प्रभास और अभिनेत्री कृति सेनॉन अभिनीत ‘आदिपुरुष’ के दो ट्रेलर जारी किए गए हैं। इन दोनों ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अब देखा जा रहा है कि इस फिल्म की एडवांस बुकिंग जोरों पर चल रही है।

डायरेक्टर ओम राउत की अपकमिंग फिल्म कृति सेनॉन के 18 हजार टिकटों की बुकिंग रविवार को हो चुकी है। टिकटों की यह संख्या आईनॉक्स और सिनेपोलिस की है। मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीवीआर के 8000 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। जबकि आईनॉक्स के लिए 6100 और सिनेपोलिस के लिए 3500 टिकटों की बिक्री हुई है।

इस फिल्म के लिए कई कलाकारों ने पहल भी की है। उन्होंने कितने टिकट खरीदे हैं, इसका खुलासा नहीं किया गया है। बताया गया कि द कश्मीर फाइल्स के निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने ‘आदिपुरुष’ के लिए 10 हजार टिकट खरीदे हैं। उसके बाद अभिनेता रणबीर कपूर ने भी 10 हजार टिकटें खरीदीं। अन्य कलाकार भी शामिल बताए जा रहे हैं।

ओम राउत द्वारा निर्देशित, ‘आदिपुरुष’ रामायण का एक आधुनिक संस्करण होने जा रहा है। फिल्म ‘आदिपुरुष’ का बजट करीब 500 करोड़ रुपये है। फिल्म पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी। ‘आदिपुरुष’ 16 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

साल 2011 में आई धर्मेन्द्र और बॉबी देओल की फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ के गाने ‘टिंकू जिया’ ने धमाल मचा दिया था। अब इसी सुपर हिट गाने को भोजपुरी में रीक्रियेट किया गया है, जो अब वायरल हो रहा है। इस गाने को भोजपुरी में युवा सुपर स्टार अंकुश राजा और स्नेह उपाध्याय ने अपनी खूबसूरत आवाज दी। इनकी आवाज और ऑन स्क्रीन केमेस्ट्री ने धमाल मचा दिया है। गाने का भोजपुरी वर्जन भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

गाना ‘टिंकू जिया’ को लेकर अंकुश राजा ने कहा कि एक सुपर हिट गाने को रीक्रीएट करना आसान नहीं होता है। फिर भी हमने एक कोशिश की है कि यह गाना सबों को पसंद आए। यह गाना मशहूर म्यूजिक चैनल टी सीरीज हमार भोजपुरी से रिलीज हुआ है। उन्होंने कहा कि कभी सोचा नहीं था कि जिस गाने को बड़े चाव से एक श्रोता की तरह सुना करते थे, उसको रीक्रीएट करने का अवसर मिला। टी सीरीज हमार भोजपुरी का इसके लिए आभार।

गाना ‘टिंकू जिया’ के ओरिजनल ट्रैक को ममता शर्मा और जावेद अली ने गाया है। लिरिक्स और म्यूजिक अन्नू मालिक का है। गाने के म्यूजिक वीडियो में भी अंकुश राजा और स्नेह उपाध्याय की जोड़ी धमाल मचा रही है। गाने का लिरिक्स बिट्टू विद्यार्थी और म्यूजिक शिशिर पांडेय का है। निर्देशक बिभानशु तिवारी हैं।

रांची, 12 जून (हि.स.)। पटना से रांची के लिए चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार सुबह रवाना हुई और करीब 12.48 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। हालांकि ट्रेन में यात्री सवार नहीं थे, यह केवल ट्रायल रन था। यह ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:55 बजे के करीब खुली थी। पटना से रांची के बीच छह स्टेशनों पर इसका ठहराव हुआ। जहानाबाद, गया, कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग, मेसरा में इस ट्रेन का ठहराव दिया गया था।

हालांकि, शुरुआत में गया और बरकाकाना जंक्शन पर ही केवल ठहराव का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन शेष चार स्टेशनों पर भी इसका ठहराव कुछ देर के लिए हुआ।

रेलवे की ओर से जारी ट्रायल के समय सारणी के मुताबिक पटना जंक्शन से यह सुबह 6.55 खुलकर 8.20 बजे गया पहुंची। गया में इसका दस मिनट के करीब ठहराव हुआ। सुबह 8.30 बजे गया से खुलकर यह ट्रेन दोपहर 11.30 बजे तक बरकाकाना पहुंची। रांची में यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर पहुंची। रांची से पटना जाने के क्रम में यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर रांची से खुलेगी। रात आठ बजकर 25 मिनट पर पटना पहुंचेगी।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया था कि वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल की तारीख तय कर दी गयी है। 12 जून को ट्रेन पटना जंक्शन से रवाना होगी। ट्रायल सफल होने के बाद इसे यात्रियों के लिए भी शुरू कर दी जायेगी।

इसके पूर्व वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हजारीबाग टाउन स्टेशन पर सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर पहुंची। ट्रेन पहुंचने के साथ ही भारत माता की जय और नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारे से रेलवे स्टेशन गूंज उठा। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन आगे के लिए निकल गयी। लेकिन वंदे भारत के प्रति हजारीबाग के लोगों की दीवानगी देखते ही बनी। इस दौरान कोई सेल्फी ले रहा था, तो कोई ट्रेन को चूम रहा था। महिला, पुरुष और बच्चे समाज के हर तबके ने वंदे भारत ट्रेन का दिल खोलकर स्वागत किया। आम जनता से लेकर राजनेता, समाजसेवी सभी में खासा उत्साह दिखा।

मोदी सरकार ने वादा पूरा किया : यदुनाथ पांडेय

हजारीबाग की पूर्व सांसद नाथ पांडेय ने कहा कि यह भाजपा और केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि वंदे भारत ट्रेन हजारीबाग से होते हुए गुजर रही है। आम जनता में काफी उत्साह भी है। सरकार ने जो वादा किया था, वह अब पूरा किया। वहीं उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि 2024 समाप्त होते-होते दिल्ली और कोलकाता से भी हजारीबाग से होते हुए ट्रेन गुजरेगी और आम जनता को इसका लाभ मिलेगा।

पटना से रांची तक का सफर करीब छह घंटे में होगा पूरा

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से पटना और रांची के बीच सफर का समय कम हो जायेगा। अब कम समय में पटना से रांची तक की यात्रा की जा सकती है। वंदे भारत ट्रेन से इस दूरी को तय करने में सिर्फ छह घंटे पांच मिनट का समय लगेगा। अभी इन दोनों स्टेशनों के बीच सफर के समय की बात करें, तो अभी इस दूरी को तय करने में नौ घंटे का वक्त लगता है। इस वक्त पटना से रांची के बीच सफर में जन शताब्दी एक्सप्रेस से सबसे कम समय लगता है। इस ट्रेन से सात घंटे लगते हैं।

वंदे भारत ट्रेन में होंगी आठ बोगियां

पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में आठ बोगियां होंगी। सभी बोगियों में एसी चेयरकार की सुविधा है। हर कोच चार आपातकालीन पुश बटन के साथ जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली से युक्त होगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के झारखंड बंद को देखते हुए रेलवे ने पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन को रि-शेड्यूल किया है। पहले ट्रायल 11 जून को होना था। लेकिन बंद को देखते हुए 12 जून किया गया।

New Delhi: यूपीएससी ने लोकसेवा परीक्षा 2023 प्रारंभिक के परिणाम घोषित कर दिए हैं। आयोग ने कुल 14,624 उम्‍मीदवारों की अनुशंसा की है। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देखे जा सकते हैं।

आज का पंचांग
दिनाँक: 12/06/2023 सोमवार
आषाढ़ कृष्णपक्ष नवमी
सुबह 10:34 उपरांत दशमी
नक्षत्र : उतरभाद्रपद
दोपहर 01:49 उपरांत रेवती
चन्द्र राशि: मीन
विक्रम संवत :2080
सूर्योदय :04:58 सुबह,
सूर्यास्त :06:41संध्या
चंद्रोदय : 01:22 सुबह
(13 जून 23 )
चंद्रास्त : 01:14 दोपहर
लगन : वृषभ 05:15सुबह
उपरांत मिथुन लगन
चौघडिया,
दिन चौघड़िया:
अमृत :04:58 सुबह06:41 सुबह
काल : 06:41सुबह 08:24 सुबह,
शुभ :08:24 सुबह 10:06 सुबह
रोग :10:06 सुबह11:49 सुबह
उद्देग:11:49सुबह01:32 दोपहर
चर :01:32दोपहर03:15 दोपहर
लाभ:03:15दोपहर04:58 संध्या अमृत:04:58 संध्या06:41संध्या
राहुकाल:
सुबह 06 :41 से 08 :24 सुबह
अभिजित मुहूर्त :
सुबह11:22 से 12:17दोपहर तक
दिशाशूल :पूर्व

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
राजमान प्राप्त होगा। नए अनुबंध होंगे। नई योजना बनेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। कार्य में व्यय की अधिकता रहेगी।व्यापारिक खर्चे बढ़ जायेंगे जो आपके लिए चिंता का विषय बन सकते हैं। ऐसे में फिजूल खर्चों से बचें व अपने व्यय पर नियंत्रण रखे। आपको व्यापार में अपने मित्रों से सही तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता है जो आपको उचित मार्गदर्शन देगा।
लकी नंबर
1
लकी कलर
हरा

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
धनार्जन होगा। संतान के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। परिवार के सहयोग से दिन उत्साहपूर्ण व्यतीत होगा। योजनानुसार कार्य करने से लाभ की संभावना है। सहकर्मियों का आपको भरपूर सहयोग मिलेगा जिससे आपको संतुष्टि होगी। निजी क्षेत्र में काम कर रहे लोग अपने लिए कोई नए क्षेत्र की खोज में रहेंगे।
लकी नंबर
8
लकी कलर
श्वेत

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
व्यापार-व्यवसाय सामान्य रहेगा। दूरदर्शिता एवं बुद्धि चातुर्य से कठिनाइयां दूर होंगी। राज्य तथा व्यवसाय में सफलता मिलने के योग हैं। छात्रों के लिए आज का दिन बेहतर रहने वाला है जो लोग उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे है तो आपका विशेष ध्यान अपना करियर बनाने पर होगा ।
लकी नंबर
7
लकी कलर
स्लेटी

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
पूजा-पाठ में मन लगेगा। कोर्ट व कचहरी के काम निबटेंगे। लाभ के अवसर मिलेंगे। प्रसन्नता रहेगी। कुछ मानसिक अंतर्द्वंद्व पैदा होंगे। पारिवारिक उलझनों के कारण मानसिक कष्ट रहेगा। आप अपने पार्टनर के लिए कुछ स्पेशल करने का प्रयास करेंगे जिससे दोनों के बीच संबंधों में और मजबूती आएगी।
लकी नंबर
1
लकी कलर
केसरी

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। कानूनी मामले सुधरेंगे। धन का प्रबंध करने में कठिनाई आ सकती है। आहार की अनियमितता से बचें।यदि परिवार में किसी सदस्य के साथ आपका कोई मतभेद या पुराना विवाद चल रहा हैं तो वह आज के दिन सुलझ जायेगा जिस कारण परिवार में खुशी का माहौल रहेगा।
लकी नंबर
4
लकी कलर
नीला

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
रोजगार मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ेंगे। व्यावसायिक समस्या का हल निकलेगा।विवाह की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को आज के दिन अपने भविष्य को लेकर चिंता रहेगी व जीवन में किसी के आने की आशा बनी रहेगी।

लकी नंबर
9
लकी कलर
पीला

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
ऐश्वर्य पर व्यय होगा। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। विवाद को बढ़ावा न दें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। राजकीय कार्य में परिवर्तन के योग बनेंगे।शारीरिक रूप से आप एक दम स्वस्थ महसूस करेंगे व किसी प्रकार की समस्या नही होगी। लेकिन पहले से ही डॉक्टर के संपर्क में रहे ताकि बाद में कोई बड़ी दुविधा ना हो।
लकी नंबर
5
लकी कलर
गुलाबी

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
यात्रा सफल रहेगी। प्रयास सफल रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। लाभ होगा। व्यापार-व्यवसाय में उन्नति के योग हैं। परिवार में किसी आना जाना हो सकता है। परिवार में कोई आयोजन भी हो सकता हैं जिस कारण सभी का ध्यान उसी में लगा रहेगा।
लकी नंबर
3
लकी कलर
भूरा

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
भागदौड़ रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। अधूरे कामों में गति आएगी। व्यावसायिक गोपनीयता भंग न करें। गीत-संगीत में रुचि बढ़ेगी।नौकरी कर रहे लोगों का अपने कार्य के प्रति सकारात्मक व्यवहार बना रहेगा तथा वे अपने काम से संतुष्ट होंगे। आपके सहकर्मी भी आपके काम से प्रसन्न होंगे।
लकी नंबर
2
लकी कलर
ग्रे

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। पारिवारिक उन्नति होगी।आप मेहनत तो बहुत करेंगे लेकिन इच्छानुसार परिणाम न मिल पाने के कारण मन उदास रहेगा।
लकी नंबर
7
लकी कलर
महरून

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
पुराने मित्र व संबंधियों से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। मान बढ़ेगा। स्वजनों से मेल-मिलाप होगा।आज के दिन व्यापारिक खर्चे बढ़ जायेंगे जिससे आपको कुछ समय के लिए तनाव भी हो सकता हैं। ऐसे में कोई भी धन संबंधी निर्णय से विचार कर ले।
लकी नंबर
6
लकी कलर
आसमानी

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
परिवार में सभी के बीच रिश्तों में मजबूती आएगी। अपनी माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखे तथा उन्हें बाहर निकलने देने से बचे।परिवार में सभी के बीच रिश्तों में मजबूती आएगी। अपनी माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखे तथा उन्हें बाहर निकलने देने से बचे। भाई-बहन को पूरा प्यार दे
लकी नंबर
9
लकी कलर
संतरी

ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

Chhapra: छपरा जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में लायंस क्लब ऑफ छपरा सारण द्वारा स्थानीय भागवत विद्यापीठ में आयोजित 30वीं जिला शतरंज प्रतियोगिता का खिताब मोहित कुमार सोनी ने अपराजेय रहते हुए जीता । दूसरे स्थान पर प्रेम कुमार तथा तीसरे स्थान पर सागर कुमार रहे ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉक्टर मकेश्वर चौधरी ने बच्चों से शतरंज खेलने का आह्वान किया और बताया कि शतरंज आपको मानसिक रूप से बलवान बनाता हैं । एक्सिस बैंक के ब्रांच हेड सुशील कुमार वर्मा ने प्रतिभागियों को शतरंज में लगातार अभ्यास करने का सलाह दिया और उन्हें अपनी ओर से हरसंभव सहयोग करने का वादा किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद कुमार मिश्रा ने की जबकि संचालन मनोज कुमार वर्मा संकल्प ने की । प्रतियोगिता रिपोर्ट कुमार शुभम एवं अमरेंद्र कुमार ने दिया जबकि प्रकाश सिंह, मणि शंकर मिश्रा, मनीष कुमार सिन्हा, विक्की आनंद, सुरभित दत्त, अदित्य अग्रवाल ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया । इस अवसर पर रणधीर कुमार सिंह, सनी कुमार सिंह, धनंजय कुमार, उपेंद्र कुमार सिन्हा, आदित्य कुमार, डॉ इंद्र कांत शर्मा, आलोक कुमार गुप्ता सहित कई शतरंज प्रेमी उपस्थित रहे ।

मुख्य निर्णायक कुमार शुभम एवं आयोजन सचिव अमरेंद्र कुमार के अनुसार अंतिम परिणाम इस प्रकार रहे :
1. मोहित कुमार सोनी
2. प्रेम कुमार
3. सागर कुमार
4. नीतेश रंजन
5. आर्यन सिंह
6. शिवम आनंद
7. सुमित कुमार
8. दिव्यांशु वर्मा
9. अमनदीप चौहान
10. अम्बर श्रीवास्तव
राइजिंग स्टार : कुमारी सृष्टि, प्रियांशी, आकर्ष कुमार, सार्थक प्रियदर्शी, वैष्णवी, वैष्णवी कुमारी, आर्यन कुमार, रियांश भारद्वाज, अंश सिंह, श्रद्धा, दिव्यांशु कुमार

लंदन, 11 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम टेस्ट चैंपियन बन गई है। लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को 209 रनों से हरा दिया। भारत को जीत के लिए 444 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मिला था। जवाब में भारतीय टीम दूसरी पारी में 234 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों के बड़े अंतर से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत को लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2021 में टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार मिली थी।

इधर, ऑस्ट्रेलिया पहली टीम बन गई है, जिसने आईसीसी की सभी ट्रॉफी अपने नाम की है। ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी की सभी ट्रॉफी (एकदिवसीय विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी, टी-20 विश्व कप, डब्ल्यूटीसी ट्रॉफी) जीती है।

आज चौथे दिन भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 164 रन से आगे खेलने शुरू किया। टीम को उम्मीद थी कि क्रिज पर जमे विराट कोहली और अंजिक्य रहाणे कुछ कमाल करेंगे। दोनों ने शुरुआत भी संभल कर की, लेकिन 179 रन के स्कोर पर कोहली कैच आउट हो गए। कोहली ने 78 गेंद में 49 रन की पारी खेली। पहली पारी में अच्छा खेले रविन्द्र जडेजा इस बार बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद रहाणे भी 108 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो गए। अब यहां से भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बचाना मुश्किल हो गया। अंत में शार्दुल ठाकुर 0, उमेश यादव 01 रन , श्रीकर भरत 23 और मोहम्मद सिराज 01 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें दिन के पहले सत्र में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में नाथन लियोन ने 4, स्कॉट बोलैंड 3, मिचेल स्टार्क 2 और पैट कमिंस ने एक विकेट अपने नाम किया।

इससे पहले चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर घोषित की थी। ऑस्ट्रेलिया को 443 रन की कुल बढ़त मिली। इस तरह भारत को जीत के लिए 444 रन का विशाल लक्ष्य मिला। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में विकेट कीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने नाबाद 66 रन बनाए। कैरी के अलावा मिचेल स्टॉर्क ने 41 रन, मार्नस लाबुशेन ने 41 रन, स्टीव स्मिथ ने 34 रन और कैमरन ग्रीन ने 22 रन बनाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट, मोहम्मद शमी 2, उमेश यादव ने 2 और मोहम्मद सिराज 1 विकेट लिए।

इसके बाद 444 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी भरतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों अच्छा खेल रहे थे। इस बीच शुभमन गिल एक विवादित कैच के चलते 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 92 रन के कुल स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा 43 रन बनाकर आउट हो गए। चतेश्वर पुजारा भी कुछ कमाल नहीं कर सके और वे 27 रन बनाकर आउट हुए। यहां विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने पारी को संभाला और दोनों ने 50 रन से अधिक की पार्टनरशिप की। पांचवें दिन भारत को जीत के लिए 280 रन और बनाने थे, लेकिन टीम सारे विकेट खोकर 234 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम की पहली पारी

भारतीय टीम की पहली पारी की शुरुआत खराब रही और केवल 71 रनों के कुल स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा (15), शुभमन गिल (13), चेतेश्वर पुजारा (14) और विराट कोहली (14) पवेलियन लौट गए। इसके बाद रविन्द्र जडेजा और अजिंक्य रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। 142 के कुल स्कोर पर नाथन लियोन ने जडेजा को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। जडेजा ने 48 रन बनाए। जडेजा के बाद श्रीकर भरत कुछ खास नहीं कर सके और केवल 5 रन बनाकर बोल्ड हो गए। यहां से शार्दुल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे ने सातवें विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की और भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया। पैट कमिंस ने 261 के कुल स्कोर पर रहाणे को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। रहाणे ने 89 रन बनाए। उमेश यादव 05 रन बनाकर आउट हुए। शार्दुल ठाकुर भी अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद आउट हो गए। शार्दुल ने 51 रन बनाए। 296 के कुल स्कोर पर मोहम्मद शमी 13 आउट हुए। पहली पारी में टीम 296 रन बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस ने 3, स्कॉट बोलैंड, कैमरन ग्रीन और मिचेल स्टॉर्क ने 2-2 व नाथन ल्योन ने 1 विकेट लिया।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी

इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्म ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद सिराज ने चौथे ओवर में उस्मान ख्वाजा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद मार्नस लाबुशेन और डेविड वॉर्नर ने दूसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। शार्दुल ठाकुर ने वॉर्नर को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। वॉर्नर को 43 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने लाबुशेन को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने चौथे विकेट के लिए शानदार 285 रनों की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैच में वापसी दिला दी। इस साझेदारी को सिराज ने तोड़ा। सिराज ने हेड को श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। हेड ने 174 गेंदों पर 25 चौके और एक छक्के की बदौलत 163 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। इसक बाद स्मिथ 121 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर बोल्ड हो गए। अंत में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 469 रन पर सिमटी।

भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4, शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शमी ने 2-2 एवं रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया।