नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने दो हजार रुपये के नोट को चलन से बाहर करने का फैसला किया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे 30 सितंबर तक इन नोटों को बैंकों में जमा करा दें या बदलवा लें।

आरबीआई की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय रिज़र्व बैंक की ‘स्वच्छ नोट नीति’ के अनुसरण में 2 हजार के बैंक नोटों को चलन से वापस लेने का निर्णय लिया गया है। 2 हजार के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। उसका कहना है कि 2013-14 में भी ऐसा ही पहले किया जा चुका है।

बैंकों से कहा गया है कि वे अब दो हजार का नोट जारी न करें। वहीं लोग बैंकों में जाकर दो हजार का नोट एक्सचेंज करा सकते हैं। 23 मई से एक बार में 20 हजार तक की सीमा में 2 हजार के नोट अन्य नोटों में एक्सचेंज कराए जा सकते हैं। वहीं बैंकों में जमा कराने की कुछ शर्तों के साथ कोई सीमा नहीं होगी।

आरबीआई के अनुसार, “लोग अपने बैंक खातों में बेरोक-टोक और मौजूदा निर्देशों व अन्य वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत समान्य तरीके से 2 हजार के नोट जमा कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी बैंक शाखा में उन्हें अन्य नोटों से बदल सकते हैं। 23 मई से किसी भी बैंक में दो हजार के बैंकनोटों को एक बार में 20 हजार की सीमा तक बदला जा सकता है।”

रिजर्व बैंक के अनुसार नवंबर 2016 में 2 हजार के बैंकनोट लाये गए थे। इनका मकसद पांच सौ और एक हजार के बैंक नोटों की कानूनी वैधता वापिस लिए जाने की स्थिति में अर्थव्यवस्था में मुद्रा की आवश्यकता को तेजी से पूरा करना था। एक बार अन्य बैंकनोट के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो जाने के बाद दो हजार के बैंकनोटों को पेश करने का उद्देश्य पूरा हो गया।

प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जनता को पर्याप्त समय प्रदान करने के लिए सभी बैंक 30 सितंबर तक दो हजार के नोटों के लिए जमा और विनिमय सुविधा प्रदान करेंगे। वहीं एक्सचेंज की सुविधा आरबीआई के 19 क्षेत्रीय दफ्तरों में भी उपलब्ध होगी।

सूत्रों का कहना है कि लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। दो हजार के नोट 30 सितंबर के बाद भी वैध रहेंगे। 30 सितंबर तक की सीमा तय की गई है क्योंकि आरबीआई को उम्मीद है कि बैंकों के साथ नोट बदलने के लिए लोगों के लिए 4 महीने का समय पर्याप्त है। चलन में चल रहे 2000 रुपये के अधिकांश नोट 30 सितंबर की निर्धारित समय सीमा के भीतर बैंकों में वापस आ जाएंगे।

आरबीआई का कहना है कि 2018-19 में 2 हजार के बैंक नोटों की छपाई बंद कर दी गई थी। दो हजार के बैंकनोटों में से लगभग 89 प्रतिशत मार्च 2017 से पहले जारी किए गए थे और 4-5 वर्षों के अपने अनुमानित जीवनकाल के अंत में हैं। चलन में इन बैंक नोटों का कुल मूल्य 31 मार्च 2018 को अपने चरम पर 6.73 लाख करोड़ रुपये से घटकर 3.62 लाख करोड़ हो गया है। यह कुल नोटों का 10.8 प्रतिशत है।

शीर्ष बैंक का कहना है कि यह भी देखा गया है कि इस मूल्यवर्ग का आमतौर पर लेन-देन के लिए उपयोग नहीं किया जाता है। इसके अलावा जनता की मुद्रा आवश्यकता को पूरा करने के लिए अन्य मूल्यवर्ग के बैंक नोटों का स्टॉक पर्याप्त बना हुआ है।

Chhapra: सारण जिले में बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रशासन ने जिलाधिकारी अमन समीर और पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला के संयुक्त नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई की है।

की रात्रि में जिलाधिकारी, सारण श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक सारण, डॉ गौरव मंगला के संयुक्त नेतृत्व में पूरे सारण जिलान्तर्गत कुल छह छापेमारी दल का गठन कर अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

गुरुवार रात्रि प्रशासन ने भेल्दी थानान्तर्गत करसा मोड़, दिघवारा थानान्तर्गत मधुकॉन कैम्प, सोनपुर थानान्तर्गत शिववचन चौक, मशरख थानान्तर्गत राजापट्टी चौक, गरखा थाना अंतर्गत चिरांद रोड एवं मुफ्फसिल थानान्तर्गत मैथवलिया चौक पर छापेमारी की गई।

छापेमारी में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के अतिरिक्त जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सारण, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता मढ़ौरा एवं सदर छपरा, खनिज विकास पदाधिकारी, खान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सोनपुर, तथा अंचलाधिकारी गरखा, सदर, दिघवारा एवं मशरख एवं लगभग 25 थाना से सशस्त्र बल शामिल थे।

इस छापेमारी में कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की गई है एवं 41 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 66 अवैध / 2 ओवरलोडेड वाहनों को जब्त किया गया है। जिस पर खनन विभाग के द्वारा लगभग 01 करोड़ 25 लाख रूप दण्ड की राशि वसूलनीय है।

66 जब्त वाहनों में कुल 33.157 घनफीट अवैध पीला बालू जब्त किया गया है। साथ ही परिवहन विभाग के पदाधिकारियों द्वारा कुल 103 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 98 लाख रुपये का दण्ड अधिरोपित किया गया।

पटना, 19 मई (हि.स.)। अपने पति की लंबी आयु के लिए महिलाओं द्वारा किया जाने वाला वट सावित्री व्रत शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। पूजन के लिए सूर्योदय काल से ही बरगद पेड़ के समीप महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

जहां कि सुहागन महिलाओं ने अपने पति के दिर्घायु जीवन के लिए विशेष पूजा-अर्चना किया। सोलह श्रृंगार से सजी सुहागन महिलाएं जब समूह में गीत गाते हुए माथे पर विशेष आकृति का कलश लेकर पूजा के लिए चली तो पूरा वातावरण सुगंधित हो गया।

इसके बाद बरगद वृक्ष के नीचे विविध पूजन सामग्री, मौसमी फल एवं मिष्ठान के साथ पूजा-अर्चना करते हुए अखंड सुहाग की कामना की गई। इस दौरान कई जगह पंडित द्वारा कथा भी किया गया। जबकि, अधिकांश जगह महिलाओं ने खुद से पूजा-पाठ कर वट सावित्री की कथा सुनी।

जिसमें बताया गया था कि अपने पति सत्यवान की मृत्यु होने के बाद सावित्री ने कैसे बुद्धि विवेक के बल पर यमराज को प्रसन्न करते हुए ना केवल अपने पति को जिंदा करवा लिया, बल्कि अपने सास-ससुर का खोया हुआ राज्य वापस पा लिया था।

इधर, वट सावित्री व्रत के साथ सोमवारी अमावस्या रहने के कारण बरगद और पीपल दोनों वृक्ष की एक साथ पूजा-अर्चना हुई। बरगद के नीचे वट सावित्री पूजा करने के बाद महिलाओं ने पीपल वृक्ष की पूजा-अर्चना कर 108 बार परिक्रमा किया।

इस दौरान पारंपरिक भक्ति गीत गाती महिलाएं ने ना केवल पति के अमर सुहाग की कामना किया। बल्कि परिवार, समाज, गांव और देश के समृद्धि की भी कामना किया।

आज का पंचांग
दिनाँक 19/05/2023 शुक्रवार,ज्येष्ठ कृष्णपक्ष अमावस्या, रात्रि 09 :22 उपरांत प्रतिपदा, नक्षत्र भरणी,सुबह 07:29 उपरांत कृतिका,चन्द्र राशि वृषभ, विक्रम संवत 2080 , सूर्योदय 05:03 सुबह, सूर्यास्त 06:30 संध्या, आज चंद्रोदय नहीं है ,चंद्रास्त 06:21 संध्या,लगन वृष 06 :50 सुबह,उपरांत मिथुन लगन ,चौघडिया,दिन चौघड़िया, चर 05:03 सुबह 06:43 सुबह लाभ 06:43 सुबह 08:24 सुबह,अमृत 08:24 सुबह 10:05 सुबह,काल 10:05 सुबह 11:46 सुबह, शुभ 11:46 सुबह 01:27 दोपहर रोग 01:27 दोपहर 03:08 दोपहर, उद्देग 03:08 दोपहर 04:49 संध्या,चर 04:49 संध्या 06:30 संध्या,राहुकाल,सुबह 10:05 से 11:46 दोपहर,अभिजित मुहूर्त, सुबह 11:19 से 12:13 दोपहर,दिशाशूल पश्चिम

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
कुबुद्धि हावी रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विवाद से दूर रहें। कुसंगति से बचें। भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी। बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। स्कूल में पढ़ रहे छात्रों का मन पढ़ाई में कम व खेलकूद में ज्यादा रहेगा। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे लोगों की रुचि अपने विषयों में ज्यादा बढ़ेगी।
लकी नंबर
8
लकी कलर
श्वेत
वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
यात्रा मनोरंजक रहेगी। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा।शारीरिक रूप से कमजोरी का अनुभव करेंगे। मन किसी काम में कम ही लग पायेगा और आलस का भाव छाया रहेगा।
लकी नंबर
7
लकी कलर
स्लेटी
मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। समय का अपव्यय होगा। दूर से दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। विवाद से क्लेश होगा। काम में मन नहीं लगेगा।आज के दिन परिवार के सदस्यों के बीच कुछ बातों को लेकर मतभेद दिखाई देंगे तथा आप सभी से संतुष्ट नहीं होंगे। घर में कलह होने की आशंका है जिससे आपको मानसिक तनाव हो सकता है।
लकी नंबर
6
लकी कलर
केसरी
कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि नीचा देखना पड़े।उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे लोगों का मन आज के दिन थोड़ा उदास रहने की संभावना हैं तथा वे अपने करियर को लेकर चिंता में रहेंगे।
लकी नंबर
4
लकी कलर
नीला
सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
शत्रु शांत रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। घर में प्रतिष्ठित अतिथियों का आगमन हो सकता है।आज का दिन व्यापार की दृष्टि से अच्छा नहीं हैं व आपको अपने सांझेदार या अन्य व्यापारियों से धोखा मिल सकता हैं जिसके परिणामस्वरूप घाटा होने की संभावना हैं। ऐसे समय में चौकन्ना रहे व अपने चारो ओर ध्यान बनाये रखे।
लकी नंबर
9
लकी कलर
पीला
कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार प्राप्ति सहज ही होगी। व्यावसायिक यात्रा से लाभ होगा। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। निवेशादि शुभ रहेंगे। यदि आपके विवाह को कुछ ही समय हुआ है तो उनके लिए कुछ स्पेशल करने का प्रयास करे अन्यथा रिश्तो में नीरसता का भाव आ सकता है। सिंगल लोगो का आज अपने किसी दोस्त के दोस्त पर दिल आ सकता है।
लकी नंबर
5
लकी कलर
गुलाबी
तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। यदि आप नौकरी करते है तो आज गलती से आपसे कुछ ऐसा हो सकता है जो ऑफिस में आपकी छवि को धूमिल कर सकता है। ऐसा आप अपने जूनियर्स के भड़काने पर कर सकते है।
लकी नंबर
3
लकी कलर
भूरा
वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। शुभ समाचार मिल सकता है। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। चिंता रहेगी। आपकी अपने साथी के साथ कुछ बातों को लेकर अनबन हो सकती हैं जिससे रिश्तों में खटास आएगी। ऐसे समय में अपने धैर्य का परिचय दे ।
लकी नंबर
2
लकी कलर
ग्रे
धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आराम का समय मिलेगा। आशंका-कुशंका रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। कारोबारी नए अनुबंध हो सकते हैं, प्रयास करें।मित्रों से संबंध और ज्यादा मजबूत होंगे तथा उनसे आपको भविष्य के लिए उचित सलाह मिलेगी।
लकी नंबर
7
लकी कलर
महरून
मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। थकान महसूस होगी। किसी के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है।परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर मतभेद सामने आ सकते हैं जिससे रिश्तों में खटास उत्पन्न होने की संभावना है।
लकी नंबर
6
लकी कलर
आसमानी

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक शिथिलता रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। किसी अपने का व्यवहार प्रतिकूल रहेगा।सरकारी नौकरी कर रहे लोगों के लिए आज का दिन आपसी भाईचारे वाला होगा व नए अनुभव मिलेंगे। बहुत लाभदायक सिद्ध होंगे।
लकी नंबर
9
लकी कलर
संतरी
मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
कष्ट, भय व चिंता का वातावरण बन सकता है। विवेक से कार्य करें। समस्या दूर होगी। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल बनेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।व्यापारियों के लिए आज का दिन नए अवसर लेकर आएगा व आपकी कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों से भेंट होगी।
लकी नंबर
2
लकी कलर
हरा

 

ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा की हाल ही में सगाई हुई है। इस सगाई की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों की सगाई का आयोजन दिल्ली के कपूरथला हाउस में हुआ था। उसके बाद परिणीति ने इस सगाई समारोह की कुछ खास तस्वीरें पोस्ट की हैं। इनमें से एक फोटो ने सबका ध्यान खींचा है।

परिणीति चोपड़ा और सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार, 13 मई को सगाई की। परिणीति ने इस बार व्हाइट कलर की ड्रेस पहनी है। राघव भी इसी कलर का सूट पहने नजर आ रहे हैं। राघव ने तस्वीर के साथ लिखा, “मैंने प्रार्थना की..आखिरकार उसने हां कह दिया।” इस फोटो में राघव चड्ढा और परिणीति सगाई की अंगूठी नजर आ रही है।

उसके बाद परिणीति ने अपनी सगाई सेरेमनी के कुछ खास पलों की तस्वीरें पोस्ट की हैं। उन्होंने जो फोटो शेयर की उसमें परिणीति और राघव अपनी फैमिली के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। इस बार दोनों पूजा करते और बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। इसे कैप्शन देते हुए उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया।

परिणीति की फोटो पर उनके भाई शिवांग चोपड़ा के कमेंट ने सबका ध्यान खींचा है। फोटो पर कमेंट करते हुए शिवांग ने कहा, ”बाबा की आंखों में आंसू सबसे अहम पल है।”

शिवांग के इस कमेंट को पढ़ने के बाद कई लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। परिणीति की इस पोस्ट पर काफी संख्या में लोग कमेंट करते नजर आ रहे हैं। उनमें से कई ने परिणीति को विश किया है। उस फोटो को देखकर कुछ लोग इमोशनल हो गए हैं।

दरभंगा, 18 मई (हि.स.)। उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में आगामी 21 मई तक तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 21 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के ऊपर से एक टर्फ लाइन उत्तर बिहार से मध्य छत्तीसगढ़ की ओर गुजर रहा है। इसकी वजह से राज्य में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

बुधवार रात राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। गोपालगंज और छपरा में तेज हवा चली। वहीं, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर,दरभंगा में तेज हवा के साथ बारिश भी हुई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

राज्य में किशनगंज और वाल्मीकिनगर को छोड़कर पटना सहित अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य का सबसे गर्म जिला औरंगाबाद रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान औरंगाबाद जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पटना का 38.3 डिग्री, नालंदा 37.5 डिग्री, नवादा का 41.5 डिग्री, गया का 41.8 डिग्री, शेखपुरा का 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

File Photo

Chhapra: सारण जिला में एक बार फिर से विषाक्त मध्यान भोजन खाने से स्कूली बच्चे बीमार हो गए हैं।

सदर प्रखंड के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, रसूलपुर टिकुलिया टोला, डुमरी के 35 बच्चे बीमार विषाक्त मध्यान भोजन खाने से बीमार पड़ गए। कथित रूप से खाना में छिपकली होने से बच्चों के बीमार पड़ने की बातें कहीं जा रही है।

आनन फानन में सभी बीमार बच्चों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है। डयूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ संतोष कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की हालत सामान्य है। सभी 35 बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार राय ने कहा कि 35 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी बच्चों की हालत स्थिर है। उन्होंने मध्यान भोजन आपूर्ति करने वाले संबंधित एनजीओ पर कार्रवाई करने की बातें कहीं हैं।

जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन कुमारी ने बताया कि एनजीओ के माध्यम से भोजन आता है। बच्चों की तबियत बिगड़ने की शिकायत के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी की हालत स्थिर है।

इस घटना से एक बार फिर से मध्यान भोजन योजना में लापरवाही सामने आई है। जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिजनों में चिंता व्याप्त है।

रोहन कुमार 5 वर्ष
नैना कुमारी 6 वर्ष
रिशु कुमार 6 वर्ष
आदित्य कुमार 5 वर्ष
रानी कुमारी 4 वर्ष
सुहानी
अंकिता
प्रियांशु 4 वर्ष
छोटू 5 वर्ष
राहुल कुमार 5 वर्ष
विशाल कुमार 7 वर्ष
सूरज कुमार 9 वर्ष
अंकित, शिवम, रिया, नितिन, शिवानी, गोलू, अंश, प्रिंस गुप्ता, अंकित कुमार, प्रदीप कुमार सोनू कुमार, शिवम राज, प्रिंस कुमार, आकाश कुमार, कशमेरी, विश्वकर्मा कुमार, शिवानी, सुभाष, मोनिका और अमन कुमार बीमार हैं। जिन्हे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

डॉ. अनिल कुमार निगम
साइबर सुरक्षा आज वैश्विक मुद्दा है। जितनी तीव्र गति से भारत समेत विभिन्न देशों में डिजिटलाइजेशन बढ़ रहा है, उतनी ही गति से साइबर हमलों का खतरा मंडरा रहा है। भारत के बुनियादी ढांचे पर साइबर हमले का खतरा बना हुआ है। अमेरिका, भारत और ब्राजील साइबर हमलावरों के सीधे निशाने पर हैं। स्वास्थ्य और वित्त क्षेत्र के साथ-साथ विमानन उद्योग, तेल, गैस और ऊर्जा सेक्टर और तकनीकी कंपनियों जैसे मूलभूत ढांचे के महत्वपूर्ण अंगों को साइबर हमलों का निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि भारत अपनी साइबर सुरक्षा पर काफी ध्यान दे रहा है, परंतु नवंबर 2022 में जिस तरीके से भारत के सबसे शीर्ष चिकित्सा संस्थान- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली को निशाना बनाया गया, वह अत्यंत चिंताजनक है। सवाल यह है कि अगर साइबर हमलावर भारत के मूलभूत ढांचे मसलन ऊर्जा आपूर्ति, रेलवे सिगनलिंग, पीएनजी गैस आपूर्ति, बैंकिंग सिस्टम को हैक कर लेते हैं तो क्या भारत इससे निपटने में सक्षम है? क्या भारत में सूचना तंत्र की सुरक्षा के उपाय पर्याप्त हैं?

वर्ष 2022 में भारत के सरकारी संस्थानों पर 82 साइबर हमले हुए। यह आंकड़ा पिछले वर्ष 2021 की तुलना में आठ गुना अधिक है। साइबर हमलों का अध्ययन करने वाली कंपनी क्लाउडसेक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में सरकारी संस्थाओं को टार्गेट करने वाले साइबर हमलों में तीव्र वृद्धि हुई है। 2021 में देश के सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं में सिर्फ 11 हमले दर्ज किए गए थे। भारत की कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-IN) ने 2022 की अपनी इंडिया रैनसमवेयर रिपोर्ट में कहा था कि भारत में महत्वपूर्ण मूलभूत ढांचे समेत तमाम क्षेत्रों पर रैनसमवेयर के हमलों की संख्या में 51 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

यह विदित है कि साइबर हमले से एम्स की गतिविधियों पर अत्यंत प्रतिकूल असर पड़ा था। अस्पताल के मुख्य और बैकअप सर्वर में सभी फाइलें करप्ट हो गई थीं। साइबर हमलावर लगभग चार करोड़ मरीजों का आंकड़ा चुराने में सफल रहे। इसमें बेहद संवेदनशील आंकड़े भी शामिल हैं। यह भी ज्ञात है कि वर्ष 2021 में अमेरिका की औपनिवेशिक पाइप लाइन में रूसी हमलावरों ने रैंससमवेयर से हमला किया था। उसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई थी। यह पाइप लाइन छह दिन के लिए ठप हो गई थी। अमेरिका के 17 राज्यों में गैस की जबरदस्त किल्लत हो गई थी। वास्तव में रैंसमवेयर एक तरह का मैलवेयर है जो कंप्यूटर फाइलों, सिस्टम अथवा नेटवर्क को एक्सेस करने से रोकता है। हमलावर इसके माध्यम से पीड़ित पक्ष से अपनी मांग पूरी करवाता है।

क्लाउडसेक का मानना है कि विश्वभर में स्वास्थ्य क्षेत्र पर जो साइबर हमले हो रहे हैं, उनमें भारत का स्थान दूसरा है। वर्ष 2021 में दुनिया में स्वास्थ्य क्षेत्र पर जो साइबर हमले हुए, उनमें से 7.7 प्रतिशत भारत पर हुए थे। हालांकि साइबर हमलों के मामले में सबसे ज्यादा निशाने पर अमेरिका ही है। 2021 में पूरी दुनिया में स्वास्थ्य क्षेत्र पर हुए साइबर हमलों में से अकेले अमेरिका पर 28 प्रतिशत हमले हुए थे। ये दुनिया के तेजी से बढ़ते डिजिटलीकरण का नतीजा है, विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के कारण ऐसा हो रहा है। एक अन्य सॉफ्टवेयर सुरक्षा कंपनी इंडसफेस ने कहा कि उसके ग्राहकों पर दस लाख से ज्यादा साइबर हमले हुए, इनमें से 2,78,000 हमले भारत में हुए।

जी-20 देशों का मानना है कि आगामी समय में विभिन्न देशों में जीवन के अनेक पहलुओं की कंप्यूटर, स्मार्ट फोन और इंटरनेट पर निर्भरता बढ़ेगी। इससे देशों को लाभ भी होगा लेकिन इससे साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ेगा। देशों के पास स्थायी विकास के लक्ष्य हासिल करने के लिए अब दस साल से भी कम समय बचा है, लेकिन साइबर हमलों से दुनिया को होने वाला नुकसान वर्ष 2025 तक 10 खरब डॉलर तक पहुंचने की आशंका है। भारत के अनेक प्रयासों के बावजूद हैकर्स भारत के साइबर सुरक्षा तंत्र को भेदने में कई बार कामयाब रहे हैं। इससे भारत सरकार चौकन्ना हुई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साइबर सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सभी राज्यों को विशेष तैयारी करने एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके भारत को हमलावरों की रणनीति, तकनीक और प्रक्रिया का गंभीर अध्ययन करना होगा, जिससे हैकर्स के चक्रव्यूह से बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखा जा सके।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

धर्मशाला, 17 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2023 के 64वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 15 रनों से हरा दिया है। इस हार के साथ ही पंजाब के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। हालांकि यह मैच एक प्रकार से दिल्ली के लिए बदले से भरा रहा क्योंकि इससे पहले पंजाब ने दिल्ली को उसकी जमीन पर हराकर प्लेऑफ से बाहर किया था।

मैच में 214 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शिखर धवन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तावड़े ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने प्रभसिमरन (22 रन) को आउट कर तोड़ा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लियाम लिविंगस्टन ने तावड़े के साथ मिलकर जबरदस्त प्लेटफार्म तैयार किया। दोनों ने मिलकर 50 गेंदों में 78 रन जोड़े। हालांकि रन गति बढ़ाने के चक्कर में तावड़े खुद को रिटायर्ड आउट कर पवेलियन लौट गए। तावड़े ने 55 रन बनाए। फिर जितेश शर्मा शून्य पर, शाहरूख खान 6 रन, सैम करन 11 रन और हरप्रीत बरार शून्य के स्कोर पर जल्दी आउट हो गए। एक छोर से विकेट गिरते रहे लेकिन दूसरी तरफ लिविंग्सटन डटे रहे और लगातार रन बनाते रहे। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 33 रन बना थे लेकिन वो सिर्फ 17 रन बना सकी। लिविंगस्टन 94 रन बनाकर पारी का आखिरी गेंद पर आउट हो गए। दिल्ली की तरफ से ईशान्त शर्मा और एनरिक नोर्किया को दो-दो विकेट मिले, जबकि खलिल अहमद और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले, दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिए कप्तान डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले दस ओवर में 94 रन बनाए। टीम को पहला झटका वार्नर के रूप में लगा, जिन्हें सैम करन ने आउट किया। वार्नर ने 31 गेंदों में 46 रन बनाए। वार्नर के बाद पृथ्वी ने राइली रूसो के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। तभी सैम करन की गेंद पर शिखर धवन ने पृथ्वी शॉ का शानदार कैच पकड़ा। शॉ ने 27 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। इसके बाद राइली रूसो ने फिल सॉल्ट के साथ मिलकर आखिरी पांच ओवरों में 65 रन जोड़े। रूसो 37 गेंदों में 82 रन और साल्ट 26 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब के लिए एक मात्र सफल गेंदबाज सैम करन रहे, जिन्हें दो विकेट मिले।

Chhapra: सारण जिले के सुप्रसिद्व फार्मेसी इंस्टिट्यूट विवेकानंद इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी में बुधवार को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वी०आई०पी० ग्रुप के निदेशक सह रिविलगंज प्रखण्ड प्रमुख डॉ० राहुल राज के करकमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

ततपश्चात संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों द्वारा तरह-तरह के संदेशप्रद कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। इन बच्चों ने अपनी कलाकारी से उच्च रक्त चाप से होने वाली समस्याओं और जानलेवा बीमारियों के बारे में बताकर लोगो को जागृत किया।

मुख्य अतिथि डॉ० राहुल राज ने इन बच्चों के अथक परिश्रम और कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के दिन का हम सभी के लिए विशेष महत्व है। दुनिया में बहुत से लोग ऐसे हैं जो जानकारी के अभाव में स्वास्थ्य के प्रति सजग नहीं रहते है और अंततः गंभीर जानलेवा बीमारी के शिकार हो जाते हैं। ऐसे लोगो को ये दिन याद कराने, उन्हें उच्च रक्त चाप से बचाने व उसके लक्षण के बारे में अवगत कराने का है।

संस्थान के संचालक तथा शिक्षकों ने भी अपने वाचन के दौरान उच्च रक्त चाप के कारण, लक्षण तथा उससे बचाव की दिशा पर प्रकाश डालते हुए लोगो को बताया। उन्होंने यह भी बताया कि उच्च रक्त चाप हमारे सेहत के लिए कितना खतरनाक है तथा समय-समय पर हमें अपने रक्त चाप की माप करते रहनी चाहिए और उनके अनुरूप खान-पान में भी परहेज करना चाहिए एवं नियमित रूप से टहलना एवं व्यायाम करना चाहिए।

कार्यक्रम में इंस्टिट्यूट के संचालक, शिक्षकों, विद्यार्थियों समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थें।

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने देश की रक्षा तैयारियों की जानकारी विदेशी एजेंसियों को मुहैया कराने के आरोप में एक पत्रकार विवेक रघुवंशी और उसके सहयोगी पूर्व नेवी कमांडर आशीष पाठक को ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने दिल्ली-एनसीआर और जयपुर में दोनों से जुड़े 15 स्थानों पर आज छापेमारी की है। यहां से एजेंसी को 48 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संवेदनशील दस्तावेज और ऑनलाइन डाटा मिला है। इसमें देश के रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी गुप्त जानकारी भी है। आज इस मामले में सीबीआई इनकी कोर्ट में पेशी कराएगी।

सीबीआई के अनुसार पिछले साल 09 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों देश के रक्षा प्रतिष्ठानों, रक्षा तैयारियों और सैन्य खरीद से जुड़ी संवेदनशील एवं गोपनीय जानकारी विदेशी एजेंटों, संस्थाओं और लोगों को पहुंचा रहे थे। बदले में इन्हें और इनके परिवारजनों को विदेशी स्रोतों से लाभ प्राप्त हो रहा था। यह भी जानकारी मिली है कि इन्होंने इसके लिए करार तक किए थे।

पटना, 17 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के पुलिस थानों एवं इकाईयों के लिए 576 पुलिस वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान 576 पुलिस वाहनों में से सभी पुलिस जिलों के थानों के लिए 528, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की विभिन्न वाहिनियां (बटालियन) के लिए 34 एवं बिहार पुलिस मुख्यालय की विभिन्न इकाईयों के लिए 14 पुलिस वाहनों को रवाना किया गया। इन पुलिस वाहनों की उपलब्धता से राज्य में पुलिसिंग की कार्यक्षमता एवं दक्षता और बढ़ेगी, साथ ही विधि व्यवस्था के संधारण में सहूलियत होगी।

 

इस अवसर पर वित्त, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।