उत्पाद विभाग की कार्रवाई से लोगों में आक्रोश, सड़क पर आगजनी कर किया प्रदर्शन

Chhapra: छपरा में उत्पाद विभाग टीम ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान बच्चे, बूढे और महिलाओं को भी बुरी तरह पीटा गया। और घर में रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शादी वाले घर में भी उत्पाद विभाग की टीम ने जमकर तोड़फोड़ की। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से लोगों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। गुस्साएं लोगों ने मुख्य मार्ग को बुरी तरह से जाम कर दिया और उग्र प्रदर्शन किया।

मामला छपरा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मेहियां गांव का है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब की चेकिंग करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम अचानक घर में घुस गयी और तोड़फोड़ करने लगी। पुलिस वालों ने घरवालों पर डंडा चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान घर के सदस्यों को बुरी तरह से पीटा गया। हद तो तब हो गई जब पिटाई के बाद घर में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिस घर में कल बारात जानी थी वहां आज पूजा पाठ चल रहा था वहां भी घुसकर शादी के सामानों को बिखेर दिया गया।

यही नहीं शादी में आएं मेहमानों को भी पीटा गया। कई लोगों को गिरफ्तार करके पुलिस अपने साथ थाने ले गई है। पुलिस की इस रवैय्ये से गुस्साएं लोगों ने टोला चौक एनएच 722 और एनएच 19 के मिलन स्थल को बुरी तरह से जाम कर दिया और उग्र प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और अपने गुस्से का इजहार किया।

उत्पाद अधीक्षक रजनीश कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व छापेमारी में गई टीम पर पथराव हुआ था। आज पुनः टीम छापामारी करने गई थी। दो लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। अन्य को बॉन्ड भरा कर छोड़ दिया गया है।

जलालपुर: सांसद खेल महोत्सव 2023 का शुभारंभ गुरुवार को जलालपुर उच्च विद्यालय के खेल मैदान में हुआ। यह आयोजन 25 से 29 मई तक चलेगा।

खेल महोत्सव का शुभारंभ महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र खिलाड़ी जिनकी प्रतिभा छुपी हुई है, उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए सांसद खेल महोत्सव 2023 का आयोजन किया गया है। इसमें क्रॉस कंट्री, वॉलीबॉल, फुटबॉल हैंडबॉल,कबड्डी सहित विभिन्न खेल शामिल है।

उन्होने कहा कि खिलाड़ी सामाजिक स्तर पर फोकस में आए तथा उनकी दृष्टि व्यापक हो इसके लिए यह कार्यक्रम आयोजित है। सभी खेल 6 विधानसभा क्षेत्रों- मांझी, एकमा, बनियापुर, तरैया, महाराजगंज, बसंतपुर( गोरिया कोठी) के खेल के मैदानो में 25 से 29 मई के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कि जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में चयनित 21 खिलाड़ियों को राजधानी दिल्ली का भ्रमण कराया जाएगा। सभी को नये संसद भवन, राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति से मुलाकात, प्रधानमंत्री से मुलाकात। खेल मंत्री, गृहमंत्री और रक्षा मंत्री सहित विभिन्न खेल संगठनों के अध्यक्षों से भी उनकी मुलाकात कराई जाएगी।

उन्होने बताया कि इस खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, चाँदनी प्रकाश, चरण दास, बलवंत सिंह, हेमनारायण सिंह, वीरेन्द्र ओझा, प्रमोद सिग्रीवाल, राम दयाल शर्मा, एथलेटिक्स कोच संजय सिंह, नीलेश सिंह सहित कई अन्य भी उपस्थित थे.

Chhapra: गंगा सिंह महाविद्यालय परिसर में एनएसएस यूनिट की तरफ से “मिशन ड्रग फ्री कैंपस” जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आदित्य चंद्र झा और एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कमाल अहमद के नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने ड्रग्स को “ना”, जीवन को “हाँ” स्लोगन के साथ ड्रग फ्री कैंपस बनाने का संकल्प लिया।

ड्रग फ्री कैंपस जागरूकता अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महाविद्यालय में “ड्रग्स के दुष्प्रभाव” विषयक संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रो नलिन रंजन ने ड्रग्स के दुष्प्रभावों की विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि युवाओं को इससे सचेत रहने और समाज को जागरूक करते रहने की जरूरत है। ड्रग्स की मांग और उसकी आपूर्ति इस व्यवसाय से जुड़े दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। हमें इसके मांग पक्ष पर गहनता से विचार करते हुए इसके गंभीर दुष्प्रभावों को समझना होगा, तभी हम एक स्वस्थ और स्वच्छ राष्ट्र की परिकल्पना में सार्थक योगदान दे पाएंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आदित्य चंद्र झा ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में निरंतर क्रियाशील रहने की सीख प्रदान करता है। युवाओं के बीच ड्रग्स के बढ़ते हुए प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकारी प्रयासों से ही इसे नियंत्रित नहीं किया जा सकता, बल्कि सामाजिक जागरूकता अभियान के माध्यम से इसके दुष्प्रभावों की विवेचना कर इसके प्रचलन पर अंकुश लगाया जा सकता है।

एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कमाल अहमद ने अपने प्रारंभिक वक्तव्य में कहा कि देश की युवा पीढ़ी का यह प्राथमिक दायित्व है कि वह अपने समय और समाज की चुनौतियों को समझे तथा सामुदायिक सेवाभाव के साथ सामाजिक जागरूकता के कार्यों में हिस्सा ले। ड्रग फ्री कैंपस का संकल्प युवाओं के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला है।

इस जागरूकता अभियान सह संगोष्ठी में महाविद्यालय के 50 से अधिक छात्र/छात्राओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री राजीव कुमार गिरी, श्रीमती कुमकुम रे, डॉ फ़िरोज़ आलम, डॉ धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ मनोज कुमार पांडेय, डॉ हरिमोहन कुमार, डॉ विकास कुमार, डॉ अमित कुमार आदि उपस्थित थे।

Chhapra/Manjhi: कृषि विज्ञान केन्द्र, मांझी में तीन दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस प्रशिक्षण का शुभारम्भ दिनांक 22 मई को हुआ था। जिसका संचालन केन्द्र के प्रधान एवं वरीय वैज्ञानिक डॉ अभय कुमार सिंह द्वारा किया गया।

इन तीन व दिनों में प्रशिक्षकों को पशुपालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जैसे, अच्छी नस्ल के दुधारू गाय, पशुओं के रहने के स्थान का प्रबंधन, चारे का प्रबंधन, पशुओं के बीमारी एवं उसका प्रबंधन, दूध से बनने वाले उत्पाद इत्यादि।

सहयोगी प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में डा सौरभ शंकर पटेल ने प्रशिक्षण में दूध से कौन-कौन से उत्पाद बन सकते हैं एवं उसका व्यवसाय कैसे किया जाय, इसके बारे में जानकारी दी।

प्रशिक्षण का समापन कुल 30 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र एवं एक किलोग्राम अजोला देकर किया गया।

आज का पंचांग
दिनाँक 25 /05/2023 गुरुवार, ज्येष्ठ शुक्लपक्ष षष्ठी, नक्षत्र पुष्य,संध्या 05:54 उपरांत अश्लेशा,चन्द्र राशि कर्क,सुबह 08:27 उपरांत कर्क ,विक्रम संवत 2080,सूर्योदय 05:00 सुबह,सूर्यास्त 06:33 संध्या, चंद्रोदय 09:33 सुबह,चंद्रास्त 11:32 रात्रि,लगन वृष 06:26 सुबह, उपरांत मिथुन लगन, चौघडिया ,दिन चौघड़िया,शुभ 05:01सुबह 06:42 सुबह,रोग 06:42 सुबह 08:23 सुबह,उद्देग 08:23 सुबह 10:05 सुबह ,चर 10:05सुबह11:47 सुबह,लाभ 11:47 सुबह 01:28 दोपहर, अमृत 01:28 दोपहर 03:10 दोपहर,काल 03:10 दोपहर 04:51 संध्या शुभ 04:51 संध्या 06:33 संध्या,राहुकाल,दोपहर 01:28 से 03:10 दोपहर, अभिजित मुहूर्त सुबह11:19 से 12:14 दोपहर, दिशाशूल दक्षिण

आज का राशिफल:

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल लाभ देंगे। भेंट आदि की प्राप्ति होगी। कोई बड़ा कार्य होने से प्रसन्नता रहेगी। व्यापार में उन्नति के योग हैं।आपका अपने मित्रों के साथ संबंध मजबूत होगा व उनसे आपको कई क्षेत्रों में सहायता मिलेगी जो भविष्य में आपके काम आएगी।
लकी नंबर
3
लकी कलर
भूरा

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
नई योजना बनेगी। नए अनुबंध होंगे। लाभ के अवसर बढ़ेंगे। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। परिवार की समस्याओं की चिंता रहेगी। जो लोग रिलेशन में हैं उनका अपने साथी के प्रति विश्वास और मजबूत होगा लेकिन किसी अनहोनी की आशंका मन में रहेगी।
लकी नंबर
2
लकी कलर
ग्रे

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
वाणी पर नियंत्रण रखें। अप्रत्याशित बड़े खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है, जोखिम न लें। अजनबी व्यक्ति पर विश्वास न करें। उदर विकार के योग के कारण खान-पान पर संयम रखें। स्कूल में पढ़ रहे छात्रों का समय पढ़ाई में कम व आलस में ज्यादा बीतेगा।
लकी नंबर
7
लकी कलर
महरून

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
नए अनुबंधों का लाभ मिलेगा। धन प्राप्ति सुगम होगी। पूछ-परख रहेगी। रुके कार्य बनेंगे। जोखिम न लें। वाणी पर नियंत्रण रखना होगा। रिलेशन में रह रहे लोगों का आज के दिन अपने साथी के प्रति विश्वास और मजबूत होगा लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो सकती हैं।
लकी नंबर
6
लकी कलर
आसमानी

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
कोर्ट व कचहरी के काम निबटेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। तंत्र-मंत्र में रुचि रहेगी। धनार्जन होगा। प्रमाद न करें। संतान के कार्यों से समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।प्राइवेट जॉब में मीडिया में काम कर रहे लोगों को आज के दिन थोड़ा संभल कर कार्य करना होगा ।
लकी नंबर
9
लकी कलर
संतरी

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
मेहमानों का आवागमन होगा। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। मान बढ़ेगा। जल्दबाजी न करें। जोखिम के कार्यों से दूर रहें। पराक्रम में वृद्धि होगी।स्वास्थ्य की दृष्टि से आज का दिन आपके लिए अच्छा नही रहेगा जिस कारण आपको कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं घेरे रख सकती हैं।
लकी नंबर
1
लकी कलर
हरा

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
व्यापार-व्यवसाय में सावधानी रखें। वास्तविकता को महत्व दें। प्रयासों में सफलता के योग कम हैं। परिवार में कलह-कलेश का माहौल रह सकता है।यदि आप निजी नौकरी करते हैं तो आज ऑफिस की राजनीति से दूरी बनाकर रखे।
लकी नंबर
8
लकी कलर
श्वेत

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
परिवार में कलह-कलेश का माहौल रह सकता है। क्रोध पर नियंत्रण रखें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दु:खद समाचार मिल सकता है। चिंता बनी रहेगी।आर्थिक दृष्टि से आज का दिन आपके लिए थोड़ा कष्टदायक रहेगा। इस दौरान आप परिश्रम तो बहुत करेंगे लेकिन मनचाहे परिणाम नही मिलेंगे।
लकी नंबर
7
लकी कलर
स्लेटी

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
संतान के कार्यों पर नजर रखें। पूँजी निवेश बढ़ेगा। प्रचार-प्रसार से दूर रहें।रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। यदि आप संयुक्त परिवार में रहते है तो आज के दिन अनजाने में भी किसी के साथ उलझने से बचे क्योंकि कोई भी बात बड़ा विवाद का रूप ले सकती है।
लकी नंबर
6
लकी कलर
केशरी

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। बेरोजगारी दूर होगी। धन की आवक बनी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य न करें। सरकारी अधिकारियों के लिए आज का दिन ज्यादा काम लेकर आएगा किंतु इस समय आप अपना आपा खोने की बजाये धैर्य से काम करे।
लकी नंबर
4
लकी कलर
नीला

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
मेहनत का फल मिलेगा। कार्यसिद्धि से प्रसन्नता रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। शत्रु शांत रहेंगे। धनार्जन होगा। आज विशेष लाभ होने की संभावना है। आपके परिवार में ढेरों खुशियाँ लेकर आएगा व सभी के बीच आपसी स्नेह में बढ़ोत्तरी होगी।
लकी नंबर
9
लकी कलर
पीला

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी। धनार्जन होगा। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। प्रमाद न करें। आपसी झगड़ा नहीं करे ऐसे में किसी बात को बढ़ाने की अपेक्षा उनसे खुलकर बात करे व कठोर शब्दों के इस्तेमाल से बचे।
लकी नंबर
5
लकी कलर
गुलाबी

ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार सकमिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

रांची (झारखंड), 24 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को रांची स्थित धुर्वा के तिरिल मौजा में 72 एकड़ में नवनिर्मित झारखंड हाई कोर्ट के भवन का उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बहुत से मामलों में कोर्ट के फैसले के बाद भी लोगों को न्याय नहीं मिलता। आप सबको इसका रास्ता निकालना चाहिए। लोगों को सही मायने में न्याय मिलना चाहिए। ये जिम्मेदारी आप सबकी है। लोगों को न्याय मिले, यह सुनिश्चित करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि झारखंड से उनका पुराना नाता रहा है। आपके स्वागत से अभिभूत हूं। नया भवन बेहतरीन बनाया गया है। पूरा कैम्पस पीसफुल एनर्जी कंजर्वेशन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यहां भारत के मुख्य न्यायाधीश और झारखंड के चीफ जस्टिस के अलावा बहुत से जज, वकील और विद्वान मौजूद हैं। बहुत से केस हाई कोर्ट में फाइनल होते हैं। बहुत से केस का फैसला सुप्रीम कोर्ट से आता है। जिनके पक्ष में फैसला आता है, वे खुश होते हैं। पांच-दस या 20 साल के बाद उनकी खुशी गायब हो जाती है। क्योंकि, उनको वो नहीं मिलता, जिसके लिए समय, रुपये और रातों की नींद बर्बाद कर दी। वे फिर से दुखी हो जाते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मैं फैमिली काउंसलिंग सेंटर की एक सदस्य थी। कुछ केस फाइनल होने के बाद हम उनके घर जाते थे। यह देखने के लिए कि जिस केस को हमने फाइनल किया, वह परिवार ठीक है या नहीं। बहुत से लोग अपने फैसले लेकर मेरे पास आते कि फैसला तो हमारे पक्ष में आ गया लेकिन हमें न्याय नहीं मिला। मुझे नहीं मालूम सुप्रीम कोर्ट के आगे कुछ होता है। ऐसे लोगों का कुछ हो सकता है। मूर्मु ने कहा कि चीफ जस्टिस डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ ने उन्हें बताया कि ऐसे मामले होते हैं। लोग कंटेम्प्ट में जा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मैं चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को मैं धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने हिंदी में भाषण दिया। मुझे लगता है इसका लाभ मिलेगा, उन्हें देखकर हाई कोर्ट के जज भी प्रभावित होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने यह शुरुआत की है कि कई भाषाओं में काम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में यह जरूरी है। अंग्रेजी के अलावा यहां के लोग दूसरी भाषाओं में सहज हैं। तकनीक हमारी दुनिया बदल रहा है। नए भवन में कई आधुनिक सुविधाएं हैं। खासकर युवा जो इस क्षेत्र में हैं उन्हें और बेहतर करना है। न्याय व्यवस्था में समस्याओं की पहचान हो रही है, उस पर चर्चा हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इन समस्याओं से जल्द निकलकर बाहर आयेंगे।

इससे पूर्व झारखंड हाई कोर्ट के नए भवन पर एक डॉक्यूमेंट्री दिखायी गयी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, भारत के चीफ जस्टिस डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ समेत सभी अतिथियों को शॉल और डोगरा शिल्प कला से बनी बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।

उल्लेखनीय है कि लगभग 600 करोड़ की लागत से बने झारखंड हाई कोर्ट का नया कैंपस सुप्रीम कोर्ट से करीब तीन गुना बड़ा है। कैंपस में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 2000 पौधे लगाए गए हैं। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा हाई कोर्ट भवन और बड़ा कैंपस भी है। गर्मी की छुट्टियों के बाद नए हाई कोर्ट कैंपस में न्यायिक गतिविधियां शुरू होंगी।

रांची (झारखंड), 24 मई (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि झारखंड हाई कोर्ट के नए भवन का उद्घाटन हुआ। यह आधुनिक राज्य और राष्ट्र का प्रतीक हो सकता है। न्याय के भवनों का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र न्याय नहीं मिलेगा तो न्याय व्यवस्था पर लोगों की आस्था नहीं रहेगी। जिला और सत्र न्यायालयों को सक्षम बनाना हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का कर्तव्य है।

चीफ जस्टिस बुधवार को रांची के धुर्वा स्थित तिरिल मौजा में 72 एकड़ में नवनिर्मित झारखंड हाई कोर्ट के भवन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय की गरिमा नागरिकों की गरिमा से जुड़ी है। न्याय प्रणाली का लक्ष्य सामान्य नागरिक को न्याय दिलाना है। मुकदमों की जानकारी मिले, समय पर सुनवाई हो, कागजात सही समय पर मिले। कैंटीन की व्यवस्था सही हो, महिलाओं के लिए शौचालय हो।

चंद्रचूड़ ने कहा कि हमें अपने आप से कठोर सवाल पूछना होगा कि न्याय मिलने में उलझन रहने से न्याय कैसे मिलेगा। तकनीक के माध्यम से न्याय सभी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट में अंग्रेजी में काम होता था, अब हिंदी और अन्य भाषाओं का भी उपयोग किया जा रहा है। छह हजार से ज्यादा निर्णयों के अनुवाद हिंदी में हो चुके हैं। ई-कोर्ट फेज तीन में सात हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था न्याय प्रणाली को आधुनिक प्रणाली में तब्दील करने में के लिए की गयी है।

उन्होंने कहा कि न्याय प्रणाली और सामाजिक न्याय में सद्भावना बनाये रखना राष्ट्र का लक्ष्य है। समय पर सुनवाई हो। फैसले का दस्तावेज शीघ्र मिलें। इसमें सुधार लाने की आवश्यकता है। आज भी आदिवासी और पिछड़ी जनजातियों की पास जमीन के दस्तावेजों का अभाव है, इसका ध्यान रखना होगा। अदालत की करवाई का लाइव प्रसारण हर घर में ले जाना महत्वपूर्ण प्रकल्प है।

मातृशक्ति की पराकाष्ठा हैं राष्ट्रपति : न्यायमूर्ति संजय मिश्रा
झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि आज झारखंड के लिए बहुत गर्व का विषय है कि झारखंड हाई कोर्ट के नये भवन का उद्घाटन हो रहा है। कम समय में इस कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बहुत-बहुत धन्यवाद। झारखंड हाई कोर्ट के उद्घाटन के मौके पर राष्ट्रपति का आना एक गर्व की बात है। राष्ट्रपति मातृशक्ति की पराकाष्ठा हैं।

उन्होंने कहा कि इस भवन का जब शिलान्यास हुआ था उस समय आप झारखंड की राज्यपाल थीं। छह वर्षों के झारखंड के राज्यपाल के कार्यकाल में आपने कई बार इस नये भवन को लेकर समय-समय पर जानकारी ली। एक सामान्य परिवार से निकल कर देश की सर्वोच्च पद पर आसीन होने के लिए आपको बधाई।

जस्टिस डिलीवरी में ई-कोर्ट क्रांति साबित होगा : कानून मंत्री
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि जस्टिस डिलीवरी में ई-कोर्ट क्रांति साबित होगा। उन्होंने कहा कि ई-कोर्ट्स के पहले फेज में हमने इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया। सेकेंड फेज में नागरिकों को सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया। तीसरे फेज में जस्टिस डिलीवरी में क्रांति साबित होगा। मेघवाल ने कहा कि ऐसे कैदी जो गरीब हैं और जुर्माना नहीं भरने के कारण सजा काटने के बाद भी जेल में बंद हैं, उनको आर्थिक और कानूनी मदद दी जायेगी। इसका प्रावधान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में प्रावधान कर दिया है।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी नागरिकों और कोर्ट की सुविधा बढ़ाने में मददगार बना। न्याय विकास 2.0 वेब पोर्टल बना। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हियरिंग शुरू हुई। कोविड के समय संसार में रिकॉर्ड हियरिंग भारत में हुई है। ये टेक्नोलॉजिकल इंटरवेंशन की वजह से संभव हो पाया है। हम इंडस्ट्री 4.0 के युग में जी रहे हैं। इसमें एआई एक मजबूत टूल के रूप में उभरा है। मुझे ऐसा लगता है कि बेंच और बार दोनों के लिए यह उपयोगी साबित होगा। वादी-प्रतिवादी दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।

मेघवाल ने कहा कि जब राष्ट्र को संविधान सौंपा गया था तब बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने कहा था कि हम सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की स्थापना करने जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि 2047 में जब आजादी का शताब्दी वर्ष मनायेंगे तब एक विकसित भारत को देखेंगे। न्याय को और सरल बनाना है। स्थानीय भाषा का उपयोग न्यायिक व्यवस्था में करना है। सबों को न्याय मिले इसपर काम हो रहा है। अगले 25 वर्षों में स्थानीय भाषा में एक्सेस टू जस्टिस पर काम करेंगे। भारत सरकार न्यायपालिका की जरूरतों को पूरी करने के लिए कटिबद्ध और प्रतिबद्ध है।

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। नए संसद के उद्घाटन समारोह का कई विपक्षी दलों के बहिष्कार करने पर भाजपा ने पलटवार करते हुए इसे विपक्ष का चरित्र बताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत के मजबूत लोकतंत्र के मंदिर नए संसद को लेकर देश 140 करोड़ भारतीय गौरवान्वित हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक पल को लेकर कुछ विपक्षी पार्टियां हैं, जो इसका विरोध कर रही हैं, वे राजनीतिक दल नरेन्द्र मोदी से बहुत नफरत करते हैं। वो एक नजर बट्टू मात्र बन कर रह गए हैं। भाटिया ने कहा कि हर सकारात्मक काम का, हर ऐतिहासिक पल का विरोध करना उनका चरित्र बन गया है। इन्होंने अनुछेद 370 के संशोधन का विरोध किया, भारत में कोरोना वैक्सीन बनी उसका विरोध किया, वन रैंक पेंशन का विरोध किया।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का लोकतंत्र के मंदिर की पवित्रता को खंडित करने का प्रयास है जो भारत के लोग करने नहीं देंगे। यह दुख की बात है कि एक सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय वे लोग विरोध में है।

पटना, 24 मई (हि.स.)। बिहार सरकार ने बड़े पैमाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला किया है। कुल 55 डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। गृह विभाग इस संबंध में बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

बताया जा रहा है कि विधि व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की हो रही फजीहत के बाद सरकार ने राज्य के लॉ एंड ऑर्डर को सुधारने के लिए डीएसपी स्तर के 55 अधिकारियों का तबादला किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार जमुई में तैनात डीएसपी उमेश कुमार को मुजफ्फरपुर का रेल डीएसपी बनाया गया है। पटना के मद्यनिषेध डीएसपी मनीष आनंद को जमालपुर का रेल डीएसपी बनाया गया है। पटना में ही तैनात मद्यनिषेध के डीएसपी नवीन कुमार को समस्तीपुर का रेल डीएसपी बनाया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना का इंतजार कर रहे मनोज कुमार सुधांशु को भोजपुर के ट्रैफिक डीएसपी नियुक्त किया गया है।

बगहा के वाल्मीकिनगर में तैनात धीरज कुमार को मुजफ्फरपुर का ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। पटना में तैनात बसंती टुड्डू को सारण का ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। पटना में ही आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी कौशल किशोर कमल को पूर्णिया का ट्रैफिक डीएसपी नियुक्त किया गया है।

पटना में विशेष सशस्त्र पुलिस बल में तैनात सद्दाम हुसैन को कटिहार का ट्रैफिक डीएसपी, जमुई में तैनात डीएसपी आशीष कुमार सिंह को भागलपुर का ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है जबकि पटना में विशेष सशस्त्र पुलिस बल में तैनात प्रभात रंजन को मुंगेर का ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। इसके साथ अन्य जिलों के भी डीएसपी स्तर के कई अधिकारियों का तबादला किया गया है।

पानापुर प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, दाखिल खारिज मामलों को लंबित रखने पर होगी दंडात्मक कार्रवाई: जिलाधिकारी

Panapur: जिला पदाधिकारी अमन समीर के द्वारा पानापुर प्रखंड, अंचल एवं तरैया प्रखंड, अंचल का निरीक्षण किया गया. पानापुर प्रखंड के निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देश के आलोक में सभी आवश्यक पंजी को निश्चित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया. आगत पंजी में सभी सरकारी पत्रों की प्रविष्टि निश्चित रूप से करने तथा महीने के अंत में पंजी में क्लोजर रिपोर्ट का उल्लेख निश्चित रूप से करने को कहा।ताकि पता चल सके कि कितने पत्र लंबित रह गए हैं. कार्यालय में पदस्थापित सभी कर्मियों का नाम मोबाइल नंबर के साथ सूचना पट पर निश्चित रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया.

प्रखंड में लंबित अभिश्रवों का अविलंब समायोजन करने एवं बैंक खातों की संख्या आवश्यकतानुसार सीमित करने को भी निर्देशित किया गया. पानापुर अंचल के निरीक्षण के क्रम में अंचलाधिकारी को सख्त निर्देश दिया गया कि दाखिल खारिज के मामलों को लंबे समय तक अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

पानापुर अंचल के अमीन के कार्य के समीक्षा के उपरांत पाया गया कि उनका कार्य संतोषप्रद नहीं है. जिला पदाधिकारी ने निर्धारित समय पर मापी निश्चित रूप से करने का निर्देश दिया. मापी शुल्क लेने के पश्चात बगैर कोई देरी के सत्यापित रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया गया. मापी के संदर्भ में डीसीएलआर के माध्यम से पूरे जिला के अमीनो के द्वारा विगत वर्ष में किए गए मापी का हिसाब किताब लिया जाएगा. अमीन द्वारा किए जाने वाले सरकारी भूमि एवं रैयती भूमि की मापी से संबंधित मापी पंजी अलग-अलग विधिवत रूप से संधारित करने का भी निर्देश दिया गया.

तरैया प्रखंड के निरीक्षण के क्रम में वरीयता के अनुरूप कर्मी को प्रभार देने का निर्देश दिया गया. प्रखंड एवं परिसर के अंदर बने जर्जर भवनों को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को संयुक्त रूप से परिसर में अवस्थित सभी जर्जर भवन एवं अधूरे भवनों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन एक सप्ताह में देने का निर्देश दिया गया. तरैया अभिलेखागार भवन का निरीक्षण कर प्राप्त सामग्रियों का अवलोकन किया गया. कौशल विकास केंद्र, तरैया की जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी को करके प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया.

मढ़ौरा अनुमंडल अंतर्गत सारण तटबंध का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Chhapra: जिलाधिकारी अमन समीर द्वारा बुधवार को मढ़ौरा अनुमंडल अंतर्गत सारण तटबंध के 56 – 80 किलोमीटर का निरीक्षण किया गया तथा कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवम् अंचलाधिकारी, तरैया तथा पानापुर को संयुक्त ग्रुप से निरीक्षण कर आक्राम्य स्थलों की सूची उपलब्ध कराने तथा सम्पूर्ण बांध पर हुए स्थाई, अस्थाई अतिक्रमणों की सूची संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को उपलब्ध कराकर अनुमंडल पदाधिकारियों के माध्यम से संदर्भित अतिक्रमणों को अविलंब हटाने का निदेश दिया गया.

जिला पदाधिकारी के द्वारा बांध के नीचे हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने हेतु प्रभावी कदम उठाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को दिया.

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मई को संसद का नवनिर्मित भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर ऐतिहासिक राजदंड ‘सेंगोल’ को नए संसद भवन में स्थापित किया जाएगा। इस सेंगोल को अंग्रेजों से सत्ता हस्तांतरण का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपयोग किया गया था।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आजादी का अमृत महोत्सव (एकेएएम) के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कार्यक्रम पर बुधवार को नेशनल मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेंगोल तमिलनाडु से आए विद्वानों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया जाएगीा। फिर उसी दिन नई संसद में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सेंगोल हमारी सांस्कृतिक विरासत है और इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 14 अगस्त 1947 को जवाहर लाल नेहरू ने इसे अंग्रेजों से स्वीकार किया। 14 अगस्त की रात लॉर्ड माउंटबेटेन से सेंगोल प्राप्त कर पंडित नेहरू ने सेंगोल स्वीकार कर सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की थी। पंडित नेहरू ने पवित्र सेंगोल को तमिलनाडु से मंगवाकर अंग्रेजों से स्वीकार किया था, जिसका तात्पर्य यह था कि पारंपरिक तरीके से सत्ता हमारे पास आई है।

प्रयागराज के संग्रहालय में यह सेंगोल वर्षों से रखा था। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर उसे पूरे सम्मान के साथ नयी संसद में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। शाह ने कहा कि सत्ता का हस्तांतरण सिर्फ हाथ मिलाने या दस्तावेज पर दस्तखत करने से नहीं होता, यह देश की परंपरा को समाहित करने की प्रक्रिया है।

गृह मंत्री शाह ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नई संरचना को रिकार्ड समय में तैयार करने वाले करीब 60,000 श्रम योगियों को भी सम्मानित करेंगे।