New Delhi, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार से आत्मनिर्भर भारत और हर घर स्वदेशी अभियान की शुरुआत की है। यह 25 दिसंबर तक चलेगा।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आज से भाजपा ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान देशभर में व्यापक रूप से शुरू करने जा रही है। यह 25 दिसंबर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बढ़ावा देने का आग्रह किया 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वदेशी चीजों के महत्व पर जोर दिया है और उनके आह्वान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे देशभर में बढ़ावा देने का आग्रह किया है। भाजपा पूरे देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा दे रही है, जिसका अर्थ अन्य उत्पादों को नज़रअंदाज़ करना नहीं है बल्कि अपने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। भाजपा घर-घर जाकर लोगों को स्वदेशी उत्पाद खरीदने और इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

90 दिन के सघन अभियान के तहत 20 हजार से ज्यादा कार्यक्रम होंगे

उन्होंने कहा कि इस अभियान से देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। इस 90 दिन के सघन अभियान के तहत 20 हजार से ज्यादा कार्यक्रम होंगे। देश में एक हजार से ज्यादा मेले लगाए जाएंगे, संकल्प यात्रा भी निकाली जाएगी, सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्वदेशी अपनाने के लिए लोगों से आह्वान किया जाएगा। अभियान के तहत स्वदेशी रियल युवा सम्मेलन होगा, हस्तशिल्प का आयोजन होगा, स्वदेश कॉर्नर स्थापित किया जाएगा, वॉल राइटिंग का काम होगा।

अरुण सिंह ने बताया कि इस अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 10 सदस्यों की समिति बनाई गई है। राज्य और जिला स्तर पर भी नेताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। इसके तहत लोगों को स्वदेशी स्टिकर, कप, डायरी, पटका, टी शर्ट जैसी सामाग्री भी दी जाएगी। जिला स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग दी गई है।

Chhapra: भाजपा नेता शैलेन्द्र सेंगर ने सिताब दियारा से विकास संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। सबसे पहले उन्होंने लाला टोला ट्रस्ट पर जय प्रकाश नारायण के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने दक्खिनवाड़ी चक्की और गरीबा टोला में लोगों से जनसंवाद किया।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य छपरा के लोगों का समग्र विकास की आवाज उठाना है। एनडीए के शासन में जहां भयमुक्त वातावरण का निर्माण हुआ है वहीं गरीब कल्याण योजनाओं से समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास हुए हैं। 125 यूनिट मुफ्त बिजली और पेंशन की राशि को कई गुणा बढ़ा देने का उन्होंने जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि छपरा में सारण सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के प्रयास से आधारभूत संरचनाओं पर काफी काम हुआ है जिससे भविष्य में छपरा में विकास का असर दिखने लगेगा। इसके अलावा भी भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने स्तर पर इसमें सहयोग कर रहा है।

उन्होंने इस यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के हर तबके के विकास में वर्षों से वे भी प्रयासरत हैं और इसके लिए वे लगातार काम कर रहे हैं। विकास का मतलब सिर्फ सड़क और बिजली नहीं बल्कि मानव जीवन के सभी मूलभूत चीजों की चिंता करना भी विकास का एक आयाम है।

उन्होंने सारण खेल महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि आज छपरा में बड़े पैमाने पर स्मैक और ऑनलाइन जुए का प्रचलन बढ़ गया है। इस समस्या से निपटने के लिए बच्चों को खेलकूद और शैक्षिक गतिविधियों की ओर मोड़ना होगा। अभी रूड़ी भी क्रिकेट का एक बहुत बड़ा आयोजन कर रहे हैं जिससे इन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा। इन सब चीजों को सफल बनाने के लिए समाज के हर तबके को साथ आना होगा जिससे हमें सफलता मिल सके।

उन्होंने वहां उपस्थित युवा वर्ग से अपील की कि आप लोगों के सहयोग के बिना कुछ नहीं हो सकता इसलिए इनमें आपको बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना होगा।

इस अवसर पर मुखिया मनोकामना सिंह, मुखिया अजित सिंह, भोला सिंह, अखिलेश सिंह, राकेश सिंह , कुंदन सोनी, आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

1 जुलाई (हि.स.)। वक्फ को लेकर राष्ट्रीय जनता दल( आरजेडी) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार हमलावर है। मंगलवार को आरजेडी पर हमला तेज करते हुए भाजपा ने कहा कि उन्हें देश में शरिया कानून चाहिए। ये नमाजवादी बाबा साहेब का संविधान नहीं चाहते हैं और न ही संविधान का सम्मान करते हैं।

भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को प्रेस वार्ता में प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि कल प्रेसवार्ता में भाजपा ने बड़ी प्रखरता से मुद्दा उठाया था कि जो बिहार में अपने आप को समाजवादी बताते हैं, उनका असली चेहरा नमाजवादी है। इनको केवल शरिया कानून चाहिए, इनको हलाला चाहिए। इनकी समझ है कि केवल एक धर्म विशेष का सशक्तिकरण हो। गौरव भाटिया ने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कह रहे थे कि भारत की संसद से पारित वक्फ संशोधन कानून को कूड़ेदान में डाल देंगे। नमाजवादी और तुष्टिकरण के मसीहा मौलाना तेजस्वी यादव ये हमें बताइए कि क्या आपने कभी संविधान पढ़ा है, कभी उसकी मूल भावना को चरितार्थ किया है?

उन्होंने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर किसी को जंगलराज देखना है तो लालू यादव, तेजस्वी यादव और आरजेडी के शासन को देख लें। जंगलराज में सबसे पहले संविधान और कानून का शासन खत्म होता है और तेजस्वी यादव विपक्ष में बैठकर भी यही कर रहे हैं। अभी चुनाव की घोषणा भी नहीं हुई है, लेकिन लालू यादव, तेजस्वी यादव और आरजेडी पहले से ही विभाजनकारी, सांप्रदायिक राजनीति में गले तक डूबे हुए हैं। उन्होंने आगे  कहा कि आरजेडी की जहरीली सोच के खिलाफ एनडीए के घटक दल इनके मंसूबे को सफल होने नहीं देंगे।

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस के शासन मॉडल के कारण बिहार में जंगल राज और नक्सलवाद चरम पर रहा है, जिससे दशकों तक राज्य का विकास रुका रहा।

लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “जमुई का मूड बिहार में एनडीए के पक्ष में सभी 40 सीटों के साथ अब की बार 400 पार को प्रतिबिंबित करता है।” उन्होंने बिहार के कल्याण और इसके विकास के लिए समर्पित स्वर्गीय राम विलास पासवान के योगदान के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान को अपना छोटा भाई बताते हुए मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।”

बिहार के लोगों को होने वाले घोर अभाव पर बोलते हुए, मोदी ने कहा कि बिहार की 5-6 से अधिक पीढ़ियों को इंडी गठबंधन के तहत घोर अभाव और अविकसितता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने कभी भी बिहार के लोगों की क्षमता और प्रतिभा को सशक्त नहीं बनाया। मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में, बिहार ने सभी स्तरों पर सुधार देखा है और इसे जारी रखने के लिए, बिहार के लोगों को अपने समृद्ध भविष्य को ध्यान में रखते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में हमें वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आपको विकसित बिहार और विकसित भारत के लिए एन.डी.ए. को वोट देना चाहिए।”

बिहार और भारत दोनों की भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में जो हुआ वो तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को, बिहार को बहुत आगे लेकर जाना है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर परोक्ष हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग पहले एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे, वे अब मोदी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग राम मंदिर के विरोध के पीछे राजद-कांग्रेस के इरादों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस-राजद बिहार के आदिवासियों और दलितों सहित वंचितों के अधिकारों के खिलाफ है। मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विश्वास व्यक्त किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार सर्वसम्मति से भाजपा को वोट देगा।

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनावों के बीच कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और संजय मयूख की मौजूदगी में गौरव वल्लभ और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और महागठबंधन के प्रत्याशी रहे उपेन्द्र प्रसाद को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर गौरव वल्लभ ने कहा, “अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस पार्टी के स्टैंड से मैं क्षुब्ध हूं। मैं जन्म से हिंदू और कर्म से शिक्षक हूं। पार्टी के इस रुख ने मुझे हमेशा असहज किया, परेशान किया। पार्टी और गठबंधन से जुड़े कई लोग सनातन के विरोध में बोलते हैं और पार्टी का उस पर चुप रहना, उसे मौन स्वीकृति देने जैसा है। इन दिनों पार्टी गलत दिशा में आगे बढ़ रही है। जहां एक ओर हम जाति आधारित जनगणना की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर संपूर्ण हिंदू समाज के विरोधी नजर आ रहे हैं, यह कार्यशैली जनता के बीच पार्टी को एक खास धर्म विशेष के ही हिमायती होने का भ्रामक संदेश दे रही है। यह कांग्रेस के मूलभूत सिद्धांतों के खिलाफ है।”

उल्लेखनीय है कि गौरव वल्लभ ने गुरुवार सुबह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी दिशाहीन हो गई है। अयोध्या के राम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा पर कांग्रेस के रुख को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।

पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सात चरण में होगा। इसको लेकर सभी पार्टियों ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। बिहार में सभी चरणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित गृहमंत्री अमित शाह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कम से कम 13 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज जमुई में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उनकी दूसरी जनसभा सात अप्रैल को नवादा लोकसभा क्षेत्र में होगी। नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर राजग के उम्मीदवार हैं। यहां भी पहले चरण में ही चुनाव होना है। प्रधानमंत्री की अगली जनसभा गया और भागलपुर में 16 अप्रैल को होगी। 17 अप्रैल को पहले चरण का प्रचार शाम पांच बजे थम जाएगा। पहले चरण की औरंगाबाद लोकसभा सीट के लिए हो रहे चुनाव के प्रचार में छह अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार आयेंगे। औरंगाबाद में उनकी सभा होगी।

पहले चरण की चार सीटें गया, नवादा,औरंगाबाद और जमुई हैं । दूसरे चरण में किशनगंज,कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में 26 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण में सात मई को झंझारपुर, सुपौल,अरिरया, मधेपुरा और खगड़िया में मतदान होगा। चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, और मुंगेर में मतदान होगा। पांचवें चरण में 20 मई को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण औ हाजीपुर में वोट डाले जाएंगे।

छठे चरण में 25 मई को वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज तथा सातवें और अंतिम चरण में नालंदा, पटना साहेब, पाटलिपुत्र, आरा, सासाराम, काराकाट औ जहानाबाद में एक जून को मतदान होगा।

 

file photo

कोलकाता, 03 मार्च (हि.स.)। भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल के कोयलांचल क्षेत्र आसनसोल से उम्मीदवार के तौर पर घोषित किए गए भोजपुरिया स्टार और मशहूर सिंगर पवन सिंह ने यू टर्न ले लिया है। शनिवार शाम जब उन्हें पार्टी ने उम्मीदवार बनाया तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं का आभार जता रहे थे और कहा था कि वह आसनसोल की जनता पर भरोसा करते हैं। इसके बाद रविवार दोपहर उन्होंने घोषणा कर दी है कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे।

सूत्रों ने बताया कि भोजपुरी गानों को लेकर हुए विवाद के बाद ही उन्होंने यह निर्णय लिया है। रविवार दोपहर पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारणवश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।

इधर, दूसरी ओर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने पवन सिंह के इस पीछे हटने के कदम पर भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने कहा है कि खेला शुरू हो गया है।

पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने पवन सिंह के चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर कहा है कि यह पश्चिम बंगाल के लोगों की अदम्य भावना और शक्ति की जीत है।

भाजपा की तरफ से आसनसोल से पवन सिंह को उम्मीदवार बनाने पर तृणमूल कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला था। तृणमूल ने पवन सिंह के पुराने गानों में बंगाल की महिलाओं के चित्रण पर सवाल खड़े किए थे। कुछ ही घंटों में यह विवाद काफी बढ़ गया। तृणमूल ने इसे बंगाल की महिला सम्मान से जोड़ दिया था। पार्टी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि चुनाव के पहले भी खेला होने की शुरुआत हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि आसनसोल सीट पर फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं।

नई दिल्ली, 18 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी की केंद्र की सत्ता में फिर से वापसी पर विश्वास जताते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे, इस बात में कोई शक नहीं है।

शाह भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के दो दिवसीय अधिवेशन में रविवार को पार्टी नेताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से दूरी बनाई। शाह ने विपक्ष के इंडी गठबंधन को परिवार के हितों को सर्वोपरि रखने वाली पार्टियों का एक प्रकार का विलय करार दिया और कहा कि इस वजह से वो आज हर चीज का विरोध करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के 10 वर्षों में आज देश विकसित भारत का स्वप्न लेकर आगे बढ़ रहा है। दूर-दूर तक इंडी गठबंधन को सत्ता प्राप्ति की संभावना नहीं दिखती है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जल, नभ, थल हर जगह घोटाले किए और आज इंडी गठबंधन का नेतृत्व इसी कांग्रेस के हाथ में है। कांग्रेस इतना भ्रष्टाचार करती है तो साथी भला क्यों पीछे रहेंगे। आम आदमी पार्टी ने शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक और न जाने कितने घोटाले किए। इन्होंने लोगों के मेडिकल टेस्ट करने में भी घोटाला किया। इसी वजह से आज आम आदमी पार्टी का सारा नेतृत्व कोर्ट और एजेंसियों से दूर भाग रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के कालखंड को सबसे ज्यादा विकासप्रद बताते हुए शाह ने कहा कि अपने 75 साल के इतिहास में देश ने 17 लोकसभा चुनाव, 22 सरकारें और 15 प्रधानमंत्री देखे हैं। देश में हर सरकार ने अपने समय के अनुरूप विकास करने का प्रयास किया। इसमें कोई भ्रम नहीं है कि मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में समग्र विकास हुआ।

इससे पहले आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी को माला पहनाकर स्वागत किया।

पटना, 03 फरवरी (हि.स.)। राज्य में भाजपा-जदयू की सरकार बनने के छह दिन बाद शनिवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर गृह और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। दोनों उप मुख्यमंत्रियों को नौ-नौ विभागों का जिम्मा दिया गया है।

नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन तथा ऐसे सभी विभाग जो किसी को भी आवंटित नहीं किए गए हैं वह उनके पास रहेंगे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास कुल नौ विभागों का जिम्मा है। इसमें वित्त, वाणिज्य कर, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, खेल, पंचायती राज, उद्योग, पशु एवं मत्स्य संसाधन तथा विधि विभाग हैं।

दूसरे उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास भी नौ विभाग हैं। इनमें कृषि, पथ निर्माण, राजस्व एवं भूमि सुधार, गन्ना उद्योग, खान एवं भूतत्व, श्रम संसाधन, कला संस्कृति एवं युवा, लघु जल संसाधन मंत्रालय तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण हैं। जदयू के विजय कुमार चौधरी के पास कुल छह विभाग हैं। इनमें जल संसाधन, संसदीय कार्य, भवन निर्माण, परिवहन, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क हैं। विजेंद्र प्रसाद यादव के पास पांच विभाग हैं, जिसमें ऊर्जा योजना एवं विकास, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन तथा ग्रामीण कार्य और अल्पसंख्यक कल्याण हैं।

भाजपा के डॉ. प्रेम कुमार के पास सहकारिता, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा पर्यटन यानी कुल पांच विभाग हैं। जदयू के श्रवण कुमार के पास ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग हैं। हम के संतोष कुमार सुमन को सूचना प्रावैधिकी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निर्दलीय सुमित कुमार सिंह को एक बार फिर से विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का जिम्मा दिया गया है।

Chhapra: सारण जिले के मांझी प्रखण्ड के मुबारकपुर गाँव में तीन युवकों की बेरहमी से पिटाई और हत्याकांड मामले में शुक्रवार को बिहार विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद छपरा परिसदन में उन्होंने कहा कि घटना घटी ये अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. भारतीय जनता पार्टी की पूरी टीम संवेदना व्यक्त करने आई थी.

उन्होंने कहा कि सरकार के दबाब में जिला प्रशासन धारा 144 का उल्लंघन कर रही है। अपराधी ने अपराध किया है। अपराधी को पकड़ कर जेल में डाला जाए और उसे स्पीडी ट्रायल चलाकर एक महीने में फांसी की सजा दिलाने का काम किया जाए.

उन्होंने कहा कि प्रशासन कुर्की के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। उन्हे कुछ तो बगल के राज्य से सीख लेना चाहिए. अपराधीको यदि ध्वस्त नहीं करेंगे तो कोई अपराधी सरेंडर करेगा क्या? अपराधी के घरों को ध्वस्त कीजिए. ये खानापूर्ति से सरकार नहीं चलने वाली है। उन्होंने कहा कि हम सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि ये सरकार पूरी तरह लापरवाह है। क्योंकि सरकार का इकबाल खत्म हो गया है और जिला प्रशासन भी उसी राह पर चल रही है। मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी देने, मृतक के परिवार को पच्चीस लाख रुपया मुआवजा देने की मांग उन्होंने राज्य सरकार से की।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, रंजीत सिंह , विधायक डॉ सीएन गुप्ता, जनक सिंह, कृष्ण कुमार उर्फ मंटू समेत अन्य लोगों उपस्थित थें।

 

Chhapra: भारतीय जनता पार्टी सारण जिला की कार्यसमिति की बैठक सोमवार को डा० आरएन सिंह इवनिंग कॉलेज में हुई.

बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी एवं प्रदेश के महामंत्री जनक चमार उपस्थित हुए. बैठक की अध्यक्षता सारण जिला के जिलाध्यक्ष राम दयाल शर्मा ने की.


बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के सांगठनिक मजबूती एवं पंचायती राज चुनाव में पार्टी की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ता ही भारतीय जनता पार्टी के सबल है. प्रदेश महामंत्री जनक चमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अनुशासित एवं कर्मठ हैं.

प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा की भूमिका महत्वपूर्ण होगी एवं अब कार्यकर्ताओं को भी आत्मनिर्भर बनाया जाएगा.

बैठक में तरैया के विधायक जनक सिंह, अमनौर के विधायक कृष्ण कुमार मंटू , छपरा विधायक डॉ सीएन गुप्ता, पूर्व विधायक ज्ञानचंद मांझी, जिला प्रभारी अनूप श्रीवास्तव, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, रमेश प्रसाद, बंशीधर तिवारी, वेद प्रकाश उपाध्याय, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रियंका सिंह, जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, अरुण सिंह, वरुण प्रकाश, बृजमोहन सिंह, डॉ धर्मेंद्र सिंह, लाल बाबू कुशवाहा, जयशंकर बैठा, लक्ष्मी ठाकुर, तारा देवी, जिला महामंत्री अनिल सिंह, शांतनु कुमार, रामाशंकर मिश्र शांडिल्य, जिला प्रवक्ता विवेक कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी श्याम बिहारी अग्रवाल, जिला मंत्री सत्यानंद सिंह, सुपन राय, मोहन शंकर प्रसाद, गायत्री देवी, सीमा सिंह, वीरेंद्र पांडेय सहित सभी मंडल अध्यक्ष सभी मंच मोर्चा के अध्यक्ष एवं जिला संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा जिला कार्यसमिति सदस्य इस बैठक में उपस्थित हुए.

Chhapra: भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले के पदाधिकारी मोर्चा के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के संयोजक, मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता रामदयाल शर्मा ने किया.

बैठक में पार्टी के द्वारा आगामी तय कार्यक्रम के बारे में चर्चा की गई. पार्टी के द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि 6 दिसंबर, 25 तारीख को सुशासन दिवस अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर तथा 27 तारीख को मन की बात पार्टी के द्वारा बूथ स्तर पर करवाने का निर्णय लिया.

भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सभी विधान सभा में मतदाता धन्यवाद यात्रा कार्यक्रम की भी चर्चा की गई. पार्टी की अपार बहुमत से जीतने पर कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद और बधाई दी गई.

बैठक का संचालन महामंत्री शान्तनु कुमार, स्वागत बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष बी सिद्धार्थ ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री रामा शंकर मिश्र शांडिल्य ने किया.
बैठक में सारण जिला के प्रभारी अनुप श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष लाल बाबु कुशवाहा, तारा देवी, राजेश ओझा, जिला मीडिया प्रभारी श्याम बिहारी अग्रवाल, जिला प्रवक्ता विवेक कुमार, मंत्री सीमा सिंह, गायत्री देवी, सुपन राय किसान मोर्चा के संयोजक बबलू मिश्रा, अतिपिछड़ा मोर्चा के संयोजक दयानन्द प्रसाद, आईटी सेल के सह संयोजक नितिन राज वर्मा तथा सभी मंच मोर्चा के अध्यक्ष एवं संयोजक उपस्थित हुए.