बिहार विधानसभा चुनाव: राजग आज देर शाम तक कर सकता है सीट बंटवारा समझौते का ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव: राजग आज देर शाम तक कर सकता है सीट बंटवारा समझौते का ऐलान

पटना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), जिसमें जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं, आज सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर सकते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि राजग गठबंधन में सबकुछ ठीक है। आज राजग गठबंधन में सीटों का ऐलान हो जायेगा। बिहार चुनाव में राजग गठबंधन में सीटों की घोषणा पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि मुख्‍य रूप से सहमति बन चुकी है। पूरा विश्वास है कि बहुत जल्द सब कुछ तय हो जाएगा। अब चुनाव की घोषणा हो चुकी है। अब हम सब चुनाव मैदान में हैं।

यह घटनाक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित राजग के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों का चयन करने के लिए नई दिल्ली में मैराथन बैठकों के बाद हुआ है।

राजग गठबंधन के अंदर खाने से जो खबर मिल रही है, उसके मुताबिक जदयू गठबंधन का नेतृत्व करेगा और 101 या 102 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। दूसरी ओर, भाजपा को जदयू से एक सीट कम मिल सकती है। इसी तरह, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की एचएएम (सेक्युलर) को क्रमशः 26 और सात सीटें मिलेंगी। इस बीच, राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को छह सीटें मिल सकती हैं।

सत्तारूढ़ राजग ने सीटों के बंटवारे को लगभग अंतिम रूप दे दिया है, लेकिन महागठबंधन, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, वामपंथी दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं, अभी तक इस पर आम सहमति नहीं बना पाया है। पहले चरण के लिए नामांकन शुरू होने के साथ ही, महागठबंधन के सहयोगी दल अब सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने और अपने उम्मीदवारों के चयन में जुट गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के विलय से इनकार करने के बाद, राजद ने उन्हें तीन सीटों की पेशकश की है।

इस बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शिशर जी ने बातचीत में बताया कि महागठबंधन की ओर से सोमवार तक सीटों का ऐलान हो जायेगा।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.