नई दिल्ली: चंद्रयान-3 मिशन को लॉन्च करने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 के लिए लॉन्च की तैयारी पूरी कर ली है। चंद्रयान 3 आज श्रीहरिकोटा से दोपहर 2:35 बजे लॉन्च किया जाएगा।
इसरो के अनुसार मिशन चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। इसके लैंडर के चंद्रमा की सतह पर 23 या 24 अगस्त को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने की उम्मीद है। चंद्रयान-3 मिशन चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है, जिसके चंद्र सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और घूमने की संपूर्ण क्षमता प्रदर्शित करने की उम्मीद है।
चंद्रयान-2 मिशन के दौरान लैंडर के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने में सफलता नहीं मिल पाई थी और इस लिहाज से चंद्रयान-3 मिशन को भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है। मिशन सफल रहा तो चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत विश्व का चौथा देश बन जाएगा।