पद्म पुरस्कार : समाजवादी नेता मुलायम और तबला वादक जाकिर हुसैन को पद्म विभूषण सम्मान

पद्म पुरस्कार : समाजवादी नेता मुलायम और तबला वादक जाकिर हुसैन को पद्म विभूषण सम्मान

इस वर्ष छह को पद्म विभूषण, नौ को पद्म भूषण और 91 को पद्मश्री सम्मान

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामों की घोषणा कर दी है। पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव सहित छह को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सुधा मूर्ति, उपन्यासकार एस एल भैरप्पा, उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला का नाम पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुरस्कार पाने वालों को बधाई दी है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष 106 पद्म पुरस्कार के लिए मंजूरी दी है। सूची में छह पद्म विभूषण, नौ पद्म भूषण और 91 पद्मश्री के लिए नामों की घोषणा की गई है। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं और सूची में विदेशियों और प्रवासी भारतीयों की श्रेणी के दो व्यक्ति हैं। साथ ही सात लोगों को मरणोपरांत पुरस्कार दिया जा रहा है। पद्मश्री पाने वालों में चार युगल भी हैं।

प्रधानमंत्री ने पुरस्कार पाने वालों को बधाई दी है और कहा है कि भारत उनके राष्ट्र के लिए समृद्ध और विविध योगदान और हमारे विकास पथ को बढ़ाने के उनके प्रयासों को संजोता है।

सरकार की सूचना के अनुसार इस वर्ष आर्किटेक्ट बालकृष्ण दोषी, (मरणोपरांत), तबला वादक जाकिर हुसैन, पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएम कृष्णा, समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव (मरणोपरांत), भारतीय अमेरिकी वैज्ञानिक श्रीनिवास वरदम, भारतीय बाल रोग विशेषज्ञ दिलीप महालनाबिस (मरणोपरांत) को पद्मा विभूषण देने का ऐलान हुआ है। इसी तरह पद्मभूषण के लिए एसएल भैरप्पा (साहित्य और शिक्षा) कर्नाटक, कुमार मंगलम बिड़ला (व्यापार और उद्योग) महाराष्ट्र, दीपक धर (विज्ञान और इंजीनियरिंग) महाराष्ट्र, एमएस वाणी जयराम (कला) तमिलनाडु, स्वामी चिन्ना जीयर (अध्यात्म) तेलंगाना, एमएस सुमन कल्याणपुर (कला) महाराष्ट्र, कपिल कपूर (साहित्य और शिक्षा) दिल्ली, एमएस सुधा मूर्ति (सामाजिक कार्य) कर्नाटक, कमलेश डी पटेल (अध्यात्म) तेलंगाना का नाम घोषित किया गया है।

इस वर्ष पदमश्री सम्मान के लिए 91 नाम घोषित किए गए हैं। इनमें बिजनेसमैन राकेश झुनझुनवाला (मरणोपरांत), रवीना टंडन, आरआरआर मूवी चोमपोजर एमएम कीरावनी, मणिपुर भाजपा प्रेजिडेंट ठौनाओजम चाओबा सिंह आदि के नाम शामिल हैं।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें