Chhapra: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने सोमवार को लोकसभा में नियम-377 के अधीन अपने संसदीय क्षेत्र के सारण जिले के जलालपुर प्रखंड में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग उठाई। उन्होंने सदन के माध्यम से भारत सरकार के शिक्षा मंत्री से जलालपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
सांसद सीग्रीवाल ने सदन को बताया कि जलालपुर (कोठेयाँ) में आईटीबीपी की छठी वाहिनी का मुख्यालय स्थित है। मुख्यालय परिसर में करीब नौ भवन खंडों में 10 कंपनियों के जवान और अधिकारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि इन जवानों और अधिकारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू विद्यालय की कमी है।
उन्होंने कहा कि देश की सेवा में तैनात वीर जवानों और अधिकारियों के बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए जलालपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना आवश्यक है। केंद्रीय विद्यालय खुलने से न केवल आईटीबीपी के जवानों के बच्चों को शिक्षा की सुविधा मिलेगी, बल्कि जलालपुर और आसपास के दर्जनों गांवों में रहने वाले केंद्रीय कर्मियों के सैकड़ों बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
सांसद ने अध्यक्ष के माध्यम से शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि सारण जिले के जलालपुर प्रखंड में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए अपने स्तर से आवश्यक आदेश एवं निर्देश जारी करने की कृपा करें।


















