बिहार पुलिस पेपर लीक मामले को लेकर ABVP ने पुतला फूंका 

Chhapra: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शहर के नगर पालिका चौक पर बिहार सरकार मुर्दाबाद, छात्र विरोधी सरकार नहीं चलेगी, मुख्यमंत्री इस्तीफा दो के नारों के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला फूंका.

इस दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा बिहार के अंदर कोई भी प्रतियोगी परीक्षा सफल रूप से नहीं हो पा रहा है. कभी एसएससी, कभी बीपीएससी कभी बिहार पुलिस कभी एस आई का पेपर लीक हो जाता है. जिससे प्रतिभावान छात्रों का नुकसान हो रहा है. यह छात्रों के साथ धोखा है या छात्र विरोधी सरकार है.

काफी मेहनत और लगन के साथ बिहार के प्रतिभावान छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं का तैयारी करते हैं. जब परीक्षा देने जाते हैं तो इस आशा और विश्वास के साथ जाते हैं कि इस बार हमें सफलता मिल जाएगी परंतु परीक्षा देकर लौटते -लौटते पता चलता है कि बिहार के परीक्षाओं का पेपर लिक हो गया और परीक्षा स्थगित हो गई. आखिरकार यह ड्रामा कब तक चलेगा बिहार का छात्र नौजवान इस छात्र विरोधी सरकार को बिहार के सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी.

उधर बिहार में हत्या, लूट, अपहरण ,बलात्कार बैंक फिरौती के मामलों से पूरा बिहार आक्रांताओं का दंश झेल रहा है. बिहार सरकार पूरी तरह से विफल है बिहार के मुखिया को इस्तीफा दे देने की आवश्यकता है.

इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रवि पांडे, विश्वविद्यालय संगठन मंत्री पुरुषोत्तम कुमार, सोशल मिडीया प्रमुख नितेश दूबे, आशीष कुमार रामजयपाल काॅलेज अध्यक्ष नितेश महराज, कॉलेज मंत्री आशीष कुमार पटेल, मो.मुस्ताक, गुड्डु कुमार, पिंटू कुमार धर्मेंद्र कुमार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नीरज यादव ,अमर पांडे नगर सह मंत्री रोहित कुमार, प्रकाश कुमार बादल आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे.

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में राजेंद्र कॉलेज के छात्रों ने लहराया परचम

Chhapra: सारण फॉरेस्ट डिविजन के द्वारा फोटोग्राफी प्रतियोगिता में राजेंद्र महाविद्यालय के रूपेश कुमार निषाद को प्रथम, अनुप्रिया को द्वितीय तथा मोहित कुमार शर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विदित है कि तीनों प्रतिभागी राजेंद्र कॉलेज के छात्र हैं।

राजेंद्र महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील कुमार श्रीवास्तव ने इन छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि तस्वीरों की अपनी एक भाषा होती है, अगर हम उसको कमरे में कैद कर लें तो अपनी कहानी वह खुद बयां करती है। प्रकृति, वन्य जीव आदि से संबंधित फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन वन विभाग सारण के द्वारा किया गया था।

जिसमें जिला वन अधिकारी राम सुंदर एम ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वन्यजीव हमारे पर्यावरण को महान स्थिरता प्रदान करते हैं जिसमें वह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्राकृतिक प्रक्रियाओं में शामिल होते हैं और मनुष्य अपने स्वार्थ के लिए वन्यजीवों को मारता है। इन सभी दुर्भाग्यपूर्ण स्थितीयों पर रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा कई कड़े कदम उठाए जा चुके है जिसमें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम भी है।इसमें सारण जिला के सभी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रतिभागिता करनी थी।

छात्रों के उपलब्धि पर कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. देवेश रंजन, डॉ. जया कुमारी पांडे, डॉ. कन्हैया प्रसाद, डॉ. अनुपम कुमार सिंह, एनसीसी अधिकारी प्रो. संजय कुमार तथा तथा स्वयंसेविका अरुणिमा, शिप्रा, निधि, अंशु, तरन्नुम सहित सभी शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

पोखरें में नहाने के दौरान एक दस वर्षीय लड़के कि डूबनें से मौत, परिजनों का रों-रों कर बुरा हाल

Chhapra: जिले के मशरक प्रखंड क्षेत्र के सोनौली पंचायत अंतर्गत गोढ़ना गांव के एक दस वर्षीय लड़के की गोढ़ना बाजार अवस्थित पोखरें में डूबनें से मौत हो जाने का मामला शनिवार को सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोढ़ना गांव निवासी राजेश राय का पुत्र 10 वर्षीय मकेश्वर कुमार के रूप में हुई।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि लड़का शुक्रवार को अपने परिजनों के साथ जीवित्पुत्रिका व्रत में मां के साथ पोखरें पर पहुंचा था वही गाव की महिलाओं के साथ मां घर चली गई वही वह पोखरें में नहाने लगा और गहरे पानी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। वही परिजन पूरे रात उसे खोजते रहें वहीं शनिवार की सुबह ग्रामीणों के द्वारा शव पोखरे में देख परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना मिलनें के बाद मौके पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख रवि प्रकाश सिंह मंटू, सोनौली मुखिया इम्तियाज खान उर्फ चुन्नू बाबू और बीडीसी धर्मेंद्र राय ने पहुंच थाना पुलिस को सूचना दी।

घटना कि सुचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस नें शव को पोखरें सें बाहर निकलवाया और कागजी कार्रवाई करने के बाद शव कों पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। मौके पर मुखिया इम्तियाज खान उर्फ चुन्नू बाबू ने बताया कि मृतक एक भाई और तीन बहन हैं।

हांगझू, 7 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को हांगझू में 19वें एशियाई खेलों में महिला टीम कबड्डी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों ने शनिवार को चीनी ताइपे के खिलाफ 26-25 से जीत हासिल कर महिला टीम कबड्डी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। अपने अभियान के शुरुआती मैच में दोनों टीमों ने 34-34 से टाई खेला था।

एशियाई खेल 2023 में स्वर्ण पदक मैच में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ 14-9 की बढ़त ले ली। भारतीय रेडरों ने पहले हाफ में छह बोनस अंक हासिल किए।

दूसरे हाफ में चीनी ताइपे ने बढ़त बनाई और 16 अंक हासिल किए, जबकि भारतीय 12 अंक ही हासिल कर पाए. हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय रेडरों ने दो बोनस अंक हासिल किए। लेकिन अंत में, पहले हाफ में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण भारतीय टीम ने जीत हासिल की।

इससे पहले गुरुवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 61-17 से हराकर महिला कबड्डी के फाइनल में जगह बनाई थी.

इस बीच, भारत और इस्लामिक गणराज्य ईरान आज दोपहर 12:30 बजे 19वें एशियाई खेलों में पुरुष कबड्डी फाइनल में आमने-सामने होंगे।

भारत फिलहाल कुल 100 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

आज का पंचांग

दिनांक 07/10/2023 शनिवार

आश्विन कृष्णपक्ष अष्टमी

सुबह 08:08 उपरांत नवमी

विक्रम सम्वत :2080

नक्षत्र :पुनर्वसु

रात्रि 11:57 उपरांत पुष्य

चन्द्र राशि मिथुन

संध्या 05:18 उपरांत कर्क

सूर्योदय 05:44 सुबह,

सूर्यास्त :05:30 संध्या

चंद्रोदय :11:54 रात्रि

चंद्रास्त :01:22 दोपहर

लगन : कन्या 06 :34 सुबह

उपरांत तुला लगन

ऋतू : वर्षा

चौघडिया,

दिन चौघड़िया:

काल 05:44 सुबह 07:12 सुबह

शुभ 7:12 सुबह 08:41 सुबह

रोग 08:41 सुबह 10:09 सुबह

उद्देग 10:09 सुबह 11:37 सुबह,

चर 11:37 सुबह 01:05 दोपहर

लाभ 1:05 दोपहर 02:34 दोपहर,

अमृत 02:34 दोपहर 04:02 संध्या

काल 04:02 संध्या 05:30 संध्या

राहुकाल

सुबह 08:41 से 10:09 सुबह

अभिजित मुहूर्त

सुबह 11:14 से 12:01 दोपहर

दिशाशूल :पूर्व

यात्रा विचार : आज कही यात्रा पर जाने के पहले अदरक खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.

 

आज का राशिफल 

 

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

भूमि-भवन व मकान-दुकान इत्यादि की खरीद-फरोख्त मनोनुकूल लाभ देगी। बेरोजगारी दूर होगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं।चारों तरफ से सफलता मिलेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। उत्साह बना रहेगा। चिंता तथा तनाव कम होंगे।

लकी नंबर 5 लकी कलर बैंगनी

 

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। कारोबार लाभदायक रहेगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा।घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा।

लकी नंबर 1 लकी कलर ग्रे

 

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

अध्यात्म में रुझान रहेगा। सत्संग का लाभ प्राप्त होगा। राजकीय बाधा दूर होकर स्थिति लाभदायक बनेगी। कारोबार में वृद्धि होगी।

लकी नंबर 3 लकी कलर नीला

 

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

अध्यात्म में रुझान रहेगा। सत्संग का लाभ प्राप्त होगा। राजकीय बाधा दूर होकर स्थिति लाभदायक बनेगी। कारोबार में वृद्धि होगी।विवाद को बढ़ावा न दें। विवेक का प्रयोग करें। प्रमाद न करें।

लकी नंबर 9 लकी कलर संतरी

 

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

यात्रा मनोनुकूल रहेगी। नया काम मिलेगा। नए अनुबंध होंगे। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा।जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय में वृद्धि होगी। जल्दबाजी न करें।

लकी नंबर 6 लकी कलर लाल

 

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति हो सकती है। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। यात्रा लाभदायक रहेगी। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

लकी नंबर 4 लकी कलर सफेद

 

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

यात्रा मनोनुकूल रहेगी। नया काम मिलेगा। नए अनुबंध होंगे। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा।स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। फालतू खर्च होगा।

लकी नंबर 8 लकी कलर पिला

 

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। रुके कार्यों में गति आएगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। प्रमाद न करें।कार्यस्थल पर सुधार व परिवर्तन हो सकता है। योजना फलीभूत होगी। तत्काल लाभ नहीं होगा। निवेश में जल्दबाजी न करें।

लकी नंबर 2 लकी कलर आसमानी

 

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आय में निश्चितता रहेगी। समय शीघ्र सुधरेगा। विवाद को बढ़ावा न दें। बेवजह कहासुनी हो सकती है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। थकान व कमजोरी रह सकते हैं।धनहानि की आशंका है। व्यापार-व्यवसाय में धीमापन रह सकता है।

लकी नंबर 3 लकी कलर ब्लू

 

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। कार्य की प्रशंसा होगी। प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। यात्रा मनोरंजक हो सकती है। व्यापार-व्यवसाय में नए प्रयोग किए जा सकते हैं। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। कार्यभार व अधिकार में वृद्धि हो सकती है।

लकी नंबर 7 लकी कलर आसमानी

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

मित्रों का सहयोग करने का अवसर प्राप्त हो सकता है। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा।कार्यभार व अधिकार में वृद्धि हो सकती है।

लकी नंबर 1 लकी कलर फिरोजी

 

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आत्मसम्मान बना रहेगा। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। भूले-बिसरे साथियों व संबंधियों से मुलाकात होगी। कारोबार में अनुकूलता रहेगी। बुद्धि का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। प्रमाद न करें।

लकी नंबर 5 लकी कलर गुलाबी

 

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏

🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺

ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा

ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

अभिनेता अक्षय कुमार स्टारर ‘मिशन रानीगंज’ 6 अक्टूबर सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है और अक्षय इसमें रियल लाइफ हीरो जसवंत सिंह गिल का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कोयला खदान में जमीन से लगभग 350 फीट नीचे फंसे 65 वर्कर्स की जान बचाई थी।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 2006 में बोरवेल में 50 फीट नीचे गिरे लड़के प्रिंस को नई तकनीक की उपलब्धता के बावजूद बचाने के मिशन में लगभग तीन दिन लगे। इस घटना से लगभग 18 साल पहले 1989 में जसवंत सिंह गिल ने केवल दो दिनों में जमीन से 300 फीट नीचे फंसे 65 श्रमिकों की जान बचाई थी। ‘कैप्सूल मैन’ जसवंत सिंह के किरदार में अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी प्रतिभा का नया पहलू दर्शकों के सामने लेकर आए हैं। शुरुआती क्षण से लेकर चरमोत्कर्ष तक यह फिल्म आपको अपनी सीट से बांधे रखती है।

लगभग 250 साल पहले की ब्रिटिश तकनीक की बुनियादी पद्धतियां आज भी दुनिया भर की कोयला खदानों में उपयोग की जाती हैं। भारत में पहली कोयला खदान रानीगंज में ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए काम करने वाले ब्रिटिश अधिकारियों ने शुरू की थी। भारत में कोयला का पूरा कारोबार अंग्रेजों की बनाई व्यवस्था पर ही आधारित था। हालांकि, इंग्लैंड और भारत की खदानें छह हजार किलोमीटर दूर थीं, लेकिन दोनों कोयला खदानों में दुर्घटनाएं होना समान थी।

फिल्म की कहानी

जसवन्त सिंह गिल (अक्षय कुमार) अपनी गर्भवती पत्नी (परिणीति चोपड़ा) के साथ रानीगंज में रहते हैं। वह पश्चिम बंगाल के रानीगंज में कोल इंडिया लिमिटेड में रेस्क्यू इंजीनियर के रूप में काम करते हैं। जब एक कोयले की खदान में विस्फोट के बाद पानी भरने लगता है, तो भूमिगत फंसे 71 लोगों की जान बचाने का जिम्मा जसवन्त पर आता है। इस मिशन के शुरू होने से पहले ही छह कर्मचारियों की मौत हो जाती है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जसवन्त सिंह गिल कई बाधाओं को पार करते हुए 65 वर्कर्स की जान बचाने का मिशन पूरा करते हैं। ये पूरा मिशन कैसे पूरा हुआ, इसकी कहानी इस फिल्म में देखी जा सकती है।

निर्देशन

फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ का निर्देशन टीनू सुरेश देसाई ने किया है। उन्होंने अक्षय कुमार की फिल्म ‘रुस्तम’ का भी निर्देशन किया था। टीनू और अक्षय कुमार एक बार फिर इस फिल्म के लिए साथ आए हैं। पिछले सात सालों में टीनू के निर्देशन में कई बदलाव आए हैं, जो इस फिल्म में देखने को मिल सकते हैं। फिल्म की परिकल्पना जसवन्त गिल की बेटी पूनम गिल ने की है और पटकथा विपुल के रावत ने लिखी है।

‘मिशन रानीगंज’ के डायरेक्शन की बात करें, तो इस फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसमें 80 के दशक को बेहतरीन दिखाने की कोशिश की गई है। उस समय के माहौल, लोगों के पहनावे और उनकी भाषा पर बारीकी से ध्यान दिया गया है। रेस्क्यू मिशन के दौरान बनी डॉक्यूमेंट्री की तरह फिल्म की कहानी तेज गति से नहीं चलती है। फिल्म के सीन कभी आपके चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तो कभी आंखों में आंसू। भले ही आप इस फिल्म की शुरुआत और अंत जानते हों, लेकिन आप इसकी कहानी से जुड़े रहते हैं और यही निर्देशक की बड़ी सफलता है।

अभिनय

अक्षय कुमार का जसवन्त सिंह गिल के किरदार में प्रदर्शन ‘एयरलिफ्ट’ में अक्षय कुमार के प्रदर्शन से कहीं अधिक है। फिल्म में एक तरफ जसवंत हैं और दूसरी तरफ उनकी पत्नी। इस मामले में अक्षय कुमार की पत्नी का किरदार निभाने वाली परिणीति चोपड़ा काफी पॉजिटिव हैं, लेकिन फिल्म में उनके रोल के लिए ज्यादा स्कोप नहीं है। इन दोनों कलाकारों के अलावा वरुण बडौला, कुमुद मिश्रा, रवि किशन, पवन मल्होत्रा और दिव्येंदु भट्टाचार्य ने अपनी भूमिकाओं को बखूबी निभाया है।

फिल्म की कहानी को और दिलचस्प बनाने में एडिटिंग अहम भूमिका निभाती है। सिनेमैटोग्राफर असीम मिश्रा को कोयला खदान विवरण, डार्क लाइटिंग और कृत्रिम खदान शूटिंग के लिए कम आंका गया है। इसमें गाने कुछ खास नहीं हैं, लेकिन बैकग्राउंड म्यूजिक कमाल का है। ये बैकग्राउंड म्यूजिक हर सीन को और भी दिलचस्प बना देता है।

सुपरहीरो की तलाश करने वालों के लिए यह फिल्म आपको सिखाती है कि आप अपनी कहानी के नायक खुद हैं, लेकिन इसके लिए आपको हर चुनौती का साहस के साथ सामना करना होगा। यह हमें सिखाता है कि हर व्यक्ति के अंदर एक जसवन्त सिंह होता है, जो सही सोच और साहस से असंभव को भी संभव बना सकता है।

फिल्म के कलाकार: अक्षय कुमार, परिणीति चोपड़ा, कुमुद मिश्रा, पवन मल्होत्रा, रवि किशन, दिब्येंदु भट्टाचार्य, वरुण बडोला और जमील खान

लेखक: विपुल के रावल, दीपक किंगरानी और पूनम गिल

निर्देशक: टीनू सुरेश देसाई

रेटिंग: 3.5 स्टार

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल बुखार से पीड़ित हैं, जिससे उनका 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे विश्व कप के भारत के शुरुआती मैच में खेलना संदिग्ध है।

गिल बुधवार और गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के प्रशिक्षण सत्र में शामिल नहीं हुए। टीम प्रबंधन उम्मीद कर रहा है कि यह फ्लू से ज्यादा कुछ न हो।

बीसीसीआई के आधिकारिक अपडेट में कहा गया, “मेडिकल टीम उन पर कड़ी निगरानी रख रही है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही बेहतर हो जाएंगे।”

गिल इस साल वनडे में 72.35 की औसत और 105.03 की स्ट्राइक रेट से 1230 रन बनाए हैं। वह इस साल वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अपने आखिरी चार एकदिवसीय मैचों में, उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक लगाया, जिनमें से दो पारियाँ प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ थीं।

यदि गिल रविवार के खेल के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं, तो ईशान किशन उनकी जगह ओपनिंग कर सकते हैं। किशन ने इस साल सलामी बल्लेबाज के रूप में पांच एकदिवसीय मैचों में तीन अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ नंबर 5 से 82 रन की शानदार पारी भी शामिल है।

हांगझू, 6 अक्टूबर (हि.स.)। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद तिलक वर्मा (नाबाद 55) के अर्धशतक और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (नाबाद 40) के बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने शुक्रवार को बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर एशियाई खेलों के फाइनल में प्रवेश किया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 96 रन बनाए, जवाब में भारत ने मात्र 9.2 ओवर में 1 विकेट पर 97 रन बनाकर नौ विकेट से जीत हासिल की।

97 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर चलते बने। इसके बाद तिलक वर्मा और गायकवाड़ ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया और भारतीय टीम को नौ विकेट से जीत दिला दी। तिलक 26 गेंदों पर 2 चौके और 6 छक्कों की बदौलत 55 व गायकवाड़ इतने ही गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों की बदौलत 20 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 96 रन बनाए।

इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और बांग्लादेशी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 96 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश के लिए परवेज होसैन इमान ने 23 और जकर अली ने नाबाद 24 रन बनाए, जबकि रकिबुल हसन ने 14 रन बनाए।

भारत की तरफ से साई किशोर ने 3, वॉशिंगटन सुंदर ने 2, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद ने 1-1 विकेट लिया।

भारतीय टीम शनिवार को स्वर्ण पदक मुकाबले में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी।

हांगझू, 6 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को जापान को 5-1 से हराकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपना नाम किया। एशियाई खेलों में भारत का यह 22वां स्वर्ण पदक था। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो (32वें और 59वें मिनट), मनप्रीत सिंह (25वें मिनट), अमित रोहिदास (36वें मिनट) और अभिषेक (48वें मिनट) ने 1-1 गोल किया।

इस मैच में दोनों टीमों ने रक्षात्मक शुरुआत की, फलस्वरूप पहला क्वार्टर गोल रहित समाप्त हुआ। मैच का पहला गोल दूसरे क्वार्टर में आया, जब मैच के 25वें मिनट में मनप्रीत सिंह ने बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे रही।

मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक रूख अपनाया और मैच के 32वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टीकॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 36वें मिनट में अमित रोहिदास ने एक और बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के 48वें मिनट में हार्दिक सिंह के पास पर अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल किया।

51वें मिनट में जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार तनाका सेरेन ने गोल कर जापान का खाता खोला।

मैच खत्म होने से कुछ समय पहले भारत को पेनल्टीकॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत सिंह ने मैच का अपना दूसरा और भारत के लिए पांचवां गोल किया और स्कोर 5-1 हो गया, और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही भारतीय हॉकी टीम ने न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

इस स्वर्ण के साथ ही भारत ने एशियाई खेलों में अब तक 95 पदक जीत लिये हैं, जिनमें 22 स्वर्ण, 34 रजत और 39 कांस्य पदक शामिल हैं।

पटना, 6 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में जंगलराज की बानगी पूरी तरह से दिख रही है। एक तरफ अपराधी राज्य में बेलगाम हैं तो विधायक भी उनसे कम नहीं। वो भी सत्तारूढ़ जदयू के। नीतीश कुमार के विधायक सरेआम मीडिया कर्मियों से गाली-गलौच कर रहे हैं। नीतीश के विधायक मीडिया कर्मियों को कहते हैं कि तुम हमारे बाप हो। साथ ही उन्होंने इस तरह की बातें कही हैं जो सार्वजनिक तौर पर लिखा या कहा भी नहीं जा सकता है।

जदयू पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी मौजूद थे। इस बीच पार्टी के विधायक गोपाल मंडल से पत्रकारों ने सवाल किया कि आखिर क्या वजह रही कि आप पिस्तौल लेकर अस्पताल पहुंच गए। इसके जवाब में गोपाल मंडल ने कहा कि अरे पिस्तौल तो अभियो है मेरे पास। दिखावें…दिखावें पिस्टल..क्या कहना चाहते हो..रखते हैं पिस्टल..नहीं हम जैसे है न बेल्टवा छूट गया पिस्टल ले लिए उसको पैजामा में रखें ..जैसे सीढ़ी पर कदम रखें न..हुआ क्या कि पैजामा नीचे गिरने लगा। अरे यार तुमलोग पत्रकार हो क्या हो.. हमको मुश्किल लगता है कमर में पिस्टल रखना.. हां-हां लहराएंगे ..लहराएंगे तुमलोग हमारा बाप हो…बाप हो जो मना करोगे….अपशब्द।

नरेंद्र नीरज उर्फ गोपाल मंडल भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा से विधायक हैं। वे 03 अक्टूबर की शाम हाथ में रिवाल्वर लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भागलपुर में चले गए। गोपाल मंडल रिश्ते में लगने वाली पोती अवनि को लेकर पहुंचे थे। उसका सिटी स्कैन कराना था।

विधायक जब अस्पताल में घुसे तो उनके हाथ में रिवाल्वर को देख लोग भी सकते में आ गए। इसके बाद जब उनसे यहां के पत्रकारों ने सवाल किया तो कहा कि उनके राजनीतिक दुश्मन हैं। इसलिए उन्होंने हथियार रखा है। उनके पास उसका लाइसेंस भी है। साथ में लेकर इसलिए चलते हैं कि उनकी जान की रक्षा हो सके। कहा कि कहीं कोई विवाद नहीं है। वो इसी तरह चलते हैं। यदि जरूरत है तो सीधा ठोक देंगे।

पटना, 6 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने बिहार में हुए जातीय जनगणना के सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा है कि जातीय सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद सत्ता से जुड़ी चुनिंदा जातियों को छोड़ कर लगभग सभी जातियों के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और जदयू के एक सांसद सहित अनेक लोग जब सर्वे के आंकड़ों को विश्वसनीय नहीं मान रहे हैं तब सर्वे प्रक्रिया की समीक्षा कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में जातीय सर्वे कराने के सरकार के नीतिगत निर्णय पर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की मुहर लगने के बाद अब कानूनी रूप से सर्वे को लेकर कोई कानूनी मुद्दा नहीं है। दूसरी तरफ सर्वे की विश्वसनीयता जनता का मुद्दा बन गया है। ऐसी शिकायतें मिलीं कि प्रगणकों ने अनेक इलाकों के आंकड़े घर बैठे तैयार कर लिए।

उन्होंने कहा कि वैश्य, निषाद जैसी कुछ जातियों के आंकड़े 8-10 उपजातियों में तोड़ कर दिखाये गए, ताकि उन्हें अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास नहीं हो। यह किसके इशारे पर हुआ ? राज्य में वैश्य समाज की आबादी 9.5 फीसदी से अधिक है लेकिन यह सर्वे में दर्ज नहीं हुआ। जिस जाति-धर्म के लोग वर्तमान सत्ता के साथ हैं उनकी संख्या को बढ़ा-चढ़ा कर दिखाने के लिए उपजातियों के आंकड़े छिपाये गए। सुशील मोदी ने कहा कि जातीय सर्वे पर जो संदेह-सवाल उठ रहे हैं, उनका उत्तर राज्य सरकार को देना चाहिए, पार्टी प्रवक्ताओं को नहीं।

पटना, 6 अक्टूबर (हि.स.)। लैंड फॉर जॉब मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यु कोर्ट से जमानत मिलने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को दिल्ली से पटना लौटे। उनके साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी में थी। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें व्हील चेयर से बाहर लाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें कार में बिठाया गया।

लालू यादव तीन अक्टूबर को दिल्ली गए थे और अगले दिन लालू, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव, बेटी मीसा भारती सहित अन्य लोग कोर्ट में पेश हुए थे। हालांकि, कोर्ट से उन्हें राहत मिल गई है। पटना लौटने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हवाईअड्डे पर उनका जोरदार स्वागत किया।

पत्रकारों ने लालू यादव से आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी से जुड़ा सवाल किया तो वे चुपचाप हवाईअड्डे से निकल गये। पत्रकारों ने उनसे बीते गुरुवार बिहार आये जेपी नड्डा के बयानों पर भी सवाल किया, जिसपर उन्होंने काई प्रतिक्रिया नहीं दी। लालू यादव जब रेल मंत्री थे तब वर्ष 2004 से 2009 के बीच उन पर रेलवे में लोगों को नौकरी के बदले जमीन हड़पने का आरोप लगा। इसी मामले में लालू और उनके परिवार वालों की कोर्ट में पेशी हुई थी।