छपरा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण उप विकास आयुक्त के द्वारा किया गया

Chhapra: सारण की उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी द्वारा छपरा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उपाधीक्षक सदर अस्पताल छपरा एवं राजेश्वर प्रसाद अस्पताल प्रबंधक उपस्थित थे।

सर्वप्रथम उपविकास आयुक्त के द्वारा निर्माणाधीन दवा काउंटर का निरीक्षण किया गया तथा निर्माण कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया । ओ पी डी का निरीक्षण किया गया तथा समुचित साफ सफाई रखने का निर्देश दिया गया।

कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने हेतु अधिष्ठापित बायोमेट्रिक मशीन का भी निरीक्षण किया गया। आपातकालीन विभाग का निरीक्षण किया गया निरीक्षण के क्रम में मरीजों से पूछे जाने पर उनके द्वारा बताया गया कि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। साथ ही साथ आपातकालीन विभाग में कराया जा रहे मरम्मति एवं रंग रोगन कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

आपातकालीन विभाग में समुचित साथ सफाई नहीं होने पर श्री राजेश्वर प्रसाद हॉस्पिटल मैनेजर को अविलंब साफ-सफाई करवाने हेतु दिशा निर्देश दिया गया। प्रसूति विभाग का भी निरीक्षण किया गया।अस्पताल में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण करने का निर्देश दिया गया।

Chhapra: राजेंद्र कॉलेज अकादमिक मंडल के तत्वावधान में आज राजेंद्र कॉलेज में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिन्हा द्वारा “वैश्विक दृष्टि से हिंदी का महत्व” विषय पर केंद्रित व्याख्यान का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. विधान चंद्र भारती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी हम पूरे भारतवासियों को एकता के एकसूत्र में पिरोने वाली पूरे देश की महत्वपूर्ण भाषा है। इसके माध्यम से हमें वैश्विक स्तर पर भी प्रतिष्ठा मिलती आई है। इस पर हमें गर्व है। इसी क्रम में उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस भाषा को अधिक से अधिक रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में सोचना और कार्ययोजना तैयार करना चाहिए।

मुख्य वक्ता डॉ. अशोक कुमार सिन्हा ने अपने उद्बोधन के दौरान सर्वप्रथम विश्व हिंदी दिवस मनाये जाने की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए नागपुर, महाराष्ट्र में 10 जनवरी 1975 को हुए पहले विश्व हिंदी सम्मेलन का जिक्र किया और आगे उसकी वैश्विक स्तर पर विकास यात्रा की चर्चा की। तत्पश्चात राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी की वर्तमान स्थिति एवं भावी संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने देश के साथ-साथ विदेशों में भी सेवारत हिंदी सेवियों के लेखन एवं उनके विविध क्रियाकलापों के साथ-साथ प्रकाशित होने वाली विभिन्न पत्र पत्रिकाओं का विस्तार से जिक्र किया और छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि अधिकाधिक गंभीरता से हिंदी का अध्ययन करें। उन्होंने इसमें रोजगार की भी संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ. बेठियार सिंह साहू द्वारा एवं धन्यवाद सह आभार ज्ञापन डॉ. ऋचा मिश्रा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में अकादमिक मंडल के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर डॉ. संजय कुमार एवं सचिव डॉ. विशाल कुमार सिंह की विशेष अभिरुचिपूर्ण सक्रिय भूमिका रही। वहीं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पूनम, डॉ. सुनील कुमार पांडेय, डॉ. अर्चना उपाध्यक्ष, डॉ. शशितोष कुमार, डॉ. देवेश रंजन सहित छात्र छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

लखनऊ, 10 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के भव्य शुभारंभ और श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सिर्फ उत्तर प्रदेश और देश में ही नहीं, बल्कि यूरोप से लेकर अमेरिका तक धूम है। मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में रामोत्सव को लेकर उत्तर प्रदेश में जो तैयारी शुरू हुई थी, वो अब धीरे-धीरे पूरे देश और विदेशों तक पहुंच रही है। इस आयोजन को लेकर पूरी दुनिया में उत्सव का माहौल बन चुका है। ये उत्सव अमेरिका के टाइम्स स्क्वायर से लेकर यूरोप के एफिल टावर तक देखने को मिलेंगे।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में 21 जनवरी को राम रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पूरे यूरोप से एक हजार लोग एकत्रित होंगे। साथ ही एफिल टावर के पास उत्सव मनाया जाएगा। इसी तरह अमेरिका में टाइम्स स्क्वायर पर राम मंदिर भूमि पूजन की तर्ज पर 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। नॉर्थ अमेरिका से लेकर कनाडा तक के मंदिरों में पूजन व दीपोत्सव के आयोजन का फैसला लिया गया है। यही नहीं, अमेरिका में कैलिफोर्निया के साथ ही वाशिंगटन, शिकागो और अन्य शहरों में विशाल कार रैली का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्राण प्रतिष्ठा भारतीय समयानुसार दोपहर लगभग 12.30 बजे होगी। उस समय पेरिस में सुबह और अमेरिका में देर रात का समय होगा।

पेरिस में निकाली जाएगी राम रथ यात्रा
हिंदुओं के आराध्य भगवान राम के मंदिर की स्थापना का जो सपना राम भक्तों ने देखा था वो 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अब साकार होने जा रहा है। ऐसे में दुनिया भर के रामभक्त इस अवसर पर अपने-अपने तरीके से जश्न मना रहे हैं। इसी क्रम में 21 जनवरी 2024 को पेरिस में राम रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर पेरिस में रहने वाले अविनाश मिश्रा नाम के यूजर ने राम रथ यात्रा के बारे में डिटेल साझा की है। उन्होंने लिखा है, ‘फ्रांस में रहने वाले हम भारतीय पूरे पेरिस में राम रथ यात्रा और एफिल टावर पर बड़े पैमाने पर उत्सव का आयोजन करके अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर पर शामिल होंगे।’ अविनाश ने अपनी पोस्ट में राम रथ यात्रा का पूरा मैप भी शेयर किया है, जबकि पेरिस में रहने वाले राम भक्तों से इस आयोजन में सम्मिलित होने का अनुरोध भी किया है। उनकी इस पोस्ट को राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ने भी रीट्वीट किया और लिखा कि अयोध्या में जन्मस्थान पर भगवान श्री रामलला सरकार की प्राण प्रतिष्ठा का साक्षी बनना सभी रामभक्तों के लिए एक आशीर्वाद है।

टाइम्स स्क्वायर पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग
हिंदू मंदिर एमपावरमेंट काउंसिल ने नॉर्थ अमेरिका से लेकर कनाडा तक के मंदिरों में पूजन व दीपोत्सव के आयोजन का निर्णय लिया है। विगत कई हफ्तों में वाशिंगटन, शिकागो और दूसरे अमेरिकी शहरों में राम मंदिर के जश्न में कार रैलियां निकाली गई हैं। आयोजकों ने अब कैलिफोर्निया में कार रैली निकालने की योजना बनाई है। उनका कहना है कि वे अयोध्या नहीं आ सकते हैं, लेकिन भगवान राम उनके दिलों में हैं और उनकी घर वापसी में उनकी अटूट श्रद्धा है। यही नहीं, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर पर भी किया जाएगा। इससे पहले 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के भूमि पूजन को चिन्हित करते हुए टाइम्स स्क्वायर पर राम मंदिर का एक डिजिटल बिलबोर्ड चलाया गया था। अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन पर न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम ने कहा है कि अगर हम न्यूयॉर्क शहर में हिंदु समुदाय को देखें तो यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण है। यह उन्हें जश्न मनाने और अपनी आध्यात्मिकता को ऊपर उठाने का मौका देता है।

160 देशों में हो रहे विभिन्न आयोजन
विश्व हिंदू परिषद ने भी कई देशों में आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। इसके अनुसार दुनिया के 50 से ज्यादा देशों में बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन स्थानों पर प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। अमेरिका में 300, ब्रिटेन में 25, ऑस्ट्रेलिया में 30, कनाडा में 30, मॉरीशस में 100 के अलावा आयरलैंड, फिजी, इंडोनेशिया और जर्मनी जैसे 50 से अधिक देशों में बड़े पैमाने पर रामलला प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, फिजी जैसे 50 देशों के प्रतिनिधियों को भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर अयोध्या आने का निमंत्रण भी दिया गया है। वहीं, मुस्लिम बाहुल्य देश इंडोनेशिया, सऊदी अरब में भी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। विहिप के अनुसार दुनिया के 160 ऐसे देश हैं जहां हिंदू धर्म के लोग रहते हैं, वहां विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में शोभायात्रा, हवन पूजन, हनुमान चालीसा पाठ और मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाने की तैयारी है।

आर.के. सिन्हा
अयोध्या या भारत ही नहीं, सारे संसार में राम की चर्चा है। भारत तो राममय हो ही चुका है। अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को होने वाले राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। लगभग 500 वर्ष के दीर्घकालीन वनवास के पश्चात प्रभु श्री राम पुनः पूरे विधि-विधान के साथ अपने जन्म स्थान में पुन: विराजमान होने वाले हैं।

भगवान राम फिर अयोध्या लौटे हैं लेकिन उनके उस जन्मस्थान पर आखिर सभी पंथ, सभी संप्रदाय के लोग समय-समय पर क्यों आते जाते रहे हैं? क्योंकि, राम किसी संकीर्ण विचारधारा से नहीं बंधे हैं। राम ही भारत की प्राणशक्ति हैं। राम ही धर्म हैं। मानव शरीर की श्रेष्ठता और उदात्तता का सीमांत राम से ही बनता है। हर व्यक्ति के जीवन में हर कदम पर जो भी अनुकरणीय हैं, वह राम ही हैं। इसीलिए तो यहां सिख गुरु नानकदेव भी आए और अयोध्या में जन्मे पांच जैन तीर्थंकरों ने भी अपने को राम की वंश-परंपरा से ही जोड़ा। बनारस से दलित संत रविदास भी रामदर्शन के लिए अयोध्या आए तो दक्षिण के आलावर संत भी। द्वैत सिद्धांत मानने वाले आचार्य भी। अद्वैत के प्रवर्तक शंकराचार्य और विशिष्टाद्वैत के बल्लभाचार्य भी अयोध्या आकर जन्मस्थान पर अपनी साधना में लीन रहे। निर्गुण कबीर भी राम को भजते हैं और सगुण तुलसी भी। भवभूति भी राम को जपते हैं।

तुकाराम से तिरुवल्लुवर तक के लिए राम पीड़ित, शोषित और वंचित की अभिव्यक्ति हैं। श्रीराम की अयोध्या कैसी है? अयोध्या लोकतंत्र की जननी है। आराधिका है। संरक्षिका है। अयोध्या का लोकतंत्र संविधान या परंपरा से नहीं आचरण की श्रेष्ठता से चलता है। अयोध्या का लोकतंत्र लोकमंगल से चलता है। और वहां बना राम मंदिर ? क्या जन्मस्थान पर बनी यह नई इमारत राजस्थान के बंसी पहाड़पुर के पत्थरों और कंक्रीट का महज एक मंदिर है? नहीं। ये बदलते भारत का प्रतीक है, जिसमें किसी अन्याय के प्रतिकार की ताकत है। इस मंदिर से हमारी परंपरा, संस्कृति, धर्म, सभ्यता, मान -सम्मान का गर्भनाल का रिश्ता है। अयोध्या का मंदिर श्रीराम का है। इस बीच, एक बात कहनी होगी कि अयोध्या में रामलला के मंदिर और प्राण प्रतिष्ठा की जिस तरह से तैयारियां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निगरानी में हुई उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। योगी आदित्यनाथ ने राज्य सरकार के कामकाज के साथ मंदिर निर्माण के काम को भी देखा। वे रोज काम की प्रगति की जानकारी लेते रहे और अपने मंत्रिमंडल के साथियों व अफसरों को जरूरी निर्देश देते रहे। उनकी पैनी नजर के चलते ही राममंदिर में चल रहा निर्माण कार्य वक्त रहते पूर्ण हुआ।
बहरहाल, अयोध्या श्रीराम की थी, श्रीराम की है और श्रीराम की ही रहेगी। श्रीराम भारत के कण-कण में हैं। हमारे भाव की हर हिलोर में श्रीराम हैं। राम यत्र-तत्र, सर्वत्र हैं। जिसमें रम गए, वहीं राम हैं। यहां सबके अपने-अपने राम हैं। गांधी के राम अलग हैं, लोहिया के राम अलग। बाल्मीकि और तुलसी के राम में भी फर्क है। भवभूति के राम दोनों से अलग हैं। कबीर ने राम को जाना, तुलसी ने माना, निराला ने बखाना। राम एक हैं, पर राम के बारे में दृष्टि सबकी भिन्न है। त्रेता युग के श्री राम त्याग, शुचिता, मर्यादा, संबंधों और इन संबंधों से ऊपर मानवीय आदर्शों की वे प्रति मूर्ति है, जिनका दृष्टांत आधुनिक युग में भी अनुसरण करने के लिए दिया जाता है।

मर्यादा पुरुषोत्तम राम आदर्श पुत्र, आदर्श राजा, आदर्श भ्राता ही नहीं वरन आदर्श पति भी हैं, जो आजीवन एकपत्नी व्रती रहे। भगवान श्री राम ने राजा होते हुए त्याग, संयम, धैर्य, सहयोग और प्रजा के प्रति सेवा भाव का सर्वोत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पत्नी वियोग के साथ नाना प्रकार के कष्ट सहे। ईश्वरीय अवतार होने के बावजूद मनुष्य रूप में अनेक कष्ट सहने के बावजूद इतिहास ने भी उनके साथ कम अन्याय नहीं किया। माता सीता पर मिथ्या दोषरोपण के कारण राम द्वारा सीता का परित्याग एक मात्र ऐसा प्रसंग रहा, जिसके कारण आज भी प्रभु श्रीराम नारीवादियों के कटघरे में खड़े दिखाई देते हैं।

हालाँकि, मूल वाल्मीकि रामायण में सीताजी के त्याग का ऐसा कोई प्रसंग नहीं मिलता। ऐसा माना जाता है यह प्रसंग बाद में तत्कालीन लेखकों तथा कवियों ने रामकथा की दिशा को मोड़ने या यूं कहें राम की छवि को धूमिल करने और सनातन संस्कृति को नष्ट भ्रष्ट करने के लिए जोड़ा। ऐसा भी कह सकते हैं कि भविष्य में नारी के लिए मर्यादा और शुचिता के कड़े मानदंड स्थापित करने के लिए बाद में यह प्रसंग जोड़ा गया हो। लंका विजय के पश्चात अग्नि को साक्षी मानकर सीता माता को पूरे मन से अपनाने वाले प्रभु श्रीराम माता सीता का परित्याग करने के बजाय उनके साथ पुनः वनवास लेना अधिक श्रेयस्कर समझते।

लेकिन, इस अनर्गल प्रसंग ने प्रभु श्रीराम को निरपराध कटघरे में खड़ा कर दिया। वाकई सीता माता के साथ अन्याय हुआ या नहीं यह तो अतीत के गर्भ में है परंतु यदि श्रीराम पर मिथ्या दोष लगाया गया है, तो वाकई इस सूर्यवंशी महान प्रतापी और मर्यादित राजा के साथ हर युग में अन्याय हुआ है।

इस बीच, कुछ ऐसे कथित ज्ञानी भी हैं जो श्रीराम को काल्पनिक मानते हैं। वैसे उनके कहने से क्या फर्क पड़ता है। फर्क तब पड़ता, अगर वे हजारों वर्ष से जिस प्रकार जीवित है, हयात है, साक्षात है, वह न होते। वे केवल जीवित ही नहीं हैं, उनके नाममात्र ने मुर्दा बना दिए गए राष्ट्र को ऐसा संजीवन कर दिया उसने विश्व सत्ता को अपने स्थान वापस कर दिया, जैसे वामन अवतार ने राजा बलि को। उनका नाम मात्र धर्म का पर्याय बन गया। दशरथ पुत्र श्रीराम से अधिक, कहीं गुना अधिक काम तो राम नाममात्र से हुए। गांधीजी ने साफ कहा कि वे इस बात में पड़ना ही नहीं चाहते कि राम ऐतिहासिक हैं या नहीं। उनके लिए रामनाम ही उनकी शक्ति और उनकी प्रेरणा थी।

खैर, हिंदुत्व और सनातन धर्मावलंबियों के लिए अयोध्या में राममंदिर का निर्माण तथा भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा एक गौरवशाली क्षण है और वर्तमान पीढ़ी बेहद भाग्यशाली है जो, इन ऐतिहासिक क्षणों की साक्षी बनने जा रही है । वर्षों से प्रभु श्रीराम जन्मभूमि का विवाद न्यायालय के समक्ष लंबित था जिसमें प्रभु श्रीराम एक वादी के रूप में थे। दीर्घकाल के वनवास के पश्चात प्रभु श्रीराम को अयोध्या में उनका अपना स्थान प्राप्त हुआ है।

(लेखक वरिष्ठ संपादक, स्तंभकार और पूर्व सांसद हैं।)

पटना, 10 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को लालू परिवार पर तंज कसते हुए कहा कि जहां कदाचार होगा भ्रष्टाचार होगा, सत्ता का और पावर का दुरुपयोग करके आर्थिक अपराध किए जाएंगे तो वहां ईडी जाएगी ही।

लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में ईडी ने राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव समेत सात लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दिया है। लालू परिवार पर कसते शिकंजे पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि जितनी भी कानून के हिसाब से काम करने वाली स्वतंत्र संस्थाएं हैं वो अपना काम करती हैं। ईडी अपना काम कर रही है और किसी को लगता है ईडी क्यों आ रही है तो ईडी का जो काम है वह कर रही है। कानून सबके लिए बराबर है। देश में अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग कानून नहीं हो सकता।

ममता बनर्जी को लेकर नित्यानंद राय ने कहा ममता बनर्जी ही नहीं पूरा घमंडिया गठबंधन घबराया हुआ है। इन लोगों के नीति में हिंदुओं का विरोध करके, सनातन का विरोध करके, तुष्टिकरण की नीति से वोट को इकट्ठा कर अपने सत्ता को बरकरार रखना है। अब ऐसे विभेद पैदा करने वाले लोगों की दुकान बंद होने वाली है, राजनीति समाप्त होने वाली है।

नित्यानंद राय ने कहा आज सब लोग समझ रहे हैं कि अब वैसी राजनीति नहीं चलेगी जिसमें तुष्टिकरण की नीति होगी। भगवान राम का मंदिर बन रहा है 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मंदिर का उद्घाटन भी होगा। मोदी काल में राम मंदिर भी बना, गरीबों के घर भी बना,शौचालय भी बना, स्कूल भी खुले, अस्पताल भी खुले।

नित्यानंद राय ने कहा गरीबी मिट रही है लोगों के घर में खुशियां पहुंच रही हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि मंदिर के नाम पर भाजपा राजनीति कर रही है, आखिर मंदिर के नाम पर भाजपा क्यों राजनीति करेगी।

Chhapra: जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से हाथीपांव के मरीजों के साथ- साथ कालाजार बीमारी से ठीक हुए युवा भी आगे आ रहे हैं। गड़खा के आदर्श मध्य विद्यालय कदना सह उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मीठेपुर में शिक्षक और स्कूली बच्चों के मां सरस्वती वीएल सपोर्ट ग्रुप से जुड़े सदस्यों ने जागरुकता अभियान चलाया। इसमें पेशेंट सपोर्ट ललन राय के 24 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार और अशोक राय के 22 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार के द्वारा आगामी 10 फरवरी से आयोजित होने वाले अतिमहत्वपूर्ण कार्यक्रम सर्वजन दवा सेवन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जागरूक किया गया।

पेशेंट सपोर्ट ग्रुप से जुड़े सदस्यों द्वारा स्कूल, कॉलेज सहित सामुदायिक स्तर पर किया जा रहा है जागरूक: डीवीडीडीसीओ
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी (डीवीडीडीसीओ) डॉ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सिफार) के द्वारा जिले के मांझी, गड़खा और सोनपुर में फाइलेरिया मरीजों का खोज कर नेटवर्क सदस्य बनाया गया है। जिनके द्वारा स्कूल और कॉलेज में जाकर शिक्षक और स्कूली बच्चों को प्रेरित करने के साथ ही सामुदायिक स्तर पर भ्रमण कर ग्रामीणों को सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के तहत खिलाए जाने वाली गोली खाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही रिविलगंज, परसा और दरियापुर प्रखंड में फाइलेरिया रोगियों से मिलकर पेशेंट सपोर्ट प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। ताकि इन लोगो के सहयोग से दूसरे गांव या प्रखंडों में एमडीए में सहयोग लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा सके। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक भूषण सिंह, सिफार के डीसी बिनोद कुमार श्रीवास्तव, बीसी नवीन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक और स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

प्रधानाध्यापक भूषण सिंह ने विद्यालय के शिक्षकों और स्कूली बच्चों को अगले महीने 10 फरवरी से फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने के लिए आशा दीदी घर-घर जाकर हाथीपांव जैसी बीमारी से बचाव और सुरक्षित रहने के लिए डीईसी और अल्बेंडाजोल की गोली अपने सामने ही खिलाएंगी। तो आप सभी को खुद तो दवा खानी है साथ ही अपने घर परिवार सहित आसपास के लोगों को दवा खाने के लिए जागरूक भी करेंगे। क्योंकि सरकार की ओर से खिलाई जाने वाली दवा बिल्कुल ही निःशुल्क और असरदार है।

Chhapra: मुफ़स्सिल थाना में प्रतिनियुक्त गृहरक्षक- कमलेश कुमार गुप्ता का सरकारी रायफल गायब एवं दरवाजा का कुंडी खुला हुआ  पाया गया है। इसके बाद कांड दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। 

सारण पुलिस ने बताया कि मुफ़स्सिल थाना में प्रतिनियुक्त गृहरक्षक-101748 कमलेश कुमार गुप्ता व अन्य आठ गृहरक्षक  द्वारा बाजार समिति स्थित पुराने थाना भवन के बैरक में रह रहे थें। दिनांक- 09.01.2024 को सुबह जगने पर कमरा से सरकारी रायफल गायब एवं दरवाजा का कुंडी खुला हुआ  पाया गया।

मुफ़स्सिल थाना में प्रतिनियुक्त गृहरक्षक-101748 कमलेश कुमार गुप्ता व अन्य आठ गृहरक्षक  द्वारा बाजार समिति स्थित पुराने थाना भवन के बैरक में रह रहे थें। दिनांक- 09.01.2024 को सुबह जगने पर कमरा से सरकारी रायफल गायब एवं दरवाजा का कुंडी खुला हुआ  पाया गया।

इस संबंध में मुफ्फसिल थाना काण्ड सं0-16/24 दिनांक-09.01.2024 धारा-457/380 भा0द0वि0 दर्ज कर की गई है।  सभी बिंदुओं पर जाॅंच की जा रही है। गृहरक्षक कमलेश कुमार के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शिरी की है।  

अयोध्या में रामलला के मंदिर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। इससे पहले भाजपा सांसद और सिंगर-एक्टर मनोज तिवारी का बुधवार को भगवान राम को समर्पित एक गाना ”राम के थे राम के हैं राम के रहेंगे…” रिलीज हो गया है। यह गाना भगवान राम के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है और वे इस गाने के लिए अपने को गौरवान्वित महसूस भी करते हैं। इस गाने को मनोज तिवारी ने शीतल पांडे और अमित ढुल के साथ मिलकर गाया है। इस गाने के म्यूजिक वीडियो में भी तीनों दिख रहे हैं। इस गाने के बैक ग्राउंड में भगवान राम की छवि इनके भक्तिमय बना रहा है।

मनोज तिवारी, शीतल पांडे और अमित ढुल का यह राम भजन ”राम के थे राम के हैं राम के रहेंगे…” ढुल एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति है, जो ढुल एंटरटेनमेंट के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल से रिलीज हुआ है। इस गाने को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि यह सच है कि हम सभी राम के थे, राम के हैं और राम के रहेंगे। हमें इस पर गर्व है। हम इस बात से भी गौरवान्वित हैं कि सनातन धर्म और रामचरितमानस की परम्परा से आते हैं। यह हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक समृद्ध विरासत है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवाकर इस विरासत को बढ़ाने का काम देश के सबसे प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने किया है। भगवान राम की महिमा अलौकिक है और उनके आगमन से पूरा देश हर्षित है। ऐसे में हमारा यह गाना सभी राम भक्तों के लिए है। उम्मीद है सभी को यह गाना पसंद आएगा।

उल्लेखनीय है कि लंबे समय के बाद मनोज तिवारी कोई गाना लेकर आ रहे हैं, जिसका उनके फैंस को भी बेसब्री से इंतजार था। वहीं, भगवान श्री राम को लेकर बनने वाला यह अबतक का सबसे अनोखा गाना है, जो तेजी से लोगों के बीच में वायरल हो रहा है।

आज का पंचांग
दिनांक 10 /01/2024 बुधवार
पौष कृष्णपक्ष चतुर्दशी
रात्रि 08:10 उपरांत अमावस्या
विक्रम सम्वत :2080
नक्षत्र : मूल
संध्या 07:40 उपरांत पूर्वाषाढा
चन्द्र राशि धनु
सूर्योदय 06:37 सुबह
सूर्यास्त :05:16 संध्या
चंद्रोदय 06:31 सुबह ( 11 जनवरी 24 )
चंद्रास्त :03:56 दोपहर
लगन :धनु 07:00 सुबह उपरांत
मकर लगन
ऋतू : शरद
चौघडिया,
दिन चौघड़िया:
लाभ 06:37 सुबह 07:57 सुबह
अमृत 07:57 सुबह 09:17 सुबह
काल 09:17 सुबह 10:37 सुबह
शुभ 10:37 सुबह 11:57 सुबह,
रोग 11:57 सुबह 01:17 दोपहर
उद्देग 01:17 दोपहर 02:37 दोपहर,
चर 02:37 दोपहर 03:56 संध्या
लाभ 03:56 संध्या 05:16 संध्या
राहुकाल
सुबह 11:57 से 01:17 दोपहर
अभिजित मुहूर्त
आज कोई नहीं है
दिशाशूल उत्तर
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले धनिया खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। नया कार्य करने करने की योजना बनेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। छात्र कुछ ऐसा करने का प्रयास कर सकते हैं जिससे उनके मन को खुशी मिले।
लकी नंबर 3 लकी कलर पिला

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
यात्रा मनोरंजक रहेगी। कुछ अनहोनी की आशंका रहेगी। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। प्रभावशाली व्यक्ति से संपर्क बढ़ेगा। सहयोग मिलेगा। आय में वृद्धि होगी। निवेश शुभ रहेगा।प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उन्हें आज किसी से एक अच्छा मार्गदर्शन मिल सकता हैं
लकी नंबर 7 लकी कलर हरा

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
दूसरों से अपेक्षा न करें। कोई भी बड़ा निर्णय सोच-समझकर करें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। आय में निश्चितता रहेगी। जोखिम न लें। पुरानी व्याधि उठ सकती है। शोक समाचार मिल सकता है।किसी अपने की बात दिल पर लग सकती हैं जिस कारण आपका मन उदास सा रहेगा। ऐसे में कुछ समय ले और शांत मन से उनसे बात करे
लकी नंबर 5 लकी कलर गुलाबी

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
भूमि, भवन, दुकान व शोरूम आदि की खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। यश प्राप्ति के योग हैं। सामाजिक कार्य करने का मन बनेगा। लाभ होगा।अपनी जॉब को लेकर चिंता सताएगी और आप किसी नयी जॉब की तलाश में रहेंगे। ऐसे में अपने मन को शांत करें
लकी नंबर 2 लकी कलर ब्लू

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। आय में वृद्धि होगी। कोई बड़ी समस्या का हल सहज ही मिलेगा। अप्रत्याशित लाभ के योग हैं। प्रमोशन व इनाम आदि मिलने की संभावना है। यात्रा मनोरंजक रहेगी।घर के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम में बढ़ोत्तरी होगी और सभी मिलकर एक-दूसरे के साथ मीठी यादे साँझा करेंगे।
लकी नंबर 3 लकी कलर बैंगनी

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। सही बात का भी विरोध हो सकता है, धैर्य रखें। स्थिति अनुकूल होगी। शारीरिक कष्ट संभव है। स्वास्थ्य को अनदेखा न करें। प्रसन्नता बनी रहेगी। प्रयास सफल रहेंगे।अपने काम को लेकर आपका रुझान कम होगा और आप अपना कुछ नया शुरू करने का विचार कर सकते हैं
लकी नंबर 4 लकी कलर भुरा

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
स्वास्थ्य पर अधिक व्यय हो सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। धैर्य रखें। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। नौकरी में कार्यभार रहेगा। किसी विशिष्ट व्यक्ति से मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आय में निश्चितता रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। बाकि दिनों के अपेक्षाकृत शांत रहेगा और मानसिक शांति का अनुभव होगा। प्रभु भक्ति में भी मन लगेगा
लकी नंबर 7 लकी कलर संतरी

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। सुख के साधन जुटेंगे। संतान पक्ष की चिंता रहेगी। अज्ञात भय सताएगा। व्यवसाय-व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे।आज के दिन अपने पार्टनर के लिए कुछ नया करने का प्रयास करें क्योंकि आज का दिन आप दोनों के लिए अत्यंत शुभ हैं।
लकी नंबर 4 लकी कलर केशरी

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
विवाद को बढ़ावा न दें। राजभय बना रहेगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। दूसरों के कार्य में दखल न दें। समय पर कार्य न होने से तनाव रहेगा।एक वर्ष में किसी मित्र के साथ कोई अनबन हुई हैं या वह आपसे नाराज़ हैं तो आज के दिन उससे बात करने
लकी नंबर 4 लकी कलर सफेद

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। काफी समय से अटके काम पूर्ण होने के योग हैं। मित्रों तथा परिवार के साथ समय सुखमय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। लापरवाही न करें।नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। काफी समय से अटके काम पूर्ण होने के योग हैं।
लकी नंबर 9 लकी कलर संतरी

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अधिक धनलाभ के योग बनते हैं। प्रमाद न कर प्रयास करें। नौकरी में अधिकार वृद्धि हो सकती है। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल लाभ देंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। भाग्य का साथ बना रहेगा।सकी भरपाई भी हो जाएगी।परिवार में यदि आपके कोई छोटे भाई-बहन हैं तो वे आपसे किसी चीज़ की अपेक्षा करेंगे। ऐसे में उन्हें समझने का प्रयास करे या फिर उनसे बात करे।
लकी नंबर 9 लकी कलर आसमानी

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
घर में अतिथियों का आगमन होगा। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। मनोरंजन के अवसर प्राप्त होंगे। मित्रों के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। व्यस्तता रहेगी।व्यापार में कुछ घाटा हो सकता हैं लेकिन उस पर ज्यादा ध्यान ना दे क्योंकि कुछ ही दिनों में उसकी भरपाई भी हो जाएगी।
लकी नंबर 2 लकी कलर लाल

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

नई दिल्ली, 09 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय खेल और साहसिक पुरस्कार 2023 प्रदान किए। क्रिकेटर मोहम्मद शमी सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने शमी के अलावा ओजस प्रवीण, शीतल देवी और अन्य को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।

भारत में दूसरा सबसे बड़ा खेल सम्मान अर्जुन पुरस्कार अच्छे प्रदर्शन के साथ-साथ नेतृत्व, खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करने के लिए दिया जाता है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लॉन बाउल्स में उनकी उपलब्धियों के लिए पिंकी, शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, स्क्वैश में हरिंदर पाल सिंह संधू, टेबल टेनिस में अयहिका मुखर्जी, कुश्ती में सुनील कुमार और अंतिम पंघाल, नाओरेम रोशिबिना देवी को वुशू, शीतल देवी को पैरा तीरंदाजी, इलुरी अजय कुमार रेड्डी को ब्लाइंड क्रिकेट, प्राची यादव को पैरा कैनोइंग में उनकी उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार, 2023 प्रदान किए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विनीत कुमार शर्मा और कविता सेल्वराज को ध्यानचंद पुरस्कार (लाइफटाइम), 2023 प्रदान किए।

राष्ट्रपति ने लैंड एडवेंचर में उनकी उपलब्धियों के लिए सविता कंसवाल (मरणोपरांत) को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, 2022 प्रदान किया। इसके अलावा राष्ट्रपति ने तुलसी चैतन्य मोथुकुरी, मास्टर वारंट ऑफिसर अंशू कुमार तिवारी और परवीन सिंह को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, 2022 प्रदान किए।

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद (एमएकेए) ट्रॉफी, 2023 गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर को दी गई। ओडिशा माइनिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओएमसी) और जैन (डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी) को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, 2023 दिए गए।

पटना, 9 जनवरी (हि.स.)। बिहार सरकार में खेल विभाग का अलग से गठन करने के फैसले को राज्यपाल की मंजूरी मंगलवार को मिल गयी हे।

बिहार में खेल को बढ़ावा देने के लिए नीतीश सरकार ने अलग से खेल विभाग गठन करने का फैसला लिया था। कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद अब राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी इसे मंजूरी दे दी है। राज्यपाल से मंजूरी मिलने के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

बीते 6 जनवरी को मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरण करने के दौरान मुख्यमंत्री ने एलान किया था कि जल्द ही बिहार में अलग से खेल विभाग का गठन किया जाएगा, जिससे खेल के क्षेत्र में बेहतर काम हो सकेगा। इसके बाद सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसे पास किया गया और मंगलवार को राज्यपाल ने इसे अपनी मंजूरी दे दी।

मकर संक्राति त्योहार के अवसर पर विभिन्न नदियों के घाटों पर प्रतिनियुक्त रहेंगे दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल: जिलाधिकारी

किसी भी परिस्थिति में गैर निबंधित और निजी नावों के परिचालन पर रहेगी रोक

Chhapra: जिलाधिकारी अमन समीर के द्वारा बताया गया कि इस वर्ष मकर सक्रांति का पर्व 15 जनवरी 2024 को मनाये जाने की संभावना है। मुख्यतः इस पर्व में पवित्र नदियों जैसे गंगा, गंडक, सोन, नारायणी आदि के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्नान-दान किये जाने की परम्परा है। इस अवसर पर नदी घाटों के किनारे काफी भीड़ होती है। सारण जिलान्तर्गत डोरीगंज के बंगाली बाबा घाट, रामघाट, रिविलगंज में नाथ बाबा घाट, सेमरिया घाट, मांझी में राम घाट, दिघवारा में आमी घाट, सोनपुर में काली घाट, पहलेजा घाट, सबलपुर घाट, मकेर और पानापुर में गंडक नदी का घाट सहित अनेक नदी घाटों और सरोवरो पर काफी भीड़ होती है। लोग स्नान कर दान पुण्य आदि करते हैं। इस कारण घाटों के किनारे मेला जैसा माहौल रहता है।

भीड़ के नियंत्रण हेतु आवश्यक प्रशासनिक प्रबंधन सहित श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए संबंधित पदाधिकारी का आवश्यक निर्देश दिये गये है। जिन घाटों पर मेला और प्रदर्शनी का आयोजन किये जाने की परम्परा रही है वहां की विधि व्यवस्था संधारण हेतु सभी अनुमण्डल पदाधिकारी / अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने स्तर से दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे।

मकर सक्रांति के दिन सूर्योदय के पहले से ही विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्नान-दान करना प्रारंभ कर दिया जाता है। अतः खतरनाक घाटों को चिन्हित कर अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मढ़ौरा और सोनपुर को अपने- अपने क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न स्नान घाटों पर भीड़ नियंत्रण हेतु आवश्यकतानुसार वैरिकेडिंग करवाना सुनिश्चित करेंगे। बड़ी नदियों के घाट का निर्माण सुरक्षा मानक के अनुसार जलस्तर तक रस्सी का घेरा बैरिकेडिंग करवाने का निदेश दिया गया है। इन घाटो पर उचित स्थान पर साइनेज यथा ‘खतरनाक घाटो, ‘नदी गहरी हैं’ सहित अन्य बोर्ड लगवाने हेतु निर्देशित किया गया है ताकि लोग इससे सावधान हो सकें। खतरनाक घाटों और टापुओं पर सतर्क नजर रखी जाएगी।

अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मढ़ौरा और सोनपुर अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत करते हुए विभिन्न स्नान घाटों पर नाव द्वारा गश्ती भी करवाना सुनिश्चित करेंगे। सोनपुर स्थित गंगा और गंडक के संगम पर तथा अन्य महत्वपूर्ण नदियों के किनारे पर सतर्कता तथा सुरक्षात्मक व्यवस्था रहेगी। नाव द्वारा गश्ती ड्यूटी पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं बल का यह दायित्व होगा कि वे टापू के साथ साथ वैसे घाट जो खतरनाक हो उन घाटों पर श्रद्धालुओं पर्यटकों को जाने से रोक देंगे। वे किसी भी परिस्थिति में गैर निबंधित और निजी नावों का परिचालन नहीं होने देंगे। सभी अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को आदेश दिया गया है कि वे अपने स्तर से क्षेत्र की विधि व्यवस्था का आकलन कर आवश्यकतानुसार मंदिरों, विभिन्न

भीड वालें स्थानों पर, नदियों, पोखरा इत्यादि पर दण्डाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी के द्वारा प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन शाखा, छपरा को आदेश दिया गया है कि वे सभी

अनुमण्डल पदाधिकारी से आवश्यकता प्राप्त कर आपदा प्रबंधन /घाट गश्ती हेतु SDRF/NDRF टीम की प्रतिनियुक्ति के लिये आपदा प्रबंधन विभाग से समन्यय स्थापित कर कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर छपरा, मढ़ौरा और सोनपुर संबंधित अंचल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर चिन्हित स्नान घाट और नदियां जहां पर अधिक भीड़-भाड़ की संभावना हो वहां पर समुचित संख्या में महाजाल और तैराकों / गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सूर्योदय के पूर्व से देर रात्रि तक के लिये करना सुनिश्चित करेंगे ताकि किसी आकस्मिक स्थिति का सामना किया जा सके। स्नान घाटों पर सफाई एवं प्रकाश एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था हेतु संबंधित पदाधिकारी को निदेश दिया गया है। सभी अनुमण्डल पदाधिकारी अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे। संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी भीड़-भाड़ वाले विभिन्न घाटों पर, मार्ग में और नौका गश्ती पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारीगण के साथ समन्वय स्थापित कर की विधि व्यवस्था संधारित करेंगे और भ्रमणशील रह कर विभिन्न स्नान घाटों, दियारा क्षेत्र, पिकनिक स्थलों का जायजा लेते रहेंगे ताकि कोई समस्या नहीं उत्पन्न होने सके। अनुमंडल पदाधिकारी भीड़-भाड़ वाले विभिन्न घाटों पर मार्ग एवं नौका गश्ती पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकरीगण के साथ PA System की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।

नियंत्रण कक्ष और जिला की विधि व्यवस्था के वरीय के प्रभार में नीरज कुमार दास, अपर समाहर्ता, विधि व्यवस्था, सारण मो० नं०-7739298289 और डॉ राकेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, सारण, मो० नं०- 8544428112 रहेंगे जो जिला के सभी अनुमण्डल पदाधिकारी / अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सारण से समन्वय स्थापित कर विधि व्यवस्था संधारण हेतु मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।