नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने आगामी आम चुनाव के लिए दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है।

कांग्रेस पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ रही है। कांग्रेस के हिस्से में तीन सीटें आई हैं जिन पर आज पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किए हैं। चांदनी चौक सीट से पार्टी नेता जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से छात्र राजनीति से उठे कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से उदित राज को टिकट दिया है। उदित राज इस सीट पर 2014 से 19 के बीच भाजपा की टिकट पर सांसद रह चुके हैं।

कांग्रेस पार्टी ने पंजाब की 6 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। जालंधर से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा अमृतसर से गुरजीत सिंह आजिला, फतेहपुर साहब से अमर सिंह, बठिंडा से जीत महेंद्र सिंह सिद्धू, संगरूर से सुखपाल सिंह खैरा, पटियाला से धर्मवीर सिंह गांधी को टिकट दिया है।

उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद सीट से उज्जवल रेवती रमन सिंह को टिकट दिया है। वह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रेवती रमन सिंह के बेटे हैं।

इशुआपुर के पुरसौली छठ घाट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया

Isuapur: कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए, उगही हे सूरज देव अरग के बेरा, मोर घाटे दुबिया उपज गइले… जैसे पारंपरिक गीतों के साथ रविवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न नदी व तालाब घाटों पर आस्था की अंजुरी से व्रतियों ने छठी माता व सूर्य देव को अर्घ्य दान किया।

चैत छठ के पावन अवसर पर अस्ताचलगामी सूर्य को महिला पुरुष व्रतियों ने पूरी आस्था के साथ अर्घ्य दिया व सुखी व शांतिमय जीवन की कामना की। घाटों पर अर्द्धदान के लिए व्रती व परिजन जुटे। सभी ने छठी मैया से जीवन की मंगल कामना की और आशीर्वाद मांगा। नदी घाटों पर ही नहीं बल्कि पोखड़े और घरों में बने अस्थाई तालाबों में व्रतियों ने अर्द्ध अर्पण किया। अमूमन हर जगह छठ की अनुपम व मनोहारी छटा दिखी।

चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन इस पर्व में डूबते सूर्य को देख अर्घ्य देने के लिए व्रतियों और उनके परिजनों का ताता दोपहर बाद ही घाटों पर लगने लगा। शाम 4:30 बजे तक सभी घाट वर्तीयों और उनके परिजनों से भर गया। बच्चे उत्साहित थे और बड़े बुजुर्ग पर्व की आस्था में नहाए दिख रहे थे।

इशुआपुर के पुरसौली छठ घाट पर भी वर्तीयों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुखी और शांतिमय जीवन की कामना की।

Chhapra: सारण जिला के दाउदपुर थानांतर्गत डकैती की योजना बना रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को दिनांक-13.04.2024 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दाउदपुर थानान्तर्गत पिलुई नहर के मुड़ाव सड़क के पास कुछ अज्ञात अपराधी अवैध हथियार से लैस होकर लूट या डकैती की योजना बना रहे हैं।

उक्त सूचना पर आवश्यक कार्यवाई करते हुए पिलुई नहर से 03 अपराधियों को एक लोडेड देशी पिस्टल व चोरी का मोटरसाइकिल के साथ पकड लिया गया जबकि दो अपराधी भागने में सफल रहा।

इस सम्बन्ध में दाउदपुर थाना काण्ड संख्या- 84/24, दिनांक-13.04.2024, धारा- 399/402/34 भा0द0वि0 एवं 25(1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु पुलिस द्वारा कार्यवाई की जा रही है।

पकडाये अपराधियों द्वारा पूछताछ के क्रम में पैसे लूट की योजना बनाने की बात को स्वीकार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम एवं पता :-

1. धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उम्र-40 वर्ष, पिता- मकेश्वर सिंह, सा०- मझवलिया, थाना- कोपा, जिला- सारण |

2- रुपेश सिंह, उम्र-35 वर्ष, पिता स्व० श्यामानारायण सिंह, सा०- बंगरा चौहान टोला, थाना- मशरख, जिला-

सारण |

3. अनिश कुमार सिंह, उम्र 21 वर्ष, पिता- योगेन्द्र सिंह, सा०- रामनगर, थाना- कोपा, जिला- सारण |

Chhapra: बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 133 वी जयंती परिगणित कल्याण संघ के तत्वावधान में अंबेडकर स्थल पर मनाई गई।  जिसकी अध्यक्षता अजीत कुमार मांझी ने किया।

 इस अवसर पर मुख्य अथिति के रूप में उपस्थित पूर्णिया के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश निशांत कुमार प्रियदर्शी ने जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने अधिकार प्राप्त करने के लिए शिक्षा की तरफ अग्रसर हों. उन्होंने प्रत्येक शिक्षाविद को अपने समाज के गरीब होनहार  5 बच्चों को गोद ले उनकी शिक्षा का जिम्मा उठाने की सलाह दी.

प्रो लालबाबू यादव ने समाज के वंचित वर्ग में हो रहे शैक्षिक सामाजिक, राजनैतिक और बौद्धिक परिवर्तन को रेखांकित किया और बाबसाहब के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला.

कार्यक्रम में लाल बाबू यादव, भगवान राम ,डी एन दता, शिवप्रसाद मांझी,  विनोद कुमार चौधरी, गणेश चौधरी, सत्य प्रकाश मांझी, रंजीत मांझी, शंभु मांझी, योगेंद्र प्रसाद मांझी ने अपने भाषण से लोगो को संबोधित किया तथा मंच का संचालन अनिल कुमार मांझी अधिवक्ता ने किया।

Chhapra:  चैत्र नवरात्रि के छठे दिन रविवार को माता कात्यायनी की पूजा की गई। मां दुर्गा के इस स्वरूप का अवतार कात्यायन ऋषि की पुत्री के रूप में हुआ था, इसलिए इन्हें माता कात्यायनी कहा जाता है।

मां कात्यायनी को शहद और पीले रंग का भोग अत्यंत प्रिय है। कात्यायनी मां का शरीर सोने की तरह चमकीला है। कात्यायनी मां शेर पर सवार चार भुजाएं वाली हैं, इनके बायें हाथ में कमल, तलवार व दाहिनें हाथों में स्वास्तिक और आशीर्वाद की मुद्रा लिए हुए हैं। माता कात्यायनी की पूजा में पीले रंग के वस्त्र पहनने की मान्यता है।

मां कात्यायनी ने महिषासुर का वध किया था। महिषासुर का संहार करने के कारण इन्हें दानवों, असुरों और पापियों का नाश करने वाली देवी महिसासुरमर्दिनी कहा जाता है। नवरात्रि के छठे दिन मां दुर्गा के कात्यायनी स्वरूप की पूजा करें। सुबह नहाने के बाद पीले रंग का वस्त्र धारण करें। मंदिर या पूजा की जगह को गंगाजल से शुद्ध कर लें। पूजा प्रारंभ करने से पहले मां को स्मरण करें और हाथ में फूल लेकर संकल्प लें।

मां को फूल अर्पित करें। इसके बाद कुमकुम, अक्षत, फूल आदि और सोलह श्रृंगार चढ़ाएं। फिर मां कात्यायनी को प्रिय भोग शहद-मिठाई इत्यादि का भोग लगाएं। देसी घी का दीपक जलाएं और माता की आरती करें। मां कात्यायनी की पूजा करने से रोग-शोक, कष्ट और भय दूर हो जाते हैं। इसके साथ ही इनकी पूजा से शीघ्र विवाह के योग बनते हैं। जिन लोगों की शादी में देर हो रही है, उन्हें शीघ्र विवाह या प्रेम संबंधी मामलों के लिए चैत्र नवरात्रि के छठे दिन शाम को मां कात्यायनी को हल्दी की तीन गांठ चढ़ाएं। सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए पीले फूल चढ़ाते हुए ‘ॐ कात्यायनी महामये महायोगिन्यधीश्वरी। नंद गोप सुतं देहि पतिं में कुरुते नम:।। मंत्र का 108 बार जाप करें। ऐसा करने पर विवाह के योग बनेगा।

Chhapra: बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती  के अवसर पर जय प्रकाश विश्वविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें बाबा साहब के तैल चित्र पर कुलपति प्रो परमेन्द्र कुमार बाजपेई एवं पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं सभी आगन्तुकों के द्वारा पुष्प अर्पित किया गया।

तत्पश्चात विश्वविद्यालय वक्ता प्रो अजीत कुमार तिवारी ने बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर के अर्थशास्त्रीय योग्यता एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण निर्णयों को लेने में उनके योगदान पर ध्यान आकृष्ट कराया। विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो कृष्ण कुमार ने समाजिक विषमताओं के विरुद्ध प्रभावकारी निर्णय लेने तथा सामाजिक समरसता कायम करने वाले भारत रत्न बाबासाहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर नमन किया।

कुलपति ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सिर्फ उनके सामाजिक ताने बाने को संतुलित करने हेतु किये गये प्रयासों तक ही उनके व्यक्तित्व को सीमित करने की जरूरत नहीं, बल्कि इसके अतिरिक्त उनके दूरदर्शी विचारों को जानने एवं समझने की आवश्यकता है।

मंच संचालन प्रो हरिश्चंद्र ने किया ।

आज का पंचांग
दिनांक 14 /04 /2024 रविवार
चैत्र शुक्लपक्ष षष्ठी
सुबह 11:43 उपरांत सप्तमी
विक्रम सम्वत :2081
नक्षत्र :आद्रा
रात्रि 01:35 उपरांत पुनर्वसु (15 अप्रैल 2024)
चन्द्र राशि मिथुन
सूर्योदय 05:28 सुबह
सूर्यास्त :06:12 संध्या
चंद्रोदय :09:44 सुबह
चंद्रास्त 12:16 सुबह (15 अप्रैल 2024)
लगन :मीन 05:29 सुबह उपरांत
मेष लगन
ऋतू : बसंत
चौघडिया,
दिन चौघड़िया:
उद्देग 05:28 सुबह 07:03 सुबह
चर 07:03 सुबह 08:39 सुबह
लाभ 08:39 सुबह 10:14 सुबह
अमृत 10:14 सुबह11:50 दोपहर
काल 11:50 दोपहर 01:25 दोपहर
शुभ 01:25 दोपहर 03:01 दोपहर,
रोग 3:01 दोपहर 04 :37 संध्या
उद्देग 04:37 संध्या 06:12 संध्या
राहुकाल
दोपहर 04:37 से 06:12 सुबह
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:24 से 12:15 दोपहर
दिशाशूल पछिम
यात्रा विचार :आज कही यात्रा पर जाने के पहले पान खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.
बसंत नवरात्रि का छठा दिन कत्यानी माता माँ की पूजा की जाएगी .

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
सही काम का भी विरोध होगा। कोई पुरानी व्याधि परेशानी का कारण बनेगी। कोई बड़ी समस्या बनी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा।
लकी नंबर 7 लकी कलर भूरा

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। कोर्ट व कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। चोट व रोग से बचें। सेहत का ध्यान रखें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। झंझटों में न पड़ें।
लकी नंबर 9 लकी कलर केशरी

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
शत्रुभय रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। विवाद से क्लेश होगा। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। ऐश्वर्य के साधनों पर सोच-समझकर खर्च करें। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि बाद में पछताना पड़े।
लकी नंबर 1 लकी कलर बैगनी

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
प्रतिद्वंद्विता कम होगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। बात बिगड़ सकती है। शत्रुभय रहेगा। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।
लकी नंबर 8 लकी कलर सफेद

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
भूमि व भवन संबंधी खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। आर्थिक उन्नति होगी। संचित कोष में वृद्धि होगी। देनदारी कम होगी। नौकरी में मनोनुकूल स्थिति बनेगी।
लकी नंबर 4 लकी कलर गुलाबी

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा।
लकी नंबर 6 लकी कलर आसमानी

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
शत्रुओं का पराभव होगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। दु:खद समाचार मिल सकता है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। काम पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। बेवजह किसी व्यक्ति से कहासुनी हो सकती है।
लकी नंबर 5 लकी कलर हरा

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तुएं गुम हो सकती हैं। चिंता तथा तनाव रहेंगे। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। भेंट व उपहार देना पड़ सकता है। प्रयास सफल रहेंगे।
लकी नंबर 2 लकी कलर संतरी

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
किसी भी तरह के विवाद में पड़ने से बचें। जल्दबाजी से हानि होगी। राजभय रहेगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। सही काम का भी विरोध हो सकता है।
लकी नंबर 3 लकी कलर नीला

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर करें। किसी अनहोनी की आशंका रहेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में लापरवाही न करें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी।
लकी नंबर 7 लकी कलर केशरी

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
मस्तिष्क पीड़ा हो सकती है। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है या समय पर नहीं मिलेगी। पुराना रोग उभर सकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे।
लकी नंबर 3 लकी कलर लाल

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। विवेक से कार्य करें। लाभ में वृद्धि होगी। फालतू की बातों पर ध्यान न दें।
लकी नंबर 6 लकी कलर पिला

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

लोकसभा आम चुनाव: सारण और महाराजगंज के डीएम एसपी ने की बैठक

Chhapra: लोकसभा आम चुनाव के अवसर पर महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले सिवान जिला के महाराजगंज एवं गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व तैयारी एवं मतदान के दिन की व्यवस्था हेतु समन्वय को लेकर शनिवार को सारण एवं सिवान जिला के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं दोनों विधानसभा के एआरओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक आहुत की गई।

निर्वाचन के व्यवस्थित ढंग से आयोजन को लेकर आवश्यक समन्वय के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्णय लिया। लिये गए निर्णय के आलोक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिया गया।

नाम निर्देशन हेतु निर्वाचक सूची एवं अंतिम समेकित निर्वाचक सूची की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

स्ट्रांग रूम एवं डिस्पैच सेंटर के संबंध में संबंधित एआरओ से विस्तृत जानकारी ली गई। सभी व्यवस्था निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक एसओपी के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया। मतदान के दिन बाजार समिति छपरा स्थित ईवीएम संग्रहण केंद्र पर ईवीएम प्राप्त करने के लिए कर्मियों एवं पदाधिकारियों को समय से वहाँ पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। दोनों विधानसभा क्षेत्र के एआरओ को भी समय से बाजार समिति में उपस्थित रहने को कहा गया।

ईवीएम कमिशनिंग हेतु एवं मतदान दल को दी जाने वाली सामग्रियों के बारे में सिवान जिला एवं आरओ स्तर से सारण से दी जाने वाली सामग्रियों के बारे में स्पष्टता से बताया गया।

वाहन टैगिंग हेतु विधानसभा क्षेत्र वार अलग अलग रंगों के स्टीकर का उपयोग करने का निदेश दिया गया।

इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिये महाराजगंज लोकसभा के प्रेक्षक के लिये अलग से एक लायजनिंग पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त करने को कहा गया ताकि प्रेक्षक के भ्रमण के दौरान समन्वय का आभाव नहीं हो।

इन दोनों विधान सभा के भेद्य एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्र एवं कारक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली गई। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में शस्त्रों के सत्यापन के संबंध में रिपोर्ट भेजने को कहा गया।

पोस्टल बैलट के माध्यम से मतदान के संबंध में प्रतिदिन का रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा गया। पोस्टल बैलट से मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के उपरांत सभी सील्ड मतपत्रों को निर्धारित सुरक्षा के मानकों के अनुपालन के साथ महराजगंज लोकसभा के निर्वाची पदाधिकारी के पास भेजने को कहा गया।

सिवान एवं सारण जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट के संदर्भ में पुलिस अधीक्षक सिवान द्वारा बताया गया कि दोनों जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सिवान जिला में 8 चेकपोस्ट बनाये गये हैं। इन चेकपोस्टों पर निरंतर वाहन चेकिंग के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सारण अमन समीर, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सिवान मुकुल कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सारण डॉ० गौरव मंगला, पुलिस अधीक्षक सिवान अमितेश कुमार, उपविकास आयुक्त सारण प्रियंका रानी, नगर आयुक्त छपरा सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महाराजगंज अनिल कुमार (एआरओ महाराजगंज), भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता महाराजगंज राम रंजन सिंह (एआरओ गोरियाकोठी), अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा डॉ० प्रेरणा सिंह, दोनों जिला के उप निर्वाचन पदाधिकारी, सीमावर्ती प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

चुनाव प्रशिक्षण कार्य का डीडीसी ने किया निरीक्षण

Chhapra: उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी, सारण द्वारा शनिवार को 19-महाराजगंज लोक सभा आम निर्वाचन – 2024 एवं 20- सारण लोक सभा आम निर्वाचन 2024 के निमित L.N.B. हाई स्कूल, छपरा में आयोजित मतदान कर्मियों का यथा- PO, P1,P2,P3, MO के प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न आशंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही निदेशित किया गया कि सभी कर्मी समुचित ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे ताकि मतदान की तिथि को निर्वाचन संबंधी कार्यो एवं दायित्वों के सम्यक निर्वहन में कोई कठिनाई उत्पन्न न हो और सुगमता पूर्वक मतदान की प्रक्रिया संपन्न की जा सके।

इवीएम का विधान सभा वार विखण्डीकरण शुरू, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिया तन्मयता से कार्य का निदेश

Chhapra: लोक सभा आम चुनाव के निमित्त शनिवार को इवीएम का विखण्डन कार्य शुरू किया गया। इसके लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी अमन समीर ने राजनीतिक दलों की उपस्थिति में सदर प्रखंड के निकट अवस्थित इवीएम वेयरहाउस का सील खुलवाया।

उन्होंने बताया कि इवीएम की पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग के स्तर पर फूलप्रूफ व्यवस्था की गयी है। अभी तक जिला को उपलब्ध सभी मशीनें डीईओ के लॉगइन में हैं। अर्थात इनका कस्टोडियन मैं हूँ। जैसे ही यह मशीनें विधान सभा वार विखण्डित होकर चुनाव आयोग के विशेष ऐप ईएमएस पर स्कैन होंगी उक्त मशीनें उस विधान सभा में प्रदर्शित होने लगेंगी।इसके साथ ही उन मशीनों के कस्टोडियन संबंधित एआरओ हो जाएंगे। इस प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद मशीनों को संबंधित विधान सभा के डिस्पैच सेंटर को भिजवा दिए जाएंगे।

डीएम श्री समीर ने बताया कि एक बॉक्स में 10 मशीन रखे गए हैं। परंतु कौन सी मशीन कहां गयी इसको सॉफ्ट वेयर रैंडमाइजेशन के द्वारा तय करता है। उसमें कोई भी काम मैनुअल नहीं होता। न ही इसमें कोई बदलाव किया जा सकता है। इसी प्रकार किस बूथ पर किन मशीनों का सेट जाएगा इसे भी द्वितीय रैंडमाइजेशन में ऐप ही सुनिश्चत करता है। उन्होंने शुक्रवार को रैंडमाइज्ड सूची से कौन सी मशीन किस विधान सभा को अलॉट की गयी है, इसे खोज कर दिखाया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक ईवीएम मशीन की मशीन यूनिक आईडी पूरे देश में इकलौती है। इसे चुनाव आयोग ईएमएस ऐप द्वारा ट्रैक कर सकता है कि कौन सी विशिष्ट मशीन किस राज्य, जिला, विधान सभा और बूथ पर है।

उन्होंने कहा कि यह सब इवीएम के प्रयोग में पारदर्शिता लाने के लिए किया गया है। उन्होंने कार्य में लगाए गए अधिकारियों और कर्मियों को सूक्ष्मता और संयम के साथ त्रुटि रहित कार्य करने का निदेश दिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त सुमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, डीएमडब्लूओ रवि प्रकाश, डीसीओ हरिशंकर प्रसाद, राजद के उपेंद्र यादव, एलजेपीआर के दीपक कुमार सिंह, भाजपा के सत्या सिंह आदि उपस्थित थे।

Chhapra: जिलाधिकारी द्वारा सभी सरकारी विद्यालयों में दीक्षांत समारोह -सह- अभिभावक गोष्ठी का आयोजन 8 अप्रैल को करने का आदेश दिया गया था। इस समारोह का आयोजन प्रभावी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन करते हुये करने का स्पष्ट रूप से निदेश दिया गया था।

सभी सरकारी विद्यालयों में 8 अप्रैल को दीक्षांत समारोह सह अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

के०एस० उच्च विद्यालय इसुआपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर मंच पर आसीन किया गया। इस मामले की जाँच कराई गई। जाँच में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक (जिला परिषद शिक्षक) विनोद कुमार साह को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन हेतु दोषी पाया गया। उक्त आलोक में श्री साह के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर इसुआपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Chhapra: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कार्यकर्ता सम्मेलन का दाउदपुर में आयोजन हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू नेता लग्न देव तिवारी ने की। सम्मेलन का संचालन उमेश तिवारी लोकसभा संयोजन के द्वारा किया गया।

इस सम्मेलन में एनडीए के सभी दल के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि पिछले 10 सालों में मांझी का स्वरूप बदलने का काम किया। सभी ग्रामीण सड़कों को NH से जोड़ने का काम किया। छपरा सिवान NH मुख्य पथ का निर्माण हुआ। दाउदपुर रेलवे स्टेशन को मुख्य सड़क जोड़ने का काम किया गया। बनवार रेल लाइन के ऊपर ओवरब्रिज का निर्माण करने की स्वीकृति कराया गया। मांझी बरौली पथ का निर्माण राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 40 के माध्यम माझी रामघाट से अयोध्या तक जहाज का परिचालन कराया गया। मांझी विधानसभा में छठ घाट सामुदायिक भवन, पुस्तकालय, ओवर ब्रिज का निर्माण कराया गया।

उन्होंने कहा कि मैं आपके बीच काम के आधार पर आपसे आपका बहुमूल्य मत मांग रहा हूं।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गौतम सिंह ने कहा कि एनडीए अपनी शक्ति को चुनाव में दिखाएंगे भाजपा के सह क्षेत्र प्रभारी क्रांति यादव ने कहा यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है देश के लिए चुनाव हो रहा है हमारा प्रधानमंत्री कैसा होगा किसके हाथों में देश सुरक्षित रहेगा किसानों के लिए महिलाओं के लिए गरीबों के लिए सभी भागों के लिए कुछ ना कुछ प्रधानमंत्री ने किया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी का लहर चल रहा है इसके सामने टिकने वाला नहीं है।