Chhapra: बजरंग दल की ओर से आयोजित साहसिक यात्रा के तहत बाबा बुढ़ा अमरनाथ चट्टानी के लिए छपरा से 79 कार्यकर्ताओं का जत्था रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ-राजौरी सेक्टर के लिए रवाना हुआ। छपरा जंक्शन से कार्यकर्ताओं के रवाना होने के दौरान स्टेशन परिसर जय श्री राम, बम-बम भोले, हर-हर महादेव और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
बताया गया कि पुंछ क्षेत्र में हिंदू समुदाय की आबादी दो प्रतिशत से भी कम है। आयोजकों के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले हिंदुओं का मनोबल बनाए रखने और उनके साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से पिछले करीब 20 वर्षों से बाबा बुढ़ा अमरनाथ चट्टानी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष 16 से 28 अगस्त तक देश के विभिन्न हिस्सों से बजरंग दल के कार्यकर्ता पुंछ पहुंचेंगे। यात्रा के माध्यम से वहां रहने वाले हिंदू परिवारों के प्रति समर्थन और एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
छपरा से रवाना हुए जत्थे का नेतृत्व संयुक्त रूप से झूलन बैठा, अभिषेक सिंह और रोटी बैंक छपरा के रवि उपाध्याय कर रहे हैं। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को विदा करने के लिए बजरंग दल के नेता राहुल मेहता, अरविंद सिंह, धनंजय कुमार, मुकेश शर्मा, शत्रुघ्न कुमार, मनोज कुशवाहा और इंद्रजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता छपरा जंक्शन पहुंचे।
वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेम जी, भगवती प्रसाद, जगाती जी, मोहन जी, सूरज गुप्ता, अमित राय, अंशु कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा की कामना की।



















