Chhapra: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें वार्ड पार्षद राजा ठाकुर की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल की रात लगभग 11:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। गंभीर रूप से घायल राजा ठाकुर को परिजनों द्वारा तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में मांझी थाना कांड संख्या 220/26, दिनांक 25 अप्रैल 2026 को दर्ज करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में स्थिति फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।



















