सीवान, 26 मार्च (हि.स.)।
जिले के आंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम अपराधियों ने खुलेआम खून-खराबा कर दहशत फैला दी। गड़ार पुल के पास एक स्माइकर युवक ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए एक को गोली मार दी, जबकि दूसरे पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
घटना में गोली लगने से जख्मी युवक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फाजिलपुर निवासी अच्छेलाल यादव के पुत्र पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है, जबकि चाकू से घायल युवक गड़ार निवासी मोहन यादव का पुत्र संजय यादव है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक हुसैनगंज बाजार में चाउमीन खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक स्माइकर युवक ने गड़ार पुल के पास उन्हें घेर लिया और अचानक चाकू से हमला बोल दिया। हमले में संजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद हमलावर ने पिस्टल निकालकर पंकज कुमार यादव पर फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि गोली पंकज के कमर में लगी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले हुसैनगंज अस्पताल और फिर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने पंकज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।















