Breaking News

415 दिव्यांगजनों को मिला संबल, दिव्यांग सेवा एवं उद्यमिता शिविर संपन्न

विज्ञापन

Chhapra: ब्रजेंद्र बहादुर सारण होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज ट्रस्ट द्वारा आयोजित दिव्यांग सेवा एवं उद्यमिता शिविर 21 मार्च को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सात दिनों तक चले इस शिविर में कुल 415 दिव्यांग भाई-बहनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

विज्ञापन

शिविर के दौरान प्रतिभागियों के भावनात्मक अनुभव भी सामने आए, जहाँ एक ओर कठिनाइयों की झलक दिखी, वहीं सहायता मिलने के बाद उनके चेहरों पर खुशी भी स्पष्ट दिखाई दी। आयोजकों के अनुसार, कई दिव्यांगजन जो पहले चलने-फिरने या दैनिक कार्यों में असमर्थ थे, अब जयपुर फुट, जयपुर हैंड, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कैलिपर्स एवं हियरिंग एड के माध्यम से अपने जीवन को अधिक सुगम बना पा रहे हैं।

विज्ञापन

इस पहल के पीछे प्रेरणा छपरा के समाजसेवी एवं विकास पुरुष स्व. ब्रजेंद्र बहादुर की रही, जिनके विचारों से प्रेरित होकर इस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 35 लाख रुपये से अधिक मूल्य के उपकरण वितरित किए गए, जो भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से तथा भारत सरकार की “एडीआईपी” योजना के अंतर्गत एलिम्को के माध्यम से उपलब्ध कराए गए।

विज्ञापन

शिविर के सफल आयोजन में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं उप विकास आयुक्त लक्ष्मण प्रसाद के नेतृत्व और सहयोग को आयोजकों ने सराहा।

कार्यक्रम के संचालन में ट्रस्ट के सचिव एवं प्रबंध न्यासी प्रवीर कृष्ण की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह शिविर उनके और उनकी टीम के लिए अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायक रहा, जिसने सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

शिविर को सफल बनाने में ट्रस्टी अतुल श्रेष्ठ सहित हर्षिता, मनीष, नीरज, बर्मन जी, संजय प्रकाश, शिवा एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही प्रेस प्रतिनिधियों के सहयोग के प्रति भी आयोजकों ने आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने कहा कि यह प्रयास समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

Share This Article
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें