सारण, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शरदीय नवरात्र के समापन के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हो गया। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। अनुज्ञप्ति प्राप्त पूजा समितियों द्वारा निर्धारित रूट पर कतारबद्ध तरीके से मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
लगभग 30 घंटे से अधिक चली शोभायात्रा इस दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने अपने पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत दर्जनों स्टैटिक व चलंत मजिस्ट्रेट पूरे रूट पर तैनात रहे।
सुरक्षा के इंतजामों के बीच प्रशासन और बिजली विभाग द्वारा लगभग 8-10 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रखी गई, जिससे नगरवासियों और संबंधित मोहल्लों के लोगों को थोड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

















