Chhapra: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर छठ व्रतियों से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान उन्होंने सोनारपट्टी घाट, सीढ़ी घाट सहित अन्य घाटों पर मौजूद छठ व्रतियों से मुलाकात की। इसके बाद कठिया बाबा मंदिर के समीप छठ व्रतियों के पांव धोए, उनके चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
छठ व्रतियों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता और अटूट विश्वास का अनुपम प्रतीक है। यह महापर्व हमें त्याग, तपस्या, अनुशासन, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। कठिन तपस्या और पूरी निष्ठा के साथ छठ व्रत करने वाली माताओं एवं बहनों की श्रद्धा और भक्ति हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा, “छठी मईया के पावन चरणों में मेरी यही प्रार्थना है कि छपरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार पर उनकी कृपा और आशीर्वाद सदैव बना रहे। हमारे क्षेत्र के हर घर-आंगन में सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता का वास हो। सभी छठ व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा छपरा विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। छठी मईया की असीम कृपा से समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकता की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।”
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक एकजुटता का जीवंत उदाहरण है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता और लोककल्याण की भावना है, जो समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोती है।
विभिन्न घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात के दौरान विधायक छोटी कुमारी ने सभी के प्रति अपनी आत्मीयता और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने छठी मईया से समस्त छपरा विधानसभा क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की तथा सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


















