Chhapra: एकता दिवस 2026 के अवसर पर सारण जिले में अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में छपरा, सोनपुर एवं मढ़ौरा में एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के अधिकारियों जिला अग्निशमन पदाधिकारी मंजीत कुमार सिंह एवं कर्मियों ने उपस्थित लोगों को आग से बचाव, अग्निकांड के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपात स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। लोगों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना चाहिए तथा तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
विभिन्न क्षेत्रों के लोगों और विद्यार्थियों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में जिले की पूर्व महापौर राखी गुप्ता एवं डॉ. एसके पांडे शामिल हुए। इसके अलावा मढ़ौरा पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य एवं विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नयागांव की छात्राओं की भी सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। अग्निशमन विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों को आग से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।


















