Chhapra: सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ओर से शैलफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, मौना फाटक, छपरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता, सुशासन एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता विकसित करना था।
इस अवसर पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा प्रबंधक ज्योति कुमारी, उप शाखा प्रबंधक मोहम्मद शाबान अली तथा CSA राजेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से भ्रष्टाचार विरोध, नैतिक मूल्यों, नैतिकता एवं सुशासन जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और सतर्कता जागरूकता की मुहिम का हिस्सा बने।
निबंध प्रतियोगिता में सुदीक्षा कुमारी ने प्रथम, आयुषी कुमारी ने द्वितीय तथा पूजा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ओर से विजेता विद्यार्थियों को क्रमशः ₹1,500, ₹1,000 एवं ₹500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी और नैतिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें बचपन से ही बचत के महत्व तथा बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना भी था, ताकि वे भविष्य में वित्तीय अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बना सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक विकास कुमार सिंह, सचिव प्रीति सिंह, प्राचार्या वर्तिका व्याहुत, मैनेजर राहुल प्रजापति, कोऑर्डिनेटर आयुष कुमार गुप्ता सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
विद्यालय की सचिव प्रीति सिंह ने इस जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों, बचत की आदत और वित्तीय जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी एक बेहतर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं।



















